महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.वी. राव ने मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। यह जानकारी एक अधिकारी ने शनिवार को दी। अधिकारी ने यहां कहा, "चव्हाण से कहा गया है कि वैकल्पिक बंदोबस्त होने तक वह पद पर बने रहें।" चव्हाण ने शुक्रवार को पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके एक दिन पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने कांग्रेस से 15 वर्ष पुराना गठबंधन तोड़ते हुए सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया था। इस घटना के बाद एक राजनीतिक संकट पैदा हो गया था। जबकि विधानसभा चुनाव में महज तीन सप्ताह बचे हैं।
कांग्रेस नेतृतव वाली सरकार से राकांपा के 62 विधायकों के अलग हो जाने के बाद 288 सदस्यीय विधानसभा में सरकार अल्पमत में आ गई थी, क्योंकि कांग्रेस के पास सिर्फ 82 विधायक हैं। राकांपा ने यह कदम विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे पर सहमति न बन पाने के बाद उठाया। चुनाव 15 अक्टूबर को होने हैं। चव्हाण के नेतृत्व वाली सरकार में 22 मंत्री कांग्रेस के और 20 मंत्री राकांपा के थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें