केरन में भारत के निर्माण कार्य को पाकिस्तानी सेना ने बंद कराया. - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 23 अक्टूबर 2013

केरन में भारत के निर्माण कार्य को पाकिस्तानी सेना ने बंद कराया.


 जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा के पास केरन गांव को आदर्श गांव के रूप में विकसित करने पर पाकिस्तान ने सवाल उठाया है। आदर्श गांव का निर्माण कर रहे ठेकेदार को पाकिस्तानी सैनिकों ने धमकी दी है कि या तो वह काम बंद कर दे या नतीजे भुगतने के लिए तैयार रहे। आधिकारिक सूत्रो ने आज यहां बताया कि नियंत्रण रेखा पर केरन सेक्टर में सीमा क्षेत्र विकास कार्यक्रम बीएडीपी के तहत किशनगंगा नदी के किनारे निर्माण कार्य चल रहा है। 


21 अक्टूबर को पाकिस्तानी सैनिक निर्माण स्थल के करीब आए और ठेकेदार को धमकी दी कि वह काम बंद कर दे या फिर नतीजे भुगतने के लिए तैयार रहे। उन्होंने धमकी दी कि अगर ठेकेदार काम जारी रखता है तो पाकिस्तानी सैनिक अपने वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश के अनुसार कार्रवाई करेंगे। योजना के तहत सीमावर्ती केरन इलाके के विकास के लिए सड़क, सामुदायिक भवन, फुटपाथ, पुस्तकालय और पार्कों का निर्माण किया जा रहा है।

सूत्रों ने बताया कि ठेकेदार ने पुलिस और सैन्य अधिकारियों को मामले की सूचना देने के बाद काम बंद कर दिया है और आदर्श गांव का काम अब भी बंद पड़ा है। पाकिस्तान इस क्षेत्र में किशनगंगा नदी पर पनबिजली परियोजना लगाने का भी विरोध करता रहा है। पाकिस्तान का कहना है कि यहां पर निर्माण कार्य कराना 2003 में हुए सीजफायर का उल्लंघन है। 2003 में हुआ सीजफायर एक अलिखित समझौता है जिसके तहत इस बात पर सहमति बनी थी कि सीमा के पास किसी तरह का निर्माण कार्य नहीं होगा। बहरहाल, पाकिस्तान की तरफ से लगातार जारी भारी फायरिंग को देखते हुए निर्माण कार्य को रोक दिया गया है।

एलओसी पर पाकिस्तान फौज की गोलीबारी लगातार जारी है। जम्मू कश्मीर के आरएस पुरा सेक्टर में हुई पाक की लगातार गोलीबारी में आज बीएसएफ का एक जवान मारा गया और तीन घायल हुए हैं। पाकिस्तान ने 15 भारतीय चौकियों पर भारी गोलीबारी की है। आरएस पुरा सेक्टर में मंगलवार रात पाकिस्तान की तरफ से गोलीबारी में लगातार चार घंटे भारी मोर्टार का इस्तेमाल किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं: