भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अंतरिम अध्यक्ष सुनील गावस्कर ने गुरुवार को बताया कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा संस्करण के दौरान भी कुछ खिलाड़ियों से फिक्सिंग के लिए संपर्क किया गया। गावस्कर ने कहा कि कुछ खिलाड़ियों ने भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसी के अधिकारियों को इससे अवगत कराया है कि कुछ बाहरी व्यक्तियों ने उनसे आईपीएल-7 के दौरान फिक्सिंग के लिए संपर्क किया।
गावस्कर ने भ्रष्टाचार मुक्त टूर्नामेंट संपन्न करने के उद्देश्य से आईपीएल की हर टीम के साथ एक भ्रष्टाचार नियंत्रक अधिकारी नियुक्त किए जाने के निर्णय का समर्थन किया। गावस्कर ने कहा, "खिलाड़ियों से जब भी इस तरह के तत्व संपर्क करेंगे तो खिलाड़ी आसानी से भ्रष्टाचार नियंत्रक अधिकारी को सूचित कर सकेंगे।"
गावस्कर ने कहा कि उन पर आईपीएल की साख बचाए रखने की बहुत बड़ी चुनौती है। उन्होंने आगे कहा, "जी हां, यह एक चुनौती है। मैंने पहली बैठक में ही कह दिया था कि मैं चाहता हूं कि आईपीएल-7 को सिर्फ क्रिकेट के लिए याद रखा जाए न कि किसी और कारण से।"

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें