आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को वाराणसी संसदीय सीट से अपना नामांकन दाखिल कर दिया। केजरीवाल ने नामांकन से पहले रोड शो किया, जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान केजरीवाल ने उपस्थित भारी भीड़ को संबोधित करते हुए भाजपा नेता नरेंद्र मोदी और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर जोरदार हमला किया, और खुद को आम आदमी बताया।
मोदी के खिलाफ जंग का ऐलान करने के बाद वाराणसी पहुंचे दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल का शहर में अबतक का सबसे बड़ा शक्ति प्रदर्शन था। कांग्रेस से अजय राय यहां से तीसरे प्रमुख उम्मीदवार हैं। केजरीवाल को जिलाधिकारी कार्यालय तक की तीन किलोमीटर लंबी दूरी तय करने में लगभग तीन घंटे लग गए, जहां उन्होंने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और आशुतोष उनके साथ थे।
केजरीवाल पूरे रास्ते भर रुक-रुक कर भीड़ को संबोधित करते रहे। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि मोदी यहां से चुनाव जीते तो वह भी यहां उसी तरह कभी नहीं दिखेंगे, जिस तरह अमेठी में राहुल। केजरीवाल ने यह सवाल भी उठाया कि आखिर मोदी और राहुल के पास देश भर में चुनाव प्रचार में बहाने के लिए इतना पैसा कहां से आ रहा है। केजरीवाल ने कहा, "बताया जा रहा है कि कोई 5,000 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है तो कोई 10,000 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है। विरोधी पार्टियों के पास इतना पैसा कहां से आ रहा है? जो कंपनियां चुनाव के समय 5,000 करोड़ रुपये दे रही हैं, वही चुनाव बाद पांच लाख करोड़ रुपये वसूलेंगी।"
केजरीवाल ने कहा, "इस बार जनता कॉरपोरेट घरानों द्वारा नियंत्रित राजनीति का अंत करेगी और आम आदमी की सरकार बनाएगी। हमारे पास पैसा नहीं है लेकिन हम सच्चाई के मार्ग पर चल रहे हैं, इसीलिए ईश्वर हमारे साथ है।" केजरीवाल ने जनता से कहा कि वह इस भ्रष्टतंत्र को दूर करने के लिए राजनीति में आए हैं। उनकी जेब में केवल 500 रुपये हैं, लेकिन उन्हें जनता के विश्वास के बल पर चुनाव लड़ने का भरोसा है।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "मैं कुछ दिनों के लिए अमेठी गया था, चुनाव प्रचार करने के लिए। वहां के लोग कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से बहुत नाराज हैं। वहां के लोग बता रहे थे कि राहुल केवल पांच वर्षो में एक बार दिखते हैं। चुनाव के बाद उनका पता नहीं लगता है।" भाजपा उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए केजरीवाल ने कहा, "मैंने सुना है कि मोदी जी कल अपना नामांकन दाखिल करेंगे और उनका हेलीकॉप्टर बीएचयू परिसर में उतरेगा और वह मालवीय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी शुरुआत करेंगे। "
केजरीवाल ने कहा कि पं.मदन मोहन मालवीय ने कभी बीएचयू परिसर के भीतर नेताओं को घुसने नहीं दिया लेकिन इस बार मोदी वहीं से अपना सिलसिला शुरू करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि काशी की जनता उसे ही स्वीकार करेगी जो यहां की समस्याओं को दूर करने के लिए यहां लोगों के बीच रहकर काम करे। ऐसे लोग नहीं चाहिए जो पांच वर्ष में केवल एक बार हेलीकॉप्टर से दिखते हों। केजरीवाल ने कहा, "मुझे डर है कि कहीं अमेठी की तरह ही यहां की जनता के साथ भी धोखा न हो जाए।"
केजरीवाल के रोड शो में भीड़ इतनी थी कि आधा मील लंबी सड़क भरी हुई थी। तमाम दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर रोड शो में शामिल होते गए। सैकड़ों लोग रोड डिवाइडर्स पर खड़े होकर देख रहे थे, या फिर सड़क के दोनों ओर अपनी घरों की छतों से केजरीवाल को निहार रहे थे। केजरीवाल ने अपने भाषण में भाजपा शासित नगर प्रशासन पर, गंगा को गंदा बनाने के लिए, जमकर हमला किया। जब वह एक मस्जिद के पास से गुजरे तो तमाम लोगों ने बाहर निकल कर उनका अभिवादन किया। केजरीवाल ने भी हाथ हिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।
तमतमाती धूप में कई लोगों ने केजरीवाल को पानी और ठंढे पेय की पेशकश की लेकिन उन्होंने विनम्रता से इंकार कर दिया। सिर्फ दो स्थानों पर ही ऐसा हुआ कि 10-15 लोगों ने मोदी के समर्थन में नारे लगाए, वर्ना पूरा शो केजरीवाल का था। एक व्यक्ति ने नाम न जाहिर करने के अनुरोध के साथ कहा कि "मेरा दिल इस आदमी के लिए धड़कता है। वह बहुत ही अच्छे व्यक्ति हैं। लेकिन अफसोस कि वह मोदी के खिलाफ जीत नहीं सकते।" सलीम सिद्दीकी नामक एक अन्य व्यक्ति ने कहा, "केजरीवाल को बाहरी नहीं कहा जा सकता। मोदी भी तो वही हैं। (2009 में यहां चुनाव जीत चुके) मुरली मनोहर जोशी भी तो बाहरी थे।"
सलीम ने कहा, "और दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए भी केजरीवाल को क्यों कोसना चाहिए? उन्होंने सिद्धांतों पर इस्तीफा दिया। यदि आप मुझसे पूछें तो मोदी को भी गुजरात दंगे के बाद इस्तीफा दे देना चाहिए था।" वाराणसी सीट पर लड़ाई उस समय सुर्खियों में आ गई, जब केजरीवाल ने वहां से चुनाव लड़ने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मोदी और राहुल को हराना देशहित में जरूरी है। 16 लाख मतदाताओं वाली वाराणसी सीट पर मतदान अंतिम चरण में 12 मई को होगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें