3 अभ्यर्थियों को मिली अनुकंपा नियुक्ति
छतरपुर/23 जनवरी/कलेक्टर डाॅ. मसूद अख्तर ने शासकीय सेवा के दौरान दिवंगत हुये 3 कर्मचारियों के परिजनों को सहायक ग्रेड-3 के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की है। जिसके तहत बड़ामलहरा तहसीलदार कार्यालय में पदस्थ रहे सहायक ग्रेड-2 नारायण प्रकाश खरे की पुत्री कु0 नम्रता खरे को कलेक्टर कार्यालय छतरपुर में अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई है। इसी प्रकार कलेक्टर कार्यालय छतरपुर में पदस्थ रहे सहायक ग्रेड-3 हीरा लाल पटेल के पुत्र देवव्रत पटेल के पुत्र को तहसीलदार कार्यालय नौगांव एवं आदिम जाति कल्याण विभाग में पदस्थ रहीं सहायक शिक्षक श्रीमती चमेली बाई अनुरागी के पुत्र सतीश अनुरागी को तहसीलदार कार्यालय महाराजपुर में पदस्थ किया गया है। उक्त तीनों अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश प्रदान करते हुये अपर कलेक्टर एन सी गंगवानी ने अभ्यर्थियों को जिम्मेदारीपूर्वक एवं अनुशासित तरीके से शासकीय कार्य करने की नसीहत दी। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर रवीन्द्र चैकसे, अधीक्षक कलेक्ट्रेट एच आर राय, विनोद कुमार सक्सेना एवं मनोहर चैरसिया उपस्थित थे।
इलेक्ट्राॅनिक दस्तावेज मान्य होंगे
छतरपुर/23 जनवरी/श्रम पदाधिकारी के. के. गुप्ता ने जानकारी दी है कि म. प्र. दुकान एवं स्थापना अधिनियम, 1958 एवं म. प्र. श्रम कल्याण निधि अधिनियम, 1982 के अन्तर्गत संधारित किए जाने वाले प्रपत्र व पंजियां अब इलेक्ट्राॅनिक डाक्युमेन्ट के रूप में भी संधारित किए जा सकते हैं। इस संबंध में श्रम पदाधिकारी ने बताया है कि शासन के द्वारा म. प्र. दुकान एवं स्थापना अधिनियम, 1958 के तहत नियोजकों के द्वारा संधारित किए जाने वाले पांच पंजियां (प्रारूप-आई, जे, के, एल एवं एन) तथा चार प्रपत्र/सूचनाएं (प्रारूप-डी, ई, क्यु एवं आर) एवं म. प्र. श्रम कल्याण निधि अधिनियम, 1982 के अन्तर्गत संधारित की जाने वाली एक पंजी (प्रारूप-ई) तथा एक प्रपत्र (प्रारूप-ए) के संधारण की प्रक्रिया को सरलीकृत करते हुए अब उन्हें इलेक्ट्राॅनिक फार्म/डाक्युमेन्ट के रूप में कुछ शर्तों के अधीन संधारित करने की अनुमति दी गई है, परन्तु निरीक्षण के समय सक्षम प्राधिकारी के द्वारा अभिलेख मांगे जाने पर इलेक्ट्राॅनिक फार्म/डाक्युमेन्ट के रूप में संधारित अभिलेख की हार्ड काॅपी पर नियोजक/ प्रबंधक के हस्ताक्षर एवं मुद्रा लगाकर प्रस्तुत करना, नियोजित कर्मचारियों के अनुरोध पर उन्हें उपलब्ध कराना, सभी अभिलेख स्थापना के परिसर में रखे जाना और कर्मचारियों के अधिसमय (ओवर टाईम) कार्य के संबंध में सम्पूर्ण जानकारी को इन्द्राज कर नियतकालिक प्रपत्र में संबंधित क्षेत्र के सक्षम प्राधिकारी को जानकारी भेजना अनिवार्य है। पूर्व में उक्त सभी दस्तावेज मैनुअली संधारित किया जाना अनिवार्य था। श्रम पदाधिकारी द्वारा सभी दुकान एवं अन्य स्थापनाओं के संचालकों से शासन के निर्देशानुसार सभी जानकारियां निर्धारित प्रारूप/प्रपत्र में अपनी सुविधानुसार मैनुअली अथवा इलेक्ट्राॅनिक फार्म/डाक्युमेन्ट के रूप में संधारित करने तथा नियतकालिक जानकारी श्रम कार्यालय को हस्ताक्षर पश्चात् ई-मेल द्वारा भेजने की अपेक्षा की गई है।
शहर की मलिन बस्तियों में लगेंगें स्वास्थ्य शिविर
छतरपुर/23 जनवरी/राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत आउटरीच कैम्पों का आयोजन किया जायेगा। सीएमएचओ डा. के0के0 चतुर्वेदी के निर्देशानुसार शहर की मलिन बस्तियों में स्वास्थ्य शिविर लगाये जा रहे हैं। इस हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किये गये डा. विनय पटेरिया ने बताया कि स्वास्थ्य कैम्प शहर की चिन्हित मलिन बस्तियों में 38 शिविर लगाये जायेंगे। इन कैम्पों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, नवजात व कुपोषित शिशु के स्वास्थ्य तथा परिवार कल्याण से संबंधित उचित परामर्श दिया जायेगा। सीएमएचओ डा. चतुर्वेदी ने बताया कि इन आउटरीच केन्द्रों के पहले चरण के अंतर्गत कुल 24 शिविर लगाये जा चुके हैं और इन शिविरों में लगभग 8500 से ज्यादा रोगियों ने अपना इलाज कराया था। नोडल प्रभारी डा. विनय पटैरिया सहित जिला अस्पताल के चिकित्सा विशेषज्ञ, पैरामेडीकल स्टाफ, आर.टी.डी./एस.टी.आई काउन्सलर सहित समस्त स्टाफ अपनी सेवायें इन कैम्पों में देगें। पूर्व में लगाये गये शिविरों में लगभग 230 गर्भवती महिलाओं, 96 कुपोषित बच्चों को चिकित्सकों द्वारा उचित परामर्श दिया गया था। आउटरीच कैम्पों में निशुल्क खून, पेशाब, मलेरिया की जांच के साथ-साथ सारी दवाईयां भी निशुल्क प्रदान की जाती हैं। छतरपुर में शहरी स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 34 शहरी स्वास्थ्य एवं ऊषा कार्यकर्ता का चयन किया जा चुका है।
फाॅलोअप शिविर आज
छतरपुर/23 जनवरी/विगत् 8, 9 एवं 10 जनवरी को आयोजित पोलियो करेक्टिव सर्जरी शिविर के सफलतापूर्वक सम्पन्न होने के पश्चात् नई दिल्ली के सीनियर सर्जन डा. अरूण जैन की 4 सदस्यीय टीम द्वारा 24 जनवरी को प्रातः 10 बजे से जिला चिकित्सालय में 85 हितग्राहियों की फाॅलोअप जांच की जाना है। इस दौरान सिविल सर्जन द्वारा आवश्यक सामग्री, सहयोग एवं स्थान उपलब्ध कराया जायेगा।
जिला स्तरीय पंप चयन मेला 30 एवं 31 जनवरी को
छतरपुर/23 जनवरी/बुंदेलखण्ड पैकेज के अंतर्गत जिले के कपिलधारा हितग्राहियों को डीजल व विद्युत पंप क्रय करने के उद्देश्य से जिला पंचायत प्रांगण छतरपुर में 30 एवं 31 जनवरी को पम्प चयन मेला आयोजित किया जायेगा। जिला प्रबंधक एमपी स्टेट एग्रो द्वारा डीलरों को मेले में 3 से 5 हाॅर्सपावर तक के मेक माॅडल का प्रदर्शन कराने के निर्देश दिये गये हैं, जिससे किसान अपनी पसंद का पंप सेट्स चुन सकें। पम्प सेट्स पर तख्ती लगाकर पंप की कीमत सहित अन्य जानकारी प्रदर्शित करनी होगी।
ग्राम सभा में पात्र परिवारों की सूची का वाचन किया जायेगा
छतरपुर/23 जनवरी/खाद्य सुरक्षा अध्यादेश 2013 के तहत पात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से जनपद पंचायतों के सीईओ एवं नगरीय निकायों के सीएमओ को ऐसे पात्र परिवारों की सूची संबंधित वार्ड प्रभारी एवं सचिव को सौंपकर 26 जनवरी की ग्रामसभा में वाचन कराने के निर्देश दिये गये हैं, साथ ही दावे-आपत्ति एवं जरूरी संशोधन की प्रक्रिया का भी पालन करवाना होगा। दावे-आपत्तियां तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार के समक्ष प्रस्तुत करना जरूरी होगा, निराकरण पश्चात् आपरेटर द्वारा समग्र पोर्टल पर नाम जोड़ने एवं घटाने का कार्य समय सीमा में पूरा किया जायेगा। सीईओ एवं सीएमओ समग्र पोर्टल से ऐसे परिवारों की जानकारी डाउनलोड कर सकते हैं।
अनियमितता पर पीडीएस दुकान का लाइसेंस निलंबित
छतरपुर/23 जनवरी/जिला आपूर्ति अधिकारी बी के सिंह ने शहर के वार्ड क्रमांक 3 एवं 4 में मां बघराजन महिला प्राथमिक उपभोक्ता भंडार मर्या0 द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान के संचालन में अनियमितता पाये जाने पर समिति से दुकान संचालन का प्रभार हटाकर जनजागृति महिला प्राथमिक उपभोक्ता भंडार को सौंप दिया है, साथ ही वार्ड 3 एवं 4 के उपभोक्ता आगामी व्यवस्था तक वार्ड क्रमांक 2 में स्थित पीडीएस दुकान से राशन ले सकते हैं।
मतदाता दिवस पर शपथ दिलायी जायेगी
छतरपुर/23 जनवरी/25 जनवरी को मनाये जाने वाले राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर प्रातः 11 बजे सभी शासकीय विभागों, कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थाओं में अधिकारियों-कर्मचारियों को शपथ दिलायी जायेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा इस अवसर पर समस्त कार्यालय प्रमुखों को अपने अधीनस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों को शपथ दिलाया जाना सुनिश्चित् करने हेतु निर्देशित किया गया है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें