मुंबई के सिद्धि विनायक और महालक्ष्मी मंदिर पर भी आतंकी हमले का खतरा. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 10 जुलाई 2013

मुंबई के सिद्धि विनायक और महालक्ष्मी मंदिर पर भी आतंकी हमले का खतरा.

केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा है कि भले ही बोध गया के धमाके करने का दावा आईएम के ट्विटर अकाउंट की ओर से किया गया हो लेकिन इस बारे में जांच के बाद ही कुछ कहा जाएगा। शिंदे का कहना था कि धमाकों के बारे में किए गए दावे की भी जांच की जाएगी। शिंदे ने कहा कि मुंबई के सिद्धि विनायक और महालक्ष्मी मंदिर पर भी आतंकी हमले का खतरा है। इस बारे में राज्य सरकार को सूचित कर दिया गया है। आईएम के जिस ट्विटर अकाउंट से बोध गया हमलों की जिम्मेदारी ली गई है और मुंबई पर हमलों की चेतावनी दी गई है, वह पाकिस्तान से ट्वीट किया गया है।

कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी और सुशील कुमार शिंदे यहां के महाबोधि मंदिर में हुए सीरियल ब्‍लास्‍ट के 80 घंटे बाद सुरक्षा हालात का जायजा लेने पहुंचे। जांच अधिकारियों से मिलने के बाद सोनिया और शिंदे ने प्रेस कांफ्रेंस की। शिंदे ने कहा कि जांच के बाद ही असली गुनाहगारों को पकड़ा जाएगा। बेवजह किसी को परेशान नहीं किया जाएगा। शिंदे ने कहा, 'हमने घटना की सूचना मिलते ही एनआईए की टीम को हवाई जहाज से भेज दिया था, लेकिन मौसम खराब होने की वजह से प्‍लेन वापस चला गया। बाद में शाम 4 बजे हमने फिर से टीम भेजी। महाबोधि मंदिर में आतंकी हमले की खुफिया सूचना हमें पहले से ही थी, लेकिन इसकी जांच होगी कि चूक कहां हुई। उन्होंने कहा कि बोधगया शांति का प्रतीक है और मंदिर पर हमला चिंता का विषय है।' मंदिर की सुरक्षा सीआईएसएफ के हवाले करने के सवाल पर शिंदे ने कहा कि केंद्र सरकार इस पर विचार कर रही है। प्रेस कांफ्रेंस में मौजूद सोनिया से पत्रकारों ने सवाल किया तो उन्‍होंने जवाब देने की जगह केवल इतना ही कहा कि इस बारे में गृह मंत्री बयान दे चुके हैं। 

उधर नक्‍सली और आतंकी सरकार को खुले आम चुनौती दे रहे हैं। नक्‍सलियों ने झारखंड में खुले आम पोस्‍टर लगा कर केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश को मौत के घाट उतारने की धमकी दी है। बीच सड़क पर माओवादियों ने पोस्टर लगा कर कहा है कि छत्‍तीसगढ़ में जैसे हुआ, वैसे ही जयराम रमेश को मौत के घाट उतारा जाएगा।  एनआईए ने धमाकों का सुराग देने वालों को 10 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की है। मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक, एनआईए ने सीसीटीवी फुटेज में दिखे जद-यू (छात्र संगठन) के प्रदेश सचिव गुंजन पटेल से भी पूछताछ की है।

 आतंकवादी संगठन इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) ने बोधगया ब्‍लास्‍ट की जिम्‍मेदारी लेते हुए चेतावनी दी है कि उसका अगला निशाना मुंबई होगा। इस बीच, जम्‍मू कश्‍मीर के कुपवाड़ा में सेना के गश्‍ती दल पर आतंकवादियों ने हमला कर दिया है। कुपवाड़ा में लोलाब के जंगली इलाके में हुए इस हमले में एक जवान जख्‍मी हो गया है। सेना ने आतंकवादियों के खिलाफ तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

आतंकवादी संगठन ने बोधगया धमाकों से एक दिन पहले 6 जुलाई को ट्वीट करके मुंबई पर हमले की धमकी दी थी। एनआईए सहित अन्‍य जांच एजेंसियां आईएम के ट्विटर अकाउंट की प्रामाणिकता की जांच कर रही हैं। यह अकाउंट कनाडा में बनाया गया है। सात जुलाई को हुए धमाकों के 12 घंटे बाद ट्विटर अकाउंट @IndianMujahidin के जरिये ट्वीट किया गया कि 'नौ धमाके हमने किए'। हालांकि इसमें धमाके की जगह के बारे में कोई जिक्र नहीं है। 

इस अकाउंट से अभी तक कुछ दो ट्वीट किए गए हैं। मुंबई के बारे में किए गए ट्वीट में लिखा गया है, ' हमारा अगला निशाना मुंबई है, रोक सको तो रोक लो, सात दिन बाकी हैं।' इस अकाउंट के प्रोफाइल में लिखा है, 'हमारा मकसद भारत से बदला लेना है, 'टेररिस्‍ट नेटवर्क डी-कंपनी सपोर्ट'।  आतंकी संगठन का यह अकाउंट संदिग्‍ध लग रहा है। इसके अभी तक 36 फॉलोअर हैं जबकि इस अकाउंट से 6 लोगों को फॉलो किया जा रहा है। इस अकाउंट के जरिये जिन लोगों/संगठनों को फॉलो किया जा रहा है, उनमें भारतीय क्रिकेट टीम के कप्‍तान महेंद्र सिंह धोनी, आतंकी संगठन लश्‍कर ए तैयबा के संस्‍थापक हाफिज सईद और तहरीक-ए-तालिबान पाक शामिल हैं।

महाबोधि मंदिर में रविवार को हुए सीरियल बम ब्लास्ट मामले में एनआईए और बिहार पुलिस 6 संदिग्धों की तलाश कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक सीसीटीवी में संदिग्धों की तस्वीर कैद हुई है। जिसमें एक महिला भी शामिल है। जांच में जुटी एनआई को कुछ अहम सुराग भी मिले हैं। जांच एजेंसी को कागज के पुर्जे मिले हैं जिनपर तीन फोन नंबर लिखे हैं। 


कोई टिप्पणी नहीं: