गाजा में इजरायली हमले में मारे गए फिलिस्तीनियों की संख्या बढ़कर शनिवार को 1,654 पहुंच गई। इनमें से अधिकांश नागरिक हैं। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि इजरायली सैन्य अभियान में 8,900 से अधिक लोग घायल हो चुके हैं।
गाजा में स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता अशरफ अल-केद्रा ने कहा कि मृतकों और घायलों की दो-तिहाई संख्या नागरिकों की है। इसमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं। अल-केद्रा ने कहा कि इजरायल के एक ताजा हवाई हमले में एक ही परिवार के छह सदस्य मारे गए हैं। दक्षिणी गाजा के राफा शहर में शनिवार तड़के इस परिवार के घर पर बम गिराए गए।
अल-केद्रा ने कहा कि एक 54 वर्षीय व्यक्ति उस समय मारा गया, जब इजरायली लड़ाकू विमानों ने उत्तरी गाजा पट्टी के जबालिया कस्बे में एक मस्जिद पर हमला किया। इस हमले में अन्य 30 व्यक्ति घायल हो गए। फिलिस्तीनी आधिकारिक आंकड़े के अनुसार, 400,000 से अधिक फिलिस्तीनी या गाजा पट्टी की एक-चौथाई आबादी इजरायली हमले के कारण विस्थापित हो गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें