मछली पालन के लिए तैयार करें बेनीसागर तालाब -कलेक्टर
पन्ना 21 मई 14/विभागीय योजनाओं की प्रगति का मौके पर जायजा लेने के लिए कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने पन्ना विकासखण्ड के कई गांव का भ्रमण किया। उन्होंने सहायक संचालक मछली पालन कार्यालय तथा मछली पालन के लिए बनाई गई हेचरी का निरीक्षण किया। उन्होंने मछली पालन के लिए देवेन्द्रनगर तालाब एवं मुटवा तालाब में की गई व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। बेनीसागर तालाब का निरीक्षण करते हुए उन्होंने सहायक संचालक मछली पालन को विस्तृत निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस तालाब की साफ-सफाई कराकर इसे मछली पालन के योग्य बनाएं। उन्होंने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को भी इस कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि बेनीसागर तालाब पन्ना नगर के मध्य में स्थित है। इसकी साफ-सफाई तथा सौन्दर्यीकरण का कार्य पर्यटन विकास निगम से किया जा रहा है। मछली पालन विभाग इसे नगरपालिका से प्राप्त कर इसमें मछुआ सहकारी समितियों के माध्यम से मछली पालन कराएं। तालाब के पानी का परीक्षण करें। यदि वह मछली पालन के योग्य है तो तत्काल इस संबंध में आवश्यक कदम उठाएं। मछली पालन से स्थानीय निवासियों को रोजगार का अवसर मिलने के साथ नगर पालिका की आय में भी वृद्धि होगी। सौन्दर्यीकरण होने के बाद इसे चैपाटी के रूप में विकसित किया जा सकता है। कलेक्टर ने चायनीज हेचरी का निरीक्षण करते हुए कहा कि मछलियों का प्रजनन कार्य जून माह में आरंभ हो जाएगा। इस वर्ष कम से कम दो करोड मछली बीज तैयार कर किसानों को उपलब्ध कराएं। इसके लिए आवश्यक तैयारी आरंभ कर लें। सतना जिले के पौडी हेचरी से स्पान प्राप्त करें। जिले के मछली पालक किसानों को पर्याप्त मात्रा में मछली बीज उपलब्ध कराएं। जल संसाधन विभाग द्वारा बनाए गए बडे तालाबों में भी अनिवार्य रूप से मछली पालन प्रारंभ कराएं। मछुआ सहकारी समितियों से भी सतत संवाद रखकर उन्हें मछली पालन के संबंध में उपयोगी सुझाव दें। निरीक्षण के समय मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती भावना बालिम्बे, वन मण्डलाधिकारी एस.के. गुप्ता, एसडीएम अशोक ओहरी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
वन विभाग की समीक्षा बैठक 23 को
पन्ना 21 मई 14/वन विभाग के तहत संचालित कार्यो, वृक्षारोपण की तैयारी तथा राजस्व वनभूमि सीमा विवाद के निराकरण संबंधी बैठक 23 मई को प्रातः 11 बजे से कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की जा रही है। बैठक में कलेक्टर आर.के. मिश्रा वन विभाग के कार्यो तथा समन्वय की समीक्षा करेंगे। बैठक में भूअर्जन, वन तथा पन्ना टाईगर रिजर्व क्षेत्र में निर्माण कार्य, वृक्षारोपण, वन व्यवस्थापन की समीक्षा की जाएगी। बैठक में राजस्व, उत्तर तथा दक्षिण वन मण्डल एवं पन्ना टाईगर रिजर्व के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। बैठक में वन विभाग द्वारा मनरेगा एवं बुन्देलखण्ड पैकेज के तहत कराए गए निर्माण कार्यो की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी।
आपदा प्रबंधन तैयारी बैठक 26 को
पन्ना 21 मई 14/कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार आगामी माह में वर्षा होने की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए आपदा प्रबंधन तैयारी बैठक 26 मई को कलेक्टर कार्यालय के सभागार में आहुत की गई है। बैठक में आपदा प्रबंधन के संबंध में अभी तक की गई तैयारियों के संबंध में चर्चा की जाएगी। यह बैठक टी.एल. के बाद प्रारंभ होगी। सभी संबंधितों से जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने की अपेक्षा की गई है।
कलेक्टर ने जनवार में चैपाल लगाकर किया आमजन से संवाद
पन्ना 21 मई 14/विकास योजनाओं के क्रियान्वयन तथा मुख्यमंत्री जी की उच्च प्राथमिकता की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेने के लिए सभी अधिकारी नियमित भ्रमण कर रहे हैं। कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने पन्ना विकासखण्ड के ग्राम जनवार में चन्देलकालीन तालाब के किनारे चैपाल लगाकर आमजनता से सीधा संवाद किया। उन्होंने शासन की विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि आमजनता के सहयोग से ही विकास योजनाओं के लक्ष्य पूरे होंगे। शासन युवाओं, महिलाओं, अनुसूचित जाति जनजाति तथा कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए कई प्रयास कर रही है। मनरेगा से हर खेत में मेड बंधान तथा कपिल धारा कूप निर्माण का अवसर दिया जा रहा है। इससे कमजोर वर्ग को रोजगार का अवसर मिलने के साथ आजीविका के स्थाई साधन विकसित हो रहे हैं। कलेक्टर ने कहा कि उचित मूल्य दुकानों से गरीब परिवारों को एक रूपये किलो गेंहू और चावल प्रदान किया जा रहा है। वितरण में यदि किसी तरह की गडबडी हो तो तत्काल इसकी जानकारी दें। राशन कार्ड में निर्धारित मात्रा के अनुसार खाद्यान्न प्राप्त करें। शाला जाने योग्य प्रत्येक बच्चे को शाला में प्रवेश दिलाएं। शिक्षा प्राप्त करके ही वह हर क्षेत्र में विकास के लिए कदम बढाएगा। इसके लिए चलाए जा रहे स्कूल चले हम अभियान में सहयोग करें। आगंनवाडी केन्द्रों से पोषण आहार के वितरण तथा टीकाकरण की सुविधाओं का लाभ हर बच्चे एवं माता को प्राप्त हो। उन्होंने आमजनता से गेंहू उपार्जन, मजदूरी भुगतान, स्वसहायता समूहों की गतिविधि तथा पेंशन वितरण की जानकारी ली।मौके पर उपस्थित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती भावना बालिम्बे ने बताया कि जनवार गांव में मुख्यमंत्री आवास योजना से 54 गरीब परिवारों को कुटीर मंजूर की गई है। इनमें से अधिकांश हितग्राहियों ने अपने कुटीर का निर्माण पूरा कर लिया है। वनाधिकार के पट्टे धारियों के खेत तक जाने के लिए खेत सडक का निर्माण किया जा रहा है। जिसमें वन विभाग द्वारा आपत्ति लगाई गई है। मौके पर उपस्थित वन मण्डलाधिकारी एस.के. गुप्ता ने कहा कि ग्राम पंचायत को सडक निर्माण की अनुमति तत्काल दी जाएगी।मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि जनवार में मनरेगा योजना से शांतिधाम निर्माण, कपिल धारा कूप, मेड बंधान के कार्य जारी हैं। पेयजल के लिए नलजल योजना के साथ दो सार्वजनिक कूपों का भी निर्माण कराया गया है। चैपाल में आमजनता से खाद्यान्न वितरण, पोषण आहार वितरण, ग्राम आरोग्य केन्द्र, पेंशन वितरण, छात्रवृत्ति, वनाधिकार के पट्टे वितरण, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन के संबंध में जानकारी ली गई। चैपाल में एसडीएम पन्ना अशोक ओहरी, एसडीओ वन एस.एन. सिंह, जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आनन्द शुक्ला, खाद्य अधिकारी स्वाती जैन, बीएमओ डाॅ0 अभिषेक जैन, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी संजय सिंह तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
आतंकवाद विरोधी दिवस पर शपथ
पन्ना 21 मई 14/जिले के समस्त शासकीय एवं अर्द्धशासकीय कार्यालयों में आतंकवाद विरोधी दिवस पर पूर्वान्ह 11 बजे शपथ दिलाई गई। इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम में सभी कार्यालयों के अधिकारी, कर्मचारियों ने शामिल होकर शपथ ग्रहण की। कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्ट्रेट परिसर में लगने वाले सभी कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों को अपर कलेक्टर चन्द्रशेखर बालिम्बे द्वारा आतंकवाद विरोधी दिवस की शपथ ग्रहण कराई गई। श्री बालिम्बे ने कहा कि आतंकवाद देश के सामने सबसे बडी चुनौती है। राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में लिप्त अपराधियों का दमन करने में सहयोग करें।
कलेक्टर ने वृक्षारोपण तथा त्रिफला उद्यान का किया निरीक्षण
पन्ना 21 मई 14/कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने उत्तर वन मण्डल पन्ना द्वारा कराए जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यो का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम जनवार में वृक्षारोपण, सकरिया में बुन्देलखण्ड पैकेज से निर्मित परकुलेशन टेंक तथा त्रिफला उद्यान का निरीक्षण किया। उन्होंने सकरिया में जैविक आंवला, मुरब्बा एवं अन्य उत्पाद तैयार करने वाले केन्द्र का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती भावना बालिम्बे, वन मण्डलाधिकारी एस.के. गुप्ता, एसडीएम अशोक ओहरी, एसडीओ वन एस.एन. सिंह तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने कहा कि वृक्षारोपण दीर्घकालीन योजना बनाकर करें। रोपित पौधों की सुरक्षा के पूरे प्रबंध करें। बडे क्षेत्र में वृक्षारोपण करने की स्थिति में आसपास छोटे तालाब अथवा अन्य जल स्त्रोत अवश्य विकसित करें। इनका निर्माण मनरेगा योजना से किया जा सकता है। कई वन क्षेत्रों से जुडे गांव में वन्य जीवों द्वारा खेती को हानि पहुंचायी जा रही है वन सीमा में स्थित किसानों के खेतों में मेड बंधान तथा सुरक्षा दीवार बनाने की कार्ययोजना तैयार करें। इससे किसानों के खेतों में सुधार होने के साथ उन्हें वन्व प्राणियों से फसलों को बचाने में भी मदद मिलेगी। मनरेगा से कार्य मंजूर होने पर रोजगार का भरपूर अवसर मिलेगा। इस वर्ष मनरेगा में 200 करोड से अधिक राशि व्यय करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस राशि से पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के भी कार्य कराए जाएंगे। कलेक्टर ने बुन्देलखण्ड पैकेज से निर्मित परकुलेशन टेंक निरीक्षण करते हुए कहा कि इसकी वेस्ट वियर की ऊंचाई बढाए जिससे तालाब में पानी को एकत्रित होने का समय मिले। उन्होंने सकरिया में त्रिफला उद्यान तथा आंवला उत्पाद निर्माण केन्द्र का निरीक्षण करते हुए कहा कि आंवले से विभिन्न उत्पाद तैयार करने के लिए मजदूरों को प्रशिक्षित करें। आंवले से 30 से अधिक तरह के उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं। बडी संस्थाओं के सहयोग से इनकी भरपूर बिक्री की जा सकती है। आंवला का वृक्षारोपण प्राथमिकता से कराएं। मौके पर उपस्थित वन मण्डलाधिकारी ने बताया कि जनवार तथा छापर में 25 हेक्टेयर क्षेत्र में सुरक्षा दीवार बनाकर 25 हजार पौधे रोपित किए जाएंगे। वृक्षारोपण आगामी वर्षाकाल में होगा। इसमें सागौन, बांस, आंवला जैसे वृक्ष रोपित किए जा रहे हैं। इसके साथ-साथ 60 हेक्टेयर क्षेत्रफल में मिश्रित वृक्षारोपण किया जा रहा है। आगामी 5 वर्षो में 85 हेक्टेयर क्षेत्रफल में हरे-भरे वन तैयार हो जाएंगे। वृक्षारोपण के लिए पौधे तैयार कर लिए गए हैं। इनकी सुरक्षा तथा देखभाल के लिए उचित प्रबंध किए गए हैं।




कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें