जम्मू-कश्मीर से हिमाचलियों को घर आने के लिये निगम की बसों में नि:शुल्क परिवहन सुविधा
शिमला, 16 सिंतबर (विजयेन्दर शर्मा)। परिवहन मंत्री श्री जी.एस. बाली ने बाढ़ प्रभावित जम्मू-कश्मीर से हिमाचली लोगों को हिमाचल आने के लिए अगले 10 दिनों तक हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में मुफ्त परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने की घोषणा की है।उन्होंने कहा कि यह सुविधा 17 सितम्बर से 26 सितम्बर, 2014 तक जम्मू-कश्मीर में रह रहे हिमाचली लोगों को प्रदेश में विभिन्न शहरों में घरों तक आने के लिए प्रदान की गई है।श्री बाली ने बताया कि नि:शुल्क परिवहन सुविधा के लिए भारतीय सेना के राहत शिविर, मण्डलीय आयुक्त जम्मू या किसी अन्य प्राधिकृत अधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र मान्य होंगे।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने श्री दिले राम की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया
शिमला, 16 सिंतबर (विजयेन्दर शर्मा)। राज्यपाल श्रीमती उर्मिला सिंह व मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने पूर्व मंत्री श्री दिले राम के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उनका मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे।राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने परमपिता परमात्मा से दिवंग्त आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।मुख्यमंत्री ने अपने शोक सन्देश में कहा कि श्री दिले राम मण्डी जिले के दिग्गज राजनेता और सामाजिक कार्यकर्ता थे, जिन्होंने मंत्री के तौर पर भी लोगों की सेवा की। उन्होंने कहा कि श्री दिले राम को उनकी सेवाओं के लिए प्रदेश के लोगों द्वारा याद किया जाएगा।श्री दिले राम पहली बार 1977 में विधानसभा के लिए चुने गए और 1982, 1990 और 2007 में पुन: विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए थे।वह पंचायती राज राज्य मंत्री और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति व सहकारिता विभाग के कैबिनेट मंत्री रहे।
भागीदारों की परामर्श बैठक का आयोजन 5 और 7 अक्तूबर को
शिमला, 16 सिंतबर (विजयेन्दर शर्मा)। ऊर्जा विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा केन्द्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्रालय की सिफारिशों पर चेनाब नदी तट पर पहले निर्मित, निर्माणाधीन व भविष्य में निर्मित होने वाली सभी विद्युत परियोजनाओं के संचयी पर्यावरण प्रभावों के आकलन एवं पारिस्थितिक प्रभावों के लिए अध्ययन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अध्ययन के तहत चेनाब नदी तट के हितधारकों व आम लोगों के लिए 5 अक्तूबर, 2014 को लाहौल स्पिति जिला के उदयपुर पंचायत घर में तथा 7 अक्तूबर, 2014 को चम्बा जिला के किलाड़ स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में परामर्श बैठक आयोजित की जाएंगी।उन्होंने सम्बन्धित हितधारकों तथा प्रभावित लोगों से आग्रह किया है कि वे परामर्श बैठकों में भाग लेें ताकि उनके सुझावों को जल विद्युत परियोजनाओं के कार्यान्वयन में शामिल किया जा सके।
प्रदेश युवा कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर भेजी खाद्य वस्तुएं एवं राहत सामग्री
शिमला, 16 सिंतबर (विजयेन्दर शर्मा)। जम्मू-कश्मीर में बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के कार्यों में भागीदारी और सहयोग करने के लिये कांग्रेस उपाध्यक्ष श्री राहुल गांधी के आह््वान पर हि.प्र. युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्री विक्रमादित्य सिंह ने बाढ़ पीडि़तों के लिए खाद्य वस्तुएं और राहत सामग्री की खेप जम्मू-कश्मीर को भेजी है।राहत सामग्री में जीवन रक्षक दवाइयां, खाद्य सामग्री, शुद्ध पेयजल की बोतलों के अलावा बड़ी मात्रा में बिस्कुट एवं पाऊडर दूध तथा जीवन रक्षक दवाएं शामिल हैं। इस मौके पर श्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह बाढ़ प्रभावितों की तकलीफ को देखकर बेहद दु:खी हैं और बाढ़ पीडि़तों व उनके परिजनों के प्रति उन्हें गहरी संवेदना है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर हमारा पड़ोसी राज्य है और इस दुख की घड़ी में हम राज्य के लोगों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावितों की मदद् की दिशा में किए जा रहे राष्ट्रीय प्रयासों में युवा कांग्रेस का प्रत्येक सदस्य भागीदार है।जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना और अन्य दूसरी एजेंसियों द्वारा किए गए राहत और बचाव कार्यों की सराहना करते हुए श्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह संकट की इस घड़ी में आपदा से निपटने के लिए किए गए प्रयासों में उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस समिति बाढ़ प्रभावित आबादी को सहायता पहुंचाने के लिए जम्मू-कश्मीर तथा केन्द्रीय सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों में हर संभव सहयोग करेंगे।
मेले हमारी संस्कृति के परिचायक है
शिमला, 16 सिंतबर (विजयेन्दर शर्मा)। मेले हमारी संस्कृति के परिचायक है हम सभी का दायित्व है कि हम अपनी संस्कृति के संरक्षण व समर्वद्धन के लिए अपना भरपूर योगदान दे । यह बात आज तीन दिवसीय बिशु मेले के समापन अवसर पर ठियोग क्षेत्र की ग्राम पंचायत नहौल में सिंचाई जन स्वास्थ्य बागवानी एवं सूचना प्रोद्यौगिकी मंत्री श्रीमती विद्या स्टोक्स ने कही। श्रीमती स्टोक्स ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता के किए गए वायदों को पूरा करने के लिए कृत संकल्प है । उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा पीने के पानी व सिंचाई सुविधा के लिए प्रदेश के हर क्षेत्र के लोगों की मांग को पूरा किया जा रहा है । उन्होंने कहा कि ढेड करोड़ रूपये की लागत से बनने वाली गिरीखड्ड से नागपुर पेयजल योजना का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है जिसे शिघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा । उन्होंने बताया कि इस पेयजल योजना से ग्राम पंचायत नहौल, धरेच व टियाली के 50 गांव के लगभग 4800 लोग लाभान्वित होगें । उन्होंने कहा कि प्रदेश की हर पंचायत में माध्यमिक तथा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं की सुविधा प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को वरिष्ठ माध्यमिक स्तर की शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूर न जाना पड़े । उन्होंने कहा कि अपने वादे के अनुसार राजकीय माध्यमिक पाठशाला नहौल को स्तरोन्नत करके वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल का दर्जा प्रदान किया है। श्रीमती स्टोक्स ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला चड़ीमू स्कूल के भवन निर्माण के लिए 2 लाख रूपये, ठोडा दल शिला घूंड व रझाणा मवाहग को 11000-11000 रू., राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नहौल की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रम के लिए 10,000 रूपये तथा मेला कमेटी नहौल को 50000 हजार रूपये देने की घोषणा की इस अवसर पर ग्राम पंचायत नहौल की प्रधान कु प्रवीणा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याओं को अवगत करवाया । कांग्रेस मण्डल के अध्यक्ष कैप्टन नत्थू राम, ने प्रदेश सरकार द्वारा किय जा रहे विकास कार्यो के लिए आभार प्रकट किया । इस अवसर पर उप-मण्डलाधिकरी एम.आर. भारद्वाज बी.डी.सी. अध्यक्षा विद्या शर्मा, बी.डी.सी. सदस्य श्रीमती देवकी वर्मा, उप-प्रधान नहौल श्री भगत राम, टियाली पंचायत के उप-प्रधान श्री जय राम वर्मा के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे ।
मुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर में राहत कार्यो को दिए एक करोड़
शिमला, 16 सिंतबर (विजयेन्दर शर्मा)। मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने सरकार और प्रदेशवासियों की ओर से जम्मू-कश्मीर सरकार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये का चेक भेजा है।श्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में वर्षा और बाढ़ से हुई भारी क्षति से हिमाचल प्रदेश के लोग चिंतित और दुखी हैं।उन्होंने कहा कि आपदा और दुख की इस घड़ी में प्रदेश के लोगों की संवेदनाएं और सहयोग जम्मू-कश्मीर के भाई-बहनों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार विपदा और दुख के इस दौर में जम्मू-कश्मीर सरकार के लिए हर संभव सहायता और सहयोग करेगी।
ननखड़ी को साडा के अन्तर्गत लाया जाएगा: मुख्यमंत्री
शिमला, 16 सिंतबर (विजयेन्दर शर्मा)। मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने आज शिमला जिला के रामपुर उपमण्डल के ननखड़ी में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि ननखड़ी को विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) के अन्तर्गत लाया जाएगा, ताकि योजनाबद्ध तरीके से विकास तथा सिवरेज प्रणाली व अन्य सुविधाएं लोगों को उपलब्ध करवाई जा सकें। उन्होंने कहा कि रामपुर के उपमण्डलाधिकारी साडा समिति के अध्यक्ष होंगे और निर्माण से संबंधित सभी नक्शे/प्रारूप उपमण्डलाधिकारी द्वारा स्वीकृत किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ननखड़ी से कालेज तक पक्की सडक़ का निर्माण ट्रेस आधार पर 20 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढिय़ों को उनके घरों के समीप बेहतर शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने इस कार्यकाल के दौरान प्रदेश के ग्रामीण व दूरदराज क्षेत्रों में 15 महाविद्यालय खोले हैं, और इनके लिए पर्याप्त धन राशि भी उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में लड़कियों को बेहतर शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध करवाने की आवश्यकता है और इसी उद्देश्य के मद्देनजर दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में और अधिक शिक्षण संस्थान आरम्भ किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि लडक़ी शिक्षित होती है तो पूरा समाज शिक्षित होता है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित बना रही है कि महाविद्यालयों में पर्याप्त अध्यापन स्टाफ उपलब्ध हो। उन्होंने शिलाई जैसे दूरदराज क्षेत्र में कुल 600 विद्यार्थियों में से 400 लड़कियां होने पर खुशी व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें लड़कियों को सभी क्षेत्रों में आगे आने व उच्च शिक्षा में और अधिक दिलचस्पी लेने पर प्रसन्नता होती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा यदि जनजातीय तथा दूरदराज के क्षेत्रों में स्कूल नहीं खोले होते तो उच्च शिक्षा का सपना पूरा नहीं होता। उन्होंने कहा कि अध्यापकों के सभी कार्यशील पदों को भरा जाएगा और जहां अधिक जरूरत है, वहां पर स्कूल प्रबन्धन समिति को अध्यापक नियुक्त करने की शक्तियां दी गई हैं। श्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि ननखड़ी तथा आस-पास में 13 वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कार्यरत हैं, जो सरकार के शिक्षा क्षेत्र को और मजबूत करने के संकल्प ‘सब पढ़ें सब बढ़ें’ को साकार करता है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि सभी लड़कियां शिक्षा ग्रहण करें, जिससे पूरा समाज शिक्षित होगा और इसके लिए लोगों को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों के महाविद्यालयों में प्रवेश को सीमित किया गया है ताकि बच्चे बड़ी धन राशि खर्च करके शहर की ओर न भागें, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में उनके घरों के समीप खोले गए महाविद्यालयों में शिक्षा ग्रहण करें। राज्य के कुछ भागों में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों पर चिन्ता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने आगाह किया किया निजी लाभ के लिए वन भूमि का दुरूपयोग नहीं किया जाना चाहिए। मुख्य संसदीय सचिव श्री नन्द लाल ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि टिकर- खमाड़ी सडक़ का निर्माण कार्य शीघ्र आरम्भ किया जाएगा। उन्होंने ननखड़ी में खण्ड चिकित्सा अधिकारी नियुक्त करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री का ननखड़ी में सही स्थान पर विपणन मण्डी के लिए स्वीकृति देने के लिए भी आभार प्रकट किया। ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्री दर्शन सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री तथा अन्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने क्षेत्र में अनेकों विकासात्मक कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। ननखड़ी ग्राम पंचायत के प्रधान श्री देवेन्द्र ठाकुर ने मुख्यमंत्री तथा इस अवसर पर उपस्थित लोगों स्वागत किया। उन्होंने क्षेत्र की मांगों को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। ननखड़ी अंचल कांग्रेस अध्यक्ष श्री राजेन्द्र चौहान ने इस अवसर पर सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री का 20.45 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला रखने के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्र में विकासात्मक गतिविधियां आरम्भ करने के लिए भी धन्यवाद किया। ननखड़ी वैली ट्रक ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष श्री केशर सिंह मेहता ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए एक लाख एक हजार रूपये तथा व्यापार मण्डल ननखड़ी के प्रधान श्री दर्शन ठाकुर ने 51 हजार रुपये के चैक भेंट किए। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने ननखड़ी में 45 लाख रुपये की लागत से निर्मित वन परिसर का शुभारम्भ किया। उन्होंने ननखड़ी में 20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले राजकीय डिग्री कालेज की आधारशिला भी रखी। कैलाश फैडरेशन के अध्यक्ष श्री बृज लाल, जिला ग्रामीण कांग्रेस के अध्यक्ष श्री केहर सिंह खाची, रामपुर ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष श्री सतीश वर्मा, पंचायत समिति ननखड़ी की अध्यक्षा श्रीमती कृष्णा देवी व उपाध्यक्ष श्री राजीव ठाकुर, विभिन्न पंचायतों के प्रधान व उप प्रधान, उपायुक्त श्री दिनेश मल्होत्रा तथा पुलिस अधीक्षक श्री डी.डब्ल्यू. नेगी, जिला के वरिष्ठ अधिकारी व अन्य इस अवसर पर उपस्थित थे।
प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को हर सम्भव सहायता उपलब्ध करवाई
शिमला, 16 सिंतबर (विजयेन्दर शर्मा)। हिमाचल प्रदेश विपणन बोर्ड के अध्यक्ष श्री सुभाष मंगलेट ने प्रदेश में गत दिनों हुई प्राकृतिक आपदा को लेकर भाजपा नेताओं द्वारा की जा रही बयानबाजी को लेकर उनकी कड़ी भत्र्सना की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को हर सम्भव सहायता उपलब्ध करवाई है। मंगलेट, श्री बावा तथा श्री पठानिया ने पूर्व मुख्यमंत्री श्री प्रेम कुमार धूमल द्वारा प्राकृतिक आपदा को लेकर मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह को लिखे पत्र पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा नेता प्राकृतिक आपदा पर घडय़ाली आंसू बहा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वास्तव में भाजपा को प्रदेश के लोगों की समस्याओं से कुछ लेना-देना नहीं है। भाजपा नेता अपनी राजनीति चमकाने के लिए बयानवाजी कर प्रदेश के लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि यदि भाजपा नेता प्रदेश के लोगों के हितैषी होते तो वे विधानसभा सत्र का बहिष्कार नहीं करते और बैठकों से नहीं भागते। उन्होंने कहा कि विधानसभा के पट्टल पर सरकार पूरे तथ्य प्रस्तुत करती है और इन्हीं तथ्यों पर विपक्ष को अपनी बातें रखने का अवसर मिलता है। श्री मंगलेट, श्री बावा तथा श्री पठानिया ने कहा है कि मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने हाल ही में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का व्यापक दौरा किया और प्रभावित लोगों को राहत मैनुअल के प्रावधानों के अनुसार हर सम्भव सहायता प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने प्रभवितों को और अधिक वित्तीय सहायदा प्रदान करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अभी तक अपने स्तर पर प्रभावितों को राहत प्रदान की है, जबकि केन्द्र सरकार से अभी तक प्रदेश सरकार को कोई भी आर्थिक सहायता नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को यदि प्रदेश के लोगों की इतनी ही चिंता है तो उन्हें प्राकृतिक आपदा का राजनीतिकरण करने के बजाये केन्द्र में अपने नेताओं से मिलकर प्रदेश को हुए नुकसान की भरपाई के लिए आर्थिक मद्द का मामला उठाना चाहिए। उन्होंने भाजपा नेताओं को इस मामले का राजनीतिकरण न करने का परामर्श दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपनी जिम्मेदारी के प्रति सजग है और सभी प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध करवाई जा रही है।
अनुराग ठाकुर आपा खो बैठे हैं
ऊना, 16 सिंतबर (विजयेन्दर शर्मा)। जिला कांग्रेस प्रवक्ता एवं कांग्रेस सेवादल के प्रदेश प्रवक्ता डा. विजय डोगरा ने कहा कि विजिलेंस जांच और अदालत में दर्ज मामलों पर अनुराग ठाकुर आपा खो बैठे हैं। जिसके चलते मु ख्यमंत्री पर अनगर्ल आरोप लगा रहे हैं। सांसद के ऐसे बयान इनकी मन:स्थिति को स्पष्ट कर करते हैं कि अनुराग कुछ ज्यादा ही घबराहट में हैं। मंगलवार को जारी बयान में डोगरा ने कहा कि एचपीसीए का मसला भाजपा के कार्यकाल में भी विपक्ष में बैठी कांग्रेस उठाती आई है। इसे भाजपा के खिलाफ राज्यपाल को सौंपी गई चार्जशीट में भी शामिल किया गया है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद जब से जांच प्रक्रिया शुरु हुई है, तब से अनुराग ठाकुर व इनका परिवार तिलमिलाहट में है। आए दिन एचपीसीए को लेकर बयानबाजी और मुख् यमंत्री वीरभद्र सिंह को विभिन्न मसलों पर घेरने की कवायद भाजपा एवं धूमल परिवार की मानसिक हालत को बाखूबी बयां करती है। उन्होंने भाजपा सांसद को सलाह दी है कि मु ख्यमंत्री के खिलाफ बयानबाजी करने की बजाए अदालत के फैसले का इंतजार करें। डोगरा ने कहा कि मु ख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में विकास की गंगा बह रही है। सभी क्षेत्रों में एक समान विकास हो रहा है। ऐसे में भाजपा नेता क्षेत्रवाद और बेबुनियादी बातों का जहर फैलाने से गुरेज करें।
तस्करी रोकने पर ऊना में उच्च स्तरीय मंथन
- बिरोजे की तस्करी रोकने के लिए सीमांत इलाकों में बैरियर और सुदृढ़ होंगे : केवल पठानिया
ऊना, 16 सिंतबर (विजयेन्दर शर्मा)। चोरी छिपे बिरोजे को तस्करी के जरिए प्रदेश से बाहर ले जाने की घटनाओं पर कड़ाई से अंकुश लगाने के उपायों पर आज ऊना में विस्तार से मंथन हुआ। वन निगम के उपाध्यक्ष केवल पठानिया की अध्यक्षता में बचत भवन में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में डीसी अभिषेक जैन, वन निगम के प्रबंध निदेशक जेएस वालिया सहित वन, पुलिस, आबकारी व कराधान और ट्रांसपोर्ट विभाग के आला अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में वन निगम के उपाध्यक्ष केवल पठानिया ने कहा कि बार्डर एरिया पर जितने भी बैरियर हैं, उन्हें और अधिक सुदृढ़ किया जायेगा ताकि बिरोजा की तस्करी पर प्रभावी तरीके से नकेल कसी जा सके। इसके लिए ट्रांसपोर्ट, पुलिस, जिला प्रशासन व आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारियों का भी पूरा सहयोग लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि बिरोजे की तस्करी रोकने के लिए सरकार अत्यंत गंभीर है और बैरियरों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का सुझाव भी सरकार के विचाराधीन है ताकि बिरोजे की तस्करी करने वाले वाहन की शिनात करके आरोपियों पर कार्रवाही की जा सके। उन्होंने कहा कि हमीरपुर, ऊना व नूरपुर क्षेत्रों में बिरोजे की तस्करी रोकने के लिए संयुक्त मुहिम भी चलाई जायेगी। उन्होंने कहा कि ऊना में वन विभाग के उडऩ दस्ते के लिए प्राईवेट वाहन किराये पर लेने को स्वीकृति दी गई है। विभाग में वाहनों की कमी को देखते हुए कैंपा के तहत नए वाहन खरीदने की अनुमति ली जायेगी। केवल पठानिया ने कहा कि बिरोजे की तस्करी व लकड़ी व वन उत्पादों की चोरी की सूचना देने वालों को नकद पुरस्कार देने पर भी सरकार विचार कर रही है। वन निगम की आय बढ़ाने के लिए निगम की गतिविधियों में विविधता लाई जा रही है। कुल्लू जिला के शमसी व कांगड़ा जिला के बैजनाथ में बंद पड़ी निगम की फर्नीचर फैक्ट्रियों को पुन: शुरू किया गया है। प्रदेश मंत्रीमंडल ने वन निगम में चतुर्थ श्रेणी के 100 पद भरने को पिछले दिनों स्वीकृति प्रदान की है। बैठक में डीसी अभिषेक जैन ने बिरोजा तस्करी रोकने के लिए बीट स्तर पर संपर्क नेटवर्क सुदृढ़ करने पर बल दिया। बैरियरों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का सुझाव देते हुए उन्होंने कहा कि नवीनतम तकनीक अपनाकर ही बिरोजा तस्करों पर नकेल कसी जा सकती है। बैठक में कुछ अधिकारियों ने यह भी सुझाव दिया कि बैरियर पर पुलिस , आबकारी व कराधान और वन विभाग की चैक पोस्ट साथ- साथ हों तो संयुक्त तौर पर तस्करों व अवैध खनन करने वालों पर शिंकजा कसा जा सकता है। बैठक में वन निगम के विपणन निदेशक नागेश गुलेरिया, कार्यकारी निदेशक एसके शर्मा, निदेशक उत्तरी क्षेत्र आरएस बनियाल, अरण्यपाल हमीरपुर वृत प्रदीप ठाकुर, डीएम हमीरपुर सुधीर शिवाल, डीएम धर्मशाला वीके खट्टा, डीएम फतेहपुर एलसी पटियाल, डीएम ऊना आरएस पटियाल, डीएफओ ऊना आरके डोगरा, सहायक आबकारी व कराधान आयुक्त राजीव डोगरा, एएसपी वीरेन्द्र ठाकुर, सामान्य उद्योग निगम के संजीव सैणी व ट्रांसपोर्ट विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।
टीएमपीए की भर्ती परीक्षा अब 19 अक्तूबर को होगी
ऊना, 16 सिंतबर (विजयेन्दर शर्मा)। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम में टी.एम.पी.ए. की भर्ती के लिए 21 सितंबर को निश्चित की गई परीक्षा स्थगित कर दी गई है। अब यह परीक्षा 19 अक्तूबर को पहले से निश्चित किए गए स्थान व समय पर ली जायेगी। यह जानकारी क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी ने आज यहां दी।
ग्रामीण विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करके पात्र लोगों को लाभान्वित करें: अनुराग ठाकुर
ऊना, 16 सिंतबर (विजयेन्दर शर्मा)। लोकसभा सांसद हमीरपुर अनुराग ठाकुर ने अधिकारियों से आह्वान किया है कि वे जिला में विभिन्न केन्द्र प्रायोजित ग्रामीण विकास योजनाओं व कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करके अधिकाधिक पात्र लोगों को लाभान्वित करें। अनुराग ठाकुर आज सांय ऊना के बचत भवन में जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में केन्द्र प्रायोजित विभिन्न विकास कार्यक्रमों के क्रियान्वयन, निर्धारित लक्ष्यों तथा प्रगति पर चर्चा की गई। बैठक में ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती, कुटलैहड़ के विधायक वीरेन्द्र कंवी, जिला परिषद सदस्य रानी रणौत, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट वीरेन्द्र धर्माणी, संतोष सैणी, कंवर हरि सिंह, डीसी अभिषेक जैन, एडीएम राजेश कुमार, सीएमओ डा. जीआर कौशल सहित सभी आला अधिकारी उपस्थित थे। सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण विकास मंत्रालय के माध्यम से क्रियान्वित होने वाली योजनाओं की समीक्षा के लिए यह कमेटी बनी है और किस तरह ग्रामीण स्तर पर इन योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचे, इसकी रूपरेखा व मूल्यांकन कमेटी की बैठक में किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जायेगा कि हर तीन माह में एक बार इस कमेटी की बैठक हो। उन्होंने कहा कि अगली बैठक आगामी 15 से 25 दिसंबर के बीच आयोजित की जायेगी। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वह मनरेगा के तहत आवेदन कर्ताओं को वर्ष में 100 दिन का रोजग़ार सुनिश्चित करने के साथ-साथ फील्ड में जाकर विकास कार्यों का भी निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत पंजीकृत अधिकाधिक लोग 100 दिन का निर्धारित रोजगार प्राप्त करें, यह सुनिश्चित बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012-13 में जिला में 17513 लोगों ने मनरेगा के तहत रोजगासर मांगा था , जिनमें 100 दिन का रोजगार 3957 लोगों ने पूरा किया। पिछले साल जिला में मनरेगा पर 23 करोड़ रूपए खर्च हुए। इसी तरह वर्ष 2013-14 में मनरेगा के तहत 3197 कार्य मंजूर किए गए जिनमें 1408 पूरे हुए हैं। उन्होंने भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए स्वच्छ भारत अभियान के तहत ऊना जिला में स्वच्छता कार्यक्रम पूरी मुस्तैदी से क्रियान्वित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने इस बात पर खुशी जाहिर की कि जिला में कोई ऐसा स्कूल नहीं हैं, जहां शौचालय की सुविधा न हो। उन्होंने किराए में चल रहे आंगनवाड़ी केन्द्रों के निर्माण के लिए भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश बैठक में दिए। इन्दिरा आवास योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2013-14 के तहत जिला में इस वर्ष 403 गृह निर्माण का लक्ष्य रखा गया था जिनमें से गत वर्ष 378 मकान निर्मित किये जा चुके हैं। इस वर्ष जिला में इस योजना के तहत 288 आवास निर्मित किए जा रहे हैं। उन्होंने अढ़ाई सौ की आबादी वाले सभी गांवों को प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत जोडऩे के निर्दैश भी दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत जिला ऊना में 7200 पैशनर्ज को लाभान्वित किया जा रहा है और सभी के बैंक खाते खुले हैं। जिला में जलागम विकास कार्यक्रम के तहत स्वयं सहायता समूहों को 8 लाख 20 हजार रूपए की सहायता राशि उपलब्ध करवाई गई है, 117 हैकटेयर बंजर जमीन को कृषि के तहत लाया गया है। इस अवसर पर उपायुक्त अभिषेक जैन ने सांसद को आश्वस्त किया कि जिला में चल रहे विभिन्न विकासकार्यों के कार्यान्वयन में तेजी लाई जाएगी और समयबद्ध पूर्ण करने का प्रयास किया जाएगा।
राजीव गांधी खेल अभियान के अंतर्गत जिलास्तरीय प्रतियोगिता संपन्न
ऊना, 16 सिंतबर (विजयेन्दर शर्मा)। राजीव गांधी खेल अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता आज यहां स्थानीय इंदिरा स्टेडियम में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ऊना अभिषेक जैन ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिला स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिताओं में भाग लेकर ही उद्देश्य पूरा नहीं होता बल्कि राज्य स्तर तथा राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं में जीत हासिल करके वे जिला तथा हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने खिलाडिय़ों से नशे जैसी बुराईयों से दूर रहने का आहवान किया। डीसी अभिषेक जैन ने प्रतियोगिता में अव्वल रहे खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर डॉ. आरूषि जैन ने भी खिलाडिय़ों को खेल भावना से खेलने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला युवा सेवाएं व खेल अधिकारी ईश्वर चौधरी ने बताया कि ऊना जिला खेलों में देश के किसी भी जिले से कम नहीं है। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी नवंबर माह में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इस अवसर पर जूडो कोच कुलदीप शर्मा, वॉलीबाल कोच सतीश शर्मा, एथलैटिक कोच भागीरथ तथा रणजीत सिंह अटवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
प्रतियोगिता का परिणाम इस प्रतियोगिता में आयोजित लडक़ों की वॉलीबोल प्रतियोगिता में रावमापा पिपलू प्रथम तथा रावमापा सरोह द्वितीय स्थान पर रहे। लड़कियों की वॉलीबोल प्रतियोगिता में रावमापा लठियाणी प्रथम तथा जेएनवी पेखूबेला द्वितीय स्थान पर रहे। बॉस्केट बाल की लडक़ों की प्रतियागिता में रावमापा देहलां प्रथम व रावमापा चड़तगढ़ द्वितीय और लड़कियों की प्रतियोगिता में रावमापा, देहलां प्रथम तथा अप्पर देहलां की टीम द्वितीय स्थान पर रही। कबड्डी की लडक़ों की प्रतियोगिता में राजकीय माध्यमिक पाठशाला, रायपुर सहोड़ां प्रथम तथा रावमापा देहलां द्वितीय स्थान पर और लड़कियों की प्रतियोगिता में रावमापा नंगल जरियालां प्रथम तथा रावमापा चड़तगढ़ द्वितीय स्थान पर रहे।
हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा हमीर उत्सव
हमीरपुर, 16 सिंतबर (विजयेन्दर शर्मा)। हमीरपुर जिला का प्रसिद्व तीन दिवसीय राज्य स्तरीय हमीर उत्सव इस वर्ष 11 से 13 नवंबर तक परंपरागत हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। यह जानकारी मंगलवार को डीआरडीए सभागार में इस उत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी प्रकार के प्रबंधों की रूपरेखा तैयार करने के लिए बुलाई गई जिला अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त रोहन चंद ठाकुर ने दी। उन्होंने बताया कि हमीर उत्सव को सुचारू एवं सफलतापूर्वक आयोजित किए जाने के लिए सभी प्रयास किए जाएंगे ताकि मेले के दौरान किसी को असुविधा नहीं हो। उन्होंने बताया कि उत्सव में बिजली, पानी, साफ सफाई की उचित व्यवस्था की जाएगी और कानून व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि हमीर उत्सव में मेला मैदान में विभिन्न सरकारी तथा अर्धसरकारी विभागों द्वारा लोगों की जानकारी के लिए विकासात्मक प्रदर्शिनयां भी लगाई जाएंगी जिनके माध्यम से विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी। उत्सव के अवसर पर कुश्तियों एवं खेलों का आयोजन गत वर्ष की भांति किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सांयकाल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान जहां स्थानीय कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे वहीं देश और प्रदेश के सुप्रसिद्व सांस्कृतिक दलों को भी आमंत्रित किया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि उत्सव समिति द्वारा स्मारिका का प्रकाशन भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्सव के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियां भी शीघ्र ही गठित कर दी जाएंगी ताकि तैयारियां व्यवस्थित तरीके से आरंभ हो सकें। इस अवसर पर एडीसी हिमांशु शेखर चौधरी, एसी टू डीसी आशीष कुमार, एसडीएम डा चांद प्रकाश, एसडीएम नादौन, एसडीएम भोरंज सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष भी उपस्थित थे।
ई-पंचायत मिशन मोड में कंप्यूटर आपरेटरों के पद होंगे स्वीकृत : लखनपाल
- अब भटेड़ नलवाड़ में कुश्तियां बनेगी आकर्षण का केंद्र
- नलवाड़ भटेेड़ मार्ग होगा चकाचक, पेयजल सप्लाई में भी सुधार के निर्देश
हमीरपुर, 16 सिंतबर (विजयेन्दर शर्मा)। हिमाचल में पंचायती राज संस्थाओं को सुढृढ़ बनाने के लिए ई-पंचायत मिशन मोड प्रोजेक्ट के कारगर कार्यान्वयन के लिए कंप्यूटर आपरेटरों के 3243 पद स्वीकृत किए जा रहे हैं ताकि पंचायतों के कामकाज में तेजी आ सके। यह जानकारी मुख्य संसदीय सचिव इंद्र दत्त लखनपाल ने मंगलवार को रैली पंचायत में नलवाड़ भटेड़ उत्सव का शुभारंभ करने के उपरांत एक जनसभा को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित किए जाने वाले मेले एवं त्यौहार समृद्व संस्कृति को अपने आप में समेटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि मेलों और त्यौहारों के माध्यम से आपसी भाई-चारा बढ़ता है तथा त्यौहारों के प्रति आस्थाऐं और विश्वास प्रकट होते हैं जो कि हमारी धार्मिक निष्ठाओं के जिंदा होने का भी प्रमाण हैं। उन्होंने युवाओं से आग्रह करते हुए कहा कि सांस्कृतिक परम्पराओं का विकास निरन्तर होता है और इन परम्पराओं का संजो कर रखना भावी पीढ़ी का कत्र्तव्य है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास बिना किसी भेदभाव के प्राथमिकता के आधार पर किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नलवाड़ क्षेत्र की जो सडक़ कच्ची है उसमें आगामी गर्मियों में पक्का कर दिया जाएगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि सडक़ को आवाजाही के लिए खुला करें। उन्होंने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को भी निर्देश दिए कि दियोटसिद्व से नलबाड़ के लिए विछाई गई पेयजल की पाईपों का पुन: निरिक्षण करें ताकि पेयजल आपूर्ती सामान्य हो सके। उन्होंने कहा कि गर्मीयों में मन्दिर के पास हैंडपंप लगा दिया जाएगा। उन्होंंने मन्दिर कमेटी को निर्देश दिए कि अगले बर्ष से यहां पर कुश्तियों का आयोजन करें जिसके लिए उन्होंने 11 हजार रूपए स्वीकृत किए। लखनपाल ने कहा कि समाज के सभी वर्गों का कल्याण तथा प्रदेश के सभी क्षेत्रों का संतुलित विकास सरकार का मुख्य उद्देश्य है। डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में समाज के प्रत्येक वर्ग को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होनें कहा कि समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार आर्थिक तथा सामाजिक क्षेत्र में नीति निर्धारण में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित बना रही है। प्रदेश में महिलाओं के संबंध में नीतियों एवं मामलों की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय महिला कल्याण बोर्ड का गठन किया गया है। लोगों को महिलाओं के नाम पर संपत्ति हस्तांतरित करने के लिए प्रोत्साहित करने व उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए केवल चार प्रतिशत स्टांप शुल्क लिया जा रहा है। इस अवसर पर विपिन ढटवालिया,विजय ढटवालिया तथा बीडीसी के सदस्य ने भी अपने विचार रखे।इस मौके पर डी पी अग्रिहोत्री, पवन कालिया, रौणकी राम ,रविन्द्र पप्पू, रोशन लाल जोगिन्द्र शर्मा, देशराज,वीरीसिंह, मोहर सिंह के अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग, सिचांई उवं जन स्वास्थ्य विभाग हमीरपुर और बिलासपुर के अधिकारी तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
धूमल प्रदेश के लोगों को झूठ बोलकर गुमराह करने का पूरा प्रयास कर रहे
ज्वालामुखी, 16 सिंतबर (विजयेन्दर शर्मा)। प्रदेश स्वतंत्रता सेनानी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष सुशील रतन ने आज यहां पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के उस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है, जिसमें उन्होंने प्रदेश सरकार को अस्थिर व कभी भी चुनाव होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि धूमल प्रदेश के लोगों को झूठ बोलकर गुमराह करने का पूरा प्रयास कर रहे हैं, पर इसमें वह कभी भी सफल नहीं होंगे। उन्होंने धूमल के उस बयान पर भी हैरानी जताई है, जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री के बार-बार दिल्ली दौरों की बात कही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे के लिए क्या भाजपा या उनसे किसी नेता की अनुमति की जरूरत है? मुख्यमंत्री के नाते केन्द्रीय नेताओं व केन्द्र सरकार से मिलने के लिए मुख्यमंत्री कभी भी कहीं भी आ-जा सकते हैं। प्रदेश के अधिकारों व विकास योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरों से प्रदेश हित जुड़ा है। सुशील रतन ने कहा कि पूर्व सरकार ने प्रदेश के हितों से खिलवाड़ किया, प्रदेश की अर्थव्यवस्था को अस्त-व्यवस्त किया, विश्वविद्यालयों के नाम पर प्रदेश के लोगों को गुमराह कर वेशकिमती जमीनों को अपने चेहतों को कोडिय़ों के भाव बेचा, क्रिकेट के नाम पर प्रदेश के खिलाडिय़ों से राजनीति कर खेल मैदानों को हथ्याया। अब जब श्री धूमल व श्री अनुराग के काले कारनामों की परते खुल रही हैं तो बौखलाहट में वह प्रदेश सरकार को अस्थिर बता रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करना रहा है, लेकिन वे अब इसमें सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में पूरी तरह स्थिर है और विकास कार्यों के लिए समर्पित है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री को सलाह दी कि वे राज्य सरकार की अस्थिरता की चिंता छोड़ कर अपनी चिंता करें।
प्रदेश को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में सांसद अनुराग ठाकुर का योगदान सराहनीय
ज्वालामुखी, 16 सिंतबर (विजयेन्दर शर्मा)। प्रदेश को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में सांसद अनुराग ठाकुर का योगदान सराहनीय है। उन्होंने जिस लग्न और मेहनत से क्रिकेट को छोटे से प्रदेश में शुरू किया था और धीरे धीरे उसे अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मैच हिमाचल में करवाकर न केवल क्रिकेट को बढ़ावा दिया है। बल्कि साथ साथ क्रिकेेट की बजह से पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिला है। यह बात ज्वालामुखी शहरी भाजपा के अध्यक्ष राम स्वरूप शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि हिमाचल के लोग अपने ही प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मैच देख सकते हैं और कई परिवारों की रोजी रोटी भी चल रही है। उन्होंने कहा कि अब सांसद अनुराग ठाकुर ने क्रिकेट के खिलाडिय़ों को स्कूल स्तर पर तैयार करने के बारे में सोचा है, जो सराहनीय कदम है। इससे क्रिकेट के शुरूआती गुर खिलाडिय़ों को स्कूल स्तर पर ही सिखने को मिल सकेंगे। अगर महिला क्रिकेट की बात करें तो उन्होंने उसको भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया है। जिसका उदाहरण शिमला की एक महिला खिलाड़ी है, जिसने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व क्रिकेट टीम में किया है। परंतु कांग्रेस को सांसद की ऐसी लोकप्रियता पच नहीं रही है और कांग्रेसी समय समय पर सांसद अनुराग ठाकुर के खिलाफ झूठे सगूफे छोड़ती रही है। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर ने प्रदेश में भेदभाद की भावना से कार्य न करते हुए प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडिय़मों का निर्माण करवाया है। लेकिन कांग्रेसी इन क्रिकेट स्टेडिय़मों की प्रशंसा न करने की बजाय इन पर राजनीति कर रही है और आए दिन जांच करने की बयानबाजी कर रही है। लेकिन हैरत की बात तो यह है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने अढ़ाई साल होने को हैं। लेकिन इस कार्यकाल के दौरान कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने को कुछ नहीं किया है। कांग्रेस सरकार अपनी नाकामी को छुपाने को अनुराग द्वारा करवाए विकासकार्यों पर बेतुकी बयानबाजी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी सांसद के खिलाफ बयानबाजी अपना कद देख कर करें।
वीरभद्र सिंह के इस्तीफे की मांग पूर्णतया जायज : पुंडीर
ज्वालामुखी, 16 सिंतबर (विजयेन्दर शर्मा)। ज्वालामुखी मंडल भाजपा अध्यक्ष चमन लाल पुंडीर ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के इस्तीफे की मांग पूर्णतया जायज है, क्योंकि वर्तमान सरकार जनता के विश्वास को पूर्णतया खो चुकी है। प्रदेश सरकार अपना एक भी चुनावी वायदा पूरा नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार अपने राजनितिक विरोधियों को धमकाने में लगे हुए हैं। भाजपा तो सदन में सकारात्मक चर्चा करना चाहती है, लेकिन न तो सरकार इस बारे अनुकूल माहौल बनाना चाहती है और न ही सरकार विपक्षी विधायकों के प्रश्रों का कोई संतोष जनक उत्तर दे पा रही है। यहां जारी प्रेस बयान में कहा कि सरकार सत्ता के नशे में चूर होकर लोकतांत्रिक तरीके से विपक्ष द्वारा उठाई जा रही आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। लेकिन जनता अब सरकार की रजबाड़ा शाही से मुक्ति चाहती है। जिसका उदाहरण जनता ने लोकसभा चुनावों के दौरान चारों सीटें भाजपा की झोली में डाल कर दे दिया है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें