भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के नेता अरुण जेटली को पार्टी के एक दल के साथ जम्मू क्षेत्र के किश्तवाड़ का दौरा करने की अनुमति प्रशासन ने रविवार को नहीं दी। प्रशासन ने उन्हें रविवार सुबह जम्मू हवाई अड्डे पर उतरने के बाद आगे नहीं बढ़ने दिया। एक अधिकारी ने बताया कि जेटली से वापस लौटने का अनुरोध किया गया है। इस बीच राज्य के कठुआ, सांबा, ऊधमपुर, रेयासी और कटरा में कर्फ्यू बढ़ा दिया गया है।
शुक्रवार को किश्तवाड़ में हुए दंगों के बाद से यहां लागू अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगातार तीसरे दिन बरकरार है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शनिवार को अधिकारियों ने जम्मू शहर और राजौरी को भी कर्फ्यू क्षेत्र के दायरे में ले लिया। गौरतलब है कि किश्तवाड़ में शुक्रवार को ईद के दिन हुए सांप्रदायिक दंगों में उपद्रवियों द्वारा की गई गोलीबारी में 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। बाद में राज्य के अन्य हिस्सों में भी आगजनी हुई और तनाव फैल गया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें