डूमीवासियों ने जाने कानूनी अधिकार
शिमला, 21 सितम्बर। (विजयेन्दर शर्मा)। हिमाचल प्रदेश विधिक सेवा प्राधिकरण दो लाख या इससे कम वार्षिक आय वाले व्यक्तियों को मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध करवाती है। यह जानकारी सिविल जज शिमला श्रीमती माधवी सिंह ने ग्राम पंचायत डूमी में आयोजित एक दिवसीय विधिक साक्षरता शिविर में दी। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण द्वारा अनसूचित जाति व जनजाति से संबंधित लोगों के साथ साथ महिलाओं, अपंगों व नाबालिगों को भी मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे आपसी विवादों व झगड़ों को बातचीत के जरिये पंचायत स्तर पर सुलझाएं ताकि उनके धन व समय की बचत हो सके। उन्होंने कहा कि प्राधिरकरण का उद्देश्य लोगों को अपने कानुनी अधिकारों व कत्र्तव्यों के प्रति जागरूक करना है।शिविर में अधिवक्ता श्री निरंजन वर्मा ने लोगों को भारत के संविधान लोगों के मौलिक अधिकार और कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी। अधिवक्ता श्रीमती रीना ठाकुर ने सूचना के अधिकार तथा घरेलू हिंसा अधिनियम व अधिवक्ता श्री सुरेश कश्यप ने मोटर वाहन अधिनियम कानून की जानकारी दी।शिविर में स्थानीय पंचायत के उप प्रधान श्री रमेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में गांववासी उपस्थित रहे।
राजीव गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज के लिए 14 करोड़ जारी- बाली
- - बड़ोह कॉलेज हेतु भूमि हस्तांतरित
धर्मशाला, 21 सितम्बर। (विजयेन्दर शर्मा)। राजीव गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज नगरोटा-बगवां में ढांचाग्रस्त सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए 14 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है जबकि इससे पूर्व 6 करोड़ रुपए की राशि कॉलेज भवन के लिए जारी की जा चुकी है। यह जानकारी आज कांगड़ा में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान परिवहन तथा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री, जी.एस.बाली ने देते हुए कहा कि इस समय इस इंजीनियरिंग कॉलेज में 200 से भी अधिक शिक्षार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं जबकि अगले वर्ष 200 और शिक्षार्थी इसमें शामिल हो जायेंगे। लोक निर्माण विभाग को दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं कि वह निर्धारित सीमा के भीतर निर्माण कार्य को पूर्ण करें। श्री बाली ने कहा कि नगरोटा-बगवां में खुलने वाले परिवहन निगम के डिपो के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है तथा भूमि हस्तांतरण का केस बनाकर सरकार के समक्ष भेजने के आदेश संबंधित अधिकारियों को दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग-20-ए जो मलां से होकर मुबारिकपुर जाता है, उसके कार्य में तीव्रता लाने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि परिवहन निगम में सम्मिलित की गई 540 बसें प्रदेश व प्रदेश के बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा प्रदान कर रही हैं तथा इसी कड़ी में जेएनयूआरएम योजना के अंतर्गत शीघ्र ही 750 बसों को शीघ्र ही लोगों की सुविधा के लिए आरंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हॉल ही में आरंभ हुुए तहसील कल्याण अधिकारी के कार्यालय में स्थानीय लोगों के कार्य होना आरंभ हो गए है तथा क्षेत्र में 15 करोड़ रुपए की लागत से सिंचाई के लिए कूहलों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। श्री बाली ने कहा कि प्रदेश में संतुलित विकास सरकार का मुख्य ध्येय है तथा लगातार विकास सरकार की प्राथमिकता है। टांडा में सुपर स्पेशएलिटी अस्पताल, नगरोटा में इंजीनियरिंग कॉलेज यह दर्शाता है कि कांगड़ा का हित वर्तमान सरकार के हाथों में ही सुरक्षित है। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने बताया कि बड़ोह कॉलेज में फैकलिटी एवं अन्य स्टाफ की नियुक्यिों के लिए सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं तथा कॉलेज को लेकर फैलाई जा रही अटकलें अथवा भ्रांतियां निराधार हैं। कॉलेज हेतु भूमि हस्तांतरित हो चुकी है और सरकार द्वारा उसपर अधिग्रहण हो चुका है। उन्होंने टांडा अस्पताल में चार वाटर कूलर लगाने की भी जानकारी दी। इस प्रेस वार्ता में अजय वर्मा, नवनीत शर्मा और कुलदीप चौधरी विशेष रूप से उपस्थित थे।
इन्सान को मालिक की बनाई श्रृष्टि से नि:स्वार्थ भावना से प्यार करना चाहिए
धर्मशाला, 21 सितम्बर। (विजयेन्दर शर्मा)। इन्सान को मालिक की बनाई श्रृष्टि से नि:स्वार्थ भावना से प्यार करना चाहिए। इन्सान को हर किसी के दुख-दर्द में शरीक होकर उसे दूर करने की यथासंभव कोशिश करनी चाहिए। यह सच्ची इन्सानियत है। उक्त उद्गार स्थानीय शाह सतनाम जी सचखंड धाम सच्चा सौदा चचियां नगरी (पालमपुर) में उपस्थित साध-संगत को संबोधित करते हुए पूज्य संत गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां ने कहें। रविवार को आश्रम में आस-पास से पहुंची साध-संगत को संबोधित करते हुए पूज्य संत गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां ने कहा कि जब भी आप किसी व्यक्ति को बुराईयों व नशों से हटाकर मालिक के नाम के साथ जोड़ते है तो आप उस जीव के लगातार सम्पर्क में रहते हुए उसे सत्संग, सुमिरन व मानवता भलाई के कार्यो में साथ लेकर चले। पूज्य गुरु जी ने कहा कि ऐसा करने पर केवल आप ही नहीं बल्कि आप की पीढिय़ां भी मालिक की खुशियों के हकदार बनोंगे। पूज्य गुरु जी ने नाम की महिमा के बारे में बताते हुए कहा कि नाम की महिमा अपरम्पार है। जब भी जीव मालिक के नाम से जुडक़र उसका लगातार अभ्यास करता है तो उसका आत्मबल इतना बढ़ जाता है कि सफलता उसके कदम चुमने लगती है। क्योंकि आत्मबल ही सफलता की कुंजी है। डेरा सच्चा सौदा के प्रवक्ता पवन इन्सां ने बताया कि 23 सितम्बर को पावन गुरुगद्दी दिवस पर पूज्य गुरु जी यहां रूहानी सत्संग फरमाऐंगे और नए नाम अभिलाषी जीवों को गुरुमंत्र भी देंगे।
जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक अब 24 सितम्बर को
धर्मशाला, 21 सितम्बर। (विजयेन्दर शर्मा)। परिवहन तथा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री, जी.एस.बाली की अध्यक्षता में 23 सितम्बर, 2014 को जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की होने वाली बैठक अब 24 सितम्बर को प्रात: 11 बजे जिला परिषद् हॉल, धर्मशाला में आयोजित की जाएगी। यह जानकारी देते हुये सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मंत्रीमंडल की बैठक के चलते 23 सितम्बर को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक 24 सितम्बर को निर्धारित की गई है।
कांग्रेस सरकार के अढाई वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश में शिक्षा का माहौल समाप्त हो चुका
हमीरपुर, 21 सितम्बर। (विजयेन्दर शर्मा)। कांग्रेस सरकार के अढाई वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश में शिक्षा का माहौल समाप्त हो चुका है। पहले तकनीकी शिक्षा पर नई शर्तें लगा दी गईं। जिससे प्रदेश के होनहार युवाओं को प्रदेश के ही तकनीकी कॉलेजों में दाखिला मिलना मुश्किल था जिससे युवाओं को शिक्षा ग्रहण करने के लिए बाहरी राज्यों में भटकना पड़ रहा है। जब सरकार को होश आई तो उसने उस पर इस तरह के नियम बनाए कि युवा हिमाचल में ही शिक्षा ग्रहण कर सकें। परंतु उस समय तक करीब सभी विद्यार्थी बाहरी राज्यों का रूख कर चुके थे। भाजयुमो के जिला मिडिया प्रभारी विशाल पठानिया ने कहा कि यह पूरा खेल कांग्रेस सरकार के कुछ मंत्रियों द्वारा ही खेला गया। इस खेल में उन्होंने हिमाचल के बहुत से ऐसे गरीब परिवारों के बच्चों की भी बलि चढ़ा दी। अगर समय रहते सरकार अपना ध्यान उस ओर लाती तो प्रदेश का पैसा प्रदेश में ही रहता, न कि बाहर जाता और गरीब परिवार के बच्चे प्रदेश में ही शिक्षा ग्रहण कर सकते थे। परंतु कांग्रेस सरकार का इस तरफ जरा भी ध्यान नहीं था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पीटीए में भी हस्तक्षेप कर उसमें घुसने की कोशिश की और पीटीए भर्ती में स ाी नियमों को ताक पर रखकर अध्यापकों के चयन को अलग अलग मापदंड बनाकर पढ़े लिखे युवाओं से धोखा किया है। महज दो माह में पीटीए के पांच से छह बार नियमों में बदलाव कर सरकार किस तरह का फायदा और किसको देना चाहती है। यही कारण है कि अभी तक कॉलेजों में प्रवक्ताओं के पद रिक्त चल रहे हैं आौर लगभग आधे से अधिक कॉलेजों में पीटीए नहीं हैं। लेकिन सरकार इन प्रवक्ताओं की कमी को पूरा करने की बजाय इनके तबादलों में डटी है। एक तरफ सरकार ने तबादलों पर रोक लगा रखी है। दूसरी तरफ प्रतिदिन सैंकड़ों कर्मचारियों के तबादले कर उन्हें प्रताडि़त किया जा रहा है। कांग्रेस सरकार ने हमेशा क्षेत्रवाद, भ्रष्टाचार और भाई भतीजावाद की राजनीति की है। प्रदेश में शिक्षा को लेकर कांग्रेस सरकार कोई भी ठोस नीति और अच्छे संस्थानों को लाने में बिल्कुल नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में स्कूल से लेकर विवि तक शिक्षा का माहौल बिल्कुल खराब है। शिक्षकों की शार्टेज चल रही है। सरकार खेलों में ाी महज घोषणााओं तक ही सीमित रही है। खेलों में विकास करने की बजाय उल्टा सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा किए गए उत्कृट कार्यों की आलोचना करती रही है।
राज्य के सभी विकास खंडों में बनेंगे स्पोट्र्स कांप्लेक्स : लखनपाल
- बड़सर में राज्य स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का किया शुभारंभ
हमीरपुर, 21 सितम्बर। (विजयेन्दर शर्मा)। राज्य के सभी विकास खंडों में राजीव गांधी खेल अभियान के तहत चरणबद्व तरीके से स्पोट्स कांपलेक्स निर्मित किए जाएंगे ताकि युवाओं को खेल की बेहतर सुविधाएं मिल सकें। यह जानकारी मुख्य संसदीय सचिव इंद्र दत्त लखनपाल ने रविवार को बड़सर में प्रारंभिक पाठशालाओं की 31वीं राज्य स्तरीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ करने के उपरांत खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में शिक्षा के साथ साथ खेलों का बहुत महत्व है, खेलों में भाग लेने से शारीरिक तथा मानसिक तौर पर बच्चों का सकारात्मक विकास होता है वहीं अनुशासन तथा विपरीत परिस्थितियों में भी आगे बढऩे की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों में प्रारंभ से ही खेलों के प्रति रूचि पैदा करने के लिए प्राथमिक पाठशालाओं की खेल प्रतियोगिताओं को अनिवार्य किया गया है। उन्होंने शारीरिक शिक्षकों का आह्वान करते हुए कहा कि वे विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने एवं उनकी रूचि बढ़ाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं ताकि खेल प्रतिभाएं आगे बढ़ सकें। मुख्य संसदीय सचिव इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि वर्तमान सरकार ने खिलाडिय़ों को सरकारी नौकरियों में तीन प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान भी किया गया है ताकि युवाओं में खेलों के प्रति दिलचस्पी पैदा हो सके। इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि वर्तमान समय में प्रदेश में खेलों के लिए बेहतर सुविधाओं के चलते ही राज्य के खिलाडिय़ों ने राष्ट्र स्तरीय प्रतियोगिताओं में कई पदक हासिल कर हिमाचल का नाम रोशन किया गया है इसके साथ ही अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी हिमाचल के खिलाड़ी अपनी धाक जमाने लगे हैं। इस अवसर पर मुख्यातिथि ने बच्चों को सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए अपनी ऐच्छिक निधी से 11 हजार की राशि तथा जलपान के लिए छह हजार की नगद राशि आयोजकों को प्रदान की गई। इससे पहले सहायक निदेशक खेल प्रभाग आरसी कौशल ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए प्रारंभिक स्कूलों में चलाई जा रही खेल गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई जबकि उपनिदेशक इंद्र जीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में 12 जिलों के 456 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं तीन दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में खो-खो, कबड्डी, वालीबाल तथा योगा के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर एडीपीओ हेडक्वार्टर राजेश ठाकुर, एडीपीओ मस्त राम बडियाल, सेवादल के प्रवक्ता नरेश लखनपाल, रिटायर्ड प्रिंसिपल डीपी अग्रिहोत्री, कांग्रेस के महासचिव कमल पठानिया सहित विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें