मिलावट करने वाले पर 10 हजार जुर्माना
पन्ना 27 अगस्त 13/खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटी पदार्थो की बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार दुकानों की जांच की जा रही है। इस क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती कविता राठौर द्वारा मिलौनीगंज पवई में किराना दुकान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई खाद्य पदार्थो के नमूने लिए गए। जांच कराए जाने पर नमूने अमानक एवं मिलावटी पाए गए। इस संबंध में प्रकरण अपर जिला दण्डाधिकारी चन्द्रशेखर बालिम्बे के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। किराना दुकान संचालक राकेश चैरसिया को मिलावटी खाद्य पदार्थ के बिक्री का दोषी पाए जाने पर एडीएम ने 10 हजार रूपये का जुर्माना किया है। राशि जमा होने तक दुकान लाइसेन्स लंबित रहेगा।
राज्यमंत्री ने 11 निर्माण कार्य किए मंजूर
पन्ना 27 अगस्त 13/विधान सभा क्षेत्र पवई से विधायक तथा राज्यमंत्री कृषि लोक सेवा प्रबंधन, खेल एवं पर्यटन श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने क्षेत्र विकास निधि से 11 निर्माण कार्यो की अनुशंसा की है। इस संबंध में जिला योजना अधिकारी बी.के. चैरसिया ने बताया कि स्वीकृत निर्माण कार्यो के लिए 6 लाख 25 हजार रूपये संबंधित निर्माण एजेन्सियों को जारी किए गए हैं। ग्राम सिमरिया में चबूतरा निर्माण, ग्राम वघवारकला में धर्मशाला निर्माण, ग्राम बहिरवारा मंे भण्डार निर्माण, ग्राम मलघन में चबूतरा निर्माण तथा ग्राम बिसानी मंे शेड निर्माण के लिए 50-50 हजार रूपये की राशि संबंधित ग्राम पंचायतों को जारी की गई है। ग्राम सिजहटी में शेड निर्माण, सुडौर में चबूतरा निर्माण तथा ग्राम हरदुआ रावजू में शेड निर्माण के लिए 50-50 हजार रूपये मंजूर किए गए हैं। ग्राम लुधनी में हरिजन बस्ती में चबूतरा निर्माण के लिए एक लाख तथा ग्राम टूडा में यात्री प्रतीक्षालय निर्माण के लिए एक लाख रूपये मंजूर किए गए हैं। ग्राम हरदुआ से पटी तक की सडक के सुधार कार्य के लिए ग्राम पंचायत हरदुआ रावजू को 25 हजार रूपये की राशि मंजूर की गई है।
लापरवाह पर हुई कार्यवाही
पन्ना 27 अगस्त 13/गत दिवस जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास बी.एल. विश्नोई ने गई आंगनवाडी केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आंगनवाडी केन्द्र डडवरिया में दर्ज 30 बच्चों में से मात्र 9 बच्चे उपस्थित पाए गए। बच्चों के वजन लेने तथा दर्ज करने में भी गंभीर त्रुटि पाई गई। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी ने केन्द्र की आंगनवाडी कार्यकर्ता श्रीमती सोहदरा सेन तथा सहायिका श्रीमती प्रेम बाई के अगस्त माह के मानदेय की 70 प्रतिशत राशि काटने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि आगामी निरीक्षण के दौरान यदि आंगनवाडी केन्द्र में अपेक्षा के अनुसार सुधार नही हुआ तो दोनों कर्मचारियों के पद से पृथक करने की कार्यवाही की जाएगी।
होम स्टेड योजना से कुटीर निर्माण की राशि जारी
पन्ना 27 अगस्त 13/इंदिरा आवास होम स्टेड योजना के तहत शाहनगर विकासखण्ड की 5 ग्राम पंचायतों में 10 कुटीरों के निर्माण के लिए राशि जारी कर दी गई है। इस संबंध में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती भावना बालिम्बे ने बताया कि ग्राम पंचायत रगौली, ऊंचा, हरदुआ सारसबाहु, जमुनिया तथा पंचायत हरदुआ रावजू के हितग्राहियों के लिए प्रथम किश्त के रूप में प्रत्येक हितग्राही को 22500 रूपये जारी किए गए हैं। यह राशि संबंधित हितग्राहियों के बैंक खाते में सीधे जारी की गई है। उन्होंने जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा ग्राम पंचायत सचिवों से स्वीकृत राशि का उपयोग करते हुए कुटीरों का निर्माण शीघ्रता से पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।
नमक का आवंटन जारी
पन्ना 27 अगस्त 13/मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना के तहत लाभान्वित हितग्राहियों के लिए एक रूपये प्रति किलो ग्राम की दर से आयोडीन युक्त नमक दिया जा रहा है। सितंबर माह में वितरण के लिए 1330 क्विंटल नमक का आवंटन जारी किया गया है। इस संबंध में संयुक्त कलेक्टर एन.के. बीरवाल ने बताया कि आवंटित खाद्यान्न का वितरण सभी बीपीएल तथा अन्त्योदय अन्न योजना के हितग्राहियों को किया जाएगा। बीपीएल राशन कार्डधारी गरीब, वरिष्ठ, वृद्धजनों को भी नमक का वितरण किया जाएगा। उन्होंने सभी लीड प्रबंधकों को आवंटित नमक तत्काल उचित मूल्य की दुकानों में उपलब्ध कराने तथा नियमित रूप से वितरण कराने के निर्देश दिए हैं।
राज्यमंत्री ने 6 को दी उपचार सहायता
पन्ना 27 अगस्त 13/राज्यमंत्री कृषि, लोक सेवा प्रबंधन, खेल, पर्यटन श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने 6 पीडितों को उपचार के लिए सहायता राशि मंजूर की है। इस संबंध में संयुक्त कलेक्टर के.के. त्रिपाठी ने बताया कि श्रीमती मधुलता चैरसिया निवासी मोहन्द्रा, प्रमोद चैरसिया निवासी मोहन्द्रा, रिखी सोनी निवासी पवई को उपचार के लिए 10-10 हजार रूपये की राशि दी गई है। श्रीमती भगवती श्रीवास्तव निवासी पवई, मुलायम सिंह निवासी मनकोरा को भी उपचार के लिए 10-10 हजार रूपये मंजूर किए गए हैं। श्रीमती हल्की बाई बसोर निवासी अमानगंज को 3 हजार रूपये की उपचार सहायता मंजूर की गई हैै।
विकेन्द्रीकृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
पन्ना 27 अगस्त 13/विकास योजनाओं की वार्षिक कार्ययोजना नियमित रूप से तैयार की जाती है। इस कार्ययोजना में आमजनता की आकांक्षाओं तथा मांगों को शामिल करने के लिए विकेन्द्रीकृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इस संबंध में जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं परियोजना अधिकारी शहरी विकस अभिकरण को निर्देश देते हुए अपर कलेक्टर चन्द्रशेखर बालिम्बे ने कहा है कि कार्ययोजना में प्रत्येक शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र के प्रस्ताव शामिल करें। कार्ययोजना में प्रत्येक नगरीय निकाय तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत से पारित प्रस्ताव शामिल करें। इन प्रस्तावों के आधार पर जनपद एवं जिला पंचायत में कार्ययोजना तैयार करके उसे अनुमोदन के लिए जिला योजना समिति में प्रस्तुत करें। प्रस्ताव तैयार करते समय गत वर्ष की विभिन्न विभागों की वार्षिक योजना में आवंटित तथा प्राप्त राशि का ध्यान रखें। इसके आधार पर ही आगामी वर्ष के लिए कार्ययोजना के प्रस्ताव तैयार करें। इन्ही के आधार पर जिले की वार्षिक कार्ययोजना तैयार की जाएगी। विकेन्द्रीकृत कार्ययोजना के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पूरी तरह से पालन करते हुए वार्षिक कार्ययोजना के प्रस्ताव तथा रिस्पान्स प्लान प्रस्तुत करें।
कलेक्ट्रेट में 145 आवेदन पत्रों में हुई जनसुनवाई
पन्ना 27 अगस्त 13/कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर चन्द्रशेखर बालिम्बे ने 145 आवेदन पत्रों पर जनसुनवाई की। उन्होंने आमजनता से प्राप्त गरीबी रेखा सूची, उपचार सहायता, सीमांकन, राहत राशि वितरण, सडक सुधार, विद्युत बिलों मंे सुधार, वन अधिकार अधिनियम, छात्रवृत्ति तथा प्रसूति सहायता के आवेदन पत्रों में सुनवाई की। ककरहटी निवासी श्री रामअवतार शर्मा के मकान गिरने पर तहसीलदार देवेन्द्रनगर को तत्काल मौके पर निरीक्षण करके प्रतिवेदन देने तथा तत्परता से कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित कार्यालय प्रमुखों को आवेदन पत्रों में 10 दिवस में कार्यवाही करके प्रतिवेदन कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें