बिहार : पहले 3 घंटे में 12 प्रतिशत मतदान - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 21 अगस्त 2014

बिहार : पहले 3 घंटे में 12 प्रतिशत मतदान


12-percent-poll-in-first-3-hour-in-bihar
बिहार विधानसभा की 10 सीटों पर उपचुनाव के लिए गुरुवार को सुबह सात बजे शुरू हुआ मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। पहले तीन घंटे में करीब 12 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। बिहार के नरकटियागंज, राजनगर, जाले, छपरा, हाजीपुर, मोहिउद्दीननगर, परबत्ता, भागलपुर, बांका और मोहनिया विधानसभा क्षेत्र के लिए होने वाले उपचुनाव में 26.42 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इसके लिए 2,422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 1,445 को संवेदनशील घोषित किया गया है।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, सुबह 10 बजे तक 11.91 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। सबसे अधिक 14 प्रतिशत परबत्ता में और सबसे कम भागलपुर में आठ प्रतिशत मतदान हुआ है। उप चुनाव में कुल 94 प्रत्याशी हैं, जिसमें से पांच महिलाएं हैं। हाजीपुर में सर्वाधिक 15 तथा राजनगर और बांका में सबसे कम छह-छह प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। राज्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, उपचुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 60 कंपनियां तथा बिहार सैन्य बल की 30 कंपनी तैनात की गई है।

सात विधानसभा क्षेत्रों में मतदान शाम छह बजे तक, जबकि हाजीपुर, परबत्ता और बांका विधानसभा क्षेत्र में शाम चार बजे तक मतदान होगा। मतगणना 25 अगस्त को होगी। इस उपचुनाव में तीन वाम दलों के मोर्चे ने जहां नौ सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नौ सीटों पर तथा उसकी सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) एक सीट पर चुनाव लड़ रही है। राष्ट्रीय जनता दल और उसकी सहयोगी पार्टी जनता दल (युनाइटेट) चार-चार सीटों पर तथा कांग्रेस दो सीटों पर मैदान में है। विधानसभा के पिछले चुनाव में इन 10 सीटों में से छह पर भाजपा, तीन पर राजद और एक पर जद (यू) की जीत हुई थी।

कोई टिप्पणी नहीं: