उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में मंगलवार को साइकिल से स्कूल जा रही इंटर की छात्रा को पड़ोस के गांव के युवक ने अपनी बाइक में बैठने का प्रस्ताव दिया और मना करने पर गोली मार दी। छात्रा का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। घटना जिले के बरवासागर थाना क्षेत्र की है, जहां करमी गांव निवासी मोनी (16) साइकिल से स्कूल जा रही थी तभी पड़ोस के मंशाखेड़ा गांव के प्रमोद कुमार (22) ने उसे अपनी बाइक में बैठने को कहा। मना करने पर वह जबरदस्ती करने लगा। जब लड़की ने प्रतिरोध किया तो प्रमोद ने उसे गोली मार दी।
आस पास मौजूद लोगों ने प्रमोद की पकड़कर पिटाई की और उसकी बाइक को आग के हवाले कर दिया। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रमोद को तमंचे के साथ पकड़ लिया और थाने ले आई। स्थानीय थाना प्रभारी ने संवाददाताओं को बताया कि प्रमोद के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है। इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है कि कि दोनों का प्रेम प्रसंग तो नहीं था। पटेल ने कहा कि छात्रा की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से कानपुर स्थित हैलट अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें