बालाघाट (मध्यप्रदेश) की खबर ( 20 अगस्त) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 20 अगस्त 2013

बालाघाट (मध्यप्रदेश) की खबर ( 20 अगस्त)

पी.एच.ई. मंत्री श्री बिसेन का दौरा कार्यक्रम

म.प्र. शासन के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी  एवं सहकारिता मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन का 21 अगस्त  को बालाघाट आगमन हो रहा  है। श्री बिसेन 21 अगस्त  को प्रात: 6.30 बजे भोपाल से गोंदिया पहुंचेंगें तथा वहां से प्रात: 8 बजे बालाघाट पहुंचेंगें। श्री बिसेन बालाघाट में स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगें।

शासकीस  आवास पर जबरन कब्जा बनाये  रखने का मामला
  • स्वास्थ्य विभाग के ड्रेसर एवं वाहन चालक को कारण बताओ नोटिस


सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कटंगी  से अन्यत्र स्थानांतरण हो जाने के बाद भी वहां के शासकीय आवास को अवैध रूप से अपने आधिपत्य में रखने के कारण मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य  अधिकारी डॉ. के.के. खोसला  ने दो कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है कि क्यों न उनके विरूध्द कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाये। इन कर्मचारियों को सात दिनों के भीतर शासकीय आवास को रिक्त करने के आदेश भी दिये गये है। ड्रेसर ग्रेड-01 श्री जी.एस. पंडेल का 13 जुलाई 2012 को कटंगी से सिविल अस्पताल  वारासिवनी स्थानांतरण हो गया है। इसके बाद भी उनके द्वारा कटंगी का शासकीय आवास अब तक खाली नहीं किया गया है। इसी प्रकार वाहन चालक यशवंत पटले का 13 जुलाई 2012 को कटंगी से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लालबर्रा हो गया है। इसके बाद भी उनके द्वारा अब जतक कटंगी का शासकीय आवास रिक्त नहीं किया गया है। इन कर्मचारियों  द्वारा अवैध रूप से शासकीय आवास को अपने कब्जे में  रखने से साबित होता है कि ये कर्मचारी अपने नियत मुख्यालय पर नहीं रहते है और कटंगी  से आना-जाना करते है। मुख्य  चिकित्सा एवं स्वास्थ्य  अधिकारी डॉ. खोसला ने इन कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है कि क्यों न उनके विरूध्द कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाये। इन कर्मचारियों को तीन दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण पेश करने कहा गया है। इसके साथ ही उन्हें सात दिनों के भीतर शासकीय आवास को रिक्त करने कहा गया है। अन्यथा उनसे बाजार दर से आवास का किराया वसूल किया जायेगा और उन्हें आवास से बेदखल करने की कार्यवाही की जायेगी।

वृध्द माता-पिता की सेवा नहीं करने वालों पर भरण-पोषण अधिनियम के अंतर्गत होगी कार्यवाही

वृध्दजनों के समग्र कल्याण के लिए  शासन द्वारा भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम 2007 लागू किया गया है। इस अधिनियम के अंतर्गत अपने वृध्द माता-पिता की सेवा व देखभाल नहीं करने वाले व्यक्तियों पर सख्त कार्यवाही की जायेगी। इस अधिनियम के अंतर्गत कलेक्टर श्री बी. चन्द्रशेखर की अध्यक्षता में जिले में भरण-पोषण अधिकरण का गठन कर दिया गया है। इस अधिनियम के क्रियान्वयन के लिए उप संचालक सामाजिक न्याय को भरण-पोषण अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। उप संचालक सामाजिक न्याय श्री धनंजय  मिश्रा ने बताया कि भरण-पोषण अधिनियम के अंतर्गत ऐसे  व्यक्ति जो अपने वयोवृध्द नातेदारों की संपत्ति विरात में प्राप्त करते हैं, वे अपने वृध्दजनों के भरण पोषण के लिए कानूनी रूप से बाध्य है। उन्हें वृध्दजनों को बेहतर चिकित्सा सुविधा, उनके जीवन एवं संपत्ति की रक्षा करने की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। ऐसे वृध्दजन जिनकी उचित देखभाल उनके उत्तराधिकारियों द्वारा नहीं की जाती है एवं समुचित मिलने वाली सुविधायें प्रदान नहीं किये जाने से दुखदायी एवं असम्मानजनक वातावरण में अपने जीवन के अंतिम पड़ाव को बिताने को मजबूर हो गये हैं, वे अपना हक मांगने के लिए अपने क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को वस्तुस्थिति की जानकारी देते हुए आवेदन प्रस्तुत कर सकते है। अनुविभागीय  अधिकारी राजस्व वृध्दजन  के आवेदन पत्र की जांच कर व सभी पक्षों को सुनने  के बादअपना निर्णय देंगें।  यदि उनके निर्णय से कोई  पक्ष असंतुष्ट रहता है तो वे कलेक्टर के समक्ष अपनी अपील प्रस्तुत कर सकते है।  जिले के समस्त माता-पिता, बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों से अपील की गई है कि यदि उनके उत्तराधिकारी द्वारा उन्हें सम्मानजनक जीवन, चिकित्सा सुविधा, जीवनोपयोगी समुचित सुविधायें प्रदान करने में सहयोग नहीं दे रहे हैं तो  अपने क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को अपना आवेदन प्रस्तुत करें। ऐसे वृध्दजनों के लिए भरण-पोषण अधिनियम के अंतर्गत समुचित कार्यवाही की जायेगी।

सैनिक कल्याण अधिकारी का 24 अगस्त को बालाघाट  आगमन

जिला सैनिक  कल्याण अधिकारी सेवा निवृत्त  ले.कर्नल जया जेवियर का आगामी 24 अगस्त को बालाघाट आगमन हो रहा है। अपने बालाघाट प्रवास के दौरान वे सर्किट हाउस में प्रात: 11 बजे से जिले में निवासरत भूतपूर्व सैनिकों, सेवारत सैनिकों के आश्रितों एवं सैनिकों की विधवाओं से मुलाकात करेंगी और उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए कदम उठायेंगी। इस दौरान वे कल्याणकारी व स्वरोजगार योजनाओं सेमपेक्स दो एवं तीन की जानकारी देंगी तथा भूतपूर्व सैनिकों, सेवारत सैनिकों के आश्रितों एवं सैनिकों की विधवाओं की गणना, पंजीकरण व पहचान पत्र जारी करने के लिए कार्यवाही करेंगी। जिले में रहने वाले भूतपूर्व सैनिकों एवं सेवारत सैनिकों के आश्रितों से अपील की गई है कि वे सैनिक कल्याण अधिकारी के बालाघाट प्रवास का लाभ उठायें।

आंगनवाड़ी  कार्र्यकत्ता एवं सहायिका  के लिए 29 अगस्त तक आवेदन  पत्र आमंत्रित

एकीकृत बाल  विकास परियोजना बालाघाट  ग्रामीण के अंतर्गत तीन  आंगनवाड़ी केन्द्रों में कार्र्यकत्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए इच्छुक महिलाओं से आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये है। आवेदन पत्र आगामी 29 अगस्त 2013 तक प्रस्तुत किये जा सकते है। बाल विकास  परियोजना अधिकारी श्री देवेन्द्र  यादव ने बताया कि ग्राम  लामता के आंगनवाड़ी केन्द्र क्रमांक-01 में कार्र्यकत्ता का पद रिक्त है। इसी प्रकार ग्राम सोनखार एवं खैरी के आंगनवाड़ी केन्द्र में सहायिका का एक-एक पद रिक्त है। इन पदों के लिए आवेदक महिला की आयु 01 जनवरी 2013 को 18 से 45 वर्ष के बीच होना चाहिए। आवेदक महिला को संबंधित ग्राम की स्थाई निवासी होना चाहिए और उसका नाम बी.पी.एल. सूची में दर्ज होना चाहिए। इन पदों पर नियुक्ति की इच्छुक महिलायें आगामी 29 अगस्त 2013 तक कार्यालयीन समय में अपने आवेदन पत्र बाल विकास परियोजना कार्यालय ग्रामीण बालाघाट में प्रस्तुत कर सकते है।

काउंसिलिंग  के द्वारा अप्रशिक्षित शिक्षकों का प्रशिक्षण के लिए पंजीयन
  • 30 अगस्त  तक होगा पंजीयन


राज्य शिक्षा केन्द्र के निर्देशानुसार  मार्च 2015 तक प्रदेश के सभी  अप्रशिक्षित शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाना है।  इसी परिप्रेक्ष्य में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाईट बालाघाट द्वारा जिले के अप्रशिक्षित शिक्षकों का काउंसिलिंग के द्वारा प्रशिक्षण के लिए पंजीयन किया जा रहा है। डाईट के प्राचार्य ने बताया कि पंजीयन का यह कार्य 30 अगस्त 2013 तक ही किया जायेगा। जिन अप्रशिक्षित शिक्षकों ने डाईट में उपस्थित होकर अब तक अपना पंजीयन नहीं कराया है उनसे कहा गया है कि वे 30 अगस्त 2013 तक अपना पंजीयन अनिवार्य रूप से करा लें। जिन शिक्षकों द्वारा पूर्व में पंजीयन करा लिया गया है उन्हें पुन: पंजीयन कराने की आवश्यकता नहीं है।

आंगनवाड़ी सहायिका के लिए 26 अगस्त तक आवेदन पत्र आमंत्रित

एकीकृत बाल  विकास परियोजना शहरी बालाघाट  के अंतर्गत वार्ड नं.24 के आंगनवाड़ी केन्द्र क्रमांक-50 में आंगनवाड़ी सहायिका के रिक्त पद की पूर्ति के लिए  इच्छुक महिला उम्मीदवारों  से आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये है। आवेदन पत्र आगामी 26 अगस्त तक कार्यालयीन समय में बाल विकास परियोजना कार्यालय शहरी बालाघाट में प्रस्तुत किये जा सकते है। आवेदक महिला की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होना चाहिए। आवेदक महिला का नाम संबंधित वार्ड की बी.पी.एल. सूची में दर्ज होना चाहिए।

मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति आर्थिक विकास  योजना
50 हजार  से 25 लाख तक की परियोजना  पर मिलेगा अनुदान

अनुसूचित  जाति वर्ग के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर सुलभ कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के मकसद से प्रदेश सरकार  द्वारा मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति आर्थिक विकास योजना लागू की गई है। चालू वित्तिय वर्ष 2013-14 में इस योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं से आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये है। कलेक्टर एवं  जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति के अध्यक्ष  श्री बी. चन्द्रशेखर ने बताया  कि इस योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को उद्योग सेवा/व्यवसाय स्थापित करने के लिए बैंकों के माध्यम से 50 हजार रु. से लेकर 25 लाख रु. तक की परियोजना लागत पर शासन द्वारा अनुदान देने के साथ ही ब्याज अनुदान एवं गारंटी शुल्क का भुगतान की सुविधा दी गई है। इस योजना के अंतर्गत  स्वयं का उद्योग या व्यवसाय  प्रारंभ करने के इच्छुक अनुसूचित जाति वर्ग के युवा निर्धारित  प्रारूप में अपना आवेदन  पत्र जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति कार्यालय बालाघाट  में प्रस्तुत कर सकते है।  आवेदन पत्र के साथ विस्तृत  परियोजना प्रतिवेदन, राशन कार्ड, स्थाई निवास का प्रमाण पत्र, मतदाता पहचान पत्र, ड्रायविंग लायसेंस, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, जन्म तिथि का प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम संबंधी प्रमाण पत्र, उद्योग के लिए मशीन आदि के कोटेशन, भवन किरायानामा प्रस्तुत करना होगा। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति कार्यालय बालाघाट से भी सम्पर्क किया जा सकता है।

बी.पी.एल. कार्डधारकों के लिए जिले  को 3480 क्विंटल शक्कर आबंटित

जिले के नगरीय  एवं ग्रामीण क्षेत्रों के बी.पी.एल. एवं अंत्योदय कार्ड धारकों को माह सितम्बर 2013 में सरकारी उचित मूल्य दुकान से विक्रय के लिए 3480 क्विंटल शक्कर का आबंटन प्राप्त हुआ है। कलेक्टर श्री बी. चन्द्रशेखर ने इस शक्कर को लीड संस्थावार पुनराबंटित कर दिया है तथा 05 सितम्बर 2013 तक इसका अनिवार्य रूप से उठाव करने के निर्देश दिये है। नगरीय क्षेत्र  के बी.पी.एल. व अंत्योदय राशन कार्ड धारकों को शक्कर  विक्रय के लिए लीड संस्था बालाघाट को 88 क्विंटल, वारासिवनी  को 46 क्विंटल, कटंगी को 29 क्विंटल, बैहर को 34 क्विंटल, लांजी को 24 क्विंटल तथा बिरसा को 82 क्विंटल शक्कर आबंटित की गई है। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों के बी.पी.एल. एवं अंत्योदय कार्ड धारकों को विक्रय के लिए लीड संस्था बालाघाट को 337 क्विंटल, किरनापुर को 389 क्विंटल, लांजी को 368 क्विंटल, वारासिवनी को 277 क्विंटल, खैरलांजी को 313 क्विंटल, लालबर्रा को 343 क्विंटल, कटंगी को 374 क्विंटल, बैहर को 221 क्विंटल, बिरसा को 308 क्विंटल तथा परसवाड़ा को 247 क्विंटल शक्कर आबंटित की गई है। बी.पी.एल. एवं  ए.ए.वाय. राशन कार्ड पर माह  सितम्बर 2013 में प्रति कार्ड 1.5 किलोग्राम के मान से शक्कर  का वितरण करने कहा गया है।

कटेरा एवं ढीमरूरीठ आंगनवाड़ी केन्द्र के लिए  सहायिका की अंतिम चयन  सूची जारी

एकीकृत बाल  विकास परियोजना कटंगी के अंतर्गत ग्राम कटेरा  के आंगनवाड़ी केन्द्र क्रमांक-01 एवं ग्राम ढीमरूरीठ के आंगनवाड़ी केन्द्र में सहायिका के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए आवेदक महिलाओं की अंतिम चयन सूची जारी कर दी गई है। बाल विकास परियोजना अधिकारी श्री पुष्पेन्द्र रानाडे ने बताया कि इन केन्द्रों में सहायिका के चयन के लिए अनंतिम चयन सूची जारी कर उस पर 14 अगस्त 2013 तक दावे आपत्ति आमंत्रित किये गये थे। नियत समय सीमा में कोई भी दावे आपत्ति प्राप्त नहीं होने पर अंतिम चयन सूची प्रकाशित कर दी गई है। ग्राम कटेरा के केन्द्र में सहायिका के लिए निरंजना पति स्व. सुरेश का चयन किया गया। ग्राम ढीमरूरीठ के केन्द्र में सहायिका के लिए सरिता पति राजेन्द्र का चयन किया गया है।

बी.पी.एल. कार्डधारकों  के लिए जिले को 29 हजार 940 क्विंटल खाद्यान्न  आबंटित

जिले के नगरीय  एवं ग्रामीण क्षेत्रों  के बी.पी.एल. कार्ड धारकों को माह सितम्बर 2013 में सरकारी उचित मूल्य दुकान से विक्रय के लिए 29 हजार 940 क्विंटल खाद्यान्न का आबंटन प्राप्त हुआ है। इसमें 8120  क्विंटल गेहूं एवं 21 हजार 820 क्विंटल चावल शामिल है। कलेक्टर श्री बी. चन्द्रशेखर ने इस खाद्यान्न को लीड संस्थावार पुनराबंटित कर दिया है तथा 31 अगस्त 2013 तक इसका अनिवार्य रूप से उठाव करने के निर्देश दिये है। नगरीय क्षेत्र  के बी.पी.एल. राशन कार्ड धारकों को विक्रय के लिए लीड संस्था बालाघाट को 278 क्विंटल गेहूं  व 749 क्विंटल चावल, वारासिवनी  को 120 क्विंटल गेहूं व 324 क्विंटल  चावल, कटंगी को 67 क्विंटल  गेहूं व 181 क्विंटल चावल, बैहर को 83 क्विंटल गेहूं व 223 क्विंटल चावल, लांजी को 50 क्विंटल गेहूं व 135 क्विंटल चावल तथा बिरसा को 219 क्विंटल गेहूं व 588 क्विंटल चावल आबंटित किया गया है। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों के बी.पी.एल.कार्ड  धारकों को विक्रय के लिए लीड  संस्था बालाघाट को 967 क्विंटल  गेहूं व 2598 क्विंटल चावल, किरनापुर को 896 क्विंटल गेहूं व 2407 क्विंटल चावल, लांजी को 913 क्विंटल गेहूं व 2453 क्विंटल चावल, वारासिवनी को 554 क्विंटल गेहूं व 1488 क्विंटल चावल, खैरलांजी को 701 क्विंटल गेहूं व 1833 क्विंटल चावल, लालबर्रा को 745 क्विंटल गेहूं व 2001 क्विंटल चावल, कटंगी को 875 क्विंटल गेहूं व 2351 क्विंटल चावल, बैहर को 401 क्विंटल गेहूं व 1076 क्विंटल चावल, बिरसा को 689 क्विंटल गेहूं व 1851 क्विंटल चावल तथा परसवाड़ा को 562 क्विंटल गेहूं व 1512 क्विंटल चावल आबंटित किया गया है। यह खाद्यान्न  बी.पी.एल. कार्ड धारकों को प्रति कार्ड 20 किलोग्राम की दर से प्रदाय किया जायेगा। इसमें 5 किलोग्राम गेहूं व 15 किलोग्राम चावल शामिल होगा।

अधिकारियों  ने बच्चों के साथ किया मध्यान्ह भोजन

balaghat news
स्वतंत्रता  दिवस 15 अगस्त के अवसर पर जिले की सभी शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओ में विशेष भोज का आयोजन किया गया था। विशेष भोज के रूप में बच्चों को पुरी, हलवा के लड्डू भी परोसे गये थे। 15 अगस्त को स्कूलों में विशेष मध्यान्ह भोजन के सुव्यवस्थित संचालन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों की डयूटी लगाई थी। इन अधिकारियों ने उन्हें आबंटित शाला में जाकर बच्चों के भोजन भी ग्रहण किया। वैनगंगा संभाग के कार्यपालन यंत्री श्री सुभाष पटेल ने 15 अगस्त को लालबर्रा विकासखंड के ग्राम कनकी की बालक प्राथमिक शाला एवं माध्यमिक शाला में बच्चों के साथ भोजन ग्रहण किया। अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी उन्हें आबंटित शाला में जाकर बच्चों के साथ विशेष भोजन का आनंद उठाया। कार्यपालन यंत्री श्री सुभाष पटेल ने बताया कि कनकी की दोनों शालाओं में 15 अगस्त को अच्छी गुणवत्ता का भोजन तैयार किया गया था। बच्चे भी पुरी, हलवा के साथ लड्डू खाकर प्रसन्न थे। इस भोज में ग्राम के गणमान्य नागरिक एवं शिक्षक भी शामिल हुए।

मुरेन्डा  केन्द्र में कार्र्यकत्ता के लिए 25 अगस्त तक आवेदन  पत्र आमंत्रित

एकीकृत बाल  विकास परियोजना बैहर के अंतर्गत  ग्राम पंचायत परसामउ के ग्राम  मुरेंडा के आंगनवाड़ी केन्द्र में कार्र्यकत्ता के रिक्त पद की पूर्ति के लिए इच्छुक महिला उम्मीदवारों से आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये है। आवेदन पत्र आगामी 25 अगस्त 2013 तक बाल विकास परियोजना कार्यालय बैहर में प्रस्तुत किये जा सकते है। आवेदक महिला को संबंधित ग्राम की निवासी होना चाहिए तथा उसका नाम बी.पी.एल. सूची में शामिल होना चाहिए। आवेदक महिला की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होना चाहिए।

मध्यान्ह  भोजन एवं पोषण आहार के लिए  खराब खाद्यान्न उठाने पर होगी कार्यवाही
  • खाद्यान्न के गुणवत्ता की मोबाईल नं. पर देनी होगी सूचना


कलेक्टर श्री बी. चन्द्रशेखर ने जिले की सभी  सरकारी उचित मूल्य दुकानों  के प्रबंधकों को निर्देशित  किया है कि वे शासकीय शालाओं में बच्चों को दिये जाने वाले मध्यान्ह भोजन एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों के बच्चों को पोषण आहार प्रदाय करने के लिए स्वयं  सहायता समूहों को अच्छा खाद्यान्न प्रदाय करें। स्वयं सहायता समूहों को भी निर्देशित किया गया है कि वे उचित मूल्य दुकान से गुणवत्ताविहीन खाद्यान्न का उठाव न करें। मध्यान्ह  भोजन एवं पोषण आहार के लिए  जिस किसी भी स्वयं सहायता समूह द्वारा खराब या गुणवत्ताहीन  खाद्यान्न का उठाव किया जायेगा उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी और उसे बख्शा नही जायेगा। बच्चों के आहार के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। मध्यान्ह भोजन एवं पोषण आहार प्रदाय करने वाले समूहों से कहा गया है कि वे उचित मूल्य दुकान से खाद्यान्न का उठाव करते समय उसकी गुणवत्ता परख लें। यदि खाद्यान्न गुणवत्ता का नहीं है तो तत्काल अपने क्षेत्र के आपूर्ति अधिकारी को उसके मोबाईल पर सूचना दें। इसके लिए आपूर्ति अधिकारियों के मोबाईल नम्बर भी प्रदान कर दिये गये है। उचित मूल्य  दुकान से खराब गुणवत्ता का खाद्यान्न मिलने पर बालाघाट एवं किरनापुर विकासखंड के समूहों को सहायक आपूर्ति अधिकारी श्री नईम कुरैशी के मोबाईल नं. 9425148435 पर, लांजी विकासखंड के समूहों को कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री सुरेश धोटे के मोबाईल नम्बर 8103743131 पर, बैहर, बिरसा व परसवाड़ा विकासखंड के समूहों को सहायक आपूर्ति अधिकारी श्री के.एस. पेन्ड्रो के मोबाईल नम्बर 9893022004 पर, वारासिवनी, कटंगी एवं खैरलांजी विकासखंड के समूहों को कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री गेंदलाल सनोडिया के मोबाईल नम्बर 9907112111 पर तथा लालबर्रा विकासखंड के समूहों को कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री मिलन तिवारी के मोबाईल नम्बर 9039698656 पर सूचना देने कहा गया है। इन अधिकारियों से शिकायत का निराकरण नहीं होने पर जिला आपूर्ति अधिकारी श्री ओ.पी. पांडेय के मोबाईल नम्बर 9009560063 पर सूचना देने कहा गया है। स्वयं सहायता समूहों से कहा गया है कि वे इन निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। उचित मूल्य दुकान से खराब गुणवत्ता का खाद्यान्न न उठायें। मध्यान्ह भोजन एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों के पोषण आहार की जांच में खाद्यान्न के गुणवत्ताहीन पाये जाने पर संबंधित स्वयं सहायता समूह को हटाने के साथ उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी।

बाल विकास  परियोजना अधिकारी हेमन्त छेकर को प्रदान की गई पी-एच. डी. शोध उपाधि

balaghat news
बालाघाट जिले की वारासिवनी तहसील के निवासी हेमन्त कुमार छेकर जो कि वर्तमान में परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास  सेवा चौरई जिला छिंदवाड़ा में  पदस्थ है को राजनीति विज्ञान विषय में डॉक्टर ऑफ फिलासफी की शोध उपाधि प्रदान की गई है। गरीब परिवार के हेमंत को पी-एच.डी. की उपाधि मिलना अभावों में रहकर पढ़ने वाले दूसरे छात्रों के लिए प्रेरणादायक है। संघर्षो के साये में असली आजादी पलती है, इतिहास उधर मुड़ जाता है जिस ओर जवानी चलती है। इस उक्ति को चरितार्थ करने वाले हेमन्त कुमार छेकर को राजनीति विज्ञान के विषय - ''मध्यप्रदेष में अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की प्रभाविता का अध्ययन'' में दिनांक 05 अगस्त 2013 को डॉ अखिलेष शर्मा (शासकीय स्नातकोत्तर महाविघालय सतना) ओ. एस. डी. उच्च शिक्षा विभाग म. प्र. शासन भोपाल के निर्देशन में अवधेश प्रताप सिंह विश्व विघालय रीवा से पी-एच. डी. शोध उपाधि प्रदान की गई है। ज्ञातव्य  हो कि डॉ हेमन्त कुमार छेकर राजनीति विज्ञान विषय में 2003-04 में रानी दुर्गावती  विश्वविघालय जबलपुर से गोल्ड मेडलिस्ट रहे है एवं विश्वविघालय अनुदान आयोग से 2004 में नेटर् उत्तीण करने के साथ-साथ देवी अहिल्या विश्वविघालय इन्दौर से उक्त विषय में मास्टर ऑफ फिलासफी की डिग्री प्राप्त किये है। डॉ हेमन्त कुमार छेकर ने बताया कि वे अपने इस कार्य के लिए  अपने माता-पिता के आभारी है जिन्होनें उन्हे इस काबिल बनाया तथा भविश्य में वे महिला एवं बाल विकास विभाग में रहकर उषा किरण योजना अर्न्तगत घरेलु हिंसा से महिलाओ की सुरक्षा होने एवं हिंसा मुक्त समाज की स्थापना में अपना सहयोग प्रदान करना चाहते है तथा परियोजना अधिकारी के रूप में वे लगातार विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लगे है और आगे भी वे अपने शोध विषय शोध-पेपर तैयार कर अपने सुझावों को सरकार तक पहुॅचाकर अत्याचार ना होने एवं मौजूदा कानून व्यवस्था को आम व्यक्तियों के लिये आवश्यक सुधार हेतु प्रयासरत रहेगें।

जिले में 1127 मि.मी. वर्षा रिकार्ड, बैहर तहसील  में सबसे अधिक 1516 मि.मी. वर्षा 

जिले में  चालू वर्षा सत्र के दौरान  एक जून से 20 अगस्त 2013 तक 1127 मि.मी. औसत वर्षा रिकार्ड की जा चुकी है। जबकि गत वर्ष इसी अवधि में 838 मि.मी. वर्षा  रिकार्ड की गई थी। जिले की औसत सामान्य वर्षा 1447 मि.मी. है। चालू वर्षा सत्र में सबसे अधिक 1516 मि.मी. वर्षा बैहर तहसील में तथा सबसे कम 721 मि.मी. वर्षा लांजी तहसील में रिकार्ड की गई है।

कोई टिप्पणी नहीं: