'परफेक्शनिस्ट' आमिर खान अभिनीत फिल्म 'धूम-3' अपेक्षानुरूप रिलीज वाले दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए 35 करोड़ रुपये की कमाई की। एक वक्तव्य के मुताबिक, तकरीबन 100 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई 'धूम-3' ने रिलीज होने के बाद पहले ही दिन 36.22 करोड़ रुपयों की कमाई कर ली, जिसमें हिंदी संस्करण ने 33.42 करोड़ तथा तमिल और तेलुगू संस्करण ने 2.80 करोड़ रुपयों की कमाई की।
फिल्म उद्योग विश्लेषक तरण आदर्श ने शनिवार को अपने ट्विटर खाते पर टिप्पणी में कहा, "'धूम-3' ने त्योहारी माहौल से इतर रिलीज होने वाली फिल्मों में रिकॉर्ड ओपनिंग की है।" फिल्म में आमिर के अलावा मुख्य भूमिकाओं में कैटरीना कैफ, अभिषेक बच्चन और उदय चोपड़ा भी हैं। मारधाड़ के बेहद तकनीकी दृश्यों से लैस 'धूम-3' को भारत के 4,000 सिनेमाघरों में एकसाथ रिलीज किया गया।
पीवीआर सिनेमा के सीओओ गौतम दत्ता ने बताया, "यह एक असाधारण फिल्म है। आमिर खान, कैटरीना कैफ जैसी बड़ी फिल्मी हस्तियां यशराज स्टूडियो की इस फिल्म से जुड़ी हुई हैं। पहले से ही बुक करा ली गई टिकटों के जरिए ही 3.5 करोड़ रुपये आ गए थे।"

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें