दिल्ली बीजेपी सीएम के उम्मीदवार के तौर पर डॉ. हर्षवर्धन के नाम का ऐलान हो गया है। आज दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस में बीजेपी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने हर्षवर्धन के नाम का ऐलान किया। राजनाथ ने हर्षवर्धन के पुराने कामों का हवाला देते हुए उन्हें सीएम उम्मीदवार के रुप में चुने जाने के लिए सही दावेदार करार दिया। राजनाथ ने उम्मीद जताई की दिल्ली में बीजेपी की ही सरकार बनेगी।
राजनाथ के बाद वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बीजेपी उंचाई पर पहुंचेगी। आडवाणी ने कहा कि विजय गोयल ने फैसला मंजूर किया है। आडवाणी ने दिल्ली में बीजेपी के सफर का हवाला भी दिया और बताया कि बीजेपी ने यहां किस तरह अपनी धाक जमाई और सियासी सफर आगे बढ़ाया। हर्षवर्धन के नाम का ऐलान होते ही राजनाथ ने सभी नेताओं को एक साथ बुलाया। बड़े नेताओं की मौजूदगी में विजय गोयल और हर्षवर्धन ने एक दूसरे को मिठाई भी खिलाई। इस प्रेस कांफ्रेंस में राजनाथ, आडवाणी के अलावा मुरली मनोहर जोशी, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली , अनंत कुमार, विजय मल्होत्रा जैसे नेता मौजूद थे।
वहीं विजय गोयल ने कहाकि मैं इस फैसले से नाराज नहीं हूं। संसदीय बोर्ड ने फैसला लिया है। मैंने कार्यकर्ताओं से हर्षवर्धन को सहयोग देने को कहा है। पार्टी एकजुट है, हमने पिछले 8 महीने में बहुत मेहनत की है। इससे पहले हर्षवर्धन के नाम पर मुहर लगती देख गोयल ने अपने समर्थक बीजेपी जिलाध्यक्षों की पंडित पंत मार्ग पर स्थित बीजेपी दफ्तर में बैठक की। हालांकि गोयल ने हर्षवर्धन पर कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया था। गोयल ने कहा था कि पार्टी के ऐलान के बाद ही मैं कुछ बोलूंगा। संगठन मंत्री रामलाल को विजय गोयल को समझाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद विजय गोयल जी जान से चुनाव प्रचार में जुटे और अपने करीबियों को तमाम पदों पर बिठाया। खुद को ही सीएम पद का दावेदार मान चुनाव प्रचार शुरू किया था। पिछले कुछ समय से गोयल बिजली-पानी के मुद्दे पर शीला दीक्षित सरकार से मोर्चा ले रहे हैं। इस दौरान हर्षवर्धन कहीं भी नजर नहीं आए। लेकिन अब हर्षवर्धन को उनकी जगह सीएम उम्मीदवार बनाए जाने के बाद गोयल कितना सहयोग देंगे, इस पर बड़ा सवाल है।
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें