छतरपुर (मध्यप्रदेश) की खबर ( 20 सितम्बर ) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 20 सितंबर 2013

छतरपुर (मध्यप्रदेश) की खबर ( 20 सितम्बर )

होटलों एवं डेयरियों पर खाद्य विभाग की छापामार कार्यवाही, 16 घरेलू गैस सिलेण्डर जप्त

chhatarpur mapछतरपुर/20 सितम्बर/कलेक्टर डाॅ. मसूद अख्तर के निर्देशानुसार जिला आपूर्ति अधिकारी श्री बी के सिंह एवं सहयोगी स्टाफ द्वारा छतरपुर नगर के होटलों एवं डेयरियों पर छापामार कार्यवाही की गई। जांच के दौरान रीजेन्सी होटल से 02, हरी चाट वाले के यहां से 11 एवं अग्रवाल होटल के यहां से 03 घरेलू गैस सिलेण्डर जप्त किये गये। जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि इनके विरूद्ध पेट्रोलियम गैस प्रदाय और वितरण विनिमय आदेश एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धाराओं के तहत कार्यवाही की जा रही है। जिला आपूर्ति अधिकारी द्वारा होटल मालिकों से कामर्सियल गैस सिलेण्डर की प्रतिदिन की खपत एवं खरीदे गये सिलेण्डरों की जानकारी मांगी जा रही है, जिससे घरेलू गैस सिलिण्डरों से कामर्शियल सिलेण्डर में गैस पलटकर चलाने वाले होटल मालिको के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जा सके। कलेक्टर डाॅ. अख्तर के निर्देशानुसार खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा जांच की कार्यवाही सतत जारी रहेगी।

सामान्य प्रशासन स्थाई समिति की बैठक आज

छतरपुर/20 सितम्बर/जिला पंचायत की सामान्य प्रशासन स्थाई समिति की बैठक का आयोजन 21 सितम्बर को पूर्वान्ह 11.30 बजे से जिला पंचायत सभाकक्ष में किया जायेगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डाॅ. सतेन्द्र सिंह ने बताया कि बैठक में गत बैठक के पालन प्रतिवेदन पर चर्चा उपरांत फरफोरमेन्स ग्रान्ट फण्ड योजनांतर्गत उपाध्यक्ष के कार्यों को जोड़ने हेतु समीक्षा की जायेगी। इसके अतिरिक्त अन्य विषय अध्यक्ष की अनुमति से रखे जायेंगे। 

किशोरी शक्ति योजनांतर्गत प्रशिक्षण सम्पन्न

छतरपुर/20 सितम्बर/एकीकृत बाल विकास परियोजना छतरपुर शहरी द्वारा अवंती बाई नर्सिंग कालेज छतरपुर में किशोरी शक्ति योजना के तहत दो दिवसीय खण्ड स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का शुभारम्भ महाविद्यालय के प्राचार्य श्री जे के पौराणिक के मुख्य आतिथ्य में किया गया। प्रशिक्षण में शहर की 154 किशोरी बालिकाओं, 77 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं 12 एएनएम ने भाग लिया। प्रशिक्षण के प्रारम्भ में प्रभारी परियोजना अधिकारी श्रीमती ममता वैद्य द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने बालिकाओं को संतुलित भोजन लेने की समझाईश दी। स्वास्थ्य विभाग की पर्यवेक्षक श्रीमती पुष्पा वर्मा एवं नसीमा खांन द्वारा बालिकाओं को स्वास्थ्य एवं साफ-सफाई के बारे में जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दूसरे दिन गायन एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यवेक्षक श्रीमती रश्मि राजौरिया एवं कु. मध्ुालता सैनी द्वारा स्वच्छता के लिये हाथ धोने के 10 तरीके बताये गये। अंत में प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री ए एस शिवहरे द्वारा कार्यक्रम के समापन पर सभी बालिकाओं को बाल विवाह न करने का संदेश दिया गया एवं शपथ कार्यक्रम कराया गया।

खनिज विभाग द्वारा अवैद्य उत्खनन एवं परिवहन पर कार्यवाही

छतरपुर/20 सितम्बर/जिले में खनिज विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2013-14 में अगस्त माह तक अवैध परिवहन के 128 प्रकरण बनाये गये। इन प्रकरणों में 25 लाख 82 हजार 400 रूपये का अर्थदण्ड आरोपित कर वसूल किया गया। इसी तरह अवैध उत्खनन के 04 प्रकरण बनाये गये। इन प्रकरणों में 9 लाख 13 हजार रूपये का अर्थदण्ड प्रस्तावित किया गया है। साथ ही प्रकरण निराकरण हेतु संबंधित अनुविभागीय अधिकारी न्यायालय में भ्ेाजे गये हैं। खनि अधिकारी श्री पी पी राय ने बताया कि इसी तरह वित्तीय वर्ष 2012-13 में अवैध परिवहन के 398 प्रकरण बनाये गये। इन प्रकरणों में 86 लाख 56 हजार रूपये अर्थदण्ड आरोपित कर जमा कराया गया। इसी तरह अवैध उत्खनन के 49 प्रकरण बनाये गये, जिन पर 50 लाख 45 हजार 626 रूपये अर्थदण्ड प्रस्तावित कर प्रकरण निराकरण हेतु संबंधित अनुविभागीय अधिकारी न्यायालय में भ्ेाजे गये।

जिले में अब तक 1283.3 मिमी औसत वर्षा दर्ज

छतरपुर/20 सितम्बर/जिले में इस वर्ष अब तक 1283.3 मिमी औसत वर्षा दर्ज हुई है। जिले में स्थापित वर्षा मापी केन्द्रों में आंकी गई वर्षा के रिकार्ड के अनुसार एक जून से आज दिनांक तक बड़ामलहरा केन्द्र पर सर्वाधिक 1704.4 मिमी वर्षा हुई है। अधीक्षक भू-अभिलेख कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में स्थापित विभिन्न वर्षा केन्द्रों में से 1 जून से आज दिनांक तक दर्ज रिकार्ड के अनुसार छतरपुर केन्द्र में 1253.7 मिमी, लवकुशनगर में 1241 मिमी, बिजावर में 1291.4 मिमी, नौगांव में 1219.5 मिमी, राजनगर में 1344.6 मिमी, गौरिहार में 985.2 मिमी एवं बक्स्वाहा में 1226.8 मिमी वर्षा दर्ज हुई है।  

 बारीगढ़ छात्रावास का अधीक्षक एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी निलंबित,  दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हटाये गये

छतरपुर/20 सितम्बर/बारीगढ़ में संचालित अनुसूचित जाति प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास में पदस्थ अधीक्षक श्री अब्राहम कुजूर एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी श्री गिरवर प्रसाद अहिरवार को छात्रावास में पाई गई अव्यवस्था एवं संचालन में की गई लापरवाही के कारण कलेक्टर डाॅ. मसूद अख्तर के निर्देश पर जिला संयोजक आदिम जाजि कल्याण विभाग श्री आर पी भद्रसेन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है । छात्रावास में पदस्थ अन्य दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है । कलेक्टर डाॅ. अख्तर द्वारा निर्देश दिये गये हैं कि यदि किसी भी छात्रावास में अव्यवस्थायें पाई जाती है तो संबंधित अधीक्षक के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी । साथ ही जो अधीक्षक निर्धारित मुख्यालय पर नहीं रहेंगें उनके खिलाफ भी कार्यवाही की जायेगी ।

नये प्रारूप में मिलेगी मतदाता पर्ची

छतरपुर/20 सितम्बर/आगामी विधान सभा चुनाव में मताधिकार का उपयोग करने के लिए प्रत्येक मतदाता को मतदाता पर्ची प्रदान की जाएगी। मतदाता पर्ची निर्धारित प्रपत्र में बीएलओ प्रदान करेंगे। इस संबंध में निर्वाचन आयोग के निर्देशों की जानकारी देते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जे के श्रीवास्तव ने बताया कि मतदाता पर्ची में मतदाता का क्रमांक, मतदाता के निर्वाचन परिचय पत्र का क्रमांक दर्ज रहेगा। इसका प्रारूप प्रत्येक रिटर्निंग आफीसर को उपलब्ध कराया जा रहा है। यह मतदाता की पहचान सुनिश्चित करने के लिए भी मान्य किया गया अभिलेख है। इसे रिटर्निंग आफीसर अथवा बीएलओ द्वारा जारी किया जाएगा। मतदाता पर्ची में मतदान केन्द्र का नाम, मतदान के दिवस तथा मतदाता के नाम सहित अन्य विवरण दर्ज रहेंगे।

विद्युत मेगा लोक अदालत का आयोजन कल  
    
छतरपुर/20 सितम्बर/समस्त घरेलू, कृषि, 5 किलो वाट तक के गैर-घरेलू एवं 10 हाॅर्स पावर तक के औद्योगिक विद्युत उपभोक्ताओं को आगामी 21 सितम्बर को आयोजित होने वाली विशेष विद्युत मेगा लोक अदालत के माध्यम से विद्युत बिल का भुगतान एकमुश्त करने पर सिविल दायित्व में 50 प्रतिशत् की छूट प्रदान की जायेगी। उक्त छूट का लाभ विद्युत अधिनियम की धारा 126, 135 व 138 के अंतर्गत बिजली कंपनी द्वारा आकलित खपत के तहत किया जायेगा।  इसके अतिरिक्त विद्युत अधिनियम की धारा 138 के अंतर्गत घरेलू श्रेणी के गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले उपभोक्ताओं को दीनबंधु योजना एवं किसान समृद्धि योजना के तहत छूट का लाभ प्राप्त होगा। उपरोक्त छूट केवल 21 सितम्बर को आयोजित होने वाली विद्युत अदालत में ही दी जायेगी। 

कोई टिप्पणी नहीं: