पन्ना (मध्यप्रदेश) की खबर (03 अगस्त) - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 3 अगस्त 2014

पन्ना (मध्यप्रदेश) की खबर (03 अगस्त)

पशुपालन के बिना अच्छी खेती संभव नही-मंत्री सुश्री मेहदेले
  • पशुपालन मंत्री ने किया पशु चिकित्सालय भवन का लोकार्पण

panna news
पन्ना 03 अगस्त 14/जिला मुख्यालय पन्ना में मंत्री पशुपालन, ग्रामोद्योग, पीएचई, विधि एवं विधायी कार्य सुश्री कुसुम सिंह मेहदेले ने नवनिर्मित पशु चिकित्सालय भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पशुपालन के बिना अच्छी खेती संभव नही है। गांव की उन्नति खेती के साथ-साथ पशुपालन और उद्यानकी से ही होगी। पशु चिकित्सालय भवन का लोकार्पण करके मैं अपनी जन्मभूमि को नमन कर रही हॅू। उन्होंने कहा कि जिले में डेयरी के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। सागर में शीघ्र ही दुग्ध संघ का गठन किया जाएगा। लोकार्पण के बाद उन्होंने 20 पशुपालकों को बुन्देलखण्ड विशेष पैकेज के तहत उन्नत मुर्रा नस्ल के सांड प्रदान किए। सुश्री मेहदेले ने कहा कि पन्ना जिले में बडे उद्योगों का अभाव है। यहां आजीविका का मुख्य साधन खेती है। खेती के साथ पशुपालन तथा उद्यानकी किसानों की आय में वृद्धि करते हैं। इनके माध्यम से ही जिले का चहूमुखी विकास होगा। प्रत्येक किसान अच्छी नस्ल के पशुओं का अनिवार्य रूप से पालन करें। यह हमारी खेती के लिए आवश्यक है पशुओं के दिनोंदिन घटने और रासायनिक खाद का उपयोग बढने से खाद्यान्न की गुणवत्ता नष्ट हो रही है। इससे कई रोग फैल रहे हैं। पशुओं से हमें उपयोगी खाद प्राप्त होती है। सभी किसान जैविक खेती को अपनाएं। समारोह की अध्यक्षता करते हुए राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष श्री बाबूलाल जैन ने कहा कि पन्ना बहुत ही सुन्दर और संसाधनों से भरा पूरा जिला है। अब अच्छे दिन आ चुके हैं। जिले के विकास के लिए जो भी कार्ययोजना बनाई जाएगी उसके लिए आवश्यक धन उपलब्ध कराया जाएगा। समारोह में बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष श्री बाबूलाल यादव ने पशुओं के नस्ल सुधार तथा लक्ष्मीपुर में पशु चिकित्सा महाविद्यालय खोलने का सुझाव दिया। समारोह में कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने कहा कि बहुप्रतीक्षित जिला पशु अस्तपाल की सुविधा अब जिले के पशु पालकों को प्राप्त होगी। इसमें आधुनिक उपकरण लगाए जा रहे हैं। जिले में पशुपालन के विकास के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। आगामी दो वर्षो में प्रत्येक पंचायत में नस्ल सुधार के लिए उन्नत सांड उपलब्ध करा दिए जाएंगे। दूध का उत्पादन बढने के साथ ही इसकी गुणवत्ता में सुधार होगा तथा इसका दाम नियंत्रित रहेगा। उत्पादन बढने के साथ दुग्ध प्रशिक्षण की सुविधा दी जाएगी। समारोह में पशुधन विकास निगम के महाप्रबंधक डाॅ. एच.बी.एस. भदौरिया ने कहा कि पन्ना के साथ-साथ पूरे प्रदेश के पशुधन विकास की विस्तृत कार्ययोजना बनाई गई है। गत वर्ष प्रदेश का दुग्ध उत्पादन 8.71 प्रतिशत बढा जबकि राष्ट्रीय स्तर पर दुग्ध उत्पादन में केवल 4.34 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वर्तमान में प्रदेश में प्रति व्यक्ति 345 ग्राम दूध उपलब्धता है। इसे 500 ग्राम प्रति व्यक्ति करने के लिए कार्ययोजना बनाई गई है। उन्होंने बताया कि जिला पशु अस्पताल भवन से पशुओं के प्रत्येक रोग के उपचार की सुविधा पन्ना जिले में प्राप्त हो गई है। इसमें पशुओं के आपरेशन तथा भर्ती करने की भी सुविधा है। पशुओं का उपचार करने के लिए विशेषज्ञ डाॅक्टर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। समारोह में जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष श्री संजय नगायच, जिला पंचायत कृषि समिति की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना सोनी, पूर्व सांसद श्री लोकेन्द्र सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती भावना बालिम्बे, एडीएम चन्द्रशेखर बालिम्बे, उप संचालक पशुपालन डाॅ. आर.पी.एस. गहरवार, श्री सतानन्द गौतम, अधिकारीगण, पत्रकार तथा बडी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे। 

शाहनगर की सभी ग्राम पंचायतों में 8 अगस्त को लगेंगी चैपाल
पन्ना 03 अगस्त 14/शासन की विकास योजनाओं तथा कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजनता को पहुंचाने के उद्देश्य से शाहनगर जनपद पंचायत की सभी ग्राम पंचायतों में 8 अगस्त को ग्राम चैपालों का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने बताया कि इस चैपाल में शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ आमजनता से आवेदन पत्र प्राप्त किए जाएंगे। चैपालों के लिए जिला तथा विकासखण्ड स्तर के 84 अधिकारी नोडल अधिकारी के रूप में तैनात किए गए हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक नोडल अधिकारी चैपाल की निगरानी करेगा। चैपाल के माध्यम से खाद्यान्न वितरण, स्कूल चले हम अभियान, आंगनवाडी केन्द्र से पोषण आहार के वितरण, पेंशन वितरण, मजदूरी भुगतान, गांव में स्वच्छ शौचालयों के निर्माण की भी जानकारी ली जाएगी। सभी नोडल अधिकारियों को चैपाल की कार्यवाही के संबंध में 4 अगस्त को जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में प्रशिक्षण दिया जाएगा। कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों को चैपाल के संबंध में दिए गए निर्देशों अनुरूप समस्त कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा निर्धारित पत्रक में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। 

तीर्थदर्शन यात्रा 5 अगस्त के जाएगी द्वारिका

पन्ना 03 अगस्त 14/मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत 5 अगस्त को विशेष तीर्थ दर्शन ट्रेन द्वारिकाधीश की यात्रा जाएगी। इसमें पन्ना जिले के 150 वृद्धजनों को तीर्थ यात्रा का निःशुल्क अवसर दिया जा रहा है। इस संबंध में अपर कलेक्टर चन्द्रशेखर बालिम्बे ने बताया कि तीर्थ यात्रा में भोजन, चाय, पानी की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। चुने हुए तीर्थयात्री 5 अगस्त को दोपहर एक बजे श्री जगन्नाथ स्वामी टाउनहाल पन्ना से विशेष बस से सतना के लिए प्रस्थान करेंगे। सतना से यात्री विशेष तीर्थ दर्शन ट्रेन से शाम 5 बजे द्वारिका के लिए प्रस्थान करेंगे। यात्रियों की सहायता के लिए कलेक्टर कार्यालय द्वारा राजकुमार खरे सहायता अधीक्षक, रामप्रकाश शर्मा पटवारी देवेन्द्रनगर तथा रामकिशोर गर्ग अध्यापक शासकीय माध्यमिक शाला सुनेहरा को तैनात किया गया है।  

मिथ्याछाप खाद्य सामग्री बेंचने पर 25 हजार जुर्माना

पन्ना 03 अगस्त 14/मिथ्याछाप खाद्य सामग्री बेंचने पर अपर जिला दण्डाधिकारी चन्द्रशेखर बालिम्बे ने दुकानदार शहबाज खान निवासी शाहनगर जिला पन्ना पर 25 हजार रूपये का जुर्माना लगाया है। जुर्माने की राशि अदा होने तक दुकान का लाइसेन्स निलंबित रहेगा। जुमाने की वसूली भू राजस्व बकाया की तरह की जाएगी। यह कार्यवाही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों के तहत की गई है। इस संबंध में जारी आदेश के अनुसार शाहनगर में शहबाज खान द्वारा किराना दुकान संचालित की जा रही है। इस दुकान का खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री अमानक बेसन का विक्र किया जा रहा था शंका होने पर उसका नमूना लिया गया। नमूने की जांच कराए जाने पर सामग्री अमानक पाई गई। खाद्य सुरक्षा एवं मानक नियम का उल्लंघन करने पर जुर्माना लगाया गया है। 
नगरपालिका बडे बकायादारों के काटेगी नल कनेक्शन
  • पेयजल की लंबित राशि जमा करने की अपील

पन्ना 03 अगस्त 14/पन्ना नगर की जल प्रदाय योजना से पूरे शहर में पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। शहर में लगभग 6 हजार नल कनेक्शन है। इनसे नगरपालिका को 36 लाख रूपये की आमदनी प्रति वर्ष होती है। जबकि जल प्रदाय योजनाओं में वर्ष भर में बिजली का व्यय 98 लाख रूपये तथा अन्य व्यय 31 लाख रूपये प्रति वर्ष है। उपकरणों की रखरखाव तथा खरीद पर भी 25 लाख रूपये व्यय होते हैं। इस संबंध में मुख्य नगरपालिका अधिकारी सुधाकर सिंह ने बताया कि वर्तमान में जल उपभोक्ताओं के पास एक करोड 52 लाख रूपये के बिल भुगतान के लिए लंबित हैं। इसमें 500 उपभोक्ता ऐसे है जिनके रूपये 10 हजार रूपये से अधिक जलकर बकाया है। इन बकायादारों के नाम चैराहों में प्रकाशित किए जा रहे हैं। बकायादार तीन दिवस के अन्दर लंबित जलकर का भुगतान कर दें अन्यथा नल कनेक्शन काटने की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि कई उपभोक्ताओं ने 10 से अधिक वर्षो से नल कनेक्शन की राशि जमा नही की है। राशि के अभाव में नगरपालिका द्वारा पेयजल की आपूर्ति संभव नही होगी। मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने बताया है कि नगरपालिका की वर्तमान जनसंख्या लगभग 65 हजार है। इसे पेयजल की आपूर्ति के लिए 2009 में नई जल प्रदाय योजना मंजूर की गई। इसके तहत निरपत सागर, धरम सागर तथा लोकपाल सागर में विभिन्न निर्माण कार्यो एवं जल सोधन केन्द्र बनाने में 17 करोड रूपये की राशि व्यय की गई। नगर में नलजल की बकाया राशि की वसूली बहुत कम है। नल कनेक्शन प्राप्त उपभोक्ताओं से केवल 70 रूपये की राशि प्रति माह ली जाती है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा है कि नगरपालिका की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए जल कर की राशि तत्काल जमा करें। 

सभी विकासखण्डों में लगेंगे आवास ऋण मेले

पन्ना 03 अगस्त 14/सभी विकासखण्डों में अगस्त माह में आवास, स्वरोजगार तथा शिक्षा ऋण प्रदान करने के लिए मेले आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना तथा शिक्षा ऋण के प्रकरणों का मौके पर निराकरण करके हितग्राहियों को राशि प्रदान की जाएगी। इस संबंध में कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने बताया कि विकासखण्ड शाहनगर में 6 अगस्त, पवई में 7 अगस्त, पन्ना में 12 अगस्त, अजयगढ में 13 अगस्त तथा गुनौर मेें 14 अगस्त को जनपद पंचायत प्रांगण में ऋण मेलों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक प्रबंध जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी करेंगे। कलेक्टर ने सभी एसडीएम तथा तहसीलदारों को भी इन मेलों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बैंक शाखा प्रबंधकों से ऋण मेले में उपस्थित होकर पात्र हितग्राही को ऋण एवं अनुदान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, महाप्रबंधक उद्योग को पात्र हितग्राहियों को ऋण मेले में उपस्थित कराने तथा प्रकरणों की मंजूरी के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। 

बैठक के समय में परिवर्तन

पन्ना 03 अगस्त 14/स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी बैठक 5 अगस्त को शाम 5.30 बजे से कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की जा रही है। बैठक के समय में अपरिहार्य कारणों से परिवर्तन किया गया है। अब यह बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में ही दोपहर बाद 3 बजे से आरंभ होगी। 

कोई टिप्पणी नहीं: