बिहार के बांका जिले के दो विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के नक्सलियों ने तीन मोबाइल फोन टावरों को फूंक दिया और एक यात्री बस में आग लगा दी। इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बांका के पुलिस अधीक्षक डॉ़ सत्यप्रकाश ने शुक्रवार को बताया कि तड़के कई मोटर साइकिल पर सवार 40-50 की संख्या में नक्सलियों ने फुलीडुमर थाना क्षेत्र के भेदिया गांव में धावा बोल दिया और वहां निजी कंपनी के दो मोबाइल टॉवरों में आग लगा दी। इसके बाद नक्सली गोडा गांव पहुंचकर एक और मोबाइल टॉवर को फूंक डाला। इस घटना में सभी मोबाइल टॉवर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
नक्सलियों ने इस दौरान बम विस्फोट और हवाई फायरिंग भी की। नक्सली इस क्रम में शंभुगंज थाना क्षेत्र के भलुआ गांव में सड़क के किनारे खड़ी एक यात्री बस को भी आग के हवाले कर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के अनुसार इन नक्सलियों में कई महिलाएं भी शामिल थीं। उल्लेखनीय है कि पड़ोसी राज्य झारखंड के गिरीडीह जिले में चार दिन पूर्व पुलिस के साथ मुठभेड़ में तीन नक्सलियों के मारे जाने के बाद भाकपा (माओवादी) ने गुरुवार को 24 घंटे के बिहार बंद की घोषणा की थी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें