पीएम प्रत्याशी बनने के बाद मोदी की पहली सभा रविवार को - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 14 सितंबर 2013

पीएम प्रत्याशी बनने के बाद मोदी की पहली सभा रविवार को

narendra modi
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद प्रत्याशी घोषित होने के बाद गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को हरियाणा के रेवाड़ी में पहली सभा करेंगे। इस जिले में बड़ी तादाद में पूर्व सैनिक रहते हैं।  भाजपा ने शुक्रवार को मोदी को अगले वर्ष 2014 में होने जा रहे लोकसभा चुनाव के लिए अपना प्रधानमंत्री पद प्रत्याशी मनोनीत किया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि पूर्व सैनिकों की इस सभा को थल सेना के पूर्व प्रमुख जनरल (सेवानिवृत्त) वी. के. सिंह भी संबोधित करेंगे।

भाजपा नेताओं ने कहा कि मोदी राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले और सेवानिवृत्ति के बाद नौकरी पाने में होने वाली मुश्किलों सहित पूर्व सैनिकों से जुड़े मुद्दों पर बोलेंगे। गुजरात के मुख्यमंत्री की रैली से एक दिन पहले कुछ अज्ञात लोगों ने मोदी के पोस्टरों पर कालिख पोत दी है और कांग्रेस के एक मंत्री ने सभा करने के लिए उनकी (मोदी की) आलोचना की है। राज्य के ऊर्जा मंत्री अजय सिंह यादव ने शनिवार को मोदी की सभा की आलोचना की है और गुजरात सरकार के लोककल्याण और विकासगाथा की आलोचना की है।

उन्होंने दावा किया, "मोदी को ऐसा राज्य चुनना चाहिए था जो गुजरात से पीछे है। हरियाणा खास तौर से पूर्व सैनिकों और मौजूदा रक्षाकर्मियों व समाज कल्याण योजना सहित सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों में गुजरात से आगे है।" उन्होंने कहा, "स्वतंत्रता सेनानियों, रक्षाकर्मियों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए गुजरात सरकार की पहल और सुविधाओं के मुकाबले भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार हरियाणा में कहीं ज्यादा काम किया है।"

मोदी की सभा को 'लोगों को गुमराह करने और सैनिकों और स्वतंत्रता सेनानियों के स्वाभिमान को नजरअंदाज करने' का प्रयास करार देते हुए यादव ने मोदी को गुजरात में हरियाणा की नवीन योजनाओं को लागू करने की सलाह दी। पूर्व थल सेना प्रमुख जनरल (सेवानिवृत्त) वी. के. सिंह के मोदी की सभा में शामिल होने की उम्मीद है।

कोई टिप्पणी नहीं: