नई सरकार विकास के लिए कदम उठाए : उद्योग जगत - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 16 मई 2014

नई सरकार विकास के लिए कदम उठाए : उद्योग जगत


siddarth birla
प्रमुख उद्योग संघों ने शुक्रवार को कहा कि नई सरकार से उम्मीद है कि तेज और टिकाऊ विकास के लिए वह मजबूत कदम उठाएगी। लोकसभा चुनाव की मतगणना के दोपहर तक के मिले रुझानों के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बहुमत मिल सकती है। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को उद्योग अनुकूल नीतियों वाला नेता माना जाता है।

फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) के अध्यक्ष सिद्धार्थ बिड़ला ने कहा, "स्पष्ट बहुमत भारत के लिए शुभ है। यह स्पष्ट हो चुका है कि देश और इसके युवा विकास और सुशासन चाहते हैं।" उन्होंने कहा, "यह बहुमत नेताओं को निवेशकों में भरोसा कायम करने, अधिक निवेश आकर्षित करने और रोजगार बढ़ाने में मदद करेगा।"

पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष शरद जयपुरिया ने कहा, "मोदी मजबूत कदम उठाएंगे। वह देश भर में विकास की नीतियां लागू करेंगे और देश के विकास को मजबूत, तेज और टिकाऊ बनाएंगे। गुजरात की अर्थव्यवस्था को पूरी तरह से बदल डालने और उसे उद्योगपतियों के लिए निवेश का आकर्षक गंतव्य बनाने के लिए उनकी विश्वसनीयता को सभी मानते हैं।"

भाजपा को मिल रही सफलता से बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स सुबह के कारोबार में जोरदार लिवाली के साथ अपने जीवनकाल में पहली बार 25,000 की सीमा से ऊपर चला गया।

जयपुरिया ने कहा कि विनिर्माण क्षेत्र में सुधार नई सरकार की प्राथमिकता सूची में सबसे ऊपर रहना चाहिए। उनके मुताबिक अत्याधुनिक अधोसंरचना, आसान पर्यावरण मंजूरी, श्रम कानून में सुधार, सूक्ष्म, लघु और मझोले क्षेत्र पर भी प्राथमिकता से ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि सकल घरेलू उत्पाद में विनिर्माण क्षेत्र का योगदान वर्तमान 16 फीसदी से बढ़कर 25 फीसदी हो सके।

कोई टिप्पणी नहीं: