हिमाचल प्रदेश की विस्तृत खबर (18 जनवरी ) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 18 जनवरी 2014

हिमाचल प्रदेश की विस्तृत खबर (18 जनवरी )

स्वतंत्रता सेनानी के निधन पर शोक व्यक्त

himachal newsशिमला, 18 जनवरी ( विजयेन्दर शर्मा)  ।  हिमाचल प्रदेश स्वतंत्रता सेनानी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री सुशील रतन ने हमीरपुर जिले की ख्याह पंचायत में स्वतंत्रता सेनानी श्री बड़ा राम के निधन पर शोक व्यक्त किया है।  रतन ने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

विशेष औद्योगिक पैकेज प्रोत्साहनों को बहाल करने का विरोध करने पर कड़ी निंदा 

शिमला, 18  जनवरी ( विजयेन्दर शर्मा)  ।  उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पंजाब के मुख्यमंत्री श्री प्रकाश सिंह बादल तथा उप मुख्यमंत्री श्री सुखबीर सिंह बादल द्वारा हिमाचल प्रदेश को विशेष औद्योगिक पैकेज प्रोत्साहनों को बहाल करने का विरोध करने पर कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा विशेष औद्योगिक पैकेज का विरोध करना स्वस्थ परम्परा नहीं है क्योंकि पंजाब न केवल हमारा पड़ौसी राज्य है बल्कि बड़े भाई के समान भी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को मिले औद्योगिक पैकेज से पंजाब एवं अन्य राज्यों के औद्योगिक विकास पर कोई विपरीत प्रभाव नहीं पड़ेगा। 

himachal news
अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस औद्योगिक पैकेज को विस्तार देने के लिए ठोस प्रयास किए हैं। राज्य को वर्ष 2003 में 10 वर्षों के लिए मार्च, 2013 तक विशेष औद्योगिक पैकेज दिया गया था। परन्तु, बाद में मार्च 2010 में केन्द्रीय आबकारी शुल्क के प्रोत्साहन तथा मार्च 2012 में आयकर प्रोत्साहन भी वापिस ले लिए गए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह के गंभीर प्रयासों के दृष्टिगत औद्योगिक पैकेज को वर्ष 2017 तक विस्तार दिया गया है। मुख्यमंत्री ने इस मामले को प्रधानमंत्री, केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री के साथ समय-समय पर प्रभावी तरीके से उठाया था। उद्योग मंत्री ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वर्ष 2020 तक की अवधि के लिए औद्योगिक पैकेज को विस्तार देने की हिमाचल प्रदेश की मांग का पंजाब द्वारा विरोध किया जा रहा है। इससे पूर्व भी भारत सरकार ने पड़ोसी राज्य के दबाव के कारण हिमाचल प्रदेश के लिए विशेष औद्योगिक पैकेज को वापिस लिया, उनका यह मानना था कि हिमाचल को यह प्रोत्साहन उपलब्ध होने से बड़े राज्यों में औद्योगिक निवेश पर विपरीत असर पड़ेगा। जबकि बड़े राज्यों की यह शंका गलत थी, क्योंकि पंजाब तथा अन्य पड़ोसी राज्यों से हिमाचल प्रदेश में कोई भी उद्योग नहीं आए। मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश एक छोटा पहाड़ी राज्य है, जहां औद्योगिकरण को प्रोत्साहित करना आसान कार्य नहीं है। राज्य की कठिन भौगोलिक परिस्थितियां हैं तथा इससे बढक़र यहां रेल नेटवर्क की कमी के दृष्टिगत केवल सडक़ेे ही परिवहन की एक मात्र साधन हैं। सडक़ों के माध्यम से उद्योगों के लिए कच्चे माल की उच्च परिवहन लागत आती है। इसी के दृष्टिगत भारत सरकार ने उत्तर-पूर्वी राज्यों तथा पड़ोसी पहाड़ी राज्यों जैसे जम्मू एवं कश्मीर तथा सिक्किम की तर्ज पर हिमाचल प्रदेश को विशेष औद्योगिक पैकेज दिया, जिसे प्रदेश सरकार के आग्रह पर बहाल किया गया है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक पैकेज की अवधि के दौरान राज्य में छोटी, मध्यम एवं बड़े उद्योग क्षेत्र में 48830 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश से लगभग 16500 इकाइयां पंजीकृत हुईं, जिनमें 542580 व्यक्तियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध होने थे। जबकि इन स्वीकृत इकाइयों में से 14557 करोड़ रुपये के निवेश की केवल 9353 इकाइयां ही राज्य में स्थापित हुईं, जिनमें 120602 व्यक्तियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। औद्योगिक पैकेज अवधि कम होने से राज्य में निवेश कम हुआ तथा औद्योगिक विकास एवं रोजगार के अवसरों पर भी विपरीत असर पड़ा। औद्योगिक क्षेत्र में औद्योगिक सुविधाओं के सुधार के लिए राज्य ने व्यापक निवेश किया जिससे औद्योगिक प्रोत्साहन न मिलने के बावजूद काफी संख्या में बड़े औद्योगिक घराने प्रदेश में औद्योगिक निवेश के इच्छुक हुए। अग्निहोत्री ने कहा कि भारत सरकार पर आरोप लगाने तथा हिमाचल प्रदेश को औद्योगिक पैकेज बहाल करने का विरोध करने के बजाय पंजाब सरकार को औद्योगिक पैकेज प्राप्त करने के लिए केन्द्र सरकार से अपने मामले को प्रभावी तरीके से उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की यह गलत धारणा है कि हिमाचल प्रदेश को औद्योगिक पैकेज बहाल होने से पंजाब में औद्योगिक विकास रूक जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार इस मामले में राजनीतिक लाभ लेने के लिए अनावश्यक तौर पर हो-हल्ला कर रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री प्रेम कुमार धूमल को भारत सरकार के इस निर्णय तथा प्रदेश सरकार के प्रयासों का स्वागत करना चाहिए, परन्तु इसके विपरीत वह इस मामले में चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि राज्य में औद्योगिक पैकेज का विस्तार न होने पर श्री पी.के. धूमल प्रदेश तथा केन्द्र सरकार पर लगातार दोषारोपण करते रहे हैं। अब, जबकि राज्य को यह पैकेज दिया गया है तथा राज्य में नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए 200 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं, तो उन्हें अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए कि वह राज्य के शुभचिंतक हैं या फिर पंजाब के?

अरूण धूमल ने  पिटारा खोला,  कहा कैसे खरीदा दिल्ली में करोड़ों का फार्म हाऊस

शिमला, 18  जनवरी ( विजयेन्दर शर्मा)  ।  मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा भाजपा नेताओं पर मानहानि का दावा ठोंकने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के पुत्र अरुण धूमल ने भी पलटवार किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री व उनके पुत्र विक्रमादित्य सिंह पर मनी लांड्रिंग के आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके बैंक खातों से हुई ट्रांजेक्शन की जांच होनी चाहिए।  पत्रकार वार्ता में अरुण धूमल ने आरोप लगाया कि विक्रमादित्य सिंह की दिल्ली में पंजीकृत कंपनी मैपल डेस्टीनेशन के जरिए वहां के महरोली में एक फार्म हाउस खरीदा गया है, जिसके लिए उन्होंने अपने बैंक खातों से पहले 15-15 लाख रुपए व बाद में 45-45 लाख रुपए चेक के जरिए पिचेश्वर गडे व सुनीता गडे नामक दंपत्ति को दिए। इस फार्म हाउस की कीमत 20 करोड़ से अधिक है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में थ्री ई डेरा मंडी  बंद मार्ग तहसील हौजखास में वीरभद्र सिंह बतायें कि यह फार्महाऊस उन्होंने किससे लिया है। अरूण ने बताया कि विभिन्न सरकारों से मान्यता प्राप्त एजेंसी जो संपत्ति की कीमतें तय करती है। उसके द्धारा इस फार्म हाऊस की कीमत लगभग बीस करोड़ रूपये आंकी गई है। उन्होंने बताया कि सी एम वीरभद्र सिंह के बेटे यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह व उनकी बहन के नाम यह अढ़ाई एकड़ का फार्म हाऊस खरीदा गया।  जिसकी कीमत कागजों में महज बीस लाख रूपये अदा की गई। इसकी रजिस्टरी फार्म हाऊस के नाम से की गई, लेकिन यहां पांच बेड रूम का आलीशान भवन भी है।  उन्होंने आरोप लगाया कि इसकी जानकारी सी एम ने अभी छुपा कर रखी है। बकौल उनके ऐसे फार्म हाऊस की कीमत औसतन नौ करोड़ 75 लाख रूपये प्रति एकड़ होती है। लेकिन हिमाचल के सी एम को यह महज एक करोड़ बीस लाख रूपये में ही मिल गया। उरूण धूमल बताते हैं कि संदेह इस बात का है कि इस खरीददारी में पेमेंट 18 अप्रैल को कर दी गई। उन्होंने बताया कि दो चेक के जरिये रकम का भुगतान किया गया। व इसमें विक्रमादित्य सिंह का 95 फीसदी मालिकाना हक है, जबकि उनकी बहन महज पांच फीसदी की हिस्सेदार है। उन्होंने बताया कि  यह फार्म हाऊस पिचेश्वर गडे से लिया गया।  वकामुल्ला की दो कंपनियों के बाद तीसरी कंपनी का खुलासा करते हुए अरुण धूमल ने बताया कि तारिण शुगर एंड डिस्टीलरी लिमिटेड कंपनी को वीरभद्र सिंह ने डेढ़ करोड़ रुपए का कर्जा दिया है, जिस पर भी मुख्यमंत्री जवाब दें।

वीरभद्र सिंह सरकार चंद दिनों की मेहमान

धर्मशाला, 18 जनवरी ( विजयेन्दर शर्मा)  ।  भ्रष्टाचार के कथित आरोपों से घिरे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व वाली राज्य सरकार  चंद दिनों की मेहमान है, सरकार कभी भी डगमगा सकती है और प्रदेश में कभी भी मध्यावधि चुनाव हो सकते हैं। ऊना में पत्रकार वार्ता के दौरान नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने यह दावा किया। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने पार्टी हाइकमान को प्रभावित करने के लिए उन पर मानहानि का दवा ठोंका है, लेकिन वीरभद्र सिंह पर लगाए आरोप पूरी तरह सत्य हैं। अदालत में मुख्यमंत्री को खुद को निर्दोष साबित करना होगा और जनता के मन में उठे सवालों का जवाब देना होगा। वीरभद्र सिंह बताएं कि उनकी आय तीन साल में 47.35 लाख रुपए से बढक़र 6.56 करोड़ कैसे हो गई? खुद के डेढ़ दर्जन बैंक खातों में पौने दस करोड़ होने के बावजूद वकामुल्ला चंद्रशेखर से 3.90 करोड़ का कर्ज क्यों लेना पड़ा? साईकोठी प्रोजेक्ट की री-अलाटमेंट क्यों की गई? 1910 शिमला हिल्स गजेटियर क्यों जलाया गया? श्री धूमल ने कहा कि वीरभद्र सिंह का दूसरों पर मानहानि के दावे करने का इतिहास काफी पुराना है। मेजर विजय सिंह मनकोटिया पर दो बार, पूर्व सीएम शांता कुमार तथा पत्रकार बलदेव शर्मा के खिलाफ भी मानहानि के दावे अलग-अलग समय पर ठोंके जा चुके हैं।

हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय  को 85 करोड़ रुपए का बजट

धर्मशाला, 18  जनवरी ( विजयेन्दर शर्मा)  ।  हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला में वर्ष 2014-15 वित्त वर्ष में पिछले वर्ष के मुकाबले शिक्षा के विकास पर डबल बजट खर्च किया जाएगा। इसके लिए एचपीसीयू प्रशासन ने दिल्ली में हुई अहम बैठक में 85 करोड़ रुपए का बजट प्रदान करने का प्रस्ताव रखा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार 85 करोड़ के बजट पर यूजीसी द्वारा मुहर लगा दी गई है। अप्रैल में केंद्रीय विश्वविद्यालय को 85 करोड़ रुपए प्रदान कर दिए जाएंगे। यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन की 14 जनवरी को दिल्ली में अहम बैठक हुई है। बैठक में वित्त वर्ष 2014-15 में विभिन्न विश्वविद्यालयों को बजट प्रदान किए जाने पर चर्चा की गई है। इसमें हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला ने यूजीसी के समक्ष 85 करोड़ बजट का प्रोपोजल रखा है। यूजीसी द्वारा एचपीसीयू के प्रोपोजल को स्वीकार कर लिया गया है। साथ ही अप्रैल में सीयू को बजट प्रदान कर दिया जाएगा। उक्त बजट से हिमाचल प्रदेश में सीयू के चलाए जा रहे 31 प्रोग्रामों का कार्य किया जाएगा, जिसमें 18 प्रोग्राम पीजी डिग्री, जबकि 13 प्रोग्राम पीएचडी के करवाए जा रहे हैं, जिसमें दो नए पीएचडी कार्यक्रम अभी शुरू किए गए हैं। इसके अलावा टीचिंग व नॉन टीचिंग स्टाफ का वेतन सहित इन्फ्रास्ट्रक्चर पर बजट खर्च किया जाएगा। गौरतलब है कि एचपीसीयू को वर्ष 2013-14 में यूजीसी द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के लिए मात्र 48 करोड़ रुपए ही बजट प्रदान किया गया था। हालांकि सीयू द्वारा उक्त बजट का अभी तक 50 प्रतिशत से अधिक तक ही खर्च किया जा सका है। वहीं बाकी के बचे हुए दो महीनों में उक्त बजट का इस्तेमाल किया जाएगा। उधर, हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. फुरकान कमर से बात करने पर उन्होंने बताया कि वर्ष 2014-15 के लिए एचपीसीयू द्वारा 85 करोड़ बजट का प्रोपोजल भेजा गया है।

अमरोह और भरेड़ी में हुआ सरकारी योजनाओं का प्रचार

himachal news
हमीरपुर,  18  जनवरी ( विजयेन्दर शर्मा)  । सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग की ओर से प्रदेश सरकार के एक वर्ष में किए गये विकासात्मक कार्यों, कार्यक्रमों व उपलब्धियों के अतिरिक्त जन कल्याणकारी नीतियों एवं योजनाओं की जानकारी आम जनमानस तक पहुंचाने के उद्देश्य से सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के जीवन म्युजिकल ग्रुप के कलाकारों  ने विस, भोरंज की ग्राम पंचायत अमरोह और भरेड़ी में गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया । कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक ''विकास गंगा ÓÓ में जीवन म्युजिकल ग्रुप के कलाकार सोनी गिल ने गुरू और सतीश ने चेला करदार की बेहतर प्रस्तुती देते हुए जहां लोगों को लोटपोट किया वहीं नाटक का मंचन करते हुए प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को सहजता से समझाया और पात्र लोगों को उनका लाभ उठाने का संदेश दिया । इस अवसर पर मंच के अन्य कलाकारों ने विकासात्मक गीतों के अलावा अन्य गीतों के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर एकत्रित दर्शक दीर्घा का मनोरंजन के लिये अन्य सांस्कृतिक लोक गीतों की भी कलाकारों द्वारा आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के दौरान ग्रुप के प्रधान जीवन ने एकत्रित जन समूह विशेषकर युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा कौशल विकास भत्ता 1000 रूपये तथा 50 प्रतिशत या इससे अधिक अपंगता वाले पात्र युवाओं को 1500 रूपये प्रति माह दिया जा रहा है। उन्होंने इसके बारे में युवाओं से कहा कि वे कौशल विकास भत्ता का फार्म भरने से पूर्व समस्त जानकारी प्राप्त कर लें । उन्होंने बताया कि यह भत्ता 16 से 35 वर्ष आयु वर्ग में दिया जाता है जिसके  लिये न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं पास है। इस अवसर पर विभाग के तकनीकी कर्मचारियों ने सामाजिक कल्याण पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पैंशन को वर्तमान सरकार ने 450 रूपये से बढ़ाकर 500 रूपये मासिक  तथा 80 साल से अधिक आयु के वृद्धों को प्रतिमाह 1000 रूपये पैंशन कर दी गई है। इसके अतिरिक्त उन्होंने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना अंतरजातीय विवाह और परित्यक्त महिलाओं को मिलने वाले विवाह अनुदान राशि, शौचालय निर्माण, स्कूली बच्चों को नि:शुल्क बस यात्रा,  राष्ट्रीय एम्बुलेंस सेवा के अलावा अन्य योजनाओंं बारे में बताया । कार्यक्रमों के दौरान जीवन कुमार , मोनिका सुमन, सोनी गिल, बिक्की , सतीश कुमार, बंटी कुमार बेबी, नीलू, सुनील कुमार, मोहन प्यारे और विप्पन कुमार ने विभिन्न प्रस्तुतियों देकर दर्शकों का मनोरंजन किया । प्रधान ग्राम पंचायत अमरोह रानी देवी, उप-प्रधान विजय कुमार, सचिव निशा कुमारी, पंच राम लाल, जुल्मी देवी, सोमा देवी, राजेन्द्र कुमार तथा शीतला देवी  और ग्राम पंचायत गरसाड़ के प्रधान अनिता शर्मा , उप-प्रधान  सन्तोष कुमार , सचिव मनोज कुमार, पंच सन्तोष कुमारी, अनिल कुमार, कमला देवी , सरोज कुमारी, बीर सिंह विक्रम तथा लता देवी के अलावा ग्रामीणों ने भाग लिया । इसी श्रृखंला में 18 जनवरी को  ग्राम पंचायत चम्बोह में 11 बजे और महल में 2 बजे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कौशन निखारने हेतु 30 जनवरी तक आवेदन करें 

ऊना 18 जनवरी (विजयेन्दर शर्मा): सरकार द्वारा अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्प संख्यक वर्ग के 18 से 23 वर्ष की आयु वाले युवाओं, जिनकी पारिवारिक मासिक आय 5000 रूपये से कम है, को स्वावलम्बी बनाने के दृष्टिगत अभ्यर्थी के कौशल को निखारने के लिए औद्योगिक ईकाइयों में रोजगार की गारंटी के साथ प्रशिक्षण दिये जाने हेतु 30 जनवरी तक आवेदन आमंत्रित किये हैं। यह जानकारी देते हुए जिला कल्याण अधिकारी, शशि बिजलवान ने बताया कि सरकार द्वारा अभ्यर्थी को प्रशिक्षण के लिए दो हजार रूपये प्रति माह प्रति कोर्स औद्योगिक ईकाइयों को फीस देने के अलावा प्रशिक्षार्थी को 1500 रूपये प्रतिमाह दिये जाएंगे। जबकि प्रशिक्षण के उपरान्त उम्मीदवार को उद्योग में कम से कम दो वर्ष का रोजगार निर्धारित न्यूनतम वेतन पर औद्योगिक इकाई प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों का चयन निदेशक, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग व अल्प संख्यक मामले, हिमाचल प्रदेश द्वारा मैरिट के आधार पर किया जायेगा। इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए इच्छुक उम्मीदवार जिला कल्याण अधिकारी तथा अपने क्षेत्र से सम्बन्धित तहसील अधिकारी के कार्यालय में सम्पर्क करने के अलावा विभागीय वैवसाईट www.himachal.nic.in/welfare पर भी देख सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना के अन्तर्गत वर्ष 2013-14 के लिए बद्दी बरोटीवाला रोड़, जिला सोलन के माध्यम से 30 से 35 अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण दिया जाना है जिसके लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। आवेदन के लिए उम्मीदवार को हिमाचली प्रमाण पत्र, आय व आयु व शैक्षणिक योग्यता का प्रमाण पत्र सादे प्रार्थना पत्र के साथ संलग्र करके निदेशक, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक मामले, हिमाचल प्रदेश शिमला-9 को 30 जनवरी, 2014 तक भेज सकते हैं।  

उद्योग मंत्री आज से प्रवास पर, पल्स पोलियो अभियान का भी शुभारंभ करेंगे 

ऊना 18 जनवरी (विजयेन्दर शर्मा): उद्योग मंत्री मुकेश अग्रिहोत्री 19 जनवरी से 21 जनवरी तक ऊना व हरोली हलके के प्रवास पर रहेंगे और इस दौरान रविवार 19 जनवरी को दोपहर 12 बजे सिविल अस्पताल हरोली में नन्हें-मुन्नों को पोलियो प्रतिरक्षण खुराक पिलाकर पल्स पोलियों अभियान का शुभारंभ करेंगे। यह जानकारी एक सरकारी प्रवक्ता ने आज यहां दी। इससे पूर्व 11 बजे वह अधिकारियों के साथ बैठक करके जिला में चल रही विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसी दिन दो बजे उद्योग मंत्री टाहलीवाल में पात्र लोगों को चैक प्रदान करेंगे और सोमवार 20 जनवरी को प्रात: 11 बजे ऊना में खादी एवं ग्रामोद्योग की आंचलिक स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद दोपहर दो बजे हरोली में कांग्रेस की आम सभा में शिरकत करेंगे। उद्योग मंत्री 21 जनवरी को प्रात: 11 बजे नगनोली व तीन बजे ललड़ी पंचायत का दौरा करके विकासकार्यों का जायजा लेंगे। 

हरोली कांग्रेस की आम सभा 20 को 

ऊना 18 जनवरी (विजयेन्दर शर्मा): हरोली ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष रणजीत राणा ने आज यहां बताया कि हरोली कांगे्रस की आम सभा 20 जनवरी को दोपहर एक बजे हरोली विश्राम गृह में होगी जिसमें उद्योग मंत्री मुकेश अग्रिहोत्री विशेष रूप से शिरकत करेंगे।

चार दिन बाधित रहेगी बिजली

कुल्लू  , विद्युत उपमंडल लारजी के तहत लाइनों की मरम्मत के चलते सैंज घाटी के गांव सलवाड़, गोही, भलाण, सपांगणी, पुखरी, नियाही, कनौन, बकशाहड़ व अन्य गांवों में  20 से 23 जनवरी तक प्रतिदिन सुबह दस से सायं पांच बजे तक बिजली की आपूर्ति पूर्ण रूप से बंद रहेगी। सहायक अभियंता ने इस दौरान सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।

केवल सिंह पठानियां ने जताया मुख्यमंत्री व उद्योग मंत्री का आभार

धर्मशाला, 18 जनवरी- हिमाचल प्रदेश वन निगम के उपाध्यक्ष श्री केवल सिंह पठानियां ने हिमाचल प्रदेश के लिए विशेष उद्योग पैकेज की अवधि 31 मार्च, 2017 तक बढ़ाने के प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह तथा उद्योग मंत्री श्री मुकेश  अग्निहोत्री का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियां बढ़ेगी बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर खुलेगें। उन्होंने कांगड़ा जिला के कंदरोड़ी में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए उद्योग मंत्री श्री मुकेश  अग्निहोत्री का आभार प्रकट किया तथा शाहपुर में भी औद्योगिक इकाई स्थापित करने की मांग की ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।

राज्य स्तरीय पल्स पोलियो का कार्यक्रम  बड़सर में 

हमीरपुर, 18 जनवरी (विजयेन्दर शर्मा)  प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, बड़सर में 19 जनवरी को प्रात: 9 बजे 0 से 5 वर्ष के बच्चों को पोलियो प्रतिरक्षण दवाई के ड्रॉप पिला कर राज्य स्तरीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारम्भ करेंगे।  यह जानकारी सरकारी प्रवक्ता ने दी।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस की बैठक 20 जनवरी को

हमीरपुर, 18 जनवरी (विजयेन्दर शर्मा)  राष्ट्रीय मतदाता दिवस राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल), हमीरपुर में 25 जनवरी को 11 बजे उत्सव के रूप में आयोजित किया जा रहा है। इस दिवस को मनाने के लिये किये जा रहे प्रबन्धों की समीक्षा बैठक अतिरिक्त जिलाधीश के कक्ष में 20 जनवरी को सायं 3 बजे आयोजित होगी । बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त हिमांशु शेखर चौधरी करेंगे।  बैठक में  संबन्धित स्कूल मुखिया तथा अधिकारी निर्धारित स्थान और समय पर पहुुंचना सुनिश्चित करें।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस सरकारी भवन खुले रहेंगे

हमीरपुर, 18 जनवरी (विजयेन्दर शर्मा)  राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी को विधान सभा क्षेत्र सुजानपुर और हमीरपुर के बूथ स्तर तक मनाने के दृष्टिगत सरकारी भवन जिनमें स्कूल, आंगनबाड़ी केन्द्र, पंचायत घर,महिला मण्डल आदि खुले रहेंगे। इस दिन 18 से 19 वर्ष के मध्य आयु वर्ग के सभी नये मतदाताओं को उनके पोलिंग स्टेशन पर फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र वितरित किये जाएंगे। यह जानकारी निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम विधान सभा क्षेत्र 37-सुजानपुर तथा 38-हमीरपुर सतीश शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि संबन्धित मतदान केन्द्रों के मुखियों को निर्देश दिये हैं कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों और बच्चों को कार्यालय / संस्थान तथा मतदान केन्द्रों में राष्ट्र स्तरीय मतदाता दिवस से संबन्धित  सांस्कृतिक गतिविधियों/ चुनाव प्रक्रिया पर नुक्कड़ नाटक तथा मजबूत लोकतंत्र और मतदान का मूल्य पर वाद-विवाद आदि आयोजित करने  के लिये  उपस्थित रहना सुनिश्चित करें।

बूथ लेवल अधिकारी प्रशिक्षण और सामग्री लेना सुनिश्चित करें

हमीरपुर, 18 जनवरी (विजयेन्दर शर्मा)  निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम विधान सभा क्षेत्र 37-सुजानपुर तथा 38-हमीरपुर सतीश शर्मा ने तहसीलदार हमीरपुर, सुजानपुर तथा विकास खण्ड अधिकारी हमीरपुर, सुजानपुर, टौणी देवी, भोरंज और सीडीपीओ हमीरपुर,भोरंज तथा सुजानपुर को कहा है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देश दें कि 23 और 24 जनवरी को बचत भवन हमीरपुर में  प्रात: 10 बजे  राष्ट्रीय मतदात दिवस के बारे में क्रमश: प्रशिक्षण और सामग्री आवश्यक रूप से प्राप्त करना सुनिश्चित करें।

अस्पताल कैंटीन के लिए आवेदन आमंत्रित

कुल्लू    ,,क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में दाखिल होने वाले मरीजों के खाने की कैंटीन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बलदेव ठाकुर ने बताया कि वित वर्ष 2014-15 में मरीजों को खाने की आपूर्ति के टैंडर 6 फरवरी दोपहर 1 बजे तक जमा करवाए जा सकते हैं। आवेदक के पास कम से कम तीन वर्ष का अनुभव होना चाहिए। टैंडर के फार्म 5 फरवरी पांच बजे तक मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं।

काईस में विधिक साक्षरता 19 को

कुल्लू    ,उपमंडलीय विधिक सेवाएं समिति कुल्लू की ओर से 19 जनवरी को विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष एवं कुल्लू मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी राजीव बाली ने बताया कि शिविर के दौरान न्यायिक अधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी तथा वरिष्ठ अधिवक्ता लोगों को महत्वपूर्ण कानूनी जानकारियां देंगे। उन्होंने लोगों से इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

सीएमओ ने हरी झण्डी देकर पल्स पोलियो रैली को रवाना किया 

himachal news
हमीरपुर, 18  जनवरी, पल्स पोलियो अभियान के तहत आज स्कूली बच्चों द्वारा एक विशाल  जागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी पी0आर0 कटवाल ने गांधी चौक पर जागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखा किर रवाना किया । रैली मुख्य बाज़ार में से होती हुई भोटा चौक सम्पन्न हुई । रैली में बच्चों ने बैनरों, छोटी पट्टिकाओं और नारों से नागरिकों को पल्स पोलियों अभियान के तहत 19 जनवरी को अपनी समीप के बूथ पर 0 से 5 वर्ष के बच्चों को पोलियो प्रतिरक्षण की दवाई पिलाने का संदेश दिया।

आज के मण्डी थोक भाव

हमीरपुर, 18  जनवरी, सचिव मण्डी समिति, हमीरपुर अनिल चौहान ने जानकारी दी कि आज कृषि उपज मण्डी समिति, हमीरपुर के अधिकतम प्रति क्विंटल थोक भाव निर्धारित किये गये।  उन्होंने बताया कि आलू न्यूनतम 800 अधिकतम 900 रूपये , प्याज न्यूनतम 1500 अधिकतम 1700 रूपये, फूल गोभी न्यूनतम 500 रूपये अधिकतम 700 रूपये,  बंद गोभी न्यूनतम 500 रूपये अधिकतम 600 रूपये, शिमला मिर्च  न्यूनतम 2500 अधिकतम 2600 रूपये , घीया 2500 रूपये ,टमाटर न्यूनतम 1500 और अधिकतम 2000 रूपये, मूली न्यूनतम 400 रूपये अधिकतम 600 रूपये, धनिया न्यूनतम 1300 अधिकतम 1600 रूपये, भिण्डी न्यूनतम 5500 रूपये, अदरक न्यूनतम 7000 रूपये अधिकतम 8000 रूपये, लहुसन न्यूनतम 4000 रूपये अधिकतम 5500 रूपये, फ्रासबीन न्यूनतम 4500 रूपये , हरी मिर्च न्यूनतम 3500 अधिकतम 3800 रूपये,  शलगम न्यूनतम 800रूपये, मटर न्यूनतम 1400 अधिकतम 1500 रूपयेे, नींबू न्यूनतम 4000 रूपये, मेथी न्यूनतम 1800 रूपये अधिकतम 2000 रूपये, गाजर न्यूनतम 800 रूपये अधिकतम 1000 रूपये, जिमीकंद न्यूनतम 1500 रूपये अधिकतम 1600 रूपये, सेब न्यूनतम 7000 रूपये अधिकतम 7500 रूपये, अंगूर नयूनतम 8700 रूपये अधिकतम 1100 रूपये, अमरूद न्यूनतम 250 अधिकतम 2700 रूपये चिकू न्यूनतम 4000 रूपये अधिकतम 4300 रूपये , पपीता न्यूनतम 2500 रूपये,  किन्नू न्यूनतम 2000 रूपये अधिकतम 2200 रूपये  प्रति क्विंटल तथा केला न्यूनतम 320 रूपये  प्रति क्रेट थोक भाव  निर्धारित किया गया ।

जीवन म्युजिकल गु्रप ने महल  और चम्बोह में लोगों को किया जागरूक 

हमीरपुर 18 जनवरी, प्रदेश सरकार द्वारा गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों, और वेरोज़गार युवक तथा युवतियों के उत्थान के लिये विभिन्न प्रकार की योजनाएं चलाई जा रही हैं ताकि वे उन्हें अपना कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। यह संदेश जीवन म्युलिकल ग्रुप के प्रधान जीवन ने पंचायत महल और चम्बोह में लघु नाटिका के माध्यम से लोगों को जागरूक करते हुए दिया। कार्यक्रम में कलाकारों ने विधान सभा क्षेत्र भोरंज की ग्राम पंचायत महल  और चम्बोह  में कार्यक्रम प्रस्तुत करके ग्रामीणों को प्रदेश सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों तथा नीतियों के बारे में जागरूक किया।  फोक मीडिय के कलाकारों ने विकास की गंगा  नाटक के माध्यम से लोगों का मनोरंजन करते हुए सरकारी योजनाओं , नीतियों और जन कल्याण योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों पर आधारित प्रचार सामग्री हिमाचल प्रदेश पहल एवं प्राथमिकताएं भी लोगों को वितरित की गई। तथा लोगों से प्रचार सामग्री और कलाकारों द्वारा बताई जा रही योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया। उपस्थित जनसमूह ने प्रदेश सरकार के विकास कार्यों को सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा आमजन तक पहुंचाने के लिए सराहना की। इस मौके पर प्रधान ग्राम पंचायत चम्बोह प्रोमिला देवी, उप-प्रधान दीना नाथ, सचिव चुन्नी लाल, वार्ड सदस्य विजय कुमार, अमिता, उर्मिला, विनय और सीमा तथा ग्राम पंचायत प्रधान महल ममता, उप-प्रधान सुरेन्द्र कुमार, सचिव अंकिता, वार्ड सदस्य किरण , सरोज, प्रोमिला, कृष्णी देवी, सुरेन्द्र कुमार, अश्वनी कुमार, महिला मण्डल प्रधान चंचलों देवी तथा सदस्य रमा देवी , आशा , रेखा, सरवी, संध्या, ज्ञानी , कौशल्य, सरस्वती , सीमा , मीरा वाई के अलावा संबन्धित पंचायतों के ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार की नीतियों की जानकारी हासिल की । इस श्रृंखला में 19 जनवरी  को ग्राम पंचायत भोरंज में 11बजे  और पट्टा में 2 बजे फोक मीडिया के कलाकारों द्वारा गीत-संगीत तथा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रचार कर लोगों को जागरूक करेंगे।

वैज्ञानिक तकनीक द्वारा दुग्ध उत्पादन पर लगाया फार्म स्कूल 

ऊना 18 जनवरी,  आतमा प्रोजैक्ट के तहत पशु पालन विभाग, ऊना द्वारा आज गांव पनोह में किसानों को वैज्ञानिक तकनीक द्वारा दुग्ध उत्पादन के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण जानकारियां व परामर्श देने बारे फार्म स्कूल का आयोजन किया गया। इसमें उन्नत डेयरी फार्मिंग करके आर्थिकी को सुदृढ़ करने हेतु विषय विशेषज्ञ डॉ. जेएस सेन, वरिष्ठ  पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश जंगा, डॉ. अमित शामा, डॉ. परमेश कुमार व डॉ. दीपक पठानियां ने उन्नत नस्ल के दुधारू पशु, चारा, पशुओं का रखरखाव, पालन पोषण व साधारण बीमारियों की रोकथाम इत्यादि बारे सभी पहलुओं पर किसानों के साथ जानकारियां सांझा कीं। इस फार्म में लगभग 25 पशुपालकों ने भाग लिया। इस अवसर पर किसानों को विभाग की ओर से पुशओं के लिए कृमिनाशक दवाइयां, खनित लवण, मिश्रण, पाचन पाउडर इत्यादि की किटें भी वितरित कीं। स्थानीय पंचायत प्रधान मुकेश कुमार ल_ ने पुशपालन विभाग के अधिकारियों का किसानों को बहुमूल्य जानकारियां देने का आभार व्यक्त किया तथा ग्रामीणों से दुग्ध उत्पादन गतिविधियों को वैज्ञानिक ढंग से अपनाने का भी अनुरोध किया।
सैनिक कल्याण शिविर 22 जनवरी को लोअर भंजाल में 

ऊना 18 जनवरी,  भूतपूर्व सैनिकों, सैनिक विधवाओं, उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान के लिए 22 जनवरी को प्रात: 11 बजे पंचायत घर लोअर भंजाल में सैनिक कल्याण शिविर  का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी देते हुए उप-निदेशक, जिला सैनिक कल्याण, ऊना रिटायर्ड मेजर रघवीर सिंह ने बताया कि शिविर में सैनिकों व उनके आश्रितों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के अलावा राज्य व केन्द्र सरकार द्वारा सैनिकों के कल्याणार्थ चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी ताकि अधिक से अधिक लोक इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

जेएनवी, पेखूबेला की पूर्व छात्र संघ का वार्षिक समारोह 26 जनवरी को  

ऊना 18 जनवरी, जवाहर नवोदय विद्यालय, पेखुबेला में 26 जनवरी को प्रात: साढ़े दस बजे पूर्व छात्र एसोसिएशन द्वारा एक समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें स्कूल के सभी पूर्व विद्यार्थी अपनी सफलता, अनुभव सांझे करने के अलावा विद्यालय के वर्तमान पठन-पाठन गतिविधियों बारे भी मार्गदर्शन करेंगे।

नादौन के खरीड़ी ग्राऊंड में 24 जनवरी को लगेगा रोज़गार मेला

हमीरपुर, 18 जनवरी,  श्रम एवं रोज़गार कार्यालय द्वारा नादौन बस स्टैण्ड के सामने खरीड़ी ग्राऊंड में 24 जनवरी को प्रात: 8 बजे जॉव फेयर आयोजित किया जाएगा । यह जानकारी जिला रोज़गार अधिकारी, योगराज धीमान ने दी। उन्होंने बताया कि जॉव फेयर में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न निजी क्षेत्रों के कम्पनियों के नियोक्ता आएंगे। उन्होंने रोज़गार पाने वाले इच्छुक युवाओं से कहा कि वे रोज़गार प्राप्त करने के लिये अपने मूल प्रमाण पत्रों सहित निर्धारित स्थल पर समय पर पहुंचना सुनिश्चित करें।

गरसाहड़ स्कूल के 2 कमरे जनता को समर्पित 

himachal news
हमीरपुर, 18 जनवरी,  अध्यक्ष एपीएमसी प्रेम कौशल ने आज राजकीय माध्यमिक पाठशाला, गरसाहड़ में विकास में जन सहयोग के तहत लगभग एक लाख रूपये की लागत से नव निर्मित 2 कमरों का लोकार्पण किया । इस अवसर पर उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक बच्चे को घर द्वार पर बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिये बचनबद्ध है।  उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कुशल नेतृत्व में भोरंज विधान सभा क्षेत्र विकास के नए आयाम छू रहा है। उन्होंने भोरंज विधान सभा क्षेत्र हमीरपुर जिला का आदर्श विधान सभा क्षेत्र उभर कर सामने आ रहा है। उन्होंने विधान सभा क्षेत्र के लोगों से अह्वान किया कि क्षेत्र में  विकास की गति को तेज करने के लिये सहयोग देने हेतू बढ़चढ़ कर आगे आएं। इस अवसर पर बच्चों से आग्रह किया कि पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की खेल गतिविधियों में बढ़चढ़ कर भाग लें। उन्होंने कहा कि खेलों से जहां शरीर के साथ बौद्धिक विकास भी होता है। उन्होंने कहा कि बाल्यवस्था की पढ़ाई से विद्यार्थी अनुशासन में रहना सीख जाते हैं तो आगामी समय में वह अपने लक्ष्य को पाने में सफल होता है।  इस मौके पर अध्यक्ष ने स्कूल के विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ठ स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया । उन्होंने स्थानीय मांगों पर बोलते हुए कहा कि क्षेत्र और स्कूल की समस्त उच्च स्तर पर उठा कर शीघ्र पूरा करने का प्रयास करेंगे। इससे पूर्व मुख्याध्यापिका पुष्पा ने मुख्यातिथि तथा अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए स्कूल की गतिविधियों की रिपोर्ट पढ़ी। इस मौके पर रोशन लाल निदेशक, कांगड़ा सहकारी भूमि विकास बैंक, अनन्त राम कौण्डल, गरीब दास, किशोरी लाल शर्मा तथा अश्वनी चम्बयाल उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं: