बांग्लादेश की विवादास्पद लेखिका तसलीमा नसरीन भारत में लंबे समय तक रहने के लिए लंबी अवधि के निवास वीसा की मांग के साथ शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मिलीं। पिछले दिनों सरकार ने नसरीन को एक साल के स्थायी वीसा के स्थान पर दो माह का अस्थायी वीसा प्रदान किया था। इसे लेकर नसरीन ने सोशल वेबसाइट पर अपने आक्रोश का इजहार किया था।
नसरीन ने कहा, "मैं राजनाथ सिंह से आज मिली और उन्होंने आश्वासन दिया कि भारत में निवास को विस्तार दिया जाएगा। मैंने उन्हें अपनी किताब 'वो अंधेरे दिन' भेंट की जिस पर उन्होंने कहा कि आपके अंधेरे दिन खत्म हो गए।" नसरीन को सोशल वेबसाइट पर अपनी नाखुशी जाहिर करने के बाद समाज के हर वर्ग के लोगों का समर्थन हासिल हुआ। प्रेस परिषद के अध्यक्ष और सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश मरक डेय काटजू ने 1992 से निर्वासित जीवन जी रही 52 वर्षीया लेखिका के लिए स्थायी वीसा की मांग की। नसरीन ने इस मुद्दे पर कोलकाता के बुद्धिजीवियों की ओर से खामोशी ओढ़ लेने पर आश्चर्य व्यक्त किया।
नसरीन को अपने देश बांग्लादेश में उपन्यास 'लज्जा' में धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगा और वह 1994 से निर्वासित जीवन जी रही हैं। कुछ देशों में रहने के बाद 2004 में उन्होंने कोलकाता को अपना निवास बनाया। लेकिन 2007 में तीव्र विरोध प्रदर्शन के बाद वाम मोर्चा सरकार ने उन्हें नई दिल्ली जाने को कहा। तब से वह यहीं रह रही हैं।
नसरीन कोलकाता लौटने के प्रति काफी उत्सुक हैं लेकिन उन्हें लगता है कि जब तक ममता बनर्जी की सरकार है और वह हठधर्मियों के समक्ष झुकती रहेंगी उनका वहां लौटना संभव नहीं हो पाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें