प्रशिक्षण से निश्चित होती है कार्य की सफलता- श्री भदौरिया
- जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया गुनौर में प्रशिक्षण केन्द्रों का निरीक्षण
पन्ना 23 अक्टूबर 13/विधान सभा चुनाव के लिए तैनात मतदान कर्मचारियों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धनंजय सिंह भदौरिया ने गुनौर में 2 प्रशिक्षण केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं, कर्मचारियों की उपस्थिति तथा वोटिंग मशीनों के संचालन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से ही कार्य की सफलता निर्धारित होती है। जितना प्रभावी प्रशिक्षण होगा उतनी ही सरलता से कार्य पूरा होगा। पीठासीन अधिकारी तथा मतदान अधिकारी मतदान की महती जिम्मेदारी के लिए तैनात किए जा रहे है। चुनाव प्रशिक्षण में दी गई हर छोटी से छोटी जानकारी को मतदान कर्मी आत्मसात करें। कलेक्टर ने कहा कि सभी मतदान कर्मी मास्टर ट्रेनरों द्वारा दिए गए प्रशिक्षण पर पूरा ध्यान दें। जब तक मतदान से जुडी एक भी आशंका मन में रहती है तब तक प्रशिक्षण समाप्त नही होगा। प्रशिक्षण के समापन पर इसमें शामिल सभी मतदान कर्मियों का टेस्ट लिया जाएगा। इसमें असफल रहने वालों को जिला स्तर पर पुनः प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान मतदान केन्द्र की व्यवस्था, वोटिंग मशीन के संचालन, माकपोल, मत पत्र लेखा तैयार करने, प्रपत्र 16 की जानकारी तैयार करने तथा मतदान केन्द्र में कानून और व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में पूरी दक्षता प्राप्त कर लें। पूरी निष्पक्षता और निडरता के साथ मतदान सम्पन्न कराएं। कलेक्टर ने कहा कि प्रशिक्षण में किसी तरह की लापरवाही सहन नही की जाएगी। मतदान सामग्री प्राप्त करने से लेकर मतदान सामग्री जमा करने तक की अवधि में सभी मतदान कर्मी पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें। पीठासीन अधिकारी को मतदान केन्द्र में अपने दल का आगे बढकर नैतृत्व करना है। केन्द्र की सभी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करें। पीठासीन अधिकारी को निर्वाचन आयोग द्वारा सभी तरह के वैधानिक अधिकार दिए गए हैं। मतदान में किसी तरह की कठिनाई आने पर मौके में पीठासीन अधिकारी को ही निर्णय लेना होगा। इसलिए प्रशिक्षण में दी जा रही सभी जानकारियों तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूरी तरह से पालन करें। उन्होंने कहा कि मतदान कर्मियों को सुचारू मतदान सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुविधाए प्रदान की जाएगी। प्रशिक्षण में एसडीएम गुनौर एन.के. बीरवाल, तहसीलदार बी.एम. शुक्ला, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा मतदान कर्मी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण से अनुपस्थित को निलंबन का नोटिस
पन्ना 23 अक्टूबर 13/गुनौर तहसील मुख्यालय में आयोजित तीन दिवसीय चुनाव प्रशिक्षण में 6 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धनंजय सिंह भदौरिया ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सभी को निलंबन का नोटिस देने के निर्देश एसडीएम गुनौर को दिए हैं। निलंबन का नोटिस अनुपस्थित कर्मचारियों बाबूलाल प्रजापति, उच्च श्रेणी शिक्षक मनमोहन शर्मा, अध्यापक आर.के. तिवारी, सहायक अध्यापक राजेन्द्र मिश्रा, अध्यापक संजीवन त्रिपाठी तथा अध्यापक महेन्द्र कुमार त्रिपाठी को दिया गया है। उन्होंने चुनाव प्रशिक्षण के बाद आयोजित टेस्ट में असफल रहने वाले कर्मचारी शिव कुमार मिश्रा को भी कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए हैं।
निर्वाचन वीडियो अवलोकन दल गठित
पन्ना 23 अक्टूबर 13/विधान सभा निर्वाचन के दौरान विभिन्न घटनाओं के लिए गठित वीडियो निगरानी दल द्वारा की गई रिकार्डिंग के अवलोकन के लिए दल गठित किए गए हैं। विधान सभा क्षेत्र पन्ना को दो भागों में विभक्त कर दल गठित कर दिए गए हैं। अनुविभागीय दण्डाधिकारी एवं रिटर्निंग आफीसर विधान सभा क्षेत्र पन्ना द्वारा वीडियो अवलोकन दल गठित कर दिए गए हैं। इसमें पन्ना विकास खण्ड के लिए आनन्द शुक्ला मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत पन्ना, प्रदीप चतुर्वेदी उपयंत्री, जगदीश साहू सहायक ग्रेड-2 तथा गणेश चैबे सहायक गे्रड-3 जनपद पंचायत पन्ना को नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार अजयगढ विकासखण्ड के लिए चन्द्रसेन सिंह मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत अजयगढ, आनन्दी प्रजापति उपयंत्री, अवधेश मिश्रा सहायक ग्रेड-3 तथा सुधीर श्रीवास्तव टाईम कीपर जनपद पंचायत अजयगढ को नियुक्त किया गया है। यह गठित दल वीडियो निगरानी दल द्वारा की गई रिकार्डिंग की सी.डी. तैयार करेंगे। इस सी.डी. का अवलोकन वीडियो अवलोकन दल द्वारा किया जाएगा। वीडियो निगरानी दल प्रतिदिन रिकार्डिंग की सी.डी. तैयार करके वीडियो अवलोकन दल को उपलब्ध कराएगा।
व्यय लेखा संधारण संबंधी बैठक 25 को
पन्ना 23 अक्टूबर 13/विधान सभा निर्वाचन 2013 के लिए व्यय लेखा का संधारण करने संबंधी बैठक 25 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से शासकीय छत्रसाल महाविद्यालय पन्ना में आयोजित की गई है। बैठक में समस्त रिटर्निंग आफीसर, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, उडनदस्ता, वीडियो निगरानी दल एवं वीडियो अवलोकन दल बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होंगे।
भयमुक्त एवं शांतिपूर्ण चुनाव के लिए पुलिस द्वारा कार्यवाही जारी
पन्ना 23 अक्टूबर 13/जिले में भयमुक्त एवं शांतिपूर्ण विधान सभा चुनाव सम्पन्न कराने के उदेश्य से जिलेभर में पुलिस द्वारा प्रतिबंधात्मक एवं लघु अधिनियम की कार्यवाही लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक आर.के. जैन द्वारा आदर्श आचरण संहिता लागू होने के बाद से सभी थाना क्षेत्रों में ऐसे लोग जो चुनाव में व्यवधान उत्पन्न कर सकते हैं। साथ ही गुण्डा, बदमाश, असामाजिक तत्वों के विरूद्ध विभिन्न धाराओं में प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करने के लिए उडनदस्ता तथा पुलिस बल द्वारा आपराधियों पर कार्यवाहियां की जा रही हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि 21 अक्टूबर को धारा 110 के तहत थाना देवेन्द्रनगर में 3, गुनौर में एक, सलेहा में एक, सिमरिया में 5, पवई में 5, शाहनगर में 2, रैपुरा में एक, अजयगढ में 8, धरमपुर में 2 तथा बृजपुर थाना क्षेत्र में एक आदतन अपराधी के विरूद्ध कार्यवाही की गई हैं। धारा 151 के तहत थाना अमानगंज द्वारा एक, गुनौर में एक, पवई में 2, सिमरिया में एक, शाहनगर में 2 आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही की गई हैं। धारा 107, 116 के अन्तर्गत पन्ना में 13, देवेन्द्रनगर में 6, अमानगंज में 40, गुनौर में 29, सलेहा में 4, पवई में 30, सिमरिया में 62, शाहनगर में 29, रैपुरा में 35, अजयगढ में 54, धरमपुर में 5, मडला में 3 तथा बृजपुर थाना क्षेत्र में 2 व्यक्तियों के विरूद्ध कार्यवाही की गई है। इसी प्रकार चुनाव में धमकाने वाले 33 व्यक्तियोें के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई है। थाना कोतवाली पन्ना द्वारा 4 आरोपियों, देवेन्द्रनगर के 4 तथा थाना बृजपुर के 2 आपराधियों के विरूद्ध जिला बदर की कार्यवाही के लिए जिला न्यायालय में प्रकरण पेश किए गए हैं। लघु अधिनियम के अन्तर्गत आबकारी एक्ट में पवई में एक आरोपी, सुनवानी में एक आरोपी के विरूद्ध तथा थाना कोतवाली के तहत आम्र्स एक्ट के तहत एक व्यक्ति के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए धारदार हथियार जप्त किया गया।
नाम निर्देशन पत्र संबंधी प्रशिक्षण आज
पन्ना 23 अक्टूबर 13/विधान सभा चुनाव के नामांकन पत्र दाखिल करने तथा इनकी जांच का प्रशिक्षण 24 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया जा रहा है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी चन्द्रशेखर बालिम्बे ने रिटर्निंग आफीसर तथा संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
डाक मतपत्र संबंधी प्रशिक्षण 24 को
पन्ना 23 अक्टूबर 13/उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार विधान सभा निर्वाचन 2013 के लिए डाक मत पत्र, निर्वाचन कर्तव्य प्रमाण पत्र एवं प्राॅक्शी बोटिंग संबंधी समस्त कार्य तथा सेवा नियोजित निर्वाचकों, मतदान दल कर्मचारियों हेतु डाक मतपत्र जारी करने संबंधी प्रशिक्षण 24 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से जिला पंचायत सभागार में आयोजित किया गया है। इस कार्य के लिए नियुक्त सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पीठासीन अधिकारी प्रशिक्षण की हर जानकारी रखें याद-एडीएम
- माकपोल के बिना नही होगा मतदान - श्रीमती बालिम्बे
पन्ना 23 अक्टूबर 13/विधान सभा चुनाव के लिए मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण पन्ना में छत्रसाल महाविद्यालय, आर.पी. उ.मा.वि. तथा साइंस काॅलेज में आयोजित प्रशिक्षण का एडीएम तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी चन्द्रशेखर बालिम्बे ने जायजा लिया। इसी तरह अजयगढ में आयोजित मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण का निरीक्षण जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती भावना बालिम्बे ने किया।प्रशिक्षण में शामिल मतदान कर्मियों को निर्देश देते हुए एडीएम श्री बालिम्बे ने कहा कि पीठासीन अधिकारी प्रशिक्षण की हर जानकारी याद रखें। मतदान केन्द्र में कानून और व्यवस्था बनाए रखने से लेकर शांतिपूर्वक मतदान सम्पन्न कराने के लिए आपको निर्वाचन आयोग द्वारा पूरे अधिकार दिए गए है। चुनाव प्रशिक्षण में आयोग के निर्देशों की पूरी जानकारी लें। निर्वाचन के लिए सामग्री प्राप्त होने पर उसका चेकलिस्ट के अनुसार मिलान करें। मतदान केन्द्र में पहुंचने के बाद वहां पर सुचारू मतदान की पूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। इसके लिए स्थानीय कर्मचारियों तथा बीएलओ का सहयोग आपको मिलेगा। सभी मतदान कर्मी अत्यंत प्रतिभाशाली तथा जिम्मेदार अधिकारी, कर्मचारी हैं। आयोग की मंशा के अनुरूप मतदान सम्पन्न कराएं।अजयगढ में मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण देते हुए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती भावना बालिम्बे ने कहा कि वास्तविक मतदान के पहले मतदान एजेण्टों की उपस्थिति में माकपोल अवश्य कराएं। माकपोल के बिना वास्तविक मतदान आरंभ नही होगा। मतदाता की पहचान सुनिश्चित होने पर ही उसे मतदान का अवसर मिलेगा। मतदाता पहचान पत्र तथा आयोग द्वारा निर्धारित 16 में से कोई एक दस्तावेज दिखाने पर मतदाता को मताधिकार का अवसर मिलेगा। मतपत्र लेखा पूरी सावधानी से तैयार करें। पीठासीन अधिकारी की डायरी में मतदान केन्द्र की प्रत्येक महत्वपूर्ण गतिविधि की जानकारी दर्ज करें। मतदान दलों की चुनाव सामग्री प्रपत्र 16 में जानकारी के बिना जमा नही होगी। उन्होंने वोटिंग मशीन के संचालन, मशीनों की सिलिंग, डाक मत पत्र, प्राक्सी वोट तथा विकलांगों के मतदान के संबंध में मतदान कर्मियों को निर्देश दिए। प्रशिक्षण सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा मतदान कर्मी उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें