साइना जापान ओपेन सुपर सीरीज नहीं खेलेंगी. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।


शुक्रवार, 6 सितंबर 2013

साइना जापान ओपेन सुपर सीरीज नहीं खेलेंगी.

इंडियन बैडमिंटन लीग (आइबीएल) में हैदराबाद हॉटशॉट्स को खिताब दिलाने वाली स्टार शटलर साइना नेहवाल ने जापान ओपेन सुपर सीरीज टूर्नामेंट में नहीं खेलने का फैसला किया है। वह यूरोपीय सर्किट चुनौती से पहले आराम करना चाहती हैं।

विश्व की चौथे नंबर की खिलाड़ी साइना की गैरहाजिरी में उभरती हुई खिलाड़ी पीवी सिंधू एकमात्र महिला सिंगल्स खिलाड़ी के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी, जबकि पी कश्यप पुरुष टीम की अगुआई करेंगे। 17 से 22 सितंबर तक टोक्यो में चलने वाले टूर्नामेंट के लिए आठ सदस्यीय टीम को चुना गया है। साइना ने कहा, 'मैं जापान में नहीं खेलूंगी। मैं आइबीएल में खेलने के बाद थकी हुई हूं।' साइना का अगला टूर्नामेंट डेनमार्क ओपेन होगा, जिसकी वह गत विजेता हैं। भारतीय बैडमिंटन संघ (बाइ) ने राष्ट्रीय कोच पुलेला गोपीचंद की सलाह पर साइना को टोक्यो में टूर्नामेंट से हटने को मंजूरी दी है।

जापान सुपर सीरीज के लिए भारतीय टीम : पुरुष : पी कश्यप, अजय जयराम, साई प्रणीत, के श्रीकांत, सौरभ वर्मा, मनु अत्री, सुमीत रेड्डी। महिला : पीवी सिंधू। कोच : मधुमिता बिष्ट।

राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों पर नेहवाल की नजरहैदराबाद। भारतीय स्टार साइना नेहवाल की नजर अब आगामी सुपर सीरीज और अगले साल राष्ट्रमंडल व एशियाई खेलों में भी अच्छा प्रदर्शन करने पर है। साइना ने कहा, 'मेरा फोकस सुपर सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करने पर होगा। अगला साल काफी व्यस्त होगा, क्योंकि राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेल होने हैं। उम्मीद है कि मैं इसके लिए फिट रहूंगी।'

आइबीएल में अपराजित रही साइना ने अपने प्रदर्शन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस नए टूर्नामेंट से युवा और सीनियर खिलाड़ियों को भी मदद मिली है। उन्होंने कहा, 'आइबीएल से निश्चित तौर पर युवाओं और हम जैसे खिलाड़ियों को मदद मिलेगी। इससे भारतीय खिलाड़ियों को अपना खेल सुधारने में मदद मिलेगी। यदि पैसों की नजर से देखा जाए तो दुनिया के किसी भी खिलाड़ी को किसी भी अन्य टूर्नामेंट की तुलना में यहां अधिक धनराशि मिल रही है।' 23 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा कि अंतरंराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में युवाओं के अच्छे प्रदर्शन से देश को इस खेल को और बढ़ावा मिलेगा।

कोई टिप्पणी नहीं: