बालाघाट (मध्यप्रदेश) की खबर (21 मई) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 21 मई 2014

बालाघाट (मध्यप्रदेश) की खबर (21 मई)

कलेक्टर ने बुदबुदा एवं शेरपार में चौपाल लगाकर सुनी जनता की समस्यायें
balaghat news
ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन का जायजा लेने एवं ग्रामीण जनता की समस्याओं के त्वरित निदान के मकसद से कलेक्टर श्री व्ही.किरण गोपाल ने आज वारासिवनी विकासखंड के ग्राम बुदबुदा एवं शेरपार में चौपाल लगाई थी। इसमें जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तरूण राठी, सहायक कलेक्टर श्री दीपक आर्या एवं सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद थे। इन ग्रामों में आयोजित चौपाल में जनपद पंचायत वारासिवनी की अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा निरंजन बिसेन एवं जनपद सदस्य श्री पीताम्बर नागेश्वर भी मौजूद रहे। 

18 माह से आवास की दूसरी किश्त नहीं मिली
ग्राम बुदबुदा एवं शेरपार में ग्रामीणों से चर्चा के दौरान कलेक्टर श्री किरण गोपाल ने मनरेगा की मजदूरी का भुगतान, लाड़ली लक्ष्मी योजना, जननी सुरक्षा योजना, उचित मूल्य दुकान से राशन के वितरण एवं पेंशन वितरण के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि बैंक आफ महाराष्ट्र बुदबुदा एवं भारतीय स्टेट बैंक कोचेवाही द्वारा मुख्यमंत्री आवास योजना के प्रकरणों में ऋण नहीं दिया जा रहा है। बुदबुदा में लिखनलाल मेश्राम ने शिकायत की कि उसे अब तक राशन कार्ड नहीं मिला है। काशीराम आमाडारे ने बताया कि उसे 18 माह से आवास निर्माण के लिए दूसरी किश्त नहीं मिली है। बालिका कुमारी किरण मेश्राम ने बताया कि वह गरीब है और स्नातक के आगे पढ़ाई करना चाहती है। इसके लिए उसे आर्थिक सहायता चाहिए। ग्रामीणों की इन समस्याओं को सुनने के बाद कलेक्टर ने कहा कि इन शिकायतों पर शीघ्र ही कार्यवाही की जायेगी। 

नल-जल योजना का पानी पीने लायक नहीं
बुदबुदा में ग्रामीणों ने शिकायत की कि उनके ग्राम में नल-जल योजना से प्रदाय किया जाने वाला पानी पीने के लायक नहीं है। प्राथमिक स्कूल के पीछे के कुएं को बंद कर दिया गया है। नज-जल योजना में पानी को शुध्द करने की व्यवस्था की जाये या प्राथमिक स्कूल के पास पुराने कुंए के स्थान पर नया कुआं बनाया जाये। इसी तरह की शिकायत ग्राम शेरपार में ग्रामीणों ने की कि प्राथमिक स्कूल के पास के हैंडपंप से गंदा पानी आता है। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी से इस बारे में जानकारी देने कहा तो उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को पेयजल प्रयोगशाला में जांच के बाद ही प्रदाय किया जा रहा है। कलेक्टर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी के इस जवाब पर बिफर पड़े और कहा कि तुम स्वयं पानी को पीकर देखो, जब तुम्हे लगें कि पानी शुध्द है तो पीने के लिए प्रदाय करो, अन्यथा तत्काल ग्रामीणों के लिए दूसरा इंतजाम करो।

पटवारी गांव में नहीं आता, कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश
बुदबुदा में ग्रामीणों ने शिकायत की कि पटवारी भूनेश लिल्हारे को उन्हें कभी गांव में नहीं देखा है। ग्रामीणों के सीमांकन के प्रकरण भी लंबित है। पटवारी कटंगी में रहता है और वहां से ही आना-जाना करता है। इस पर कलेक्टर ने पटवारी को फटकार लगाते हुए कहा कि वे निर्धारित दिनों में गांवों में अवश्य जायें और अपने नियत मुख्यालय में रहें। उन्होंने वारासिवनी के एस.डी.एम. को निर्देशित किया कि वे पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी करें कि क्यों न इस लापरवाही के लिए उसके विरूध्द निलंबन की कार्यवाही की जाये।

स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मुख्यालय में नहीं रहते
बुदबुदा में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की जानकारी लेने पर ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि यहां पर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र है और उसमें आयुष की डाक्टर भी पदस्थ है। लेकिन स्वास्थ्य केन्द्र की स्टाफ नर्स एवं ए.एन.एम. मुख्यालय में न रहकर वारासिवनी से आना-जाना करती है। स्वास्थ्य केन्द्र का ड्रेसर बिसेन भी मरहम पट्टी के लिए मरीज को अपने घर पर बुलाता है और उसके रूपये भी लेता है। इस पर कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि वे मुख्यालय पर नहीं रहने वाली स्टाफ नर्स एवं ए.एन.एम. पर कड़ी कार्यवाही करें। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे ड्रेसर के विरूध्द कोई पुख्ता प्रकरण बतायें तो तत्काल उसके निलंबन की कार्यवाही की जायेगी। हवा-हवाई शिकायत पर कार्यवाही नहीं होगी। कलेक्टर ने बुदबुदा के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण भी किया और वहां की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। 

घोषणा पत्र के आधार पर राशन देने के निर्देश
ग्राम सेरपार में बहुत से ग्रामीणों ने शिकायत की कि उनके पास राशन कार्ड होने के बाद भी उन्हें उचित मूल्य दुकान से राशन नहीं मिल रहा है। इस पर कलेक्टर ने मौके पर मौजूद कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि जिन बी.पी.एल. राशन कार्ड धारकों को अब तक पात्रता पर्ची नहीं मिली है उन्हें उनके घोषणा पत्र के आधार पर उचित मूल्य दुकान से राशन दिलवायें। 

शेरपार के सचिव को पद से हटाने के निर्देश
ग्राम शेरपार में बहुत सी बुजुर्ग महिलायें एवं विकलांग ऐसे मिले जिन्हें पेंशन नहीं मिल रही है। ग्रामीणों ने शिकायत की ग्राम पंचायत के सचिव द्वारा मनरेगा के कार्यों एवं सी.सी. रोड निर्माण में भारी अनियमिततायें की गई है। मनरेगा के जाब कार्ड में सचिव द्वारा मजदूरी की एन्ट्री नहीं की जाती है। ग्राम के श्रमिकों का पंजीयन नहीं किया गया है। इस पर कलेक्टर ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से कहा कि वे अगले दिन ही शेरपार पंचायत के निर्माण कार्यों की जांच के लिए दो अधिकारी भेजें और ग्रामीणों के बयान लेकर सचिव तुलसीदास दसमेर को पद से हटाने की कार्यवाही करें। 

बैंक कियोस्क संचालक रिश्वत मांगता है
ग्राम सेरपार में ग्रामीणों ने शिकायत की कि मनरेगा की मजदूरी भुगतान एवं पेंशन भुगतान के दौरान बैंक कियोस्क संचालक द्वारा हितग्राहियों के अंगूठे व अंगुलियों का मशीन में मिलान न होने के कारण भुगतान नहीं किया जाता है। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि बैंक कियोस्क के संचालक द्वारा 100 रु. तक की रिश्वत मांगी जाती है और यह राशि देने पर अंगूठे व अंगुलियों के निशान का मशीन में मिलान हो जाता है। इस पर कलेक्टर ने ग्रामीणों से कहा कि जिन व्यक्तियों के अंगूठे व अंगुलियों के निशान का मशीन में मिलान नहीं हो रहा है उनके लिए भुगतान की दूसरी व्यवस्था कर दी जायेगी। बैंक कियोस्क संचालक हरिश रहांगडाले द्वारा भुगतान के लिए रिश्वत लेने के प्रकरण की शीघ्र ही जांच कराई जायेगी और उसके विरूध्द थाने में प्रकरण दर्ज कराया जायेगा। 

ग्राम आरोग्य केन्द्र में क्या-क्या मिलता है
कलेक्टर श्री किरण गोपाल ने ग्राम शेरपार में ग्रामीणों से पूछा कि उनके ग्राम में ग्राम आरोग्य केन्द्र कहां पर है और उसमें क्या-क्या मिलता है। आशा कार्र्यकत्ता की सेवायें समय पर ग्रामीणों को मिलती है या नहीं। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि ग्राम में ग्राम आरोग्य केन्द्र है और आशा कार्र्यकत्ता की सेवायें भी मिल रही है। आशा कार्र्यकत्ता ने बताया कि आरोग्य केन्द्र से 16 प्रकार की दवायें नि:शुल्क प्रदान की जाती है। इस पर कलेक्टर ने ग्रामीणों को बताया कि ग्राम आरोग्य केन्द्र में बुखार, मलेरिया, उल्टी-दस्त व अन्य सामान्य बीमारियों की दवायें नि:शुल्क प्रदान की जाती है। इस केन्द्र का जनता का लाभ उठाना चाहिए। 

कलेक्ट्रेट में दिलाई गई आतंकवाद विरोधी शपथ

पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री राजीव गांधी का शहादत दिवस जिले में भी आंतकवाद विरोधी दिवस के रूप में मनाया गया। कलेक्ट्रेट कार्यालय में आज प्रात: 11 बजे अपर कलेक्टर श्री दिलीप कापसे ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाई कि हम भारतवासी अपने देश की अंहिसा एवं सहनशीलता की परंपरा में दृढ विश्वास रखेंगें और सभी प्रकार के आतंकवाद और हिंसा का डटकर विरोध करेगे। हम मानव जाति के सभी वर्गो के बीच शांति, सामाजिक सद्भावना तथा सूझबूझ कायम करने और मानव जीवन मूल्यों को खतरा पहुंचाने वाली और विघटनकारी शक्तियों से लडने की भी शपथ लेते है।

तहसीलदारों को किराये पर वाहन उपलब्ध कराने 28 मई तक निविदा आमंत्रित
जिले में पदस्थ तहसीलदारों को अपने कार्यक्षेत्र में भ्रमण के लिए किराये पर वाहन उपलब्ध कराने वाहन स्वामियों से सीलबंद निविदा आमंत्रित की गई है। निविदा आगामी 28 मई को दोपहर 3 बजे तक जमा की जा सकती है। निविदा की शर्तें एवं प्रपत्र 500 रु. की नगद राशि जमा कर कलेक्ट्रेट कार्यालय की नाजीर शाखा से प्राप्त किये जा सकते है। तहसीलदारों के  किराये पर बोलेरो/ स्कार्पियो/ टाटा सफारी/ इनोवा/ टवेरा/जाईलो/टाटा इंडिगो आदि वाहनों की आवश्यकता है। 

छात्र-छात्रायें ले रहे है रायफल शूटिंग का प्रशिक्षण
balaghat news
आदिवासी विकास विभाग की अभिनव पहल के अंतर्गत सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री सत्येन्द्र मरकाम के मार्गदर्शन में ग्रीष्म कालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से आदिवासी विकास विभाग की शालाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को बैहर में रायफल शूंटिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आदिवासी विकास विभाग के जिला क्रीड़ा प्रभारी डी.के. मेश्राम ने बताया कि सहायक आयुक्त श्री मरकाम के निर्देश पर खेल परिसर बैहर के पी.टी.आई. नवजीत सिंह परिहार को खेल अकादमी लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल म.प्र. रायफल शूटिंग का प्रशिक्षण लेने भेजा गया था। नवजीत सिंह परिहार द्वारा खेल परिसर बैहर में ग्रीष्म कालीन खेल प्रशिक्षण लगाकर छात्र-छात्राओं को रायफल शूटिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। रायफल शूटिंग का प्रशिक्षण लेने वाले इन छात्र-छात्राओं को भविष्य में स्कूल आफ गेम्स फेडरेशन इंडिया के अंतर्गत होने वाली संबंधित शालेय खेल प्रतियोगिताओं में शामिल कराने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। छात्र-छात्राओं को रायफल शूटिंग के प्रशिक्षण में पी.टी.आई. संजीत सिंह एवं अधीक्षक बी.एस. सैयाम का निरंतर सहयोग प्राप्त हो रहा है। 

कोई टिप्पणी नहीं: