मुख्यमंत्री जी के भ्रमण के लिए सभी रहें तैयार
- योजनाओं के क्रियान्वयन की करें नियमित मानीटरिंग-कलेक्टर
पन्ना 05 अगस्त 13/कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर धनंजय सिंह भदौरिया ने कहा कि जिले में 11 तथा 17 अगस्त को मुख्यमंत्री जी का भ्रमण प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री जी 11 अगस्त को पन्ना तथा 17 अगस्त को गुनौर, सलेहा, पवई, मोहन्द्रा, सिमरिया का भ्रमण करते हुए जन आर्शीवाद यात्रा में शामिल हांेगे। इसके लिए सभी अधिकारी विभागीय कार्यो की निर्धारित प्रपत्र में जानकारी प्रस्तुत करते हुए सेक्टर बैठकों में भाग लेकर मैदानी तैयारी करें। हितग्राहीमूलक योजनाओं तथा रोजगारमूलक योजनाओं पर विशेष ध्यान दें। जनप्रतिनिधियों, जनशिकायत निवारण प्रकोष्ठ तथा आमजनता से प्राप्त आवेदन पत्रों पर तत्परता से कार्यवाही करके प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। जन सुनवाई में लंबित पत्रों में से 389 का निराकरण इस सप्ताह किया गया है। इसी तरह शेष लंबित पत्रों पर भी कार्यवाही करके निराकरण करें। कलेक्टर ने कहा कि गे्रन बैंक के लिए आदिवासी बहुल 29 ग्राम पंचायतों के लिए खाद्यान्न आवंटन जारी कर दिया गया है। जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रत्येक ग्राम पंचायत को सहकारी समितियों के माध्यम से 40-40 क्विंटल अनाज उपलब्ध कराएं। इसका शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप वितरण कराएं। उन्हांेने कहा कि सेक्टर स्तर पर विभिन्न विभागों की बैठकें तथा ग्राम चैपालों का आयोजन किया जा रहा है। सभी संबंधित अधिकारी इनमें अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर विभागीय कार्यो की तथ्य परक समीक्षा करें। योजनाओं के संबंध में आमजनता से प्राप्त शिकायतों का मौके पर निराकरण करें। स्वतंत्रता दिवस समारोह की भी समय रहते तैयारी पूरी करंे। सभी प्राथमिक तथा माध्यमिक शालाओं में विशेष मध्यान्ह भोज की व्यवस्था जिला शिक्षा अधिकारी एवं जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनिश्चित करंे। स्वतंत्रता दिवस पर सभी गांव में विशेष ग्राम सभाओं का अनिवार्य रूप से आयोजन कराएं। बैठक में उन्होंने कहा कि सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगरों की साफ-सफाई तथा पेयजल आपूर्ति पर विशेष ध्यान दें। अभियान चलाकर सडकों तथा नालियों की सफाई कराएं। विभागीय कार्यो की समीक्षा के लिए गुरूवार का दिन निर्धारित कर दिया गया है। माह के प्रथम गुरूवार को रोजगारमूलक योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी। दूसरे गुरूवार को ग्रामीण विकास विभाग, तीसरे गुरूवार को शिक्षा तथा आदिम जाति कल्याण विभाग एवं चैथे गुरूवार को स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। संबंधित अधिकारी पूरी तैयारी के साथ इन बैठकों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। बैठक में पेयजल की आपूर्ति, मजदूरी भुगतान, अधूरे कार्यो को पूरा कराने, पट्टा वितरण की समीक्षा की गई। बैठक में एडीएम चन्द्रशेखर बालिम्बे, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती भावना बालिम्बे सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कृषि समिति की बैठक 12 को
पन्ना 05 अगस्त 13/जनपद पंचायत गुनौर में कृषि स्थाई समिति की बैठक 12 अगस्त को दोपहर 1.30 बजे से जनपद सभागार में आयोजित की गई है। इसकी अध्यक्षता सभापति श्रीमती मीरा सिंह भदौरिया करेंगी। बैठक में पूर्व के निर्णयों पर की गई कार्यवाही, मछली पालन तथा उद्यानकी विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
गरीबों के हित संवर्धन में निभाए सक्रिय भूमिका
समन्वय से होंगे आर्थिक विकास के लक्ष्य पूरे-श्रीमती बालिम्बे
पन्ना 05 अगस्त 13/जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यशाला में ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना तथा मुख्यमंत्री आवास योजना पर गहन विचार-विमर्श किया गया। इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा लक्ष्यों की पूर्ति के लिए कार्यशाला में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैंक अधिकारियों तथा विकास विभाग के अधिकारियों को इन योजनाओं के निर्देशांे के संबंध मंे विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यशाला का शुभारंभ जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती भावना बालिम्बे ने किया। कार्यशाला में मध्यांचल बैंक क्षेत्रीय प्रबंधक एल.पी. कुमार, समन्वयक एस.बी. बाजपेई, अग्रणी बैंक प्रबध्ंाक अरविन्द गुप्ता, परियोजना अधिकारी जिला पंचायत आर.के. मिश्रा, महाप्रबंधक उद्योग एस.के. श्रीवास्तव सहित सभी जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सभी बैंक शाखा प्रबंधक, एडीओ, फील्ड आफीसर एवं पंचायत समाज सेवा संगठक उपस्थित रहे। कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए श्रीमती बालिम्बे ने कहा कि शासन की रोजगारमूलक तथा हितग्राहीमूलक योजनाओं का एक मात्र उद्देश्य गरीबों का कल्याण करना है। सभी अधिकारी गरीबों के हित संवर्धन में सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सक्रिय भूमिका निभाएं। बैंक अधिकारियों तथा विकास विभाग के अधिकारियों के सतत संवाद एवं समन्वय से ही आर्थिक विकास के लक्ष्य पूरे होंगे। इसके लिए गत सप्ताह छोटी सी पहल करके सेक्टर स्तर पर बैठकों का आयोजन किया गया। जिसमें युवा स्वरोजगार योजना के 174 प्रकरण मंजूर किए गए। इसी तरह के प्रयास हर योजना के लिए आवश्यक हैं। समूह गठन से लेकर इसके वित्त पोषण के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। बैंक तथा विकास विभाग के अधिकारी मिलकर हितग्राहियों सम्पर्क करें। अच्छे समूहों तथा व्यक्तिगत स्वरोजगारियों को तत्परता से ऋण उपलब्ध कराएं। जो समूह नियमित बचत, नियमित बैठक और ऋण का नियमित भुगतान कर रहा हो उसे तत्परता से सहायता उपलब्ध कराएं। आरसेटी स प्रशिक्षित युवाओं को ऋण तथा अनुदान देने में प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना तथा आवास योजना के प्रकरण बैंकों में लंबित हैं। इनका तत्परता से निराकरण करके हितग्राहियों को समय पर ऋण राशि उपलब्ध कराएं। विकास विस्तार अधिकारी प्रकरण के साथ सभी अभिलेख संलग्न करें। बैंक अधिकारी किसी तरह की कमी होने पर ही प्रकरण वापस करें। इनमें अनावश्यक आपत्तियां न लगाएं। हम सबका उद्देश्य गरीबों का कल्याण करना है इसे ध्यान में रखते हुए प्रकरण स्वीकृत तथा वितरित करें। युवा स्वरोजगार योजना से बडी संख्या में स्वीकृति के बावजूद वितरण बहुत कम है। बैंक अधिकारियों को किसी तरह की कठिनाई होने पर तत्काल अवगत कराएं। कार्यशाला में परियोजना अधिकारी श्री मिश्रा ने आजीविका मिशन के उद्देश्यों, लक्ष्यों तथा आवंटन एवं प्रकरणों के स्वीकृति की विकासखण्डवार जानकारी दी। महाप्रबंधक उद्योग ने युवा स्वरोजगार योजना के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना से प्रकरण का बैंक से 30 दिन में निराकरण होना अनिवार्य है। कार्यशाला में क्षेत्रीय प्रबंधक श्री कुमार ने कहा कि पन्ना जिले में समूहों के माध्यम से आर्थिक गतिविधि की प्रबल संभावना है। बैंक अच्छे समूहों को तत्काल ऋण राशि उपलब्ध कराएंगे। जिला परियोजना प्रबंधक डीपीआईपी आनन्द त्रिपाठी ने समूह गठन से लेकर वित्त पोषण तक की रोचक प्रस्तुति दी। कार्यशाला में समूह की ग्रेडिंग, ऋण के पुनः भुगतान, समूहों को बेकवर्ड तथा फारवर्ड लिंकेज का लाभ, अधोसंरचना विकास, लंबित ऋणों की वसूली, ब्याज अनुदान के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। कार्यशाला में बताया गया कि 26 अगस्त को भोपाल में युवा स्वरोजगार योजना से लाभान्वित हितग्राहियों का सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
वनाधिकार के 412 दावों को मिली मंजूरी
- वनाधिकार अधिनियम का लाभ हर पात्र हितग्राही मिलेगा-कलेक्टर
पन्ना 05 अगस्त 13/कलेक्ट्रेट सभागार में वनाधिकार अधिनियम की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर धनंजय सिंह भदौरिया ने कहा कि अनुसूचित जनजाति के परिवारों तथा वनों में परम्परागत रूप से निवास करने वालों के लिए वन अधिकार अधिनियम लागू किया गया है। इसका लाभ हर पात्र हितग्राही को हरहाल में मिलेगा। अधिनियम के तहत अब तक जिलेभर में 3093 दावे मान्य करके हितग्राहियों को अधिकार पत्र प्रदान किए गए हैं। सभी अमान्य दावों का पुनः परीक्षण करके पात्र पाए गए 300 से अधिक हितग्राहियों को अधिकार पत्र प्रदान किए जा रहे हैं। इन हितग्राहियों को कृषि के लिए आवश्यक संसाधन खाद, बीज एवं अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। बैठक में व्यक्तिगत तथा सामूहिक दावों के 411 प्रकरणों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक में अजयगढ तहसील के ग्राम सलैया के 30 व्यक्तियों के प्रकरणों की अपील सुनवाई की गई। इन सभी के द्वारा वन भूमि में काबिज न होने के कारण दावे अमान्य किए गए। कलेक्टर ने कहा कि पर्यावरण तथा वनों की सुरक्षा के साथ-साथ आदिवासियों के हितों का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। जो आदिवासी तथा परम्परागत वनवासी अधिनियम के प्रावधानों के तहत वन भूमि पर निर्धारित तिथि पहले से काबिज हैं उन्हें उदारता पूर्वक अधिकार पत्र दिए जा रहे हैं। आदिवासी भाईयों को केवल अधिनियम के प्रावधानों के तहत ही वन भूमि पर रहने, खेती करने तथा निस्तार का अधिकार प्राप्त होगा। वन अथवा राजस्व भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करने पर इसे मान्य नही किया जाएगा। बैठक में वन अधिकार अधिनियम के व्यक्तिगत हितग्राहियों के पन्ना तहसील के 10, शाहनगर के 3, पवई के 4 तथा गुनौर के 37 प्रकरणों को मंजूरी दी गई। इसी तरह सामुदायिक दावों में तहसील पन्ना के 32, शाहनगर के 246, पवई के 63 तथा अजयगढ के 17 प्रकरणों को मंजूरी दी गई। बैठक में उप संचालक टाईगर रिजर्व विक्रम सिंह परिहार ने कहा कि अधिनियम के तहत पात्र परिवारों को हरहाल में लाभान्वित किया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि वन मण्डलाधिकारी तथा एसडीएम भ्रमण के दौरान मान्य एवं अमान्य दावों का मौके पर परीक्षण करें। इसके लिए संयुक्त रूप से भ्रमण किया जाए। बैठक में समिति के सदस्य श्रीमती सरोज दहायत, श्रीमती नोनी बाई, वन मण्डलाधिकारी आर.सी. विश्वकर्मा, सभी एसडीएम, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण एस.एस. मरकाम तथा समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
पुस्तक मेला आज से होगा शुरू
पन्ना 05 अगस्त 13/शिक्षा मिशन द्वारा तीन दिवसीय पुस्तक मेला 6 से 8 अगस्त तक टाउन हाल तथा मंगल भवन पन्ना में आयोजित किया जा रहा है। इस संबंध में जिला समन्वयक विष्णु त्रिपाठी ने बताया कि मेले में सभी प्राथमिक तथा माध्यमिक शालाओं के प्रधानाध्यापक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। इसके लिए उन्हें सेक्टर बैठकों से छूट दी गई है। पवई एवं शाहनगर के लिए 6 अगस्त तथा अजयगढ एवं गुनौर के लिए 7 अगस्त का दिन निर्धारित किया गया है। पुस्तक मेले के अंतिम दिन 8 अगस्त को पन्ना विकासखण्ड तथा अन्य विकासखण्डों के छुटे हुए प्रधानाध्यापक शामिल होंगे। पुस्तक मेले में 50 से अधिक स्टाल लगाए जाएंगे। मेले से क्रय की जाने वाली पुस्तकों की सूची तथा राशि सभी शालाओं को उपलब्ध करा दी गई है। सभी प्रधानाध्यापक तथा शाला प्रबंधन समितियों के सचिव एवं अध्यक्ष अनिवार्य रूप से पुस्तक मेले मंे निर्धारित तिथियों में उपस्थित रहें। अनुपस्थित रहने पर कडी अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
तीर्थ दर्शन यात्रा 7 को जाएगी द्वारिका
पन्ना 05 अगस्त 13/मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के गरीब वृद्धजनों को जीवन में एक बार तीर्थ यात्रा का अवसर दिया जाता है। योजना के तहत पन्ना जिले के 147 तीर्थ यात्रियों को लेकर तीर्थ दर्शन यात्रा 7 अगस्त को द्वारिका जाएगी। तीर्थ दर्शन ट्रेन सतना से द्वारिका के लिए रवाना होगी। इस संबंध में संयुक्त कलेक्टर के.के. त्रिपाठी ने बताया कि यात्रा के दौरान सभी तीर्थ यात्रियों को निःशुल्क भोजन, चाय, पानी की सुविधा दी जाएगी। अधिक वृद्ध तीर्थ यात्रियों को एक सहायक ले जाने की भी सुविधा दी जा रही है। यात्रियों की देखरेख के लिए तीन कर्मचारी तैनात किए गए हैं। सभी एसडीएम तथा तहसीलदार पात्र तीर्थ यात्रियों की सूची तत्काल कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रस्तुत करें।
सर्पदंश पीडित को सहायता मंजूर
पन्ना 05 अगस्त 13/तहसील पवई के ग्राम करिया निवासी श्रीमती कोशिल्या लोधी की सर्पदंश से मौत हो गई। राजस्व परिपत्र 6-4 के संशोधित प्रावधानों के तहत एसडीएम अशोक ओहरी ने मृतिका के निकटतम वारिस पति भागचन्द्र लोधी को 50 हजार रूपये की आर्थिक सहायता मंजूर की है। यह राशि तहसीलदार पवई के जांच प्रतिवेदन के आधार पर मंजूर की गई है। एसडीएम ने तहसीलदार को स्वीकृत राशि के तत्काल वितरण के निर्देश दिए हैं।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें