भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराने के लिए चर्चित संस्थान 'सुपर 30' पर हुए शोध को 'बेस्ट रिसर्च' के पुरस्कार से नवाजा गया है। टाटा इंस्टीच्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (टीआईएसएस) की मिनी नारायण द्वारा किए गए शोध में सुपर 30 के प्रमुख आनंद कुमार की शिक्षण पद्घति का बारीकी से अध्ययन कर संस्थान की परिकल्पना से लेकर परिणाम तक पर प्रकाश डाला गया है। मिनी ने बताया कि उनके शोध का विषय 'कंस्ट्रक्शन ऑफ एकेडमिक रिजॉलेंस इन एडॉलेंस फ्रॉम द लोअर सोशियो इकोनोमिक टेरॉनियल' था। इसके लिए आनंद द्वारा स्थापित सुपर 30 का चयन किया गया। उन्होंने बताया कि इसके अध्ययन के लिए वह पटना गईं और सुपर 30 के पूर्व और वर्तमान छात्रों से मुलाकत भी की।
मिनी ने कहा कि सुपर 30 में आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गो के बच्चों को मुफ्त शिक्षा दी जाती है और आवासीय सुविधा भी दी जाती है। शोध के लिए उन्होंने आनंद के शिक्षण मॉडल की पूरी पड़ताल कर उसे अपने शोध में स्थान दिया है।
इस उपलब्धि के विषय में पूछे जाने पर आनंद कहते हैं कि यह सफलता टाटा इंस्टीच्यूट ऑफ सोशल साइंसेज की मिनी नारायण के साथ-साथ सुपर 30 के उन तमाम बच्चों की है, जो कड़ी मेहनत से अपनी मंजिल को पाने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियों से सुपर 30 के प्रति उनकी प्रतिबद्घता और भी मजबूत होती है।
उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व यूनिवर्सिटी ऑफ ईस्ट लंदन तथा जापान की एसटीबी रिसर्च इंस्टीच्यूट सुपर 30 पर शोध कर चुके हैं। डिस्कवरी चैनल तथा अलजजीरा समेत लगभग दर्जन भर अंतर्राष्ट्रीय चैनलों ने सुपर 30 पर डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी बनाई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें