बिहार में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद राजनीतिक हालात पल-पल बदल रहे हैं। जनता दल (युनाइटेड) के विधायकों की बैठक सोमवार को एक बार फिर होने वाली है। इस बीच जद (यू) के अध्यक्ष शरद यादव ने सोमवार को कहा कि यह फैसला देश और पार्टी के हित में है तथा नीतीश का फैसला अंतिम है। पटना में पत्रकारों से बातचीत में शरद ने कहा, "यह फैसला देश हित और पार्टी हित में है। आज (सोमवार) मुकम्मिल तौर पर यह फैसला पूरा होगा। इस निर्णय के बाद विधायकों में कई तरह की शंकाएं थी, जिसे दूर किया जा रहा है।"
उन्होंने कहा कि यह फैसला देश को लक्ष्य कर किया गया है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से अलग होने का फैसला इस दिशा में पहला कदम था, जबकि यह दूसरा कदम है। नए मुख्यमंत्री के विषय में शरद ने कहा कि विधायक दल की बैठक में सबकुछ तय हो जाएगा।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव में जद (यू) की शर्मनाक हार के बाद नीतीश कुमार ने नैतिकता के आधार पर शनिवार को बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। रविवार को विधायक दल की बैठक में एक बार फिर नीतीश कुमार को नेता चुन लिया गया, लेकिन वह दोबारा मुख्यमंत्री बनने के लिए तैयार नहीं थे, जिसके बाद विधायकों के दबाव में उन्होंने अपने इस निर्णय पर पुनर्विचार के लिए एक दिन का समय लिया था।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें