बिहार के हैंडपंपों में विषैले पदार्थ की जांच कर रही सीआईडी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 5 अगस्त 2013

बिहार के हैंडपंपों में विषैले पदार्थ की जांच कर रही सीआईडी


bihar map
बिहार के सारण जिले के मशरख में मध्याह्न् भोजन हादसे की घटना के बाद राज्य के हैंडपंपों में कथित रूप से विषैला पदार्थ डालने और पानी पीने से बच्चों की तबियत बिगड़ने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस का कहना है कि एक-दो दिनों में पूरे मामले का खुलासा हो जाएगा। पूरे मामले की जांच अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) द्वारा किया जा रहा है। अब तक राज्य के विभिन्न जिलों के 65 से ज्यादा हैंडपंपों (चापाकलों) को सील कर जांच की जा रही है। 


राज्य पुलिस मुख्यालय के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि अब तक राज्य के सीतामढ़ी, जहानाबाद, सीवान, सारण, गोपालगंज, अरवल, मधुबनी, समस्तीपुर सहित 14 जिलों में इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं।  लगातार ऐसे मामले सामने आने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के पुलिस महानिदेशक अभयानंद से इस तरह के मामले की जांच का निर्देश देते हुए सभी जिलों के जिलाधिकारियों को भी ऐसे मामले पर नजर रखने का निर्देश दिया है। इसके बाद राज्य के सीआईडी विभाग के अधिकारी इस पूरे मामले की जांच करने में जुटे हुए हैं। 



सूत्रों के मुताबिक सीआईडी के आला अधिकारियों ने सभी जिलों के सील किए गए हैंडपंपों का मुआयना किया है तथा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जिससे पूरे मामले का खुलासा हो सके। पुलिस के एक अधिकारी की मानें तो राज्य में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) के 67 हैंडपंपों को अब तक सील किया जा चुका है। इनके पानी के नमूनों को लेकर जांच के लिए जल प्रयोगशाला भेजा गया है।  सूत्रों के अनुसार कई लोगों के फोन कॉल्स की भी जांच की जा रही है। संभावना व्यक्त की जा रही है पूरे मामले का खुलासा एक-दो दिनों में हो जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं: