गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से अपने पद की गरिमा बनाये रखने की अपील करते हुए सोमवार को कहा कि जांच पूरी होने तक दिल्ली पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। शिंदे ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) का स्थापना दिवस मनाने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम के इतर संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि केंद्र दिल्ली पुलिस को राज्य सरकार के आधीन नहीं लाएगा।
केजरीवाल द्वारा रेल भवन के बाहर धरना दिये जाने के बारे में पूछने पर शिंदे ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री के पद की गरिमा बनाये रखनी चाहिए और न्यायिक जांच पूरी होने तक इंतजार करना चाहिए। वह एक मुख्यमंत्री हैं..जो कि एक उच्च पद है। उन्हें सहयोग करना चाहिए। केजरीवाल दिल्ली पुलिस के उन अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं जिनकी गत सप्ताह दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में कथित तौर पर कार्रवाई नहीं करने को लेकर दिल्ली के कानून मंत्री सोमनाथ भारती के नोंकझोंक हुई थी।
भारती ने उस समय विवाद खड़ा कर दिया था जब वह यह दावा करते हुए मालवीय नगर पहुंच गए थे कि वहां पर स्थित एक आवास से मादक पदार्थ और जिस्मफरोशी का धंधा चलाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि पुलिस उस आवास पर छापा मारे। यद्यपि पुलिस ने यह कहते हुए इससे इनकार कर दिया कि उनके पास ऐसा करने के लिए वारंट नहीं है।
शिंदे ने कहा कि न्यायिक जांच के लिए आदेश देने का मतलब होता है निष्पक्ष ढंग से जिम्मेदारी तय करना। जांच में कोई हस्तक्षेप नहीं है। उपराज्यपाल ने स्पष्ट कर दिया है कि जांच में तेजी लायी जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्भया मामले के बाद हमने कहा था कि विजय चौक और आसपास के इलाकों में हमेशा ही धारा 144 होनी चाहिए। यदि वे प्रदर्शन करना चाहते हैं तो उन्हें जंतर-मंतर जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच में सब कुछ सामने आ जाएगा कि कौन दोषी है और कौन नहीं। मैं दिल्ली पुलिस के सम्पर्क में हूं। उन्होंने केजरीवाल द्वारा की जा रही मांग के अनुरूप दिल्ली पुलिस को दिल्ली सरकार को सौंपने को लेकर किसी कदम से इनकार किया और कहा कि अमेरिका में भी वॉशिंगटन डीसी संघीय प्रशासन के अधीन है।
शिंदे ने कहा कि दिल्ली पुलिस को दिल्ली सरकार को सौंपने की मांग पुरानी मांग है। अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी की तरह अवधारणा यह है कि राजधानी केंद्र के अधीन हो। यह मांग संभव नहीं है। आप के इस आरोप के बारे में पूछने पर कि दिल्ली में अव्यवस्था कांग्रेस और भाजपा के चलते है, शिंदे ने कहा कि पूरा देश यह देख रहा है कि अव्यवस्था कहां है और अव्यवस्था कौन उत्पन्न कर रहा है।
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें