हिमाचल प्रदेश की विस्तृत खबर (20 जनवरी ) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 20 जनवरी 2014

हिमाचल प्रदेश की विस्तृत खबर (20 जनवरी )

उद्योग मंत्री ने टाहलीवाल में 71 लोगों को 18 लाख के चैक दिए


himachal news
ऊना,20 जनवरी (विजयेन्दर शर्मा) । उद्योग मंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने आज टाहलीवाल विश्राम गृह में आयोजित कार्यक्रम में 71 पात्र लोगों को करीब 18 लाख रूपए की सहायता व राहत राशि के चैक प्रदान किए। उन्होंने कई ऐसे गरीब व लाचार लोगों को , जो अपने परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण अपना उपचार कराने में असमर्थ थे, को सीएम रिलीफ फंड से उनके उपचार हेतु मंजूर की गई राशि के चैक प्रदान किये। अपने उपचार के लिए सहायता राशि का चैक पाकर कई गरीब लोगों की आंखें भी छलछला आईं और वे उद्योग मंत्री को आशीषें देते दिखे। कई गरीब लोगों को लड़कियों की शादी के लिए भी चैक दिए गए। इस अवसर पर मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा है कि गरीब की सेवा व गांवों का विकास उनका सर्वोच्च एजेंड़ा है। सरकार गंभीर बीमारियों से ग्रस्त उन गरीब लोगों की मदद के लिए भी आगे आई है जो कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण अपना उपचार करवा पाने में खुद को असहाय पा रहे थे। उन्होंने कहा कि मुयमंत्री राहत कोष से करोड़ों रूपए की राशि प्रदेश सरकार द्वारा जारी की गई है और सैंकड़ों रोगियों को जीवनदान मिला है।

पत्नी भी पूछती है गरीबों के लिए क्या -क्या किया

उद्योग मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि गरीब आदमी की मदद उनका एजेंड़ा तो है ही, घर में शाम को उनकी धर्मपत्नी प्रो. सिमी अग्रिहोत्री भी उनकी फाईलें देखकर यह जानने को उत्सुक रहती हैं कि गरीब की मदद के लिए क्या क्या कार्य किए गए हैं और किस- किस पात्र व्यक्ति को राहत मंजूर करवाई गई है।

दुलैहड़ से ब्यास तक बस चलेगी
उद्योग मंत्री ने इस अवसर पर एलान किया कि लोगों की भारी मांग पर   अगले सप्ताह से दुलैहड़ से डेरा ब्यास तक प्रदेश परिवहन निगम की बस चलाई जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद हरोली विधानसभा क्षेत्र के 10 स्कूल अपग्रेड किए गए हैं और जल्दी ही चार और स्कूल अपग्रेड किए जा रहे हैं। 

टाहलीवाल में बिजली का एक्सियन बैठेगा
मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि सरकार टाहलीवाल में बिजली का डिवीजन और खड्ड पंजावर में सब डिवीजन खोलने जा रही है। टाहलीवाल में बिजली विभाग का एक्सियन व खड्ड पंजावर में एसडीओ बैठेगा। उन्होंने कहा कि हरोली में खुली स्वां प्रोजेक्ट की डिवीजन में आज एक्सियन ने कार्यभार संभाल लिया है और आजादी के बाद हरोली हलके में पहला एक्सियन बैठा है। इस अवसर पर प्रो. सिमी अग्रिहोत्री , ब्लाक काग्रेंस अध्यक्ष रणजीत राणा, जिला कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष  अशोक ठाकुर, जिला परिषद सदस्य सुमन ठाकुर, प्रदेश भवन निर्माण व कामगार कल्याण बोर्ड की सदस्य सुरेखा राणा, समान्य उद्योग निगम के निदेशक पवन ठाकुर, हरोली युवा कांग्रेस के अध्यक्ष नक्षत्र सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष मधु धीमान,  एसडीएम धनवीर ठाकुर ,बीडीओ केएस राणा व तहसीलदार बलदेव राज सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।   

नार्वे सरकार प्रदेश में निवेश की इच्छुक  

himachal news
शिमला, 20 जनवरी  (विजयेन्दर शर्मा) । नार्वे सरकार ने हिमाचल प्रदेश में जल विद्युत उत्पादन की अपार क्षमता के मद्देनजर प्रदेश में इस क्षेत्र में निवेश की इच्छा व्यक्त की है। मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह को नार्वे के राजदूत श्री ईविंद एस होमे ने आज नई दिल्ली में एक शिष्टाचार भेंट के दौरान उनके देश की प्रदेश में निवेश की इच्छा से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि नार्वें तथा भारत के पहले ही आपसी हितों व मूल्यों पर आधारित द्विपक्षीय सम्बन्ध रहे हैं। उन्होंने बताया कि नार्वे का जल विद्युत परियोजनाओं के कार्यान्वयन तकनीक में व्यापक अनुभव है। नार्वे की एस.एन. कम्पनी वर्तमान में प्रदेश के कुल्लू जिला में  ऐलाईन दुहांगन व मल्याणा जल विद्युत परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कम्पनी ने भी हर संभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार की सराहना की है। श्री वीरभद्र सिंह ने श्री ईविंद को आश्वस्त किया कि प्रदेश में जल विद्युत व पर्यटन क्षेत्र में निवेश के लिए नार्वे को हर संभव सहयोग दिया जाएगा ताकि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सम्बन्धों को और अधिक मजबूत किया जा सके।  उन्होंने कहा कि प्रदेश मेें निवेश की अपार संभावनाएं हैं तथा प्रदेश सरकार ने निवेशकों की सुविधा के लिए इस दिशा में अनेक पग उठाए हैं। परियोजनाओं को समयबद्ध स्वीकृित प्रदान करने के लिए विशेष मैकेनिजम तैयार किया गया है और निवेशकों को अनेक प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त निवेशकों को सौहार्दपूर्ण औद्योगिक सम्बन्ध, शांतिपूर्ण वातावरण और पर्याप्त मात्रा में सस्ती दरों पर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों को अनेक  कठिनाईयों एवं चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद राज्य सरकार, हिमाचल को विद्युत राज्य व पसंदीदा औद्योगिक हब बनाने के प्रति वचनबद्ध है। प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में औद्योगिक अधोसंरचना विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि प्रदेश में पढ़े-लिखे युवाओं के लिए आर्थिक गतिविधियां तथा रोजगार की संभावनाएं सृजित की जा सकें। मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री टी.जी. नेगी, प्रधान निजी सचिव श्री सुभाष आहलुवालिया, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री वी.सी. फारका तथा दिल्ली स्थित प्रधान आवासीय आयुक्त श्री पी.सी. धीमान भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों की हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हिमाचल सरकार

शिमला, 20  जनवरी  (विजयेन्दर शर्मा) । हिमाचल प्रदेश के बहादुर सैनिकों ने देश की आन-बान के लिए हमेशा सर्वोच्च बलिदान दिए हैं, जिसके बलबूते प्रदेश को ‘वीर भूमि’ के रूप में पहचान मिली है। काफी अधिक संख्या में प्रदेश के युवा देश के सैन्य बलों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। हमारे सैनिकों ने पहले स्वतंत्रता आंदोलन में बलिदानों की गाथा लिखी और उसके बाद देश की सरहदों और अखंडता कायम रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आ रहे हैं। प्रदेश के वीर सपूतों ने बहादुरी और बलिदानों की जो मिसाल पेश की है, प्रदेश और देश को उस पर नाज है। सैनिकों और पूर्व सैनिकों के हितों की रक्षा के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है और उनके कल्याण के लिए विभिन्न कदम उठाए गए हैं। सरकार यह सुनिश्चित बना रही है कि देश के लिए अपना सर्वस्व दांव पर लगाने वाले सैनिकों को श्रेष्ठ सेवाएं उपलब्ध हों। उनके कल्याण के लिए अनेक योजनाएं कार्यान्वित की जा रहीं हैं जिनमें सरकारी नौकरी में आरक्षण, ऋण सुविधा, स्वरोजग़ार के साधनों का सृजन और उनके बच्चों के लिए छात्रवृत्ति योजनाएं तथा अन्य प्रोत्साहन आदि शामिल हैं। शौर्य पदक और अन्य विशिष्ट सम्मान प्राप्त करने वाले सैनिकों के लिए प्रदेश सरकार ने वार्षिकी की दर में वृद्धि की है। पूर्व सैनिकों, उनकी विधवाओं और आश्रितों के पुनर्वास के हलए सरकार 34 कल्याण योजनाएं कार्यान्वित कर रही है। शौर्य चक्र विजेताओं को राज्य में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जा रही है। युद्ध जागीर की राशि को अप्रैल, 2013 में 2000 रुपये से बढ़ाकर 5000 रुपये किया गया है। इसी तरह, सी.एस.डी कैंटीनों में वैट को चार प्रतिशत से घटाकर दो प्रतिशत किया गया है और उना में सीएसडी डिपो व आदर्श छावनी खोलने का मामला सरकार के विचाराधीन है। पूर्व सैनिकों और उनकी विधवाओं को मिलने वाली सामाजिक सुरक्षा पेंशन को 400 रुपये से बबढ़ाकर 500 रुपये किया गया है। प्रदेश सरकार ने पूर्व सैनिक लीग को 2 लाख रुपये का वार्षिक अनुदान बहाल किया है जिसे पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान बंद कर दिया गया था। हाल ही में हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल ने सैनिक कल्याण विभाग में उप निदेशकों के तीन पद भरने को स्वीकृति प्रदान की है जिससे विभाग की कार्यप्रणाली और सुदृढ़ होगी और सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों के हित में किए जा रहे कार्यों को तेज़ी मिलेगी। अपनी सेवा के दौरान हुए वीरगति को प्राप्त होने वाले सैनिकों और उनके आश्रितों को रोजग़ार प्रदान करने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश सरकार ने सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक के नियंत्रण में एक विशेष प्रकोष्ठ की स्थापना की है। सरकार ने अभी तक 160 पूर्व सैनिकों को विभिन्न विभागों, बोर्डों और संस्थानों में रोजग़ार उपलब्ध करवाया है। पूर्व सैनिकों को रोजग़ार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से ए.सी.सी. सीमेंट कम्पनी, बरमाणा से 40 प्रतिशत, अंबुजा सीमेंट दाड़लाघाट से 10 प्रतिशत तथा जे.पी. सीमेंट प्लांट बागा से 5 प्रतिशत क्लिंकर व सीमेंट ढुलाई का कार्य पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों को सौंपा गया है। सैनिकों और पूर्व सैनिकों के बच्चों को मेडिकल कॉलेज, डेंटल कॉलेज, इंजीनियरिंग कोर्स, राजकीय पॉलीटैक्निक और प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय में आरक्षण की सुविधा प्रदान की जा रही है। पूर्व सैनिकों एवं सेवारत सैनिकों के बच्चों को इंजीनियरिंग व मेडिकल प्रवेश परीक्षा के लिए निशुल्क कोचिंग की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा, एनडीए, आईएमए, ओटीए में प्रवेश के लिए प्रशिक्षण पर होने वाले खर्च की भी सैनिक कल्याण विभाग प्रतिपूर्ति करता है। प्रदेश सरकार ने सैन्य बलों के लिए भरती में जनसंख्या अनुपात के मापदंड को हटाने के लिए केंद्र सरकार से मामला उठाया है ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक युवा सेना में भरती पा सकें। इसके अलावा, प्रदेश में सैन्य बलों के लिए राज्य प्रशिक्षण अकादमी खोलने की मांग भी पुरज़ोर ढंग से उठाई गई है।  एक रैंक, एक पैंशन के लंबित मामले में केंद्र सरकार ने प्रदेश की अधिकांश मांगें मान लीं हैं लेकिन कुछ मुद्दे अभी भी लंबित हैं जिन्हें फिर से केंद्र से उठाया जा रहा है ताकि प्रदेश के पूर्व सैनिक लाभान्वित हो सकें। 

हिमाचल प्रदेश की एक राज्यसभा सीट के चुनाव 10 फरवरी को

शिमला, 20  जनवरी  (विजयेन्दर शर्मा) । मुख्य निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र चौहान ने यहां कहा कि हिमाचल प्रदेश की एक राज्यसभा सीट के रिक्त होने पर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राज्यसभा के द्विवार्षिक निर्वाचन-2014 के कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। इस संबंध में आयोग 21 जनवरी को अधिसूचना जारी करेगा। श्री चौहान ने बताया कि चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 28 जनवरी को नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है, जबकि नामांकन पत्रों की संवीक्षा 29 जनवरी तथा नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 31 जनवरी, 2014 निर्धारित की गई है। सात फरवरी, 2014 को, यदि आवश्यक हुआ तो प्रात: नौ बजे से सायं चार बजे तक मतदान होगा। निर्वाचन की समस्त प्रक्रिया 10 फरवरी को संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि द्विवर्षीय निर्वाचन के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने सचिव, विधानसभा, हिमाचल प्रदेश, को रिटर्निंग आफिसर व अवर सचिव, विधानसभा, हिमाचल प्रदेश, को सहायक रिटर्निंग आफिसर पदाभिहित किया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अभ्यर्थी को राज्यसभा के द्विवर्षीय निर्वाचन के लिए नाम निर्देशन पत्रों के साथ 10,000 रुपए और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थी को 5000 रुपए की जमानत राशि रिटर्निंग आफिसर के पास जमा करवानी होगी। मतदान हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर के डा. वाईएस परमार विधानसभा पुस्तकालय हाल में आयोजित किया जाएगा।

स्कूल स्वच्छता पुरस्कार योजना के तहत आवेदन पत्र आमंत्रित  

हमीरपुर, 20 जनवरी  (विजयेन्दर शर्मा) ।  निर्मल भारत अभियान के अन्तर्गत विकास खण्ड बमसन में स्कूल स्वच्छता पुरस्कार योजना, 2014 के लिये बमसन की 46 पंचायतों के तहत आने वाले समस्त सरकारी स्कूलों से 6 फरवरी तक आवेदन-पत्र आमंत्रित हैं। आवेदन पत्र खण्ड कार्यालय बमसन में खण्ड समन्वयक से प्राप्त कर सकते हैं। यह जानकारी खण्ड विकास अधिकारी, संजीत सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत खण्ड स्तर पर प्रथम आने वाले प्राईमरी, मिडल, उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला को बीस हजार रूपये व प्रशंसा पत्र दिये जाएंगे  तथा द्वितीय स्थान पाने वालों को दस हजार और प्रशंसा-पत्र और  जिला स्तर पर प्रथम आने वाले स्कूल को पांच हजार रूपये व प्रशंसा-पत्र दिये जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्राप्त आवेदन पत्रों की जांच-पड़ताल के बाद स्कूलों का गठित समिति द्वारा मूल्यांकन किया जाएगा और मूल्यांकन के आधार परही पुरस्कार का चयन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि सबसे स्वच्छ चयनित पाठशालाओं को 15 अप्रैल को हिमाचल दिवस पर पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान स्कूल में शौचालय व मुत्रालय की उपलब्धता, उपयोग, साफ-सफाई, पीने के  पानी की उपलब्धता, बच्चों में जागरूकता, ठोस कचयन व तरल प्रबन्धन, सूचना शिक्षा व सम्प्रेषण, बच्चों में जागरूकता व अन्य बिन्दुओं पर स्कूलों  का समिति द्वारा मूल्यांकन किया जाएगा ।

उद्योग स्थापित करने के लिये युवाओं से आवेदन-पत्र आमंत्रित

हमीरपुर, 20 दिसम्बर  (विजयेन्दर शर्मा) ।  वेरोज़गार युवाओं को प्रधान मंत्री रोज़गार सृजन योजना के तहत उद्योग स्थापित करने के लिये बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है।  उद्योग स्थापित करने वाले इच्छुक युवाओं से 31 जनवरी तक आवेदन पत्र आमंत्रित हैं।  यह जानकारी महा प्रबन्धक, जिला उद्योग केन्द्र, हमीरपुर अमर नाथ धीमान ने दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के अन्तर्गत सामान्य वर्ग के लिये 25 प्रतिशत  तथा विशेष श्रेणी के लाभार्थियों को 35 प्रतिशत सीमांत धन उपलब्ध करवाया जा रहा। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिये महा प्रबन्धक जिला उद्योग  केनद्र, हमीरपुर तथा समस्त प्रसार अधिकारी,उद्योग और संबन्धित बैंक शाखा से प्राप्त कर सक ते हैं। उन्होंने बताया कि आवेदन करने के लिये निर्धारित प्रपत्र जिला उद्योग केन्द्र, हमीरपुर के कार्यालय से प्राप्त किये जा सकते हैं।

जीवन म्युजिकल गु्रप ने बराड़ा  और दिम्मी  में लोगों को किया जागरूक 

himachal news
हमीरपुर 20 जनवरी (विजयेन्दर शर्मा) ।  जिला में सरकार द्वारा एक वर्ष में अर्जित विभिन्न विकासात्मक उपलब्धियों, नीतियों और जनहित में क्रियान्वित की जा कल्याणकारी योजना को जन-जन तक पहुंचाने के लिये  विशेष प्रचार अभियान के तहत विकास खण्ड भोरंज की ग्राम पंचायत बराड़ा और दिम्मी में कार्यक्रम आयोजित किये गये। कार्यक्रम में फोक मीडिया के कलाकारों  ने ग्राम पंचायत बराड़ा और दिम्मी में ग्रामीणों को प्रदेश सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों तथा नीतियों के बारे में विकास की गंगा नाटक के माध्यम से लोगों का मनोरंजन करते हुए जागरूक किया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों पर आधारित प्रचार सामग्री हिमाचल प्रदेश पहल एवं प्राथमिकताएं भी लोगों को वितरित की गई। तथा लोगों से प्रचार सामग्री और कलाकारों द्वारा बताई जा रही योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया। इस मौके पर प्रधान ग्राम पंचायत बराड़ा स्वर्णना जरियाल, उप-प्रधान संजय परमार, सचिव अजय कुमार तथा भी वार्ड सदस्य और ग्राम पंचायत दिम्मी में प्रधान दिम्मी राकेश कुमार, उप-प्रधान राज कुमार, ,सचिव निशु, तथा वार्ड सदस्य दिनेश कुमार, पंकज कुमार, सुमना देवी, सरोज देवी, नीलम देवी, चौकीदार मुकेश राज  के अलावा संबन्धित पंचायतों के ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार की नीतियों की जानकारी हासिल की ।

जल्लुग्रां में मनाया राष्ट्रीय युवा दिवस

कुल्लू   राष्ट्रीय युवा सप्ताह के तहत रविवार को मणिकर्ण घाटी के गांव जल्लुग्रां में राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया गया। जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि युवा सुधार मंडल जल्लुग्रां द्वारा आयोजित इस युवा दिवस समारोह में स्थानीय पंचायत के प्रधान टिकम राम ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन के साथ किया गया। इस मौके पर युवाओं ने राष्ट्रीय गीत, समूह गान, एकल गीत व कई अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। पंचायत प्रधान ने सभी युवाओं को स्वामी विवेकानंद व अन्य महापुरूषों द्वारा दर्शाए गए मार्ग पर चलने का आह्वान किया और युवाओं को पुरस्कार भी बांटे। समारोह में युवा सुधार मंडल जल्लुग्रां के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।

35 हजार बच्चों को पिलाई पोलियो ड्रॉप्स

कुल्लू    पोलियो उन्मूलन अभियान के पहले चरण के तहत रविवार को कुल्लू जिला में पांच वर्ष की आयु तक के कुल 35,035 बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. बलदेव ठाकुर ने बताया कि चिकित्सा खंड आनी में 4417, बंजार 5318, जरी 10,422, नग्गर 8218, निरमंड 4763 और क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में 1897 बच्चों को यह दवा दी गई। डा. बलदेव ठाकुर ने बताया कि पोलियो बूथों के अलावा जिले भर के मुख्य सार्वजनिक स्थलों पर तथा बसों व अन्य वाहनों में यात्रा कर रहे बच्चों को भी दवा की डोज दी गई। इस प्रकार 0 से 5 वर्ष की आयु के सभी बच्चों को पोलियो उन्मूलन अभियान के अंतर्गत कवर किया गया।

पाठशालाओं में दी जा रही व्यवसायिक शिक्षा: भारती

धर्मशाला, 20 जनवरी - विद्यार्थियों को पाठशालाओं में व्यवसायिक शिक्षा प्रदान करने के लिए सरकार द्वारा अहम कदम उठाए गए हैं। यह विचार मुख्य संसदीय सचिव, (शिक्षा) श्री नीरज भारती ने आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बरयाल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए प्रकट किए। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को घर-द्वार पर शिक्षा प्रदान करने के लिए पाठशालाएं खोल रही है तथा अध्यापकों की नियुक्तियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में शिक्षा के विकास व विस्तार के लिए कुल बजट का करीब 18 प्रतिशत राशि खर्च की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के एक सौ से अधिक पाठशालाओं में व्यवसायिक शिक्षा शुरू की गई है ताकि विद्यार्थी अपना लक्ष्य निर्धारित करके रूचि के अनुसार शिक्षा ग्रहण कर सकें। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार शिक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृतियां तथा टेबलेट्स प्रदान किए जा रहे हैं जबकि आईआईटी, आईआईएम तथा एम्स में चयनित होने वाले छात्रों को प्रोत्साहन के तौर पर 75 हजार रुपए की राशि देने की भी सरकार की योजना है। श्री भारती ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अनेक प्रकार की सुविधाएं प्रदान की हैं जिसमें निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा, महात्मा गांधी वर्दी योजना तथा पढ़ाई में अच्छे अंक प्राप्त करने वाले को छात्रवृति आदि योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या में बढ़ौतरी लाने के लिए भी अध्यापकों और अभिभावकों को शिक्षा में गुणात्मक सुधार लाने के प्रयास करने को कहा। इस अवसर पर पाठशाला की प्रधानाचार्य श्रीमती अर्चना कपूर ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी । इस मौके पर स्थानीय स्कूल के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रोत्साहन के लिए 5100 रुपए देने की घोषणा कीं। इस अवसर पर एसएमसी के प्रधान श्री गुरदयाल सिंह, पंचायत प्रधान श्रीमती सुभद्रा गुलेरिया, मंडलाध्यक्ष श्री रण सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित थे।

२५ जनवरी को व्यस्क नए मतदाताओं को सम्मानित किया जाएगा: हिमांशु शेखर चौधरी

  • स्कूल मुखिया बच्चों को स्कूल कार्यक्रम के दौरान मतदान बारे जागरूक करें

हमीरपुर, २० जनवरी   (विजयेन्दर शर्मा) । जिला स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर १-१-२०१४ की अर्हता तिथि के  आधार पर फोटोयुक्त मतदाता सूची में दर्ज नए मतदाताओं को बैज/स्टिकर तथा मतदाता फोटोयुक्त  पहचान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा और भारतीय लोकतंत्र की गुणवत्ता व मजबूती के लिये मतदान का महत्व और मूल्य के बारे में बताया जाएगा। यह जानकारी एडीसी हिमांशु शेखर चौधरी ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के प्रबन्धों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि बताया कि भारत के नागरिकों की लोकतंत्र निर्वाचन प्रणाली में भागीदारी बढऩे और भारत निर्वाचन आयोग  के स्थापना दिवस  के उलक्ष्य में  प्रतिवर्ष २५ जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस को उत्सव के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर युवाओं को जागरूक करने के दृष्टिगत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल), हमीरपुर में २५ जनवरी को प्रात: ११ बजे किया जाएगा । उन्होंने बताया कि इस उत्सव को जिला के पांचों विधान सभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदान केन्द्र पर मनाया जाएगा और फोटोयुक्त मतदाता सूची में दर्ज नए मतदाताओं को बैज/स्टिकर तथा मतदाता फोटोयुक्त  पहचान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा तथा मतदान का महत्व और मूल्य के बारे में बताया जाएगा। उन्होंने फोटोयुक्त मतदाता सूचि में दर्ज हुए सभी व्यस्क मतदाताओं से आग्रह किया है कि वे अपने मतदान केन्द्र पर अवश्य जाएं और अपना फोटोयुक्त पहचान पत्र प्राप्त कर मताधिकार के माध्यम् से निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेकर भारतीय  लोकतंत्र की तथा मज़बूती में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं। उन्होंने उप-निदेशक प्रारम्भिक तथा उच्च शिक्षा को निर्देश दिये कि वह समस्त स्कूल के मुखिया के  माध्यम  प्रत्येक स्कूली समरोहों के अवसर पर बच्चों को मतदान के विषय में जागरूक करें। इस अवसर पर एसडीएम सतीश शर्मा, तहसीलदार चुनाव हरवंश लाल, उप-निदेशक उच्च शिक्षा सोमदत्त सांख्यान तभा प्रारम्भिक रेणु कौशल के अतिरिक्त संबन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष करेंगे ध्वजारोहण

हमीरपुर, २० जनवरी , जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह ( २६ जनवरी) राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ( बाल) के खेल मैदान में मनाया जाएगा। इस अवसर विधान सभा अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल राष्ट्रीय ध्वज फहरांएगे तथा मार्च पास्ट की सलामी लेने के उपरान्त जिला वासियों के नाम अपना संदेश देंगे। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त हिमांशु शेखर चौधरी कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिये किये जा रहे प्रबन्धों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए  दी। उन्होंने बताया कि समारोह का मुख्य आकर्षण पुरूष तथा महिला पुलिस बल, होम गार्ड, एनसीसी, स्काऊड एण्ड गाईड तथा स्कूली बच्चों द्वारा भव्य मार्च पास्ट के अलावा विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा देश भक्ति से ओत-प्रोत गीत तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी। अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी अधिकारियों कर्मचारियों के अतिरिक्त समस्त जिला वासियों से इस समारोह में उपस्थित होने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे जहां प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ेगा, वहीं उन्हें प्रदेश की संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। उन्होंने बताया कि समारोह उपमंडल स्तर पर भी आयोजित किए जाएंगे। एडीसी ने जिला वासियों से इस समारोह की गारिमा को बढ़ाने के लिये कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होने के लिए सादर आमंत्रित किया है।

प्रदेश में खादी आंदोलन को सुदृढ़ किया जायेगा : उद्योग मंत्री

ऊना, 20 जनवरी , उद्योग मंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने आज ऊना में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत खादी व ग्रामोद्योग उत्तरी क्षेत्र द्वारा आयोजित आंचलिक स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए कहा कि प्रदेश में खादी आंदोलन को सुदृढ़ किया जायेगा और इसके जरिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जायेंगे। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री  रोजगार सृजन कार्यक्रम, खादी और ग्रामोद्योग आयोग व खादी बोर्ड का एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम का मुय उद्देश्य गाँवों में खादी और ग्रामोद्योग आयोग से मार्जिन राशि और बैंकों से ऋ ण लेकर नये ग्रामोद्योग की स्थापना कर रोजगार सृजन करना है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत 1 लाख से 25 लाख रूपए तक का ऋ ण लेकर कोई भी अपना स्वरोजगार शुरू कर सकता है। दस लाख के ऋ ण तक किसी प्रकार की गारंटी की जरूरत नहीं है। प्रदेश में खादी व ग्रामोद्योग आयोग की विभिन्न योजनाओं के तहत लोगों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए 80 करोड़ की मदद दी जायेगी। इस साल प्रदेश को केन्द्र सरकार से लोगों को खादी के क्षेत्र में कार्य करने हेतु ऋ ण देने के लिए 20 करोड़ रूपए मंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत  मिला है जिनमें पौने पांच करोड़ की राशि आबंटित की जा चुकी है और सवा पन्द्रह करोड़ रूपए आबंटित किए जाने हैं। उद्योग मंत्री ने इस बात पर भी अफसोस जाहिर किया कि जिलाधीशों की अध्यक्षता में बनी कमेटी जिन लोगों को स्वरोजगार के लिए कर्जो की अनुशंसा करती है, उन्हें बैंकों द्वारा अनावश्यक रूप से चक्कर लगवाए जाते हैं। उन्होंने कहा इस योजना के साथ चूंकि प्रधानमंत्री का नाम जुड़ा है, लिहाजा बैंकर्ज को इस योजना को गंभीरता से लेना होगा। यह देश का कार्यक्रम है जिसमें बैंकों को अपना पूरा योगदान देना चाहिए। उद्योग मंत्री ने कहा कि सभी जिलाधीशों से इस योजना के तहत पात्र लोगों को ऋ ण देने की अनुशंसा करने की अंतिम मियाद 20 जनवरी, 2014 तय की गई थी जो आज  खत्म होने जा रही है। अब एक माह के भीतर बैंकों को यह रिर्पोट देनी होगी कि उन्होंने जिलाधीशों की अध्यक्षता में गठित टास्क फोर्स की अनुशंसा पर पात्र लोगों को ऋ ण दिए या नहीं । सरकार 15 मार्च को प्रदेश स्तर पर इसकी समीक्षा करेगी। मुकेश अग्रिहोत्री ने  कहा खादी के क्षेत्र का देश के साथ एक भावनात्मक जुड़ाव है और जनता में आत्मनिर्भरता एवं सुदृढ़ ग्राम स्वराज की भावना प्रदान करना राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का भी सपना था , जिसे मूर्त रूप देने केे लिए सरकार वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खादी बोर्ड को और अधिक सक्षम व क्रियाशील बनायेगी। मुयमंत्री वीरभद्र सिंह स्वयं खादी बोर्ड की समीक्षा बैठक करेंगे।  खादी बोर्ड को नाजुक स्थिति से उबारा जायेगा। उन्होंने कहा कि खादी बोर्ड द्वारा लोगों को स्वरोजगार के लिए कर्जे दिए जाते हैं जिसमें 25 से 35 फीसदी तक अनुदान होता है । खादी एवं ग्रामोद्योग उत्तरी भारत के अध्यक्ष देशराज गौतम ने इस अवसर पर कहा कि खादी व ग्रामोद्योग का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिकी को नया बल देना व स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत एक और प्रदर्शनी निकट भविष्य में बिलासपुर में लगाई जायेगी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत 1 लाख से 25 लाख रूपए तक का ऋ ण लेकर कोई भी अपना स्वरोजगार शुरू कर सकता है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेन्द्र धर्माणी ने इस अवसर पर कहा कि इस प्रदर्शनी ने खादी बारे लोगों की अवधारणा बदली है और जिस तरह कडक़ती ठंड में भी  लोगों ने इस प्रदर्शनी प्रति उत्साह दिखाया है, उससे यह साबित हो गया है कि लोग खादी को अपना रहे हैं । उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी खादी ग्रामोद्योग कामगारों व शिल्पकारों को प्रोत्साहित करके उनकी जिंदगी में समृद्धि के नए रंग भरने में जुटा है। उन्होंने ऊना में इस तरह की प्रदर्शनी के आयोजन के लिए देशराज गौतम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इससे बुनकरों व कामगारों को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी ऐसी प्रदर्शनियों का सिलसिला जारी रहेगा और नई पीढ़ी का खादी व खादी उत्पादों प्रति क्रेज बढ़ेगा। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेन्द्र धर्माणी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक ठाकुर व बोधराज, जिला मार्क ेटिंग कमेटी के चेयरमैन शिव सैणी, हरोली ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, ऊना ब्लाक के अध्यक्ष हजारी लाल, खादी बोर्ड के निदेशक सतीश बिट्टू, सामान्य उद्योग निगम निदेशक संजीव सैणी, जिला कांग्रेस लीगल सैल के संयोजक वीरेन्द्र मनकोटिया, विजय डोगरा, एसएन शुक्ला, कामरेड जगत राम, कर्नल सत्यदेव, कै. देवराज, ऊना ब्लाक युवा कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार, विवेक मिंका, विजय आंगरा, विवेक शर्मा, राजू पराशर, खादी बोर्ड शिमला के सीईओ केसी गौड़, केवीआईसी धर्मशाला के डायरेक्टर गोपाल प्रसाद, चंडीगढ़ के डायरेक्टर विनय कुमार, अंबाला के डायरेक्टर आरएस सागर, एएसपी वीरेन्द्र सिंह ठाकुर, एसडीएम धनवीर ठाकुर व जिला उद्योग महाप्रबंधक तिलक राज शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

ऊना जिला की तस्वीर बदल डालेंगे विकास के नए प्रोजेक्ट  : उद्योग मंत्री

ऊना, 20 जनवरी,  उद्योग मंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा है कि कांग्रेस सरकासर के पांच साल के कार्यकाल में जिला ऊना की तस्वीर व तकदीर बदल जायेगी। जनता देखेगी कि विकास के मामले में जिला ऊना ने कितनी ऊंची उड़ान भरी है और कैसे जिला का नक्शा बदल गया है। आज ऊना में मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों ने पांच साल का भाजपा शासन भी देखा है जिसमें विकास कार्य ठप्प होकर रह गए थे और अब कांग्रेस सरकार का एक साल का कार्यकाल भी देखा है, जिसमें जिला के विकास को नए पंख लगे हैं। अगले चार सालों में ऊना जिला विकास की नई गाथा लिखेगा। उन्होंने कहा कि पिछले कल ही ऊना जिला के औद्योगिक क्षेत्रों में 650 करोड़ के पूंजी निवेश का प्रस्ताव मिला है और आने वाले दिनों में पूंजी निवेश की प्रक्रिया और तेज होगी। उद्योग मंत्री ने कहा कि भाजपा शासन में कुछ लाख रूपए की लागत से चंद गांवों की गलियां और कुछेक सामुदायिक भवन बनाकर ही कई नेता सीना फुलाते रहे लेकिन अब जनता के साथ - साथ ये नेता भी देख रहे हैं कि कांग्रेस सरकार में कैसे मजबूत नेतृत्व व दृढ़ राजनैतिक इच्छाशक्ति के बलबूते करोड़ों रूपए के प्रोजेक्ट जिला के हिस्से आए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पांचों विधानसभा क्षेत्रों में विकास के नए मील पत्थर स्थापित करेगी। ऊना विधानसभा क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का रिजनल सैंटर खुलेगा जिसमें विद्यार्थियों के लिए हर तरह के कोर्स होंगे और विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। ऊना विधानसभा क्षेत्र के पेखूबेला में 500 करोड़ की लागत से इंडियन आयल डिपो खुलने जा रहा है। ऊना में सरकार करोड़ों रूपए की लागत से नया बस अड्डा बनाने जा रही है। जिला में सीएसडी डिपो भी आ रहा है। मेहतपुर - अंब रोड़ पर 54 करोड़ की लागत से जो  नए पुल बनने हैं, उन्हें हम आऊटसोर्स कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में जिस बंगाणा- धनेटा सुरंग का पूर्व भाजपा सरकार राग अलापती रही, उस सुरंग को कांग्रेस सरकार मूर्त रूप देने जा रही है। उन्होंने कहा कि चिंतपूर्णी के लिए 40 करोड़ का एडीबी प्रोजेक्ट मंजूर किया गया है।

हिमाचल में औद्योगिक पैकेज की अवधि बढऩे पर पंजाब का विरोध नाजायज
उद्योग मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के लगातार प्रयासों से केन्द्र ने औद्योगिक पैकेज की मियाद 2017 तक बढ़ाई है और पंजाब सरकार को इस पर एतराज करने की बजाए अपने लिए केन्द्र से औद्योगक पैकेज मांगना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमने पंजाब से कोई उद्योग उखाडक़र हिमाचल में नहीं लगाया , न कोई उद्योग पंजाब से पलायन करके यहां आया है। हिमाचल प्रदेश में सहज सुलभ बिजली, शांत व औद्योगिक मित्र माहौल व प्रदेश सरकार के प्रयासों के फलस्वरूप यहां नए उद्योग आ रहे हैं। हिमाचल प्रदेश को आगे बढ़ते देखने का जज्बा पंजाब को  अपने भीतर पैदा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब दूसरों का विरोध करने की बजाए अपने लिए प्रयास करे।

सरकार 50 हजार नौकरियां सृजित करेगी
उद्योग मंत्री ने कहा कि  वीरभद्र सरकार प्रदेश में 50 हजार नौकरियां  सृजित कर रही है। कैबिनेट से विभिन्न श्रेणियों के हजारों  पद तो स्वीकृत भी हो चुके हैं। निजी क्षेत्र में भी युवाओं को रोजगार मुहैया करवाया जायेगा।      

कोई टिप्पणी नहीं: