उत्तराखंड की विस्तृत खबर (20 अगस्त) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 20 अगस्त 2014

उत्तराखंड की विस्तृत खबर (20 अगस्त)

सीएम की नजरें अब छात्रसंघ पर सभी कालेजों में एनएसयूआई के बैनर तले चुनाव लडेंगे युवा कांग्रेसी

देहरादून, 20 अगस्त (राजेन्द्र जोशी)। विधानसभा उपचुनाव में तीनों सीटों पर कांग्रेस का परचम फहराने के बाद मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय की टीम ने पंचायत चुनाव में भी इस सफलता को बरकरार रखा। इससे कांग्रेसी बेहद उत्साह में है। सीएम ने अब अपनी निगाहें छात्रसंघों पर जमा दी हैं। अब तय किया गया है कि कांग्रेसी विचारधारा वाले छात्रों को इस बार एनएसयूआई के बैनर तले चुनाव लड़ाया जाएगा। देश में भले ही नरेंद्र मोदी का डंका बज रहा हो, लेकिन उत्तराखंड में माहौल कुछ अलग ही दिख रहा है। लोकसभा चुनाव में प्रदेश की पांचों सीटें जीतने वाली भारतीय जनता पार्टी महज दो माह ही विधानसभा उपचुनाव में औंधे मुंह गिर पड़ी और कांग्रेस ने तीनों सीटों पर कब्जा करके दो सीटें भाजपा से छीन ली। इससे भाजपाई खेमे में दिल्ली तक हंगामा मच गया। भाजपाई इस सदमे से उबरने की कोशिशों में कामयाब हो भी नहीं पाए थे कि सीएम हरीश रावत और कांग्रेस अध्यक्ष किशोर की टीम ने पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस का परचम फहरा दिया। इससे कांग्रेसी खेमे में उत्साह है तो भाजपाई खेमे में सन्नाटा पसरा हुआ है।
सीएम ने अब कांग्रेस की जीत के इस सिलसिले को कालजों के छात्रसंघ चुनावों तक पहुंचाने का मन बना लिया है। मंगलवार की रात सीएम हरीश ने बीजापुर गेस्ट हाउस में युवा कांग्रेसियों से लंबी बातचीत की और छात्रसंघों में भी कांग्रेस के कब्जे का मंत्र दिया। सीएम और कांग्रेस अध्यक्ष ने युवा कांग्रेसियों से कहा कि सभी कालेजों में छात्रसंघ के चुनाव में कांग्रेस विचारधारा वाले छात्रों को एनएसयूआई (छात्र इंका) के बैनर तले उतारा जाए। इस काम में युवा कांग्रेसियों को बढ़चढ़ कर हिस्सेदारी की नसीहत दी गई है। यूथ कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी शिवम शर्मा ने बताया कि सीएम और पार्टी अध्यक्ष ने इस काम में जुटने का निर्देश दिया है। 

यूथ कांग्रेस ने मांगी हिस्सेदारी
इस मुलाकात के दौरान युवा कांग्रेसियों ने अपने नेताओं से कहा कि उन लोगों को प्रदेश कांग्रेस कमेटी में भी सीधे तौर हिस्सेदारी मिलनी चाहिए। इससे युवाओं की बात को प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाने में आसानी होगी तो दूसरी तरफ युवा प्रदेश कांग्रेस की नीतियों को बेहतर तरीके से समझकर यूथ कांग्रेस के माध्यम से आम युवा तक पहुंचाने में सफल हो सकेंगे। यूथ कांग्रेस को सीएम और किशोर ने आश्वासन दिया है कि इस बात का परीक्षण कराया जाएगा कि किस तरह से यूथ कांग्रेस को प्रदेश इकाई में कितना प्रतिनिधित्व दिया जा सकता है।

राजीव गांधी ने रखी नये भारत की नींव: सीएम

देहरादून, 20 अगस्त(निस)। स्व. राजीव गांधी के नये भारत की नींव रखे जाने की बात कहते हुए मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि आगामी 02 अक्टूबर से प्रदेश में सार्वभौम स्वास्थ्य सुरक्षा योजना लागू की जाएगी। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की क्रिया-कलापों से भी अवगत कराया। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा यहां रायपुर रोड स्थित एक वैडिंग पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में विचार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि स्व. राजीव गांधी ने नये भारत की नींव रखी थी। उन्होंने महिलाओं को पंचायतों में 50 प्रतिशत आरक्षण दिलाया। युवा वर्ग को 18 साल की उम्र में वोट डालने का अधिकार दिया। ग्राम प्रधान व पंचायत प्रतिनिधियों को अधिकार संपन्न बनाया। उन्हें मजबूत बनाया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने गंगा सफाई के लिए पहल करते हुए विशेष योजना तैयार कराई थी। मलिन बस्तियों के सुधार के लिए कानून बनवाया था। भारत को नया दृष्टिकोण देने में उनके योगदान को भुलाया नही जा सकता है। भारत आज आई.टी. और अंतरिक्ष आदि क्षेत्रों में विश्व के अग्रणी देशों में शामिल है, तो वो भी स्व. गांधी की देन है। मुख्यमंत्री श्री रावत ने कहा कि हमारी सरकार प्रत्येक व्यक्ति को सस्ता राशन व स्वास्थ्य सुरक्षा देने के लिए वचनबद्ध है। केन्द्र सरकार ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत दिये जाने वाले खाद्यान्न के लिए राज्य सरकार के समक्ष कुछ शर्ते रख दी, जिन्हें पूरा करने में कुछ समय लगेगा। इस सबको देखते हुए हमने निर्णय लिया है कि राज्य सरकार अपने संसाधनों से राज्यवासियों को सस्ती दरों पर राशन उपलब्ध करायेगा। हमने निर्णय लिया है कि अन्त्योदय व बीपीएल परिवारों को 35 किलो राशन तथा एपीएल को 15 किलो राशन दिया जाय। इसके साथ ही हमारी सरकार स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर भी प्रतिबद्ध है। हम आगामी 02 अक्टूबर से प्रदेश में सार्वभौम स्वास्थ्य सुरक्षा योजना लागू करने जा रहे है। किसानों को पेंशन देने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार योजनाबद्ध ढंग से कार्य कर रहे है। बुनियादी हालातों में सुधार कर बड़ा फैसला लेंगे। वृद्धावस्था, विकलांग और विधवा पेंशन का अधिकार सुनिश्चित करेंगे। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री श्री रावत ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धाजंलि अर्पित की। इस अवसर पर रायपुर क्षेत्र के विधायक उमेश शर्मा काउ ने आपदा के कारण हुई क्षति के संबंध में मुख्यमंत्री को अवगत कराया। साथ ही क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं के संबंध में मांग पत्र भी सौपा। कार्यक्रम में कांग्रेश प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, कांग्रेस नेता जोत सिंह बिष्ट, धीरेन्द्र प्रताप, राजीव जैन, ब्लाॅक प्रमुख बीना वर्मा, सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

सबसे सशक्त है कवि ह्दय का भाव: हरीश 

देहरादून, 20 अगस्त(निस)। ‘‘दुनिया में जो कवि हुए है, वे कभी भी किसी सीमा में नही बंधे रहे है। कविता दुनिया का सबसे सशक्त हथियार है, जिसमें भाषा कोई मायने नही रखती है। कवि हृदय का भाव सबसे सशक्त है।’ यह विचार मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बुधवार को नगर निगम प्रेक्षागृह में आयोजित हिमवंत काव्य उन्नायक शम्भु प्रसाद बहुगुणा जन्मशदी एवं चन्द्रकुंवर बत्र्वाल कावय समारोह के अवसर पर व्यक्त किये। मुख्यमंत्री श्री रावत ने कहा कि चन्द्रकुंवर बत्र्वाल व शंभु प्रसाद बहुगुणा अमर नायक थे, जो एक दूसरे के पूरक रहे है। उन्हांेने कहा कि चंद्रकुंवर बत्र्वाल ने अल्प समय में ही अपनी साहित्य साधना से हमें काफी कुछ दिया है। जिस पर निरंतर शोध किया जा सकता है। यह एक ऐतिहासिक सत्यता है कि यदि चंद्रकुंवर बत्र्वाल को शंभू प्रसाद बहुगुणा का सानिध्य नही मिला होता तो, लोगो तक उनके गीत व साहित्य नही मिल पाता। उन्होंने कहा कि कविताएं दुनिया का सबसे बड़ा हथियार है, और इनमें दर्द सबसे सार्थक माध्यम है, लोगो तक पहुंचने का। ऐसी कविताएं मानवता को प्रेरित करने का काम करती है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री रावत ने शोध संस्था द्वारा प्रकाशित हिमवंत काव्य उन्नायक शम्भु प्रसाद बहुगुणा जन्मशदी स्मृति ग्रन्थ तथा मथुरादत्त मठपाल द्वारा लिखित पुस्तक था, मेरा घर भी यहीं कहीं का विमोचन किया। चन्द्रकंुवर बत्र्वाल शोध संस्थान के सचिव योगम्बर सिंह बत्र्वाल ने चंद्रकुंवर बत्र्वाल व शंभू प्रसाद बहुगुणा के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम चंद्रकुंवर बत्र्वाल के 95वें जन्मदिन पर आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर कार्यक्रम को पूर्व सांसद परिपूर्णानंद पैन्यूली, साहित्यकार वीणापाणी जोशी, ले.कर्नल (से.नि.) विजेन्द्र रावत, विनय बहुगुणा आदि ने सम्बोधित किया।   

राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री ने दी रोड निर्माण की स्वीकृति: महाराज 

देहरादून, 20 अगस्त(निस)। पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता सतपाल महाराज ने बताया कि केन्द्रीय राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी रामपुर दोराहे से ठाकुरद्वारा तक 52 किलोमीटर लम्बे राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण को स्वीकृत कर उसके शीघ्र निर्माण के लिए आदेश कर दिये। श्री महाराज ने बताया कि आज उन्होंने केन्द्रीय राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर उन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 121 के खस्ताहाल होने की जानकारी दे उनसे उसके निर्माण के लिए अनुरोध किया, जिसको मंत्री के द्वारा स्वीकार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा मंत्री से चार धाम यात्रा गंगोत्री, यमनोत्री, बद्रीनाथ व केदारनाथ के मार्गों के भी शीघ्र निर्माण का अनुरोध किया जिसे उन्होंने स्वीकार कर कहा कि शीघ्र ही चार धाम यात्रा के मार्गों का निमार्ण भी करवाया जायेगा। पूर्व केन्द्रीय मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि दिल्ली से रामनगर जाने वाले यात्रियों को खराब मार्ग होने के कारण पहुंचने में काफी असुविधा होती है। यदि रामपुर दोराहे से ठाकुरद्वारा तक 52 किलोमीटर लम्बे मार्ग का निर्माण शीघ्र हो जायेगा तो यात्रियों को सुविधा के साथ साथ समय की भी बचत होगी। इसी प्रकार चार धाम यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को भी खराब मार्ग होने के कारण असुविधा का सामना करना पड़ता है। ऐसे में मंत्री द्वारा शीघ्र मार्ग निर्माण के आदेश के लिए उन्होंने श्री गडकरी को धन्यवाद भी दिया।

नन्दा राजजाज पहुंची कांसवा

uttrakhand news
देहरादून/ चमोली, 20 अगस्त, (निस)। नंदा राजजात के तीसरे दिन जात नौटी से कांसवा के लिए प्रस्थान हुई। रास्ते में बैनोली में नैड़ी और देवल की छतौली जात में शामिल हुई। इसके बाद यात्रा ऐरौली और मलेठी, नौना होते हुए कांसवा पहंुची। ऐरौली, नौना की छतौली भी जात में शामिल हुई। यात्रा का कांसवा के राजकुंवरों द्वारा स्वागत किया गया। आज की इस यात्रा में नौटी से कांसवा तक विधान सभा उपाध्यक्ष अनुसुईया प्रसाद मैखुरी भी शामिल रहे। मां नंदा राजजात जिस-जिस गांव से होकर गुजरी, वहां पर स्थानीय ग्रामीणों ने पूरे सम्मान व भावुक मन से स्वागत किया। ग्रामीण लोग अपने स्थानीय परिवेश में थे। यात्रा कल कांसवा से चांदपुरगढ़ी पहुंचेगी। वहां पर राजपरिवार के कुंवर द्वारा स्वागत किया जायेगा। इसके बाद अगला पड़ाव सेम के लिए प्रस्थान करेगी।

कोई टिप्पणी नहीं: