छतरपुर (मध्यप्रदेश) की खबर (19 मई) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 19 मई 2014

छतरपुर (मध्यप्रदेश) की खबर (19 मई)

समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

chhatarpur news
छतरपुर/19 मई/कलेक्टर डाॅ. मसूद अख्तर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में टी0एल0 पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान कलेक्टर डाॅ. अख्तर ने जन शिकायत निवारण प्रकोष्ठ एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज प्रकरणों के त्वरित निराकरण सहित शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं से पात्र व्यक्तियों को लाभंावित करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। बैठक में अपर कलेक्टर विकास एवं सीईओ जिला पंचायत डाॅ. सतेन्द्र सिंह, एडीएम एस सी गंगवानी, डिप्टी कलेक्टर रवीन्द्र चैकसे एवं चिरोंजी लाल चनाप, सीएमएचओ डा. के के चतुर्वेदी, उप संचालक सामाजिक न्याय वीरेश सिंह बघेल, ईई, पीएचई पी के गुरू सहित अन्य विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर डाॅ. अख्तर ने कहा कि विभागीय अधिकारी शासन की विभिन्न हितगा्रहीमूलक योजनाओं के तहत प्राप्त लक्ष्य एवं उपलब्धि की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चैहान द्वारा भी वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिये गये हैं। अतः इस कार्य में लापरवाही न बरती जाये। उन्होंने डीपीसी को निर्देशित करते हुये कहा कि आगामी 16 जून से विद्यालय खुल जायेंगे। अतः स्कूल चलें हम अभियान की तैयारियों में लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी आंगनबाड़ी केंद्रों का समय पर खुलना सुनिश्चित करें। कलेक्टर डाॅ. अख्तर ने आगामी दिनों में आयोजित होने वाले अंत्योदय मेले की तैयारियां करने, पेनल्टी से बचने हेतु लोक सेवा गारंटी केंद्र के प्रकरणों में कार्यवाही करने एवं समग्र पोर्टल पर पात्र हितग्राहियों के नाम दर्ज कराने के भी निर्देश दिये। सीईओ जिला पंचायत डाॅ. सतेन्द्र सिंह ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि बीआरजीएफ योजना के तहत निर्मित कराये गये खाली भवनों में पशु औषधालय, आयुर्वेद औषधालय एवं उप स्वास्थ्य केंद्र को शिफ्ट करने की कार्यवाही शीघ्र करें। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास अधिकारी, डीपीसी एवं निर्माण विभागों के कार्यपालन यंत्री यह सुनिश्चित करें कि उनके अधीनस्थ कार्यालयों के परियोजना अधिकारी, बीआरसी एवं उपयंत्री जिले के दूरस्थ एवं पिछड़े क्षेत्रों में संयुक्त भ्रमण करें, जिससे स्कूल चलें हम अभियान सहित अन्य योजनाओं के प्रगति की जानकारी मिल सके।       

पंचायत सचिव के प्रभार में परिवर्तन

छतरपुर/19 मई/मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डाॅ. सतेन्द्र सिंह ने बिजावर जनपद पंचायत सीईओ के प्रतिवेदन पर ग्राम पंचायत पतरा का अतिरिक्त प्रभार ग्राम पंचायत देवरा के सचिव गया प्रसाद दुबे को सौंपा है। अब तक पतरा पंचायत का प्रभार बक्सोही ग्राम पंचायत सचिव गिरीश कुमार शर्मा के पास था, किंतु श्री शर्मा के पास कार्य की अधिकता से काम प्रभावित होने व बक्सोही से पतरा की दूरी अधिक होने के कारण सचिवीय प्रभार में परिवर्तन किया गया है।   

कल मनाया जायेगा आतंकवाद विरोधी दिवस

छतरपुर/19 मई/आतंकवाद को राष्ट्रीय हितों के प्रतिकूल दर्शाने तथा युवकों को आतंकवादी एवं हिंसावादी गतिविधियों से पृथक करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी 21 मई को आतंकवाद विरोधी दिवस मनाया जायेगा। इस अवसर पर समस्त शासकीय कार्यालयों में प्रातः 11 बजे से आतंकवाद विरोधी दिवस की शपथ भी दिलाई जायेगी। इसके अतिरिक्त आतंकवाद व हिंसा के खतरे के संबंध में शैक्षणिक संस्थाओं में वाद-विवाद प्रतियोगितायें, चर्चायें, परिचर्चा, सेमिनार, व्याख्यान आदि का भी आयोजन किया जायेगा।

नाना की हत्या करने वाले आरोपी को आजीवन कारावास

  • सत्र न्यायाधीश आदर्श कुमार जैन ने 9 माह में सुनाया फैसला

छतरपुर । सत्र न्यायाधीश आदर्श कुमार जैन की अदालत ने नाना की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने के आरोपी को दोषी करार देकर उम्रकैद के साथ तीन हजार रूपए के जुर्माने की सजा सुनाई। एडवोकेट लखन राजपूत ने बताया कि 5 जून 2013 को पुलिस थाना मातगुवां में रमपुरा निवासी भज्जू अहिरवार ने इस आशय की रिपोर्ट दर्ज करायी कि उसके पिता मोहन धवईया वाले कुआं के मकान में रहते है और वह गांव में रहता है। शाम करीब 5 बजे उसका लडक़ा प्रभु रोता हुआ घर आया और बताया कि बब्बा मोहन को किसी ने कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर मार डाला है। मौके पर जाकर देखा तो मोहन खून से लथपथ हालत में मरा पड़ा था। मामला दर्ज कर थाना मातगुवां के तत्कालीन थाना प्रभारी ओंकार तिवारी और प्रधान आरक्षक रामअवतार पटेल ने मामले की विवेचना के दौरान आरोपी रविशंकर उर्फ रवि पुत्र सरमन अहिरवार निवासी कैड़ी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो रविशंकर ने बताया कि वह अपने नाना मृतक मोहन से अपनी शादी करने के लिए कहता था लेकिन नाना मोहन के द्वारा उसकी शादी कराने से मना कर दिया जाता था। इसी के चलते आरोपी ने मोहन के गले में कुल्हाड़ी मारकर नृशंस हत्या कर दी थी। विवेचना उपरांत 14 अगस्त 2013 को मामले को अदालत के सुपुर्द करने पर सत्र न्यायाधीश आदर्श कुमार जैन की अदालत ने केवल 9 माह में भी मामले की अंतिम सुनवाई करते हुए आरोपी रविशंकर अहिरवार को अपने नाना मोहन की हत्या का दोषी करार दिया। श्री जैन की अदालत ने आरोपी रविशंकर आईपीसी की धारा 302 के तहत उम्रकैद के साथ 2 हजार रूपए के जुर्माने एवं धारा 450 में 10वष के कठोर कैद के साथ एक हजार के जुर्माने की सजा सुनाई। अभियोजन की ओर से मामले की पैरवी अतिरिक्त लोक अभियोजक अरूण देव खरे द्वारा की गयी।

हाईकोर्ट जज का जिला अधिवक्ता संघ ने किया स्वागत

छतरपुर । मप्र उच्च न्यायालय के ग्वालियर खण्डपीठ में पदस्थ न्यायमूर्ति सुरेंद्र गंगेले का जिला अधिवक्ता संघ छतरपुर द्वारा स्वागत किया गया। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष देवेंद्र मिश्रा ने न्यायमूर्ति श्री गंगेले को जिला अधिवक्ता संघ की समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर श्री गंगेेले ने उनके समक्ष रखी गयीं समस्याओं का शीघ्र ही निराकरण करने का आश्वासन दिया। न्यायमूर्ति श्री गंगेले ने अपने उद्बोधन में कहा कि किसी की साधना कभी भी व्यर्थ नहीं जाती। उसका कभी न कभी फल जरूर मिलता है। स्वामी परमहंस का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि फूल जंगल में भी खिलें वहां भी भौंरा जरूर पहुंच जाता है। अधिवक्ताओं ने श्री गंगेले के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वे छतरपुर के निवासी हंै और छतरपुर के पं. मोतीलाल नेहरू विधि महाविद्यालय में पढक़र अधिवक्ता बने और अपने गुरू वरिष्ठ अधिवक्ता जेपी निगम के सानिध्य में वकालत की, बाद में मप्र हाईकोर्ट जबलपुर में जाकर वरिष्ठ अधिवक्ता श्री धर्माधिकारी के साथ वकालत की, तत्पश्चात सुप्रीम कोर्ट द्वारा श्री गंगेले को हाईकोर्ट के जज के रूप में चुना गया। स्वागत के इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश आदर्श कुमार जैन, उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष पीके श्रीवास्तव, विशेष न्यायाधीश संजीव दत्ता, न्यायाधीश कृष्णमूर्ति मिश्र, धीरेंद्र सिंह, शशिकांत वैश्य, संजय कश्तवार, प्रदीप दुबे, वरिष्ठ अधिवक्ता जेपी निगम, सरदार प्यारा सिंह, संघ के सचिव पंकज पाठक सहित बड़ी संख्या में न्यायाधीशगण एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं: