भारत विभाजनकारी व्यक्तित्व को स्वीकार नहीं करेगा : नीतीश कुमार - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 14 सितंबर 2013

भारत विभाजनकारी व्यक्तित्व को स्वीकार नहीं करेगा : नीतीश कुमार

गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी को भाजपा के प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाये जाने के एक दिन बाद बिहार के मुख्यमंत्री और मोदी के घोर विरोधी नीतीश कुमार ने इसे भाजपा के लिए विनाशकाले विपरीत बुद्धि बताया। उन्होंने कहा कि भारत कभी विभाजनकारी व्यक्तित्व को स्वीकार नहीं करेगा।

भाजपा की घोषणा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री और कांग्रेस नेता आर पी एन सिंह ने भी आरोप लगाया कि मोदी विभाजनकारी ताकत हैं और वह भारत के धर्मनिरपेक्षता के लोकाचार में विश्वास नहीं करते जो समाज के लिए खतरनाक है।

नीतीश ने आज पटना में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान नरेन्द्र मोदी को भाजपा के प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाये जाने के बारे में पूछे जाने पर कहा कि विनाश काले विपरीत बुद्धि। मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाए जाने का विरोध कर रही जदयू ने भाजपा द्वारा उन्हें चुनाव अभियान समिति का प्रमुख बनाए जाने पर पिछले 16 जून को भाजपा से 17 साल पुराना नाता तोड़ लिया था जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्य भूमिका निभाई थी।

वरिष्ठ जदयू नेता ने कहा कि देश में मंहगाई और भ्रष्टाचार जैसे ज्वलंत मुद्दों को देखते हुए यह समय संप्रग सरकार के खिलाफ विपक्षी दलों के एकजुट होने का था पर भाजपा अलग एजेंडे पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राजग में अन्य दलों को जोड़ने के बजाय भाजपा ने अपने विश्वसनीय सहयोगी दल जदयू को खो दिया। नरेंद्र मोदी को पार्टी में आगे बढ़ाने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी का नाम लिये बिना नीतीश ने कहा कि भाजपा के भीतर बड़ों के लिए आदर नहीं है। मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाये जाने पर बिहार भाजपा द्वारा खुशियां मनाये जाने पर नीतीश ने कहा कि वे अपने घर में ही उत्साह मना रहे हैं पर आम लोगों में ऐसा नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा अपने नेता के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रही है पर उसे कामयाबी नहीं मिलेगी। उधर मोदी का कद बढ़ने पर कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह भी चुटकी लेने से नहीं चूके और कहा कि भाजपा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की धमकियों के आगे झुक गयी और क्या संघ अब भी खुद को सांस्कतिक संगठन कहता है।

दिग्विजय ने आज टवीट किया कि भाजपा आरएसएस और रामदेव की धमकियों के आगे झुक गई और मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया। क्या हम अब भी आरएसएस को सांस्कतिक संगठन कहें। कांग्रेस महासचिव की टिप्पणियों पर भाजपा ने आज कहा कि उनकी पार्टी तक उन्हें गंभीरता से नहीं लेती तो वह उनकी बातों पर प्रतिक्रिया क्यों दे। भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने यहां कहा कि वह जो कहना चाहें कहें। लेकिन मैं उनकी टिप्पणियों को गंभीरता से क्यों लूं, जब उनकी पार्टी ही उन्हें संजीदगी से नहीं लेती है। जम्मू में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने मोदी से जुड़े घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें सिकंदर का नाम देने का यह मतलब नहीं कि वह सिकंदर बन जाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं: