दादी थीं मेरे घर की बॉस : राहुल गांधी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 20 जनवरी 2014

दादी थीं मेरे घर की बॉस : राहुल गांधी


rahul gandhi in bhopal
कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी का मानना है कि महिला सशक्तीकरण कि बिना देश महाशक्ति नहीं बन सकता। देश के महाशक्ति बनने से पहले जरूरी है कि महिलाओं का सशक्तीकरण हो। राहुल ने यह बात सोमवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में देश की चुनिंदा महिलाओं से चर्चा के दौरान कही। भोपाल के मिंटो हॉल के बाहर लगी महिलाओं की चौपाल में राहुल ने कहा कि महिलाओं को किसी की सुरक्षा की जरूरत नहीं है। उन्हें जरूरत है तो अधिकार मिलने की। इसलिए महिलाओं को सबसे पहले अधिकार देना होगा।

महिलाओं से राहुल गांधी ने सवाल किया, "कभी न कभी आपको यह महसूस हुआ होगा कि आपको दबाया जा रहा है। हुआ या नहीं?" इस पर अधिकांश महिलाओं की ओर से उन्हें जवाब 'हां' में मिला। राहुल ने कहा, "कभी आपको कभी घर में दबाया गया होगा तो कभी बस में यात्रा के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ा होगा।"उन्होंने महिलाओं के विरुद्ध हिंसा की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को बराबरी का दर्जा नहीं मिल पाया है, वे योग्यता के मामले में बराबर हैं, मगर अब भी पीछे खड़ी हैं। यह स्थिति बदलनी है।

राहुल गांधी ने अपने बचपन को याद करते हुए कहा, "मेरी दादी (पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी) मेरे घर की बॉस थीं। घर में चाचा और पिताजी थे, मगर बॉस दादी थीं। मुझे इन सबसे कुछ लेना-देना नहीं था मगर तब भी मेरे मन में एक बात जरूर उठती थी कि महिला व पुरुष सब बराबर हैं।" कांग्रेस उपाध्यक्ष सोमवार की दोपहर को दिल्ली से विशेष विमान से भोपाल पहुंचने के बाद विमानतल से वे सीधे मिंटो हॉल गए और वहां महिला प्रतिनिधियों की बात सुनी।

मालूम हो कि कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव के लिए तैयार किए जा रहे घोषणापत्र में हर वर्ग की राय को शामिल करने के लिए विचार-विमर्श का दौर चलाए हुई है, उसी क्रम में उन्होंने भोपाल में महिला प्रतिनिधियों से चर्चा की। इसमें देश की नामचीन महिला प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

महिलाओं की बैठक में हिस्सा लेने के बाद राहुल गांधी पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे, जहां वे तीन अलग-अलग बैठकों में हिस्सा लेंगे। इन बैठकों में प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी मौजूद रहेंगे। 

कोई टिप्पणी नहीं: