- कहा, बनारस ही नहीं, पूर्वांचल की जनता व मोदी के बीच सेतु काम करेगा यह कार्यालय
- कार्यालय में आने वाली हर शिकायत पर होगी उचित कार्रवाई
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को वाराणसी के रविन्द्रपुरी कालोनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र जनसंपर्क कार्यालय का उदघाटन वैदिक मंत्रोचार व हरहर महादेव उद्घोष के बीच किया। माना जा रहा है कि यह कार्यालय मिनी पीएमओ हाउस होगा। कुछ ऐसा ही संकेत उद्घाटनोपरांत अमित शाह ने भी मौके पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भी कहीं। श्री शाह ने अपने भाषण के शुरुवात में ही कहा, मैं यहां कोई राजनीतिक बात करने आज यहां नहीं आया हूं, बल्कि जिस उम्मीद व विश्वास से धर्म की नगरी काशी वालों ने उन्हें अपना सांसद चुनकर प्रधानमंत्री बनाया है उस विश्वास में कहीं कोई रोड़ा न बने इसके लिए आज मेरे द्वारा इस कार्यालय का उद्घाटन किया गया।
श्री शाह ने कहा, यह कार्यालय मोदी तक अपनी बात पहुंचाने का माध्यम होगा। यहां आने वाली शिकायत को माना जायेगा कि आपने प्रधानमंत्री से शिकायत की है और उस शिकायत का निदान यथायोचित जांच व परख कर प्राथमिकता से किया जायेगा। इसके अलावा उन्होंने काशीवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि वह काशी के घाटो से लेकर गली-मुहल्लों की दुर्दशा सुधारने व चमकाने के लिए संकल्पित है, बशर्ते आपकी सहयोग भी जरुरी है। इसमें आपका सहयोग अत्यंत जरुरी है। क्योंकि काशी की व्यवस्था चाहे जिननी उत्तम कर दिया जाए, लेकिन जबतक आप सफाई को लेकर सजग नहीं होंगे तो समाधान संभव नहीं होगा। उन्होंने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों के लोगों को विश्वास दिलाया कि मोदी के संसदीय क्षेत्र कार्यालय में मौजूद लोगों बेहतर तरीके से आपकी समस्या का निवारण करेंगे। कहीं कोई अड़चन या गड़बड़ी होने पर कार्यालय के लोगों की ही जिम्मेदारी मानी जायेगी। कहा, मोदी ने काशी के विकास का जो सपना जगाया है वो साकार होगा और दुनिया के कोने-कोने के लोग इस शहर को देखने आएंगे।
श्री शाह ने गुजरात के लोगों की मोदी के संबंधों को बनाएं रखने के फार्मूलें को भी विस्तार से बताया। कहा, वह मुख्यमंत्री थे इसलिए पूरे क्षेत्र का दौरा उनके लिए नामुमकिन था, लेकिन इसी तरह के कार्यालय व जिम्मेदार कार्यकर्ताओं की तैनाती कर जनता की हर छोटी-बड़ी समस्याओं का निराकरण कराया जाता रहा। उन्होंने कहा कि मोदी का सपना है काशी एक मार्डन शहर के रुप में विकसित करना, जिस पर काम शुरु हो गया है। श्री शाह ने दावे के साथ कहा कि आने वाले पांच सालों में पूर्वांचल ही नहीं दुनिया मानेगी कि काशी को जिस रूप में होना चाहिए था, उसका हक उसे अब मिल गया है। उन्होंने कहा कि मोदी ने बनारस के गंगा तट और बाद में लाल किले से देश के विकास में लोगों से सहयोग मांगा है। इसका मतलब लोगों से विकास का खाका तैयार करना नहीं, बल्कि अपनी विरासत और सार्वजनिक सुविधाओं की देखभाल और रखरखाव करना है। इस मौके पर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी, भदोही सांसद वीरेन्द्र सिंह, संगठन मंत्री सुनील बंसल, मिर्जापुर सांसद अनुप्रिया पटेल, चंदौली सांसद महेंद्रनाथ पांडेय सहित तमाम वरिष्ठ कार्याकर्ता मौजूद थे।
अंत में बताया गया कि इस कार्यालय में अतिथि कक्ष समेत कुल सात कमरे है, जिसमें एक रिशेप्सन है, जहां शिकायतें ली जायेगी। हर शिकायतों की इंटी होगी। इसके लिए छह उर्जावान कार्यकर्ताओं की तैनाती की गयी है। कार्यालय में वीडियो कांफ्रेंसिंग की भी सुविधा है। इसके जरिए जरुरत पड़ने पर प्रधानमंत्री सीधे जनता से रुबरु हो सकते है। इस जनसंपर्क कार्यालय की जिम्मेदारी संघ के पूर्णकालिक प्रचारक शिव शरण पाठक को दी गयी है। कार्यालय सुबह 10 से रात आठ बजे तक खुलेगा रहेगा। इस कार्यालय में दो फोन नंबर लगाए गए हैं, जिन पर जनता किसी भी समय संपर्क कर सकती है। इस दफ्तर के लैंडलाइन नंबर हैं 0542-2314000 और 0542-2314001। कार्यालय प्रभारी का कहना है कि भारत सरकार के मंत्रालयों और विभागों के स्तर की समस्याओं से संबंधित फाइलें इस कार्यालय के माध्यम से लखनऊ भेजी जाएंगी, जहां रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा उनके निस्तारण के लिए हफ्ते में चार दिन समय देंगे। वो विभागवार समस्याओं को कार्रवाई और क्रियान्वयन के लिए भेजेंगे। इन शिकायतों में जो जरुरी होगा उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय दिल्ली भी भेजा जायेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें