आंध्र प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री एन. किरण कुमार रेड्डी ने कांग्रेस से निष्कासित छह सांसदों और राज्य सरकार के अपने वफादार मंत्रियों के साथ रविवार को अपने भावी कदम के बारे में मंत्रणा की। किरण रेड्डी ने संभवत: सीमांध्र क्षेत्र में एक नई पार्टी के गठन से संबंधित अपनी योजना पर चर्चा की। उन्होंने राज्य के विभाजन के विरोध में पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री पद और कांग्रेस की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
लोकसभा में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करने के लिए कांग्रेस से निष्कासित एल. राजागोपाल, सब्बम हरि, वी. अरुण कुमार, साई प्रताप, हर्ष कुमार और आर. सम्बाशिवा राव ने बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में हिस्सा लेने वाले राज्य के मंत्रियों में एस. शैलजानाथ, पी. सत्यनारायण और पार्थसारथी शामिल रहे।
उल्लेखनीय है कि पृथक तेलंगाना राज्य के गठन के लिए लोकसभा में विधेयक पारित होने के बाद किरण रेड्डी ने मुख्यमंत्री पद और कांग्रेस पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने तेलुगू भाषी लोगों के साथ गंभीर अन्याय किया है।
राज्यपाल ई.एस.एल. नरसिम्हन ने किरण रेड्डी का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और उनसे कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में बने रहने का आग्रह किया है। कांग्रेस ने अभी तक इस बारे में कोई निर्णय नहीं लिया है कि राज्य में किसी नए मुख्यमंत्री की नियुक्ति की जाए या राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए।
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें