शिकायतों का निराकरण एक सप्ताह में कराये: कलेक्टर
- टी.एल.की बैठक संपन्न
टीकमगढ़, 5 अगस्त 2013 । कलेक्टर डाॅ.सुदाम खाडे ने निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री शिकायत प्रकोष्ठ सहित सभी शिकायतों का निराकरण एक सप्ताह में करायें । उन्होंने कहा कि साथ ही अंतरिम उत्तर तत्काल दें जिससे हितग्राही परेशान न हो । डाॅ. खाडे ने आज प्रातः टी.एल. की बैठक में ये निर्देश दिये । कृषि कार्य में तकनीक को बढ़ायें डाॅ. खाडे ने निर्देशित किया कि कृषि कार्य में तकनीक को बढ़ायंे जिससे कृषि को लाभ का धंधा बनाया जा सके । उन्होंने कहा कि इस हेतु ग्रामीण स्तर पर पदस्थ अमले को निर्देशित कर नियमित रूप से कृषकों को प्रशिक्षित करायें । जिससे अधिक से अधिक कृषक आधुनिक कृषि को अपनायें । आपने कहा इसी प्रकार उन्हें जैविक कृषि हेतु भी प्रेरित करें । उन्होंने कहा कृषक को आत्मनिर्भर और आधुनिक तकनीक में दक्ष करना हमारी जिम्मेदारी है । डाॅ. खाडे ने कहा कि जो लक्ष्य योजनावार निर्धारित हैं उन्हें समय पर पूर्ण करें । उन्होंने कहा इसी प्रकार जहाँ लक्ष्य निर्धारित नहीं हैं वहाँ पात्रतानुसार शत-प्रतिशत हितग्राहियों को लाभान्वित करें । आपने कहा प्रत्येक स्तर पर शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन इस प्रकार करें जिससे अधिक से अधिक पात्र हितग्राही उससे लाभान्वित हो सकेें। उन्होंने कहा हितग्राही से आवेदन की आपेक्षा न करें तथा पात्रतानुसार उसका आवेदन स्वयं तैयार करायें । डाॅ. खाडे ने कहा कि सभी विभाग शेष शासकीय संपत्तियों को रिकार्ड में दर्ज करायें । उन्होंने कहा एक सप्ताह में यह कार्रवाई पूर्ण करें । आपने कहा सभी विभाग तहसीलवार अपनी सूची बनाकर अधीक्षक भू-अभिलेख के साथ इसकी समीक्षा कर लें । उन्होंने कहा इसके पश्चात कोई भी शासकीय संपत्ति भू-अभिलेख में दर्ज होने से शेष न रहे यह सुनिश्चित किया जाये । डाॅ. खाडे ने कहा कि सभी पात्र व्यक्ति अपना मतदाता परिचय-पत्र बनवायें । साथ ही हर मतदाता अपने मताधिकार का स्वेच्छा से तथा बिना किसी दबाव के उपयोग करे यह सुनिश्चित किया जाये । उन्होंने कहा प्रत्येक कर्मचारी मतदाता परिचय पत्र हो तथा वह अपने मताधिकार का उपयोग करे यह सभी विभाग प्रमुख सुनिश्चित करें । इस अवसर पर एस.डी.एम. श्री एम.एस. मालवीय, डिप्टी कलेक्टर श्री एफ.डी. जाधव, सी.एम.एच.ओ.डाॅ.ए.के. गुप्ता, ई.ई.डब्लू.आर.डी. श्री पी.के. त्रिपाठी, पी.एच.ई. श्री महेन्द्र सिंह, आर.ई.एस. श्री जे.पी.रोहित, डी.एस.ओ.श्री बी.एल.शर्मा, डी.आर.सी.एस. श्री अखिलेश जैन, जिला शिक्षा अधिकारी डाॅ.आर.एन.नीखरा, एल.बी.एम. श्री सी.एस. चैहान, डी.एम. लोक सेवा गारंटी श्री के.आर. झा, जिला आबकारी अधिकारी श्री अभिषेक तिवारी, सहायक संचालक ओ.बी.सी. श्री राजकुमार बुंदेला, जिला रोजगार अधिकारी श्री डी.के.सिंह, सहायक संचालक उद्यान श्री एस.एस.कुशवाहा तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी एवं संयोजक का भ्रमण कार्यक्रम
टीकमगढ़, 5 अगस्त 2013 । जिला सैनिक कल्याण कार्यालय टीकमगढ़ के जिला सैनिक कल्याण अधिकारी और कल्याण संयोजक दिनांक 8 अगस्त 2013 तहसील पृथ्वीपुर के रेस्ट हाउस में दोपहर 11 बजे से 12 बजे तक एवं दिनांक 12 अगस्त 2013 को तहसील निवाड़ी के रेस्ट हाउस में दोपहर 11 बजे से 12 बजे तक भूतपूर्व सैनिक व विधवाओं की समस्याओं का समाधान करेंगे । सभी भूतपूर्व सैनिकों व विधवाओं को सूचित किया जाता है कि वह दिये गये कार्यक्रम के अनुसार उपस्थित हो कर अपनी समस्याओ से अवगत कराये ताकि उनका निराकरण किया जा सके । ऐसे भूतपूर्व सैनिक व विधवायें जिन्हें बैंक द्वारा असल से कम पेंशन भुगतान की जा रही है वह अपनी बैंक पासबुक व पी.पी.ओ. की मूल प्रति साथ में लेकर अवश्य आये ता कि शाखा प्रबंधक से मिलकर उचित भुगतान करया जा सके ।
टर्नओवर वाले पंजीयत करदाताओं को विवरण पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 20 अगस्त
टीकमगढ़, 5 अगस्त 2013 । वाणिज्यिक कर आयुक्त महोदय द्वारा पत्र क्रमांक/मु0/रिर्टन माडयूल/13-14 इंदौर दिनांक 29 जून 2013 से निर्देशित किया है कि ऐसे समस्त पंजीयत करदाता जिनका वित्त वर्ष 2012-13 में सकल वार्षिक टर्नओवर एक करोड़ या उससे अधिक रहा है । उन्हें वित्त वर्ष 2013-14 का प्रथम विवरण पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई थी किन्तु एक करोड़ से अधिक किन्तु दो करोड़ से कम वार्षिक टर्नओवर वाले पंजीयत करदाताओं के लिए विवरण पत्र प्रस्तुत करने की समयसीमा 20 अगस्त 2013 तक बढाई गयी है । यदि आॅन लाइन विवरण पत्र प्रस्तुत करने में कठिनाई आ रही है तो उक्त कठिनाई के समाधान हेतु वृत्त कार्यालय टीकमगढ़ में संपर्क करें ।
समाधान आॅन लाइन कार्यक्रम आज
टीकमगढ़, 5 अगस्त 2013 । प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चैहान हर माह के पहले मंगलवार को समाधान आॅन लाइन कार्यक्रम के माध्यम से आमजनों से प्राप्त चुनिन्दा शिकायतों को सुनकर मौके पर निराकरण करते है । इसके साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी देते है । इसी क्रम में 6 अगस्त को शाम 4 बजे समाधान आॅन लाइन कार्यक्रम सम्पादित होगा ।
किसानों को जल निकासी हेतु सलाह
टीकमगढ़, 5 अगस्त 2013 । जिले के किसानों को सलाह दी गई है कि जिले में निरन्तर वर्षा होने के कारण खड़ी फसल में पानी भरने के कारण या उचित जलनिकास न होने के कारण खरीफ मौसम में बोई गई दलहन एवं तिलहन की फसलें प्रभावित हो सकती है । अतः किसान खेतो की निरन्तर देखभाल करें । जिस खेत में पानी अधिक भरा हो उस खेत की मेड़ को डायरेक्ट न काटे, क्योंकि इससे भूमि के ऊपर की उपजाऊ मृदा का क्षरण होता है और वह पानी के तेज बहाव के साथ बह जाती है । इसलिए जल निकास हेतु खेत में ढाल वाली जगह से मेड़ काटने से पूर्व उस जगह पर लकड़ी की सूखी टहनिया एवं पत्थर के बोल्डर आदि डालकर ऐसी व्यवस्था करे कि सिर्फ अतिरिक्त पानी ही खेत से बाहर जाये और उपजाऊ मृदा क्षरण न हो और अतिरिक्त जल भराव से भी फसलों को सुरक्षित रखा जा सके साथ ही खरीफ मौसम में भरपूर उत्पादन लिया जा सके ।
आर्थिक सहायता स्वीकृत
टीकमगढ़, 5 अगस्त 2013 । तहसीलदार जतारा के राजस्व प्रकरण क्रमांक 418/बी-121/ 12-13 एवं प्रतिवेदन दिनांक 26 जून 2013 के अनुसार लक्ष्मन तनय खुन्दी साहू निवासी करमौरा तहसील जतारा की मृत्यु सर्पदश से होना पाई गई प्रतिवेदन में तहसीलदार जतारा द्वारा पंचनाम, एफ.आई.आर., पी.एम. रिर्पोट संलग्न कर प्रस्तुत किया है जिससे स्पष्ट होता है कि मृतक लक्ष्मन तनय खुन्दी साहू निवासी करमौरा की मृत्यु सर्पदश से होना पाई जाती है । अतः तहसीलदार जतारा के प्रतिवेदन से सहमत होते हुये म.प्र. शासन राजस्व विभाग मंत्रालय बल्लभ भवन भोपाल के ज्ञाप क्रमांक एफ. 6-4/2007/सात-3 भोपाल दिनांक 22 नबम्बर 2010 के द्वारा राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 में किये गये संशोधन के अनुसार मृतक लक्ष्मन की पत्नी प्रेमवती साहू निवासी करमौरा तहसील जतारा को आर.बी.सी. 6-4 की कण्डिका-5(2) के तहत 50,000/-(पचास हजार रूपये) की आर्थिक सहायता स्वीकृत की जाती है ।
आज की औसत वर्षा
टीकमगढ़, 5 अगस्त 2013 । अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज जिले की औसत वर्षा 0 मि.मी. दर्ज की गयी है । प्राप्त जानकारी के अनुसार आज वर्षामापी केन्द्र टीकमगढ़ में 0 मि.मी., बल्देवगढ़ में 0 मि.मी., जतारा में 0 मि.मी., पलेरा में 0 मि.मी, निवाड़ी में 0 मि.मी., पृथ्वीपुर में 0 तथा ओरछा में 0 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। इसी प्रकार एक जून 13 से आज तक जिले में 699.3 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जिसमें वर्षामापी केन्द्र टीकमगढ़ में 842 मि.मी., बल्देवगढ़ में 412 मि.मी., जतारा में 625 मि.मी., पलेरा में 824 मि.मी., निवाड़ी में 852 मि.मी., पृथ्वीपुर में 735 मि.मी. तथा ओरछा में 605 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें