मानसून सत्र के पहले ही दिन संसद की कार्यवाही बाधित - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 5 अगस्त 2013

मानसून सत्र के पहले ही दिन संसद की कार्यवाही बाधित


Monsoon session parliament
संसद के मानसून सत्र के पहले ही दिन सोमवार को आंध्र प्रदेश के विभाजन के विरोध में दोनों सदनों -लोकसभा और राज्यसभा- में जमकर हंगामा हुआ, जिसके कारण दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित हुई है। राज्यसभा की कार्यवाही तीन बार स्थगित की गई, पहली बार 15 मिनट के लिए, दूसरी बार दोपहर तक के लिए और उसके बाद अपराह्न् दो बजे तक के लिए। राज्यसभा की कार्यवाही पूर्वाह्न् 11 बजे शुरू हुई। सभापति हामिद अंसारी ने शोक प्रस्ताव पेश किए और नए सदस्यों को शपथ दिलाई। इसके तुरंत बाद सीमांध्रा क्षेत्र के सांसद सभापति के आसन के समक्ष एकत्र हो गए।


वहीं, बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट के सदस्य विश्वजीत दायमरी भी सभापति के आसन के समक्ष आकर असम में अलग बोडोलैंड राज्य के गठन की मांग करने लगे। हंगामे को देखते हुए राज्यसभा की कार्यवाही पहले 15 मिनट के लिए, फिर दोपहर तक के लिए और बाद में दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।



दोपहर में सदन की कार्यवाही शुरू होने पर भी पृथक तेलंगाना के विरोध में प्रदर्शन जारी रहा, जिसके कारण उपसभापति पी. जे. कुरियन ने सदन की कार्यवाही अपराह्न् दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा में भी प्रश्नकाल के दौरान इसी तरह की स्थिति देखने को मिली। हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही 11.45 बजे दोपहर तक के लिए स्थगित कर दी गई। दोपहर में कार्यवाही शुरू होने पर भी तेलंगाना के मुद्दे पर हंगामा जारी रहा। कुछ सदस्य असम से अलग बोडोलैंड के गठन की मांग को लेकर हंगामा कर रहे थे। लेकिन हंगामा शुरू होने से पहले लोकसभा एक प्रश्न को निपटाने में सफल रहा। 

कोई टिप्पणी नहीं: