नरेंद्र मोदी ने दिल्ली का आभार व्यक्त किया - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 17 मई 2014

नरेंद्र मोदी ने दिल्ली का आभार व्यक्त किया

लोकसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत हासिल की और अपने दम पर लोकसभा में बहुमत हासिल किया। इस जीत में नरेंद्र मोदी की सबसे बड़ी भूमिका रही है। एनडीए को शानदार जीत दिलाने के बाद आज दिल्ली पहुंचे नरेंद्र मोदी का जबरदस्त स्वागत किया गया। राजनाथ, गडकरी और हर्षवर्धन ने उनका स्वागत किया। उनके भव्य स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर समर्थकों की भारी भीड़ जमा थी। लोग नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगा रहे थे। मोदी की इस विजय यात्रा में काफी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।

मोदी के स्वागत में दिल्ली की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ा पड़ा था। मोदी के भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर उनका शानदार स्वागत किया गया। वहां लोगों को संबोधित करते हुए मोदी ने सम्मान के लिए लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं के मेहनत का परिणाम है।

भाजपा मुख्यालय पर मोदी के स्वागत समारोह के बाद भाजपा संसदीय दल की बैठक शुरू हुई। इसमें मोदी के अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, राजनाथ सिंह, मुरली मनोहर जोशी, रामलाल और सुषमा स्वराज भी उपस्थित थे। बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक के बाद भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह मीडिया को संबोधित किया। राजनाथ ने कहा कि पार्टी ने जो कारनामा किया है उसका सबसे अधिक श्रेय किसी को है तो वह नरेंद्र मोदी को है। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में अबतक कोई पार्टी नहीं थी जो कांग्रेस को इतनी मजबूती से जवाब दे सके। मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने न सिर्फ कांग्रेस को करारी शिकस्त दी बल्कि अपने दम पर पार्टी को बहुमत दिलाया। इतना ही नहीं राजग गठबंधन को 336 सीटें भी दिलवाई। राजनाथ ने कहा कि 20 मई को संसदीय बोर्ड की बैठक में मोदी के शपथग्रहण के तारीख की घोषणा की जाएगी।

दिल्ली के बाद नरेंद्र मोदी आज शाम वाराणसी जाएंगे। यहां सबसे पहले वह काशी विश्वनाथ मंदिर में भगवान के दर्शन करेंगे और फिर गंगा आरती और पूजन में भाग लेंगे। देश के भावी प्रधानमंत्री के वाराणसी आगमन को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, खासकर काशी विश्वनाथ मंदिर और दशाश्वमेध घाट पर सुरक्षा का कड़ा पहरा लगाया गया है। राज्य पुलिस के साथ-साथ लोकल इंटेलिजेंस और गुजरात पुलिस के अधिकारी लगातार इन जगहों पर सुरक्षा इंतजामों का मुआयना कर रहे हैं। मोदी के वाराणसी आगमन को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। लोगों ने खास तरह की कुछ नाव तैयार की हैं, जिस पर 51 पंडित मोदी के लिए पूजन करेंगे और मोदी इन्हीं नावों में किसी एक पर बैठेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं: