राहत वितरण में कोई भी पात्र किसान छूटे नहीं: राजस्व मंत्री श्री सिंह
- राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न
टीकमगढ़, 21 मई 2014। म.प्र. शासन के राजस्व एवं पुनर्वास मंत्री श्री रामपाल सिंह ने निर्देशित किया कि ओला तथा अतिवृष्टि से पीडि़त कोई भी पात्र किसान राहत वितरण से वंचित न रहे। उन्हांेने कहा अधिकारी पीडि़त किसानों की सूची स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध करायें जिससे कोई भी पात्र किसान राहत वितरण से वंचित न रहे। आपने कहा यह बहुत ही संवेदनशील कार्य है। उन्हांेने कहा इसमें हर स्तर पर बहुत सतर्कता की आवश्यकता है। श्री सिंह ने ओरछा में जिले के राजस्व अधिकारियों की बैठक के दौरान ये निर्देश दिये।
पूरे साल होगा सीमांकन
श्री सिंह ने कहा अब सीमांकन का कार्य पूरे साल होगा जिससे किसानों को इस हेतु परेशान नहीं होना पड़ेगा। उन्होंने कहा इस हेतु हर जिले में मशीनों उपलब्ध कराई जा रही है तथा पटवारियों को इसका प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। आपने कहा प्रदेश शासन किसानों को अधिक से अधिक सुविधायें उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा हमारा किसान आत्मनिर्भर और संपन्न हो यही हमारा प्रयास है।
अतिक्रमण हटवायें
श्री सिंह ने कहा तालाबों सहित सभी शासकीय संपत्तियों से अतिक्रमण तत्काल हटवायें। उन्होंने कहा इसका तुरंत चिन्हाकंन कराकर कार्रवाई प्रारंभ करें। आपने कहा इसी प्रकार लंबित विवादित बंटवारा प्रकरणों, डायवर्सन प्रकरणों को शीघ्र निराकृत करायें। उन्होंने कहा ओरछा में शांतिधाम शीघ्र बनवायें तथा आवास, जाति प्रमाण-पत्र, खाद्यान्न वितरण में नियमानुसार प्रगति लायें। इस अवसर पर कलेक्टर डाॅ0 सुदाम खाडे ने बताया कि जिले में सीमांकन के लंबित प्रकरणों को 15 जून तक निराकृत करा लिया जायेगा। उन्होंने बताया कि जिले में अतिक्रमण हटाने हेतु अभियान चलाया जा रहा है जिसके तहत काफी अतिक्रमण हटाये जा चुके है तथा यह कार्रवाई निरंतर जारी है। डाॅ0 खाडे ने बताया कि शासन की प्राथमिकता अनुसार जिले में योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा हैं । उन्होंने कहा इस कार्य में और प्रगति की जा रही है। बैठक में अपर कलेक्टर श्री शिवपाल सिंह, एसडीएम निवाड़ी श्री अतेन्द्र सिंह गुर्जर, टीकमगढ़ श्री एस.एन. ब्रहमें, जतारा श्री एस.एल.सोनी, तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यकारी समिति की बैठक आज
टीकमगढ़, 21 मई 2014। सचिव रोगी कल्याण समिति एवं सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डाॅ0 सुनीत जैन ने बताया कि 22 मई 2014 को सायं 5 बजे रोगी कल्याण समिति चिकित्सालय टीकमगढ़ की कार्यकारी समिति की बैठक कलेक्टर टीकमगढ़ एवं अध्यक्ष रोगी कल्याण समिति जिला चिकित्सालय टीकमगढ़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई है। सभी संबंधितों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित समय पर अद्यतन जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहें।
टीकमगढ़ में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न
- शासकीय कार्य में लापरवाही करने पर 5 सचिव निलंबित
टीकमगढ़, 21 मई 2014। कलेक्टर डाॅ0 सुदाम खाडे की अध्यक्षता मे मंगलवार को टीकमगढ़ जनपद पंचायत के विकास कार्याें की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कार्य में लापरवाही करने वाले 5 ग्राम पंचायत सचिवों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया । कलेक्टर डाॅ0 खाडे के निर्देश पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनय द्विवेदी ने ग्राम पंचायत माडूमर की सचिव श्रीमती अनीता जैन, ग्राम पंचायत बड़माड़ई रिगौरा के सचिव श्री नरेन्द्र सिंह, ग्राम पंचायत कांटी खास के सचिव श्री राजधर यादव, ग्राम पंचायत ऊमरी के सचिव श्री मुकेश खरे तथा ग्राम पंचायत प्रेमपुरा के सचिव श्री संतोष कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पृथ्वीपुर के तीन सचिव निलंबित
इसी प्रकार आज प्रातः पृथ्वीपुर में ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कार्य में लापरवाही करने के कारण तीन ग्राम पंचायत सचिवों को निलंबित कर दिया गया। तदनुसार ग्राम पंचायत बनियानी के सचिव श्री उम्र सिंह यादव, ग्राम पंचायत गेलवारा के सचिव श्री लखनलाल कुशवाहा तथा ग्राम पंचायत पाराखेरा के सचिव चंद्रपाल सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
ब्लाक स्तरीय रोजगार मेला आज गोर में
टीकमगढ़, 21 मई 2014। जिला परियोजना प्रबंधक डी.पी.आई.पी ने बताया है कि डीपीआईपी परियोजना के द्वारा म.प्र. शासन की रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण नीति 2007 के सफल क्रियान्वयन के तहत ब्लाक स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। जिला परियोजना प्रबंधक श्री डाॅ0 अशोक कुमार खरे एवं संकुल समन्वयक श्री श्रीराम तिवारी ने बताया कि ग्रामीण अंचलों के 5वीं से 12वीं तक के पढ़े लिखे बेरोजगार युवा रोजगार मेले में भागीदारी कर अपना भविष्य संवार सकते हैं। रोजगार मेले में देश के प्रतिष्ठित निजी क्षेत्र की कंपनीयां भाग ले रहीं हैं। जिसमें प्रतिभा सिंटेक्स लिमि, पीथमपुर वर्धमान फ्रविक्स बुधनी, गिन्नी फिलामेंट मथुरा, शिवशक्ति वायोटेक सागर एवं मां पब्लिक सुरक्षा गार्ड आदि कंपनियां भाग ले रहीं हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में 22 मई को रोजगार मेला गोर (मोहनगढ़) एवं 23 मई 2014 को लारोंन (पलेरा) में आयोजित किया जायेगा।
अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर संगोष्ठी के संबंध में बैठक
टीकमगढ़, 21 मई 2014। सहायक संचालक उद्यान ने बताया है कि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत टीकमगढ़ के निर्देशानुसार 22 मई 2014 को नगर भवन के सभा कक्ष में प्रातः 11 बजे अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर जिसमें जैवविविधता संरक्षण, संर्बधन के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के लिये कार्यशाला, सेमीनार, संगोष्ठी, रैली एवं स्कूली तथा महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं में निबंध, चित्रकला, प्रशनोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित करने हेतु बैठक आयोजित की जा रही है। सभी संबंधितों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित समय पर अद्यतन जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहें ।
कोई भी बच्चा स्कूल में प्रवेश से वंचित न रहे, कलेक्टर ने दिये निर्देश
टीकमगढ़, 21 मई 2014। सर्व शिक्षा अभियान अंतर्गत स्कूल चलें हम 2014 की विकासखण्ड स्तरीय कार्यशाला की शुरूआत आज 21 मई 2014 को विकासखण्ड पृथ्वीपुर से प्रारम्भ की गई। कार्यशाला में स्कूल चलें हम के कैम्पेन लीडर एवं जिला कलेक्टर डाॅ. सुदाम खाडे ने संबोधित करते हुए समस्त विकासखण्ड स्तरीय एवं जिला स्तरीय अमले को निर्देशित किया कि, स्कूल जाने वाले कोई भी बच्चे प्रवेश से वंचित न हो साथ ही जिन बच्चों का दाखिला किया गया है। वे नियमित रूप से स्कूल आयें। यह भी विशेष ध्यान दिया जाये की आंगनवाडी केन्द्रों के बच्चे जो छः वर्ष के हो रहे है, उनका भी शत्-प्रतिशत् नामांकन कक्षा एक में किया जाए। स्कूल चलें हम 2014 के परिपेक्ष्य में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अनय द्विवेदी ने बताया की ग्राम शिक्षा पंजी का अद्यतन पूरी सावधानी से करें। उन्होंने कहा की किसी भी तरह की लापरवाही न करें अन्यथा अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। इसके अलावा शत-प्रतिशत् नामंाकन तथा पलायन करने वाले बच्चों पर विशेष निगरानी करें एवं तय समय सीमा में जानकारी दें। इस वर्ष स्कूल चलें हम 2014 चार चरणो में संचालित किया जा रहा है। प्रथम चरण में ग्राम शिक्षा पंजी को अद्यतन करना, द्वितीय चरण में नामांकन अभियान, तृतीय एवं चतुर्थ चरण में गुणबत्ता युक्त शिक्षा। प्रथम चरण की समस्त कार्यवाही शाला स्तर पर पूर्ण कर ली गई हैै। द्वितीय चरण के अन्तर्गत गतिविधियां संचालित की जा रही है।कार्यशाला में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री अत्येन्द्र सिंह गुर्जर, जिला शिक्षा अधिकारी डाॅ0 आर.एन.नीखरा, विकासखण्ड के समस्त जनशिक्षक, बीआरसीसी, बीएसी एवं बीजीसी के साथ-साथ जिला स्तर के अधिकारी श्री सुभाष मिश्रा एपीसी ईएण्डआर, श्री राजेश गुप्ता एपीसी मोबा. श्री शेैलेश श्रीवास्तव एपीसी अकादमिक एवं श्री राशिद खान प्रोग्रामर जिला शिक्षा केन्द्र उपस्थित रहे। इसी क्रम में स्कूल चलें हम की बैठकें सभी विकासखण्डों में आयोजित की जा रही है।
आज का तापमान
टीकमगढ़, 21 मई 2014। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज जिले का अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। गत वर्ष आज के ही दिन अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें