छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित माना विमानतल पर आयकर विभाग ने एक साधु को 11 लाख 26 हजार रुपये के साथ पकड़ा। साधु के साथ तीन चेले भी थे। आयकर टीम ने जब साधु से रुपये के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि रुपये चेलों के हैं, लेकिन साथ में पकड़े गए तीन लोगों (चेलों) का कहना कि रुपये बाबा के ही हैं।आयकर अफसरों ने रकम जब्त कर ली है। मामले की तह तक जाने के लिए चारों से पूछताछ जारी है। आयकर विभाग की टीम बाबा समेत चारों लोगों को लेकर सिविल लाइन मुख्यालय पहुंची। वहां हुई पूछताछ के बाद साधु का नाम नित्यानंद पांडे बताया गया है। उनका ताल्लुक मध्य प्रदेश में उज्जैन के किसी आश्रम से है। साथ में चल रहे तीन लोगों में एक व्यापारी भी है।
बाबा का कहना था कि रुपये व्यापारी के हैं, जबकि व्यापारी ने कहा कि वह बाबा का मैनेजर है। रुपये बाबा के ही हैं। वह बाबा के साथ अमरनाथ जा रहा है। आयकर विभाग का कहना है कि जरूरत पड़ने पर चारों को समन जारी किया जा सकता है। गौरतलब है कि राज्य में अगले माह विधानसभा चुनाव होना है, इसलिए निर्वाचन आयोग के निर्देश पर नकदी लाने-ले जाने वालों पर पैनी नजर राखी जा रही है।
रायपुर के माना एयरपोर्ट पर आयकर विभाग लगातार नकदी, सोने की छड़ें व कीमती वस्तुओं के साथ लोगों को पकड़ रहा है। आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक आधा दर्जन लोग पकड़े जा चुके हैं।एयरपोर्ट पर तैनात टीम ने सबसे पहले शहर के एक सराफा कारोबारी को 20 लाख रुपये नकदी के साथ पकड़ा। फिर मुंबई के कारोबारी को सोने की छड़ व नकदी के साथ पकड़ा गया। पिछले हफ्ते स्टेशन चौक के पास और सदरबाजार में आयकर अफसरों ने फिर दो मामलों में करीब 80 लाख रुपये बरामद किए। इस मामले के आरोपियों को समन भी जारी किए गए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें