प्रदेश सरकार कामगारों के कल्याण के प्रति वचनबद्ध: मुख्यमंत्री
शिमला , 20 अगस्त ( विजयेन्दर शर्मा) । मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कामगारों की शिकायतों को उठाने के लिए यह एक उपयुक्त मंच है और प्रदेश सरकार हिमाचल में कामगार श्रेणी के लिए अधिक अधिकार एवं लाभ सुनिश्चित बना रही है। मुख्यमंत्री आज यहां इंटक की 287वीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई है कि इंटक हिमाचल प्रदेश में दूसरी बार अपनी राष्ट्रीय बैठक का आयोजन कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल वही राज्य समृद्धि की ओर अग्रसर हो सकता है, जहां श्रमिकों और कामगारों की देखभाल और कल्याण पर ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि इंटक राष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत संगठन के रूप में उभरकर सामने आया है और इंटक कामगार श्रेणी के हितों को सुरक्षित रखने की दिशा में कार्यरत है। उन्होंने कहा कि समय के साथ संगठन आज भी पूर्ण रूप से अपने उद्देश्यों पर कायम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम प्रदेश के विभिन्न उद्योगों में कार्यरत कामगारों को बेहतर पर्यावरण प्रदान करने तथा उनके हितों के संरक्षण के लिए वचनबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में कार्यरत औद्योगिक इकाइयों में 70 प्रतिशत रोजगार हिमाचलवासियों को प्रदान करना अनिवार्य बनाया है। वीरभद्र सिंह ने आशा जताई कि बैठक में हुए विचार-विमर्श से कामगार श्रेणी लाभान्वित होगी और इस दिशा में एक नीतिगत दस्तावेज तैयार करने में सहायता मिलेगी, जो कामगारों के हितों के संरक्षण में लाभदायक सिद्ध होगा। उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महासचिव श्री जनार्दन द्विवेदी तथा इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. जी. संजीवा रेड्डी का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व राजीव भवन में पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी के छायाचित्र पर भावभीनि श्रद्धांजलि अर्पित की। अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महासचिव श्री जनार्दन द्विवेदी ने इस अवसर पर कहा कि इंटक द्वारा चलाया गया आन्दोलन कामगार श्रेणी के सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक उत्थान के साथ-साथ समग्र विकास सुनिश्चित करने के साथ भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि पारम्परिक संस्कृति और आधुनिकता के समागम से ही देश का विकास सुनिश्चित बनाया जा सकता है। कामगार श्रेणी का सभी स्तरों पर सम्मान सुनिश्चित बनाया जाना चाहिए तथा उनके लिए शिक्षा के अधिक अवसर सृजित करने के साथ-साथ उनके श्रम का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इंटक देश की स्वतंत्रता के साथ अस्तित्व में आया और उच्च क्षमता एवं आदर्शों के धनी नेता संगठन का हिस्सा रहे। उन्होंने कहा कि हमें इन मूल्यों को भविष्य में भी यथावत रखना होगा। उद्योग मंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार कामगार श्रेणी के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है कि कार्य समय में कामगार की मृत्यु होने की स्थिति में एक लाख रुपये तथा प्राकृतिक मृत्यु की स्थिति में 50 हजार रुपये प्रदान किए जाएं। इसके अतिरिक्त प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत कामगारों को आवासीय सुविधा प्रदान की जा रही है। बद्दी में 6 करोड़ रुपये व्यय कर महिला कामगार होस्टल निर्मित किया जा रहा है। प्रदेश सरकार कामगार श्रेणी को बेहतर शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है और उन्हें 15 हजार रुपये तक की वार्षिक वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कामगारों और उनके बच्चों को कौशल उन्नयन के लिए 1500 रुपये प्रतिमाह उपलब्ध करवा रही है और कौशल विकास भत्ते के रूप में 18 हजार वार्षिक प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कामगारों को व्यावसायिक पाठ्क्रमों के लिए भी सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने असंगठित कामगारों के हितों की सुरक्षा तथा उन्हें बेहतर कार्य पर्यावरण उपलब्ध करवाने के लिए हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड का गठन किया है। उन्होंने कहा कि बोर्ड के साथ पंजीकृत कामगारों को अपने तथा अपने दो बच्चों के विवाह के लिए 25 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। प्रदेश सरकार महिला कामगारों को साईकिल, वाशिंग मशीन, सोलर लैम्प तथा इंडक्शन स्टोव भी नि:शुल्क उपलब्ध करवा रही है। इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. जी. संजीवा रेड्डी ने कहा कि सतत प्रयासों से आज इंटक सबसे बड़ा संगठन बनकर उभरा है और देश भर में इसके तीन करोड़ से अधिक सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में संगठन के पास पर्याप्त संसाधन हैं तथा संगठन दिन-प्रतिदिन विस्तृत हो रहा है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष श्री सुखविन्दर सिंह ठाकुर ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे। इंटक के राज्य अध्यक्ष बावा हरदीप सिंह ने मुख्यमंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों सहित देश भर से आए इंटक प्रतिनिधियों का स्वागत किया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री कौल सिंह ठाकुर, कृषि तथा ऊर्जा मंत्री श्री सुजान सिंह पठानिया, वन मंत्री श्री ठाकुर सिंह भरमौरी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. कर्नल धनी राम शांडिल, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्री अनिल शर्मा, इंटक के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री अशोक सिंह, राष्ट्रीय महासचिव श्री राजेन्द्र प्रसाद तथा सुश्री वीना सिंह राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला इंटक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।.0.
रोहित ठाकुर द्वारा दुर्घटना पर शोक व्यक्त
शिमला , 20 अगस्त ( विजयेन्दर शर्मा) । मुख्य संसदीय सचिव श्री रोहित ठाकुर ने आज शिमला जिला के जुब्बल तहसील के हाटकोटी के नजदीक पटसारी गांव में सावड़ा से रोहडू जा रही बलैरो गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण दो महिलाओं की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने परमपिता परमात्मा से दिवंग्त आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस दुखद घड़ी से उभरने की प्रार्थना की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है। इस वाहन में 11 लोग सवार थे। ठाकुर ने उपमण्डलाधिकारी, रोहडू को मृतकों के परिजनों तथा घायलों को तुरन्त राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। सभी घायलों को रोहडू स्थित अस्पताल में दाखिल कर दिया है प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों तथा घायलों को 15-15 हजार रुपये की राहत राशि प्रदान कर दी गई है।
राजीव गांधी को पुष्पांजलि अर्पित
शिमला , 20 अगस्त ( विजयेन्दर शर्मा) । मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने आज प्रदेशवासियों की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री राजीव गांधी को उनकी 70वीं जयंति पर छोटा शिमला स्थित सदभावना चौक में उनकी प्रतिमा पर भावभीनी पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री कौल सिंह ठाकुर, ऊर्जा मंत्री श्री सुजान सिंह पठानिया, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कर्नल डा. धनी राम शांडिल, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्री अनिल शर्मा, मुख्य संसदीय सचिव श्री नन्द लाल तथा श्री रोहित ठाकुर, विधायक श्री मोहन लाल बराकटा, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष श्री सुखविन्द्र सिंह ठाकुर, नगर निगम शिमला के महापौर श्री संजय चौहान तथा उप महापौर श्री टिकेन्द्र पंवर, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री हर्ष महाजन, नगर निगम शिमला के पार्षद, कांग्रेस पार्टी के विभिन्न अग्रणी संगठनों के पदाधिकारी, शिमला के उपायुक्त श्री दिनेश मल्होत्रा तथा प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी व शहर के अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर वहां उपस्थित सभी को साम्प्रदायिक सद्भाव की शपथ दिलाई। इस अवसर पर देशभक्ति के गीत एवं भजन प्रस्तुत किये गए।
सद्भावना दिवस के रूप में मनाया
कुल्लू , 20 अगस्त ( विजयेन्दर शर्मा) । पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के जन्मदिवस को आज कुल्लू में सद्भावना दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री को भाव-भीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सामाजिक सद्भावना की शपथ दिलवाई। उपस्थित जनसभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत अनेक धर्म, जाति, सम्प्रदाय एवं अलग-अलग भाषाओं का देश है, इसलिए लोगों को एक दूसरे की जनभावनाओं का सम्मान करते हुए देश की एकता और अखण्डता के साथ-साथ आपसी भाईचारे को सुदृढ़ करने के लिए कार्य करना चाहिए। इस अवसर पर सहायक आयुक्त कुल्लू कुमुद सिंह सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया।
सदभावना दिवस पर भावभिनि श्रद्धांजलि
शिमला, 20 अगस्त ( विजयेन्दर शर्मा) । पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री राजीव गांधी जी की पावन जयन्ती के अवसर पर उपायुक्त कार्यालय परिसर शिमला में उन्हें भावभिनि श्रद्धांजलि अर्पित की गई । इस अवसर पर उपायुक्त शिमला श्री दिनेश मल्होत्रा ने परिसर में स्थित सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को भावनात्मक एकता और सदभावना के साथ कार्य करने के लिए सदभावना शपथ भी दिलवाई ।
कुल्लू में बाल शोषण, बाल मजदूरी तथा बच्चों के साथ अन्य अत्याचारों को रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा उचित कदम उठाए जा रहे
कुल्लू , 20 अगस्त ( विजयेन्दर शर्मा) । उपायुक्त कुल्लू राकेश कंवर ने कहा कि जिला कुल्लू में बाल शोषण, बाल मजदूरी तथा बच्चों के साथ अन्य अत्याचारों को रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा उचित कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि जिला में बच्चे सुखद जिंदगी में रह सके। उक्त शब्द उपायुक्त कुल्लू ने आज जिला स्तरीय चाईल्डलाईन मनाली सलाहकार समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहे। उन्होंने बताया कि जिला कुल्लू में बाल अपराध के मामले बहुत कम हैं और बाल शोषण के कुछ मामले जिला प्रशासन के ध्यान में लाए गए हैं। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों को भीख मांगने के लिए प्रेरित करना एक सामाजिक बुराई है। इस प्रथा को कम करने के लिए चाईल्डलाईन मनाली और पुलिस के सहयोग से पर्यटन स्थल मनाली तथा कुल्लू आदि में विशेष अभियान चलाया जाएगा। यदि कोई मां-बाप बच्चों को भीख मांगने के लिए मजबूर करते हैं तो उनके विरूद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि बच्चों की मदद के लिए कोई भी व्यक्ति चाइल्ड हैल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क करके बच्चों की शोषण से रक्षा कर सकता है। उन्होंने बताया कि जिला में अप्रैल, मई और जून माह के दौरान इस नंबर पर कुल 442 कॉल्स आईं। इन कॉल्स के बाद कई मामलों में शोषण के शिकार बच्चों की तत्काल मदद की गई। उपायुक्त ने बताया कि जिला के 122 स्कूलों में बच्चों को इस बारे में जागरूक किया जाएगा और सभी स्कूलों को सी.डी. उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि टेलीफोन बिल नंबर में भी उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए चाइल्ड हैल्पलाइन नंबर 1098 प्रिंट किया जाएगा। बैठक में एएसपी निहाल चंद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. बलदेव ठाकुर, एसडीएम डा. सुरेश जसवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेश शर्मा, उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक जगदीश, चाइल्ड लाइन संस्था की अध्यक्षा शालिनी वत्स किमटा और बोर्ड के अन्य सरकारी व गैर सरकारी सदस्य भी उपस्थित थे।
बिझड़ी में मनरेगा के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक
हमीरपुर, 20 अगस्त ( विजयेन्दर शर्मा) । उपायुक्त रोहन चंद ठाकुर ने विकास खण्ड बिझड़ी में मनरेगा के तहत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों में पारदर्शिता के साथ तीव्रता लाने के संबन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये ताकि कार्यों को समयबद्ध पूरा कर जनता को लाभान्वित किया जा सके। उपायुक्त ने यह निर्देश विकास खण्ड बिझड़ी में जिला ग्रामीण विकास अभिकरण,हमीरपुर व विकास खण्ड बिझड़ी के समस्त प्रधान ग्राम पंचायत, पंचायत सचिवों, रोज़गार सेवकों तथा तकनीकी सहायकों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिये। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में प्रत्येक वार्ड में कार्य शुरू किये जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में मज़दूरी व सामग्री का अनुपात पंचायत स्तर पर निर्धारित मानक 60:40 पर होना आवश्यक है । उन्होंने कहा कि मनरेगा में सीमेंट क्रय करने के लिये तकनीकी सहायक व कनिष्ठ अभिंयता के हस्ताक्षर होना अनिवार्य हैं। उन्होंने ग्राम रोज़गार सेवकों से मनरेगा की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर बल देते हुए क हा कि योजना का ग्रामीण स्तर तक प्रचार-प्रसार करके लोगों का जागरूक करें। उन्होंने ग्राम पचंायत पाहलू में राजीव गांधी सेवा के न्द्र के निर्माण में हो रहे देरी के लिये कनिष्ठ अभियंता को वस्तुत: स्थिति से 2 दिन के भीतर अवगत करवाने तथा ग्राम पंचायत गारली में चल विकास कार्यों की जांच रिपोर्ट 15 दिन के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये । उन्होंने गत वर्ष में मनरेगा के तहत प्रथम ,द्वितीय और तृतीय स्थान पर रही ग्राम पंचायत क्रमश: धंगोटा, बल-बिहाल व बिझड़ी के प्रधानों क कार्य की प्रसंशा की । इस अवसर पर उप-निदेशक एवं जिला परियोजना अधिकारी डीआरडीए, राकेश शर्मा ने एनआरएलएम के तहत स्क्लि डब्लपमेंट के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी । उन्होंने बताया कि बीपीएल परिवारों के लिये पलम्बर, बैल्डर , मोटर मकेनिक, मिस्त्री तथा पम्प ऑपरेटरों के प्रशिक्षण के लिये समस्त प्रधान दो-दो आवेदकों के नाम एक सप्ताह के भीतर भेजना सुनिश्चित करें। सहायक आयुक्त ( विकास )एवं खण्ड विकास अधिकारी पृथी पाल सिंह ने उपायुक्त व अन्य अधिकारियों का स्वागत किया तथा मनरेगा के तहत चल रहे विकास कार्यों की के बारे में अवगत करवाया।
सीर खड्ड में अवैध खनन पर कसेगा शिकंजा, उपायुक्त ने खनन विभाग के अधिकारियों को दिए निर्देश
- वर्षा प्रभावित क्षेत्रों का भी किया दौरा
हमीरपुर, 20 अगस्त ( विजयेन्दर शर्मा) । उपायुक्त हमीरपुर रोहन चंद ठाकुर ने भोरंज उपमंडल में बारिश प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों का जायजा लेते हुए कहा कि सीर खड्ड में अवैध खनन पर पूर्णतय अंकुश लगाया जाएगा तथा इस के लिए खनन विभाग के अधिकारियों को नियमित तौर पर खड्डों में नाके लगाने तथा अवैध खनन करने वालों से सख्ती के साथ निपटने के दिशा निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त रोहन चंद ठाकुर ने कहा कि खनन विभाग के अधिकारियों को अवैध खनन के बारे में डेली रिपोर्ट उपमंडलाधिकारी के माध्यम से जिला प्रशासन को भेजना सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कहा कि जिला में किसी भी स्तर पर अवैध खनन की इजाजत हरगिज नहीं दी जाएगी तथा सभी उपमण्डलाधिकारियों को मानिटरिंग सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। उपायुक्त हमीरपुर रोहन चंद ठाकुर ने हमीरपुर जिला में बारिश से प्रभावित हुए क्षेत्रों में राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं इसके साथ ही राहत कार्यों की रिपोर्ट भी प्रतिदिन तैयार करने के लिए कहा गया है ताकि राहत कार्यों की सुचारू मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।
उपायुक्त हमीरपुर रोहन चंद ठाकुर ने बुधवार को बड़सर तथा भोरंज उपमंडल में बारिश प्रभावित क्षेत्रों में जायजा लेने के साथ साथ ही भोरंज उपमंडल के बजडोह, बधानी में बारिश से क्षतिग्रस्त संपर्क सडक़ का भी निरीक्षण किया तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से प्राथमिकता के आधार पर बजडोह तथा बधानी के लोगों को आवाजाही के मार्ग चालू करने के दिशा निर्देश दिए गए। उपायुक्त हमीरपुर ने बताया कि वीरवार को आठ के करीब पेयजल स्कीमें चालू की गई हैं जबकि आधा दर्जन के करीब संपर्क मार्गों को भी आवाजाही के लिए सुचारू किया गया है। उन्होंने बताया कि भोरंज उपमंडल तथा टौणी देवी क्षेत्र में ही बारिश से सबसे ज्यादा नुक्सान हुआ है। इस अवसर पर उपायुक्त ने भुक्कड़ पंचायत की विमला देवी के मकान के क्षतिग्रस्त होने पर उपमंडल प्रशासन को फौरी राहत उपलब्ध करवाने के दिशा निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर जिला परिषद् सदस्य प्रोमिला , उपमंडलधिकारी बलवान चंद मंढोत्रा भी साथ मौजूद रहे।
सब्जी मण्डी में नीलामी मंच बनाए जाएंगे
हमीरपुर, 20 अगस्त ( विजयेन्दर शर्मा) । कृषि उपज मण्डी समिति (एपीएमसी) की बैठक आज मण्डी समिति अध्यक्ष प्रेम कौशल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में समिति का त्रैमासिक आय-व्यय का अनुमोदन किया गया । यह जानकारी सचिव मण्डी समिति अनिल चौहान ने दी । बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रेम क ौशल ने कृषि उपज मण्उी समिति हमीरपुर के निर्माण कार्य एवं मुरम्मत कार्य के प्राकलन तथा कृषि उप मण्डी समिति हमीरपुर और उप-सब्जी मण्डी, नादौन में नीलामी के लिये खुला मंच का निर्माण करने का सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया । उन्होंने बताया कि निलामी मंच बनाने से स्थानीय किसान-बागवान अपने उत्पादों को स्वतंत्र रूप से बिक्री कर लाभान्वित हो सकें। उन्होंने बताया कि कृषि उपज मण्डी समिति, हमीरपुर के पास चालू वर्ष के दौरान नए लाईसैंस बनाने के लिये 12 आवेदन प्राप्त हुए जिन्हें सभा ने सर्व सम्मति से अनुमोदित किया। उन्होंने बताया कि उप-मण्डी समिति नादौन, हमीरपुर और जाहू में जो आढ़ती नियमानुसार काम नहीं कर रहे हैं उनके विरूद्ध कानूनी कार्रवाई अमल में लाकर आवंटित दुकानें खाली करवाई जाएगी। बैठक में उप-निदेशक उद्यान प्रदीप सांख्यान, उप-निदेशक पशुपालन वाई.एस. राठौर, उप-निदेशक कृषि डॉ अलवेल सिंह, केवीके बड़ा से डॉ आनन्त सिंह, के अतिरिक्त गैर सरकारी सदस्य देव राज, विनय शर्मा, मनमोहन सिंह, उत्तम चंद , राम चंद, बलदेव सिंह, सुनिल दत्त शर्मा, नानक चंद उपस्थित थे।
चतृर्थ श्रेणी के स्थाईकरण के मामले तथा वर्षा से हुई क्षति सूचना भेंजे
हमीरपुर, 20 अगस्त ( विजयेन्दर शर्मा) । उप-निदेशक उच्च शिक्षा सोमदत्त सांख्यान ने शिक्षा विभाग के समस्त कार्यालय अध्यक्षों को निर्देश दिये हैं कि जिन चतृर्थ श्रेणी कर्मचारियों का स्थाईकरण होना है, उनके मामले पूर्ण दस्तावेजों सहित 15 सितम्बर तक उप-निदेशक उच्च शिक्षा, हमीरपुर के कार्यालय में जमा करवाना सुनिश्चित करें। न्होंने समस्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक तथा उच्च पाठशालाओं के मुखियों से कहा है कि गत दिवस जिला में हुई वर्षा के कारण स्कूलों में जिन-जिन भवनों को क्षति पहुंची है उनकी सूचना तुरन्त कार्यालय में फोटो सहित पूर्ण विवरण के साथ भेजना सुनिश्चित करें।
खो-खो में डटवाणी अव्वल, विजेताओं को किया पुरस्कृत
हमीरपुर, 20 अगस्त ( विजयेन्दर शर्मा) । एपीएमसी के चेयरमैन प्रेम कौशल ने कहा कि खेलें जीवन के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत जरूरी हैं, खेलों से अनुशासन, प्रतिस्पद्र्वा तथा संघर्ष में आगे बढऩे की सीख हमें मिलती है। एपीएमसी के चेयरमैन सीनियर सेंकेडरी स्कूल मुंडखर में तीन दिवसीय जोनल स्तरीय खेल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। इस अवसर पर विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए विशेष कदम उठा रही है तथा राष्ट्र मंडल खेलों में स्वर्ण, रजत, कांस्य पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों के लिए नगद पुरस्कार का निर्णय भी लिया गया है इसी कड़ी पंद्रह अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने खिलाड़ी विकास ठाकुर को पदक जीतने पर हिमाचल सरकार की ओर से दस लाख की राशि भी प्रदान की गई है इसके अतिरिक्त खिलाडिय़ों को सरकारी नौकरी में तीन प्रतिशत का आरक्षण भी दिया जा रहा है ताकि खिलाड़ी आगे बढ़ सकेें। वालीबाल में एनएमपीएचएस कक्कड़ ने पहला, जीएचएस गुब्बर ने दूसरा स्थान हासिल किया, खोखो में जीएचएस डटवाणी ने पहला, समीरपुर ने दूसरा तथा कबड्डी में एनएमपीएचएस कक्कड़ ने पहला, करेर ने दूसरा तथा बैडमिंटन में एसपीएचएस ने पहला जबकि जीएचएस करेर ने दूसरा स्थान हासिल किया गया। इससे पहले प्रिंसिपल विद्या सागर ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए बताया कि प्रतियोगिता में तीन खंडों सुजानपुर, टौणी, बिझड़ के लगभग 175 विद्यार्थियों ने भाग लिया गया। इस अवसर पर निदेशक भूमि विकास बैंक रोशन लाल, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के भोरंज ब्लाक के अध्यक्ष नरेश ठाकुर, प्रधान संतोषी माता मंदिर समिति बलवंत ठाकुर, स्वर्ण सिंह, प्रेम सिंह, मालू राम, कुलदीप डोगरा सहित विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित थे।
22 अगस्त को बिजली बंद
धर्मशाला 20 अगस्त ( विजयेन्दर शर्मा) । सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल नम्बर-दो धर्मशाला ने बताया है कि बगली फीडर 11 केवी के लाईनों की मरम्मत तथा उचित रख-ररवाव के कारण 22 अगस्त को प्रात: 10 बजे से सायं 4 बजे फीडर के अन्तर्गत आने वाले गांव पुराना मटौर, अनसोली, बगली, इच्छी, सराह, पटोला, मस्तपुर, चैतडू, वनवाला व मनेड़ में तक बिजली बंद रहेगी।
नारायण सेवा संस्थान उदयपुर की हिमाचल शाखा द्वारा प्रदेश में चौथा निशुल्क शिविर 31 अगस्त को
ऊना, 20 अगस्त ( विजयेन्दर शर्मा) । देश के प्रसिद्व नारायण सेवा संस्थान उदयपुर की हिमाचल शाखा द्वारा प्रदेश में चौथा निशुल्क शिविर 31 अगस्त को ऊना के प्रसिद्व धार्मिक स्थल बाबा बाल आश्रम में आयोजित किया जाएगा। ऊना में पत्रकार वार्ता के दौरान यह जानकारी देते हुए नारायण सेवा संस्थान हिमाचल के अध्यक्ष रसील सिंह मनकोटिया ने बताया कि इस शिविर में राज्य भर से आने वाले रोगियों का उदयपुर से आई डॉक्टरों की विशेष टीम द्वारा ईलाज किया जाएगा। मनकोटिया ने बताया कि शिविर का उद्घाटन सांसद अनुराग ठाकुर करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता बाबा बाल जी महाराज करेंगे। इस मौके पर विधायक सतपाल सिंह सत्ती व वीरेंद्र कंवर विशष्टातिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। मनकोटिया ने बताया कि कैंप में जिन रोगियों को आप्रेशन के लिए चिंहित किया जाएगा, उनके आपे्रशन उदयपुर में निशुल्क संस्था द्वारा करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सांसद अनुराग ठाकुर ने नारायण सेवा संस्थान का शिविर ऊना में आयोजित करने का सुझाव दिया था, जिस पर कार्रवाई करते हुए संस्थान इस शिविर को ऊना में आयोजित कर रहा है। मनकोटिया ने कहा कि विशाल पोलियो जांच एवं विकलांग चयन कैंप में राज्य भर से पोलियो व विकलांगता से ग्रस्त लोगों को आमंत्रित किया गया है और उनके रहने व खाने की व्यवस्था भी संस्थान द्वारा राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज के सहयोग से कोटला कलां के आश्रम में की जाएगी। मनकोटिया ने कहा कि प्रदेश की सभी विकलांग संगठनो से अपने-अपने जिले से विकलांगों को इस कैंप में भेजने का आग्रह किया गया है। वहीं राज्य के सभी जिलाधीशों व जिला समाज कल्याण अधिकारियों को पत्र लिखकर इस कैंप में विकलांगों को भेजने का निवेदन किया गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा प्रभावित लोग इस कैंप का लाभ उठा सके। मनकोटिया ने कहा कि हिमाचल में संस्थान की ईकाई का गठन 2003 में किया गया था, जिसके बाद मंडी व हमीरपुर में निशुल्क कैंपों का आयोजन किया गया था, जिसके माध्यम से 337 चिंहित लोगों के निशुल्क आपे्रशन करवाए गए थे। उन्होंने कहा कि विकलांग भाईयों को कैंप में निशुल्क ट्राईसाईकिल, व्हीलचेयर व वैसाखियां भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस अवसर पर अमृत भारद्वाज, हरिओम भनोट, संतोष सैणी, हरिनाम सिंह, रणजीत ठाकुर, टीआर शर्मा, प्रेम देव, सुरेश ऐरी, बलविंद्र गोल्डी, राज कुमार पठानिया व शिव कुमार सांभर उपस्थित रहे।
यह बनी समीतियां
नारायण सेवा संस्थान के राज्य स्तरीय निशुल्क चिकित्सा शिविर के लिए प्रदेश अध्यक्ष रसील सिंह मनकोटिया ने विभिन्न समीतियों का गठन किया है। मनकोटिया ने बताया कि स्वागत समीति के अध्यक्ष संतोष सैणी, भोजन व आवास समीति में यशपाल, विशंभर दास, तरसेम लाल व जगदीश, प्रचार प्रसार समीति के अध्यक्ष राजीव भनोट, नवदीप कश्यप, राजकुमार पठानिया, बलविंद्र गोल्डी, शिव कुमार, यातायात समीति के अध्यक्ष अमृत भारद्वाज, पंजीकरण समीति के अध्यक्ष सुरेश ऐरी, तेलू राम, प्रेम चंद को शामिल किया गया है।
31वीं अंडर-14 खंड स्तरीय तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता
ऊना, 20 अगस्त ( विजयेन्दर शर्मा) । हरोली ब्लॉक के तहत पड़ते राजकीय उच्च विद्यालय गुरपलाह में बुधवार को 31वीं अंडर-14 खंड स्तरीय तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई। इस मौके पर मुख्यतिथि के रूप में हिमाचल प्रदेश समान्य उद्योग के निदेशक पवन ठाकुर ने खेलकूद प्रतियोगिता में शिरकत की। प्रतियोगिता में 29 स्कूलों के 300 खिलाड़ी भाग ले रहे है। खेलकूद प्रतियोगिता में बैडमिटन,खो-खो,बालीवाल एंव कबबडी सहित अन्य प्रतियोगिताएं करवाई जा रही है। इस मौके पर मुख्यातिथि हिमाचल प्रदेश समान्य उद्योग के निदेशक पवन ठाकुर ने कहा कि शिक्षा के साथ साथ विद्यार्थी जीवन में खेलों का भी बहुत महत्व है। खेलने से ही खिलाड़ी का शारीरिक व मानसिक विकास संभव हो पाता है। उन्होने कहा कि स्कूल के प्रत्येक बच्चे को खेलों में भाग जरूर लेना चाहिए ताकि उसका स्वार्गीण विकास संभव हो सकें। उन्होने खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने आए खिलाडिय़ों को कड़ी मेहनत से खेलने का आहवान किया। कार्यक्रम की शुरूआत मेजवान स्कूल के बच्चों द्वारा बन्दे मातरम एंव सरस्वती बन्दना गाकर की गई। वही स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। इस मौके पर मुख्यतिथि को स्कूल मुख्यध्यापक रूप चंद एंव प्रशासन की तरफ से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मुख्यतिथि पवन ठाकुर ने सास्ंकृतिक कार्यक्रम पेश कर रहे बच्चों के लिए इकायवन सौ रूपए,स्कूल की रिपेयर एंव स्कूल में डैस्कों के लिए एक लाख रूपए देने की घोषण की। इस मौके पर मंच का संचालन प्रवक्ता संतोष कुमारी एंव चरणपाल ने बाखुबी निभाया। इस मौके पर उनके साथ जिला अध्यक्ष एनजीओ विपन ठाकुर,गुर प्रताप लाली,कृम्रिका उद्योग से एनके शर्मा,स्थानीय स्कूल के मुख्यध्यापक रूप चंद,प्रधानाचार्य राजेन्द्र कौशल,प्रधानाचार्य रूप कुमार,प्रधानाचार्य भगत राम,डीएसएस के पदाधिकारी चरणपाल, एमएम गर्ग,मुख्याध्यापिका नीना शर्मा,मुख्यध्यापक रविन्द्र कुमार,मुख्याध्यापक महिन्द्र सिंह राणा,समन्वयक अमरजीत,पीटीईयादविन्द्र सिंह,सतपाल,जरनैल सिंह,दविन्द्र कुमार,कर्मचंद,अजय कटारिया,जतिन्द्र कुमार,प्रदीप कुमार,जतिन्द्र कुमार शर्मा,सूरेन्द्र कुमार,रमन शर्मा,सरोज वाला,डीपी रामपाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कलाकारों ने पंडोगा व ईसपुर में दी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
ऊना, 20 अगस्त ( विजयेन्दर शर्मा) । सूचना एवं जन संपर्क विभाग के कैजुअल कलाकारों ने आज हरोली विधानसभा क्षेत्र के पंडोगा व ईसपुर में प्रदेश सरकार की डेढ़ साल की उपलब्धियों और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का गीत-संगीत व नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से मंचन कर लोगों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आहवान किया। कलाकारों सोमनाथ झल्ला, तेजेन्द्र सिंह बागी व रविन्द्र कुमार ने अपने गीत ‘हिमाचल हमारा प्यारा-प्यारा, नई-नई योजनाओं का अनोखा नजारा’ तथा नाटिका ‘नई सवेर’ के माध्यम से जहां कौशल विकास भत्ता योजना, सामाजिक सुरक्षा पैंशन, आवास योजनाओं, मुयमंत्री कन्यादान योजना आदि योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी, वहीं अपनी प्रस्तुतियों से ग्रामीणों का भरपूर मनोरंजन भी किया। इसके अलावा राजकुमारी, पूनम व पूजा ठाकुर ने गीत- संगीत के जरिए सरकार की योजनाओं का बखान करने के साथ- साथ ग्रामीणों से नशाखोरी से दूर रहने का आह्वान किया। कलाकार सूरम सिंह ने कन्या भ्रूण हत्या पर दर्द भरा गीत- ‘क्यों घुट घुट रोई रूह तेरी, इक बारी दसदे मां, सारी उम्र करूंगी सेवा , ए दुनिया दस दे मां’ गाकर सभी को भावुक कर दिया। गायक अरविन्द्र राजा ने सुफियाना कलाम प्रस्तुत करके उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। सोमनाथ ने देशभक्ति का गीत मां तुझे सलाम प्रस्तुत करके वाहीवाही लूटी। इस अवसर पर तकनीकी सहायक प्रदीप कुमार ने ग्रामीणों को बताया कि पिछले डेढ़ साल के दौरान ऊना जिला को विकास के अनेक तोहफे मिले हैं और जिला में कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करके हजारों लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है। ईसपुर में आयोजित कार्यक्रम में पंचायत प्रधान संजय पाठक, हिमफैड के निदेशक मुकेश जसवाल, बीडीसी सदस्य स्वर्ण कुमार बबलू, आस्था संस्थान के प्राचार्य रविन्द्र राणा, श्याम कुमार व सुमित ठाकुर और पंडोगा में आयोजित कार्यक्रम में पंचायत के प्रधान प्रवीण लता, उपप्रधान संतोख सिंह, वार्ड पंच हरभजन सिंह, दौलतराम, वेदप्रकाश, बबिता कुमारी, आशा देवी, अनीता देवी , धनी देवी व अतरो देवी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
राजीव गांधी की जयंती पर हमीरपुर मुख्यालय में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा कार्यक्रम का आयोजन
हमीरपुर, 20 अगस्त ( विजयेन्दर शर्मा) । पूर्व प्रधानमंत्री स्व राजीव गांधी की जयंती पर हमीरपुर मुख्यालय में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने स्व राजीव गांधी की प्रतिमा पर फूल मालाएं अर्पित करके श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता ज्ञान चंद के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया और दो मिनट का मौन रख कर आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश ठाकुर, एपीएमसी चेयरमैन प्रेम कौशल, पूर्व प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष राजिन्द्र जार, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता दीपक शर्मा, कांगडा सहकारी बैंक के निदेशक अनिल वर्मा, महासचिव अजय शर्मा, सिटी कांग्रेस प्रधान मनोज शर्मा, जिला सचिव सुरेश ठाकुर, राजीव चोपडा, पूर्व ब्लाक प्रधान सुनील, पुरूषोतम कालिया, त्रिभुवनेश्वर शर्मा इत्यादि मौजूद रहे।
सदभावना दिवस पर कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता व सदभावना की शपथ दिलाई
ऊना, 20 अगस्त ( विजयेन्दर शर्मा) । सदभावना दिवस के अवसर पर आज उपायुक्त कार्यालय परिसर में एडीएम राजेश कुमार मारिया ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई । इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र ठाकुर, एसडीएम धनवीर ठाकुर, सहायक आयुक्त संजीव कुमार, डीएसपी सुरेन्द्र शर्मा व जिला राजस्व अधिकारी भी उपस्थित थे।
10 कांग्रेसजनों ने रक्ततदान करके राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी
ऊना, 20 अगस्त ( विजयेन्दर शर्मा) । सद्भावना दिवस के अवसर पर आज क्षेत्रीय अस्पताल में जिला कांग्रेस द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जिला कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट वीरेन्द्र धर्माणी ने किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी ने देश की एकता व अखंडता कायम रखने के लिए अपना बलिदान दिया था और उनके युवा व दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने विश्व के राजनीतिक पटल पर अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज करवाई थी। इस अवसर पर दस कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रक्तदान करके पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की, उनमें जिला कांग्रेस प्रवक्ता विजय डोगरा, , राजीव मेहता मार्शल, शिव पटियाल, आशीष शर्मा, प्रीति सोलंकी, भूपेन्द्र, नितीश, रामपाल, गौरव च रविन्द्र ठाकुर शामिल हैं। इस अवसर पर जिला कांग्रेस व्यापार सैल के अध्यक्ष राकेश कैलाश, कांग्रेस बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष एसएन शुक्ला , कांग्रेस सेवा दल के संगठन मंत्री जसवीर सिंह, गुलशन शर्मा , दिनेश बनियाल , रोजी, ब्लड बैंक के जिला प्रभारी डा. निखिल शर्मा , एसीएफ प्रमोद जसवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
रणजीत राणा ने किया 31 वीं अंडर- 14 स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ
ऊना, 20 अगस्त , राजकीय उच्च विधालय ढक्की पंजावर में आयोजित 31वीं अंडर- 14 स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ आज हरोली ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा ने किया। , चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में कबडडी, बालीवाल, खो- खो व बैडमिंटन सहित अनेक मुकाबले होंगे। इस प्रतियोगिता में जिला के 28 स्कूलों के 300 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का समापन 22 अगस्त को होगा। इस अवसर पर रणजीत राणा ने कहा कि खेलें विद्यार्थियों के शारीरिक व मानसिक विकास में सहायक होने के साथ- साथ आपसी भाईचारे व राष्ट्रीय एकता की डोर को भी सुदृढ़ करती हैं। उन्होंने कहा कि ऊना जिला तेजी से शिक्षा हब बन रहा है और प्रदेश सरकार भी खेलों को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दे रही है। उन्होंने अपनी तरफ से इस आयोजन के लिए 5100 रूपए देने की घोषणा की।
हरोली व चिंतपूर्णी में खनन व तबादला माफिया जिला की राजनीति को गंदा कर रहा
ऊना, 20 अगस्त ( विजयेन्दर शर्मा) । हरोली व चिंतपूर्णी में खनन व तबादला माफिया जिला की राजनीति को गंदा कर रहा है। यह बात प्रदेश भाजपा के सहमीडिय़ा प्रभारी हरिओम भनोट, जिला भाजपाध्यक्ष बलवीर बग्गा ने जारी एक संयुक्त ब्यान में कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार लोगों का भला करने के स्थान पर चंद लोगो का पालन पोषण करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि यह पहला मौका है कि कांग्रेस के विधायक सत्ता के प्रभाव का इस्तेमाल ईमानदार कर्मचारियों के तबादले के लिए कर रहे है। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी खनन व ड्रग माफिया पर शिंकजा कस रहे है, उन्हें सजा के तौर पर तबदील किया जा रहा है, जबकि स्थानीय पंचायतें इन अधिकारियों का समर्थन कर रही है, लेकिन राजनैतिक तानाशाही का नंगा नाच कांग्रेस नेताओं द्वारा किया जा रहा है। भाजपा नेताओं ने कहा कि पंडोगा के चौकी इंचार्ज का तबादला सरकार की बदनियति को दिखाता है, तो वही अंब के एसडीएम का तबादला राजनीतिक दखल को साबित करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेता फर्जी शिकायतों के आधार पर शिक्षकों सहित अन्य कर्मचारियों के तबादले करवा रहे है और ऐसे तबादलों से बच्चों की शिक्षा पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ मु यमंत्री तबादलों पर पूर्ण प्रतिबंध की बात कह रहे है, तो वही दूसरी ओर चोर दरवाजे से तबादलों का दौर चल रहा है। जिनमें कई तबादले राजनीतिक कारणों से हो रहे है, तो कईयों में तबादला माफिया के हाथ होने के संदेह है, जो तबादलों की एवज में अपनी जेबे गर्म कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार व चिंतपूर्णी, हरोली के विधायकों को इस पर अपनी स्थिति साफ करनी चाहिए। भाजपा नेताओं ने कहा कि पंडोगा में ड्रग रखने के शक ने पकड़े गए युवकों को किसकी शह पर छोड़ा गया और पुलिस को किस-किस ने फोन किए इसकी सच्चाई सामने आनी चाहिए। भाजपा नेताओं ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने पर ऐसे मामलों की नए सिरें से जांच की जाएगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें