कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के बचाव में उतरे पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह का कहना है कि यदि राहुल इस बात को स्वीकार्य कर रहे हैं कि संप्रग सरकार से कुछ गलतियां हुई हैं तो यह उनका बड़प्पन है। उन्होंने कहा कि गलती किस सरकार से नहीं होती, जो दौड़ता है वही गिरता है, सरकार से कुछ गलतियां हुईं हैं यह मानना राहुल जी का बड़प्पन हैं। दिग्विजय ने बुधवार को यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान आम आदमी पार्टी की नेत्री शाजिया इल्मी की मुसलमानों को सांप्रदायिक बनने की सलाह संबंधी खुलासे पर कहा कि यह निंदनीय है।
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी के वैवाहिक जीवन पर टिप्पणी करते हुए दिग्विजय ने कहा कि मोदी जब इससे पहले विधानसभा के तीन चुनावों में अपनी वैवाहिक स्थिति स्पष्ट नहीं की तो आयोग को उनका नामांकन खारिज कर देना चाहिए था। आयोग ने इस मामले में अनदेखी की और हमारी गलती थी कि हमने यह मामला उठाया नहीं। केन्द्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा द्वारा मोदी पर की गई टिप्पणी के सवाल पर टालते हुए कहा कि वे महान नेता हैं। मोदी को लेकर दिए जा रहे चुनावी नारों पर उन्होंने कहा कि 'हर हर मोदी' और 'नमो नमो' के नारे से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, भाजपा को इसके लिए क्षमा याचना करनी चाहिए।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें