कलेक्ट्रेट के अपूर्ण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री जी.पी. वर्मा को निर्देशित किया है कि वे नवीन कलेक्ट्रेट भवन के अपूर्ण कार्य को शीघ्र पूर्ण करवायें। जिससे अन्य विभागों के कार्यालय भी नवीन भवन में शीघ्र शिफ्ट किये जा सके। उल्लेखनीय है कि नवीन कलेक्ट्रेट भवन में 18 विभागों के कार्यालय शिफ्ट किये जाना है। अब तक कलेक्ट्रेट की विभिन्न शाखाओं के साथ जनसम्पर्क कार्यालय एवं जिला आपूर्ति कार्यालय ही नवीन कलेक्ट्रेट भवन में शिफ्ट हो पाये है।
कलेक्टर ने ली राजस्व अधिकारियों की बैठक
कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल ने आज राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर राजस्व प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। बैठक में अपर कलेक्टर श्री दिलीप कापसे, श्री व्ही.एन.एस. परते, सहायक कलेक्टर श्री दीपक आर्या, एस.डी.एम. श्री कामेश्वर चौबे, श्री बसंत तिवारी, श्री परस्ते एवं सभी तहसीलदार व नायब तहसीलदार उपस्थित थे। कलेक्टर द्वारा बैठक में सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन के प्रकरणों का सीटीजन चार्टर के अनुसार तय समय सीमा में निराकरण करें। जनसुनवाई में या कलेक्ट्रेट कार्यालय में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन नहीं किये जाने संबंधी शिकायत नहीं आना चाहिए। राजस्व के विभिन्न मदों की वसूली की समीक्षा के दौरान उन्होंने भू-राजस्व, डायवर्सन, पंचायत उपकर, शाला भवन उपकर, अर्थदंड की शत प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
गबन करने वाले सरपंच-सचिवों पर दया-रहम क्यों
आर.आर.सी. दायर प्रकरणों में वसूली की समीक्षा के दौरान पाया गया कि तहसीलदारों द्वारा सर्वशिक्षा अभिायान के निर्माण कार्यों में गबन करने वाले सरपंच-सचिवों के विरूध्द नरमी बरती जा रही है। कलेक्टर ने इस पर नाराजगी जाहिर की और सभी तहसीलदारों से सख्त लहजे में कहा कि गबन करने वाले सरपंच-सचिवों पर दया-रहम क्यों दिखा रहे हो। इसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। शाला भवन, किचन शेड, शौचालय की राशि का गबन करने वाले सरपंच सचिवों की चल-अचल संपत्ति की कुर्की कर नीलामी की जाये। ऐसे सरपंच सचिवों के नाम पर कोई भी चल-अचल संपत्ति न हो इसे माना नहीं जा सकता है। ऐसे प्रकरणों को बिना किसी विलंब के संबंधित एस.डी.एम. के पास प्रस्तुत करें। जिससे एस.डी.एम. ऐसे सरपंच-सचिवों को जेल भेजने की कार्यवाही करेंगें। उन्होंने सभी एस.डी.एम. को भी निर्देशित किया कि वे ऐसे सरपंच-सचिवों को तत्परता से जेल भेजने की कार्यवाही करें।
बिना संपत्ति के सरपंच एवं ठेकेदार कैसे बने
वसूली प्रकरणों की समीक्षा के दौरान पाया गया कि लांजी जनपद की एक ग्राम पंचायत का सरपंच स्कूल भवन की राशि का गबन कर वहां से गायब हो गया है। लांजी तहसीलदार का कहना है कि उस सरपंच के नाम से वहां पर कोई चल-अचल संपत्ति नहीं है और वह सरपंच बैहर तहसील में चला गया है। उस सरपंच के बारे में जानकारी उपलब्ध कराने के लिए बैहर तहसीलदार को लिखा गया है। इसी तरह का मामला वारासिवनी तहसील में भी पाया गया। किसी ठेकेदार के दो श्रमिकों की खदान में दबने से मृत्यु हो गई थी। लेबर कोर्ट द्वारा उस ठेकेदार से 2 लाख 40 हजार रु. वसूल कर मृतकों के परिजनों को देने के लिए कहा गया है। लेकिन नायब तहसीलदार वारासिवनी ने बताया कि उस ठेकेदार के पास कोई भी चल-अचल संपत्ति नहीं है। इस पर कलेक्टर ने लांजी व वारासिवनी के नायब तहसीलदार एवं बैहर के तहसीलदार को जमकर फटकार लगाई और कहा कि गबन करने वाले सरपंच श्रमिकों की जान जोखिम में डालने वाले ठेकेदार को बिना सजा के नहीं छोड़ना है। ऐसे लोगों को जेल ही भेजना है।
धारा-40 के प्रकरणों पर त्वरित कार्यवाही करें
कलेक्टर श्री किरण गोपाल ने बैठक में सभी एस.डी.एम. को निर्देशित किया कि पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 वाले प्रकरणों पर त्वरित कार्यवाही करें। ऐसे प्रकरणों में सरपंचों को पद से हटाने की कार्यवाही करें।
अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करें
बैठक में कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सरकारी जमीन पर किये गये अतिक्रमण को सख्ती से हटायें। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय की भूमि पर एक कबाड़ी द्वारा अतिक्रमण किया गया है। इसी प्रकार रामपायली के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन की भूमि एवं ग्राम बेहराभाटा के स्वास्थ्य केन्द्र भवन की भूमि पर भी अतिक्रमण किया गया है। सिविल सर्जन ने बताया कि जिला चिकित्सालय बालाघाट में तीन स्वीपरों द्वारा अतिक्रमण कर पक्के झोपड़े बना लिये गये है और उनमें बिजली का कनेक्शन भी हो गया है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदारों को निर्देशित किया कि वे स्वास्थ्य विभाग की जमीन पर किये गये अतिक्रमण को सख्ती से हटाने की कार्यवाही करें।
22 पंचायतों के सरपंचों से वसूली जायेगी, शाला भवन एवं अतिरिक्त कक्ष की 38 लाख 42 हजार रु. की राशि
- कलेक्टर ने दिये चल-अचल संपत्ति की कुर्की-नीलमी के निर्देश
जिले की 22 ग्राम पंचायतों के सरपंचों द्वारा सर्व शिक्षा अभियान की राशि से मंजूर किये गये शाला भवन एवं अतिरिक्त कक्ष निर्माण के 27 कार्यों को अधूरा छोड़ कर राशि का गबन कर लिया है। इन सरपंचों के विरूध्द आर.आर.सी. जारी कर राशि वसूल करने की कार्यवाही की जा रही है। कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल ने इन सरपंचों की चल-अचल संपत्ति की कुर्की व नीलामी कर राशि वसूल करने के निर्देश दिये है। सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक श्री विनय रहांगडाले ने बताया कि 22 ग्राम पंचायतों के सरपंचों से शाला भवन एवं अतिरिक्त कक्ष की 44 लाख 4 हजार 987 रु. की राशि वसूल की जाना है। इसके लिए आर.आर.सी. प्रकरण दर्ज कर संबंधित तहसीलदारों द्वारा राशि वसूलने की कार्यवाही की जा रही है। अब तक मात्र 5 लाख 72 हजार 472 रु. की राशि ही वसूल की गई है। 23 पंचायतों के सरपंचों से 38 लाख 42 हजार 509 रु. की राशि वसूल करना शेष है। लांजी जनपद की ग्राम पंचायत सोगलपुर व रमपूरी के सरपंच से 3 लाख 94 हजार 333 रु., बिसोनी के सरपंच से 21 हजार 499 रु., बालाघाट जनपद की ग्राम पंचायत सेरवी के सरपंच से 5150 रु., अमेंडा-डी. के पी.टी.ए. से 26 हजार 968 रु., परसवाड़ा के सरपंच से एक लाख 68 हजार 909 रु., लालबर्रा जनपद की ग्राम पंचायत पांढरवानी के सरपंच से 93 हजार 662 रु., किरनापुर जनपद की ग्राम पंचायत कोसमारा के सरपंच से 2 लाख 20 हजार 632 रु., वारा के सरपंच से 32 हजार 712 रु., नक्शी के सरपंच से 3 लाख 52 हजार147 रु., लवेरी के सरपंच से एक लाख 42 हजार 329 रु. की राशि वसूल की जाना शेष है। बैहर जनपद की ग्राम पंचायत बम्हनी के सरपंच से 8 लाख 64 हजार 189 रु., जत्ता के सरपंच से एक लाख 6 हजार 425 रु., मोहरई के सरपंच से 12 हजार 325 रु., आमागहन के सरपंच से 99 हजार रु., बिठली के सरपंच से 2 लाख 30 हजार 214 रु., भंडेरी के सरपंच से एक लाख 62 हजार 238 रु., खजरा के सरपंच से एक लाख 30 हजार 718 रु., खैरलांजी जनपद की ग्राम पंचायत शंकरपिपरिया के सरपंच से 3 लाख 93 हजार 734 रु., किन्ही के सरपंच से 26 हजार 995 रु., परसवाड़ा जनपद की ग्राम पंचायत फत्तेपुर के सरपंच से 28 हजार 250 रु., सीताडोंगरी के सरपंच से 49 हजार 629 रु. तथा बिरसा जनपद की ग्राम पंचायत बाकल के सरपंच से 2 लाख 5 हजार 650 रु. व बकरकट्टा के सरपंच से 75 रु. की राशि वसूल की जाना शेष है। इन 22 ग्राम पंचायतों के सरपंचों से कहा गया है कि वे शेष राशि शीघ्र जमा करा दें। राशि जमा नहीं करने पर उनकी चल-अचल संपत्ति कुर्क कर नीलामी की जायेगी और बकाया राशि वसूल की जायेगी। राशि जमा नहीं करने पर इन पंचायतों के सरपंचों को जेल की भी सजा हो सकती है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें