कलेक्टर ने गेंहू खरीदी केन्द्र का किया निरीक्षण
- पात्र किसानों से निर्धारित मात्रा में ही खरीदें गेंहू-कलेक्टर
पन्ना 23 अप्रैल 14/जिलेभर में 41 खरीदी केन्द्रों में सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों से समर्थन मूल्य पर गेंहू का उपार्जन किया जा रहा है। उपार्जन एक अप्रैल से 26 मई तक किया जाएगा। कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने अजयगढ तहसील के अजयगढ तथा बनहरी खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बनहरी खरीदी केन्द्र में दर्ज किसानों तथा उनके द्वारा दिए गए भूमि विवरण की जानकारी का सत्यापन न होने पर नराजगी प्रकट किया। उन्होंने कहा कि केवल पंजीकृत किसानों से ही गेंहू का उपार्जन करें। राजस्व अधिकारियों द्वारा सत्यापित किए गए किसान के बोए गए क्षेत्रफल एवं औसत उपज के अनुसार निर्धारित मात्रा में ही गेंहू खरीदें। निर्धारित सीमा से अधिक गेंहू क्रय करने पर कडी कार्यवाही की जाएगी। खरीदी केन्द्र में किसी भी स्थिति में व्यापारी अथवा सार्वजनिक वितरण प्रणाली का गेंहू पाया जाता है तो एफआईआर दर्ज कराके कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित महाप्रबंधक सहकारी बैंक आर.के. पचैरी को निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक खरीदी केन्द्र में भुगतान के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराएं। किसान को एक सप्ताह में अनिवार्य रूप से भुगतान सुनिश्चित करें। खरीदे गए गेंहू के समय पर उठाव तथा भण्डारण की पूरी व्यवस्था करें। गेंहू खरीदी केन्द्रों का नियमित निरीक्षण करें। खरीदी के लिए किसानों को एसएमएस भेजे जाते हैं उसी के अनुसार क्रमवद्ध खरीदी सुनिश्चित करें। खरीदे गए गेंहू की गुणवत्ता का ध्यान रखें। सभी खरीदी केन्द्रों में पर्याप्त संख्या में बारदाने उपलब्ध कराएं। उपार्जित गेंहू के तोल की भी उचित व्यवस्था करें। निरीक्षण के समय तहसीलदार डी.एस. पेण्ड्रो, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत अजयगढ चन्द्रसेन सिंह, एसडीओपी एस.एस. मरकाम तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर एक मई से
पन्ना 23 अप्रैल 14/जिला खेल और युवक कल्याण अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रीष्मकालीन अवकाश के सदउपयोग हेतु गत वर्षो की भांति इस वर्ष भी ग्रीष्मकालीन ख्ेाल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर एक मई से 31 मई 2014 तक जिले के चिन्हित पायका केन्द्रों, विकासखण्ड तथा जिला स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। इन प्रशिक्षण शिविरों के लिए शासन के विभिन्न विभागों द्वारा खेल मैदान एवं प्रशिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। शिविर में प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक तथा शाम 5 से 7 बजे तक प्रतिदिन प्रशिक्षण दिया जाता है। यह शिविर खेल और युवक कल्याण तथा स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किए जाते हैं। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा प्रशिक्षकों की व्यवस्था तथा खिलाडियों को पौष्टिक आहार जनसहयोग के माध्यम से उपलब्ध शिविर में राष्ट्रीय, अन्तराष्ट्रीय, सेवा निवृत्त, शारीरिक शिक्षकों, प्रशिक्षकों से सहयोग लिया जाता है। इसके अलावा जिले में सक्रिय खेल संघों द्वारा सहयोग दिया जाता है। जिला मुख्यालय पर बेडमिन्टन, फुटबाल, टेबिल टेनिस, कबड्डी, जुडो, खो-खो, एथेलेटिस्क, मलखम, बास्केटबाल, बाक्सिंग, बालीबाल, क्रिकेट आदि खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण शिविर में 9 से 18 वर्ष आयु के बालक, बालिकाएं भाग ले सकते हैं।
निर्माण कार्यो को तय समयसीमा में पूरा कराएं-कलेक्टर
- कलेक्टर ने किया कई निर्माण कार्यो का निरीक्षण
पन्ना 23 अप्रैल 14/जिले में ग्रामीण विकास विभाग तथा बुन्देलखण्ड विशेष पैकेज से कई निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने अजयगढ क्षेत्र के भ्रमण के दौरान कई निर्माण कार्यो का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम प्रतापपुर, भुजवई, गुछारा, बनहरीकला तथा धरमपुर में कराए जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यो का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यो को तय समयसीमा में पूरा कराएं। निर्माणाधीन स्टाप डेम 30 मई तक अनिवार्य रूप से पूरे करें। निर्माण कार्यो की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। कलेक्टर ने भुजवई में बुन्देलखण्ड पैकेज से 64 लाख रूपये की लागत से बनाए जा रहे स्टाप डेम का निरीक्षण किया। यह बांध रूंज नदी पर बनाया जा रहा है इसकी लम्बाई 70 मीटर तथा ऊंचाई तीन मीटर है। बांध का कार्य लगभग पूरा हो गया है। कलेक्टर ने बांध के किनारों को मजबूत करने तथा दोनों किनारों पर खाली भूमि में वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बांध से अधिकतम किसानों के खेतों में सिंचाई सुनिश्चित करें। उन्होंने भुजवई में पंच परमेश्वर योजना से सीमेन्ट सडक निर्माण का निरीक्षण किया। उन्होंने शाला भवन तथा टंकी निर्माण के लिए भूमि दान की कार्यवाही दो दिवस में पूरी कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्राम गुछारा में बुन्देलखण्ड पैकेज से रूंज नदी पर 75 लाख रूपये की लागत से बनाए जा रहे स्टाप डेम का निरीक्षण किया। इसकी ऊंचाई दो मीटर है। उन्होंने कहा कि स्टाप डेम के दोनों किनारे मजबूत करें जिससे तेज बहाव में कटाव न हो सके। बांध के दोनों किनारों पर पीपल, बरगद, नीम जैसे बडे तथा उपयोगी वृक्षारोपण कराएं। उन्होंने जल संसाधन विभाग द्वारा निर्माणाधीन बांध का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बांध निर्माण के लिए भूअर्जन की कार्यवाही समय पर पूरी कराएं। किसानों की सहमति से ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराएं। निरीक्षण के समय कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा आर.एस. देशवाले, एसडीओ सुरेन्द्र खरे, तहसीलदार डी.एस. पेण्ड्रो, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चन्द्रसेन सिंह, उपयंत्री संतोष जगवानी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिले में समर्थन मूल्य पर अब तक 130547 क्विंटल गेंहू की खरीद
पन्ना 23 अप्रैल 14/जिलेभर में 41 केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर गेंहू खरीद की जा रही है। गेंहू की आॅनलाईन खरीद सहकारी समितियों के माध्यम से की जा रही है। अब तक 1942 किसानों से 130547.09 क्विंटल गेंहू की खरीद की गई है। इस संबंध में अपर कलेक्टर चन्द्रशेखर बालिम्बे ने बताया कि खरीदी केन्द्र पहाडीखेडा में 1556 क्विं., बृजपुर में 4710.50 क्विं., लक्ष्मीपुर में 8031 क्विंटल, देवेन्द्रनगर में 11069.50 क्विं., राजापुर में 5735.50 क्विं., बिरवाही में 9241.50 क्विं, रैगढ में 4377.50 क्विं, अमानगंज में 9754.50 क्विंटल, गुनौर में 3366.50 क्विंटल तथा सलेहा में 932 क्विं. गेंहू की खरीद हुई है। खरीदी केन्द्र पवई में 775.50 क्विं, करही में 665.50 क्विंटल, सिमरिया में 3490 क्विंटल, रैयासांटा में 131 क्विंटल, बोरी में 1031 क्विंटल, रैपुरा में 2607 क्विंटल, बघवारकला में 331 क्विंटल, विपणन समिति देवेन्द्रनगर में 13885.50 क्विंटल, विपणन समिति गुनौर में 17081 क्विंटल, अजयगढ में 225 क्विंटल, बराछ में 2337.50 क्विंटल, ककरहटी 6342 क्विंटल खरीद हो चुकी है। कमताना में 4135 क्विंटल, द्वारी में 2262.50 क्विं, कृष्णगढ में 1112.50 क्विं, मोहन्द्रा में 694 क्विंटल, पगरा में 2929 क्विंटल, झरकुआ में 3652.59 क्विंटल, सहकारी समिति महेबा में 4706 क्विंटल गेंहू की खरीद की जा चुकी है। सुनवानीकला में 2525.50 क्विं, मुडवारी में 487 क्विंटल, पवई में 366 क्विंटल की खरीद हुई है। खरीदे गए गेंहू का लगातार परिवहन तथा भण्डारण किया जा रहा है।
रेत का अवैध परिवहन करते चार वाहन जप्त, चार वाहनों पर 3.24 लाख जुर्माना
पन्ना 23 अप्रैल 14/खनिज पदार्थो के अवैध उत्खनन तथा परिवहन पर नियंत्रण के लिए कलेक्टर आर.के. मिश्रा द्वारा तैनात दलों द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। राजस्व, पुलिस तथा खनिज विभाग के अधिकारियों ने गत दिवस चार वाहनों को रेत का अवैध परिवहन करते हुए जप्त किया। इस संबंध में जिला खनिज अधिकारी के.पी. दिनकर ने बताया कि जप्त वाहनों के विरूद्ध गौण खनिज नियम 1996 के तहत प्रकरण दर्ज कर वाहन चालकों को नोटिस जारी किए गए। इन सभी पर कुल 3 लाख 24 हजार 400 रूपये का जुर्माना लगाया गया। वाहन क्रमांक एमपी-35-एचए-0407 के चालक मीजाजी साहू पर 60 हजार 900 रूपये तथा वाहन क्रमांक एमपी-06-एचसी-7063 के चालक पप्पू बघेल पर 60 हजार रूपये जुर्माना लगाया गया। इसी तरह वाहन क्रमांक एमपी-16 एच-1901 के चालक मुरारी चैरसिया पर 60 हजार रूपये तथा वाहन क्रमांक एमपी-16-एच-1042 के चालक बृजेन्द्र तिवारी के विरूद्ध एक लाख 44 हजार रूपये का जुर्माना लगाया गया। जुर्माने की राशि जमा करने के बाद वाहन मुक्त किए गए।
युवाओं को स्वरोजगार प्रशिक्षण 28 अप्रैल से
पन्ना 23 अप्रैल 14/ग्रामीण विकास विभाग तथा भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रशिक्षणार्थियों को 28 अप्रैल से 12 मई तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण में लाईट मोटर व्हीकल ड्राइविंग शामिल है। प्रशिक्षण होटल हेमराज पैलेस में दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण पूर्णतः आवासीय है। प्रशिक्षण में शामिल प्रशिक्षणार्थियों को आवास एवं भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। ग्रामीण क्षेत्र में गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाले परिवार के शिक्षित बेरोजगार युवक प्रशिक्षण का लाभ ले सकते हैं। इसके लिए शैक्षणिक योग्यता न्यूनतम 8वीं पास निर्धारित की गई है। प्रत्येक ग्राम पंचायत से अधिकतम 2 उम्मीदवार ही प्रशिक्षण में शामिल हो सकते हैं।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें