इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) स्पॉट फिक्सिंग मामले में दिल्ली पुलिस द्वारा दाखिल आरोप पत्र में कहा गया है कि फिक्सिंग के आरोपी राजस्थान रायल्स के खिलाड़ियों, एस. श्रीसंत, अंकित चव्हाण और अजित चंदीला ने चयनकर्ताओं के साथ धोखा किया है। अपने आरोपपत्र में दिल्ली पुलिस ने राजस्थान रायल्स के कप्तान राहुल द्रविड़ के हवाले से कहा है कि यह जानने के बाद कि उन्होंने अपने प्रदर्शन से समजौता किया, उन्हें कभी भी टीम में शामिल नहीं किया जाएगा।
आरोपपत्र में द्रविड़ के हवाले से कहा गया है, "किसी भी खिलाड़ी ने किसी तरह की अनहोनी घटना से चयनकर्ताओं को अवगत नहीं कराया। अगर चयनकर्ताओं को खिलाड़ी विशेष के बारे में पता होता कि वह अपने प्रदर्शन से समझौता करने वाला है, तो उसे कभी भी अंतिम 11 खिलाड़ियों में शामिल नहीं किया जाता।"
दिल्ली पुलिस ने अपने आरोपपत्र में राजस्थान रायल्स के तीनों खिलाड़ियों सहित कुल 30 लोगों का नाम शामिल किया है। दिल्ली स्थित मकोका न्यायालय में 30 जुलाई को दाखिल दिल्ली पुलिस के आरोपपत्र में कहा गया है कि आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग में त्रीस्तरीय सट्टेबाजी गिरोब कार्य कर रहा था, जिसका मुख्य सरगना कराची में बैठा अंडरवर्ल्ड माफिया दाऊद इब्राहिम और उसका सहयोगी छोटा शकील है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें