हिमाचल प्रदेश की विस्तृत खबर (22 मई) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 22 मई 2014

हिमाचल प्रदेश की विस्तृत खबर (22 मई)

सभी राजस्व गांवों में गठित होंगी वन अधिकार समितियां : उपायुक्त
  • पौधारोपण के लिए पंचायतें चयनित करने के दिए निर्देश
  • ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस तरल कूड़ा प्रबंधन के लिए प्लान होगा तैयार

himachal map
हमीरपुर, 22 मई (विजयेन्दर शर्मा)।   उपायुक्त रोहन चंद ठाकुर ने हमीरपुर जिला के सभी विकास खंड अधिकारियों को अपने अपने ब्लाकों के राजस्व गांवों में दो जून से नौ जून तक वन अधिकार समितियों का गठन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त रोहन चंद ठाकुर वीरवार को डीआरडीए के सभागार में ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उपायुक्त ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिगत पौधारोपण के लिए जिला के प्रत्येक ब्लाक में पांच- पांच पंचायतें  चयनित की जाएंगी जिसमें पौधारोपण किया जाएगा, इस के लिए विकास खंड अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस-तरल कूड़ा कचरा प्रबंधन की आवश्यकता पर भी विशेष बल देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ एवं साफ रखने के लिए डंपिग पिट तैयार किए जाएगें। उन्होंने कहा कि जिला में पंचायत स्तर पर ठोस तरल कूड़ा कचरा प्रबन्धन की नितांत आवश्यकता है और इसके लिए ग्रामीण स्तर तक लोगों को तथा स्कूलों में बच्चों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को ठोस तरल कूड़ा कचरा प्रबन्धन के लिए प्लान तैयार करने के भी निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने ग्रामीण विकास की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए बताया कि मातृ शक्ति बीमा योजना के तहत जिला में 6 लाख रूपए व्यय कर 14 लोगों को लाभान्वित किया गया। उन्होंने बताया कि निर्मल भारत अभियान के तहत 962 स्कूलों तथा 693 आंगनबाड़ी केन्द्रों में शौचालय तथा 682 स्कूलों में शौचालयों का निर्माण किया गया। उन्होंने बताया कि एन आर एल एम के तहत 922 स्वयं सहायता समूह गठित किए गए हैं जिसमें 3097 अनुसूचित जाति 77 अनुसूचित जनजाति तथा 1319 अन्य पिछड़े वर्ग के लोग लाभान्तित हो रहेेेें हैं। उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्व पूरा करने के भी निर्देश दिए गए तथा विकास कार्यों की नियमित समीक्षा भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। बैठक में समस्त उपनिदेशक राकेश शर्मा, सभी खंडों के विकास अधिकारी तथा एचएएस प्रोबेशनर सुनयना तथा शशि नेगी भी उपस्थित थे। 
    
मुख्य संसदीय सचिव का प्रवास कार्यक्रम   

हमीरपुर, 22 मई (विजयेन्दर शर्मा)।   मुख्य संसदीय सचिव इंद्र दत्त लखनपाल शनिवार, 24 मई को प्रात: 11 बजे भोटा में राज राजेश्वरी कालेज के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे जबकि 25 मई को दोपहर 12:30 बजे सलौणी में जनसमस्याएं सुनेंगे। 26 मई को बड़सर विश्राम गृह में प्रात: 10 बजे लोक निर्माण विभाग तथा सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। 27 मई को बड़सर में लोगों की समस्याएं सुनेंगे। यह जानकारी सरकारी प्रवक्ता ने दी।

जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश परीक्षा 22 जून को     

हमीरपुर, 22 मई (विजयेन्दर शर्मा)।   जवाहर नवोदय विद्यालय में सत्र-2014-15 में नवम कक्षा में प्रवेश के लिए 22 जून 2014 को डुंगरी में प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी, इस के लिए आवेदन जमा करवाने की अंतिम तिथि 30 मई निर्धारित की गई है। यह जानकारी स्कूल के प्राचार्य अंबेश कुमार ने देते हुए बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन पत्र जवाहर नवोदय विद्यालय डुंगरी के कार्यालय या वेबसाइट से भी डाउनलोड किए जा सकते हैं। प्रवेश परीक्षा के लिए अभ्यर्थी द्वारा आठवीं की कक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा तथा आयु सीमा एक मई, 1998 से 30-04-2002 के बीच होनी चाहिए। अधिक जानकारी के लिए विद्यालय के दूरभाष नंबर 01972-266035 पर संपर्क किया जा सकता है। 
                        
नादौन में साक्षात्कार 27 तथा 28 मई को        

हमीरपुर 22 मई। उपरोजगार कार्यालय नादौन में बद्दी की हैवेल इंडिया लिमिटेड एवं यूएसवी लिमिटेड द्वारा ट्रेनी पैकर तथा अनसक्लिड कर्मचारियों की भर्ती के लिए 27 एवं 28 मई को साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। जिसमें हैवेल इंडिया लिमिटेड द्वारा 27 मई को अनसक्लिड के 25 पदों को भरने के लिए साक्षात्कार लिया जाएगा इस के लिए न्यूनतम योज्यता दसवीं उत्तीर्ण, आयु सीमा 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए जबकि वेतन 5100 रूपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है। इसी तरह से यूएसवी लिमिटेड द्वारा 28 मई को ट्रेनी पैकर के दस पदों को भरने के लिए साक्षात्कार लिए जाएंगे जिसमें न्यूनतम योज्यता दस जमा दो, आईटीआई इलैक्ट्रीकल, मैकेनिकल तथा फीटर ट्रेड में होना अनिवार्य है, इन पदों के लिए अभ्यर्थी की आयु सीमा 18 से 24 वर्ष के भीतर निर्धारित की गई है तथा वेतनमान 6750 प्रतिमाह निर्धारित किया गया है। सभी इच्छुक एवं इन पदों के योज्यताधारक अभ्यर्थी जिन्हें रोजगार कार्यालय से पत्र प्राप्त नहीं हुआ है या हिमाचल के अन्य रोजगार कार्यालयों में पंजीकृत हों, वो भी इस साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। 

24 से 30 मई तक तक मुख कैंसर की निशुल्क जांच: डा0 संजय जगोता

हमीरपुर, 22 मई (विजयेन्दर शर्मा)।   31 मई विश्व तम्बाकू निषेद दिवस पर 24 मई  से 30 मई तक तक मुख कैंसर जांच सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है। यह जानकारी एम ओ एच डा0 संजय जगोता ने दी। उन्होंने बताया जिन व्यक्तियों के मुंह में छाले या कोई ऐसा छाला जो दवाई लेने के उपरांत भी ठीक न हो रहा हो, जीभ या मुंह के अन्दर के भाग में सफे द रंग का निशान या किसी भी प्रकार का मुंह से खून का आना संभावित मुंह कैंसर का लक्षण हो सकता है। उन्होंने बताया कि हमीरपुर रिजनल हस्पताल के डैंटल सैक्शनन में 24 से 30 मई तक प्रात: 9:30 से 4:00 बजे तक अल्ट्रा मार्डन मशीन वेलस्कोप के माध्यम से निशुल्क जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस मशीन के द्वारा जांच करने से मुंह कैंसर के बारे में प्रारम्भिक श्रेणी से ही पता चल जाता है। उन्होंने बताया कि जो भी व्यक्ति दर्शाई गई बीमारी से पीडि़त हो वह अपनी जांच करवा सकता है। जांच निशुल्क की जाएगी। 

11 योजनाओं के टीम सदस्यों को निर्देश दिए                    

कुल्लू , 22 मई (विजयेन्दर शर्मा)। उपायुक्त राकेश कंवर ने जिले में वाटरशैड परियोजना के तहत कार्यान्वित की जा रही 11 योजनाओं के टीम सदस्यों को निर्देश दिए हैं कि वे लंबित पड़ी धनराशि को जल्द खर्च करने के लिए एक सप्ताह में कार्य योजना बनाएं। जिले के पांचों विकास खंडों के वाटरशैड डेवलपमेंट टीम मैंबर्स की चार दिवसीय कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत आवंटित धनराशि को समय पर खर्च करने के लिए संबंधित पंचायतों के जनप्रतिनिधियों के साथ भी समन्वय बहुत जरूरी है। उपायुक्त ने कहा कि वाटरशैड परियोजना में विभिन्न विकास कार्यों के अलावा अन्य गतिविधियों के लिए भी धनराशि आवंटित की जाती है। स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए इसे खर्च किया जाना चाहिए।  इस अवसर पर जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी डा. संजीव धीमान ने जिले में जारी वाटरशैड परियोजना तथा चार दिवसीय कार्यशाला की विस्तृत जानकारी दी। कार्यशाला में जिले के पांचों विकास खंडों के वाटरशैड डेवलपमेंट टीम मैंबर्स ने भाग लिया।

कोई टिप्पणी नहीं: